आतंक के खिलाफ पूरा देश एकजुट, हम सब मिलकर बिहार और देश को आगे बढ़ाएंगे : नीतीश कुमार
डेस्क : आतंक के खिलाफ पूरा देश एकजुट है। दो दिनों पहले जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमला हुआ, जिसमें कई लोगों की मृत्यु हो गई है। यह काफी दुखद और निंदनीय है। हम शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हैं। हमसब उनके साथ हैं। उक्त बाते बीते गुरुवार को राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर मधुबनी के झंझारपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किये गये विभिन्न योजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कही। उन्होंने कहा कि हम सब मिलकर बिहार और देश को आगे बढ़ायेंगे। सारा काम हम बिहार के लोगों के हित में कर रहे हैं। केंद्र सरकार से भी काफी सहयोग मिल रहा है।
![]()
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बहुत खुशी की बात है कि प्रधानमंत्री के द्वारा बिजली वितरण, गैस प्लांट एवं अन्य योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया जा रहा है। नई रेल लाइनों का उद्घाटन एवं तीन नई ट्रेन सेवाओं का शुभारंभ किया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के 12 लाख लाभार्थियों को आवंटन पत्र दिए जा रहे हैं। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना के 10 लाख लाभार्थियों को पहली किस्त की राशि दी जा रही है।
सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि हमलोगों (एनडीए) की सरकार 24 नवंबर 2005 में बनी। इसके बाद से बिहार के विकास के लिए लगातार काम हो रहे हैं। पहले की सरकारों ने कोई काम नहीं किया था। सभी क्षेत्रों में बिहार का बुरा हाल था। जब एनडीए की सरकार बनी तो वर्ष 2006 में हमलोगों ने पंचायती राज संस्थाओं और वर्ष 2007 में नगर निकायों में महिलाओं के लिए 50% आरक्षण का प्रावधान किया। अब बड़ी संख्या में महिलाओं को लाभ मिल रहा है। पहले महिलाओं के उत्थान के लिए कोई काम नहीं किया गया था। किसी वर्ग के विकास के लिए कुछ नहीं किया गया था। उन्होंने कहा कि 1639 पंचायत सरकार भवन का निर्माण हो गया है। शेष पंचायत सरकार भवनों के निर्माण का काम बहुत तेजी से चल रहा है और विधानसभा चुनाव के पहले पूर्ण हो जायेगा।
Apr 25 2025, 13:30