राजधानी पटना समेत प्रदेश के कई जिलों में पारा 41 के पार, आज अधिकतर जिलों में हीट वेब का अलर्ट
डेस्क : बिहार मे मौसम का मिजाज तल्ख हो गया है। राजधानी पटना समेत प्रदेश के अधिकतर जिले भीषण गर्मी की चपेट में है। राज्य के कई शहरों का अधिकतम तापमान 41 से 43 डिग्री के पार चला गया हैं। इसी बीच मौसम विभाग की ओर से अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग की ओर से पटना सहित 22 शहरों में शुक्रवार को गर्म दिन की चेतावनी जारी की गई है। यानी तापमान बढ़ने के साथ गर्म हवा भी चलेगी। सूबे के अधिकतर जिलों में लू के साथ गर्म दिन की स्थिति बनी हुई है। सामान्य से अधिक अधिकतम तापमान व पछुआ के प्रभाव के कारण गर्मी से लोग परेशान हैं। सुबह सात के बाद से ही सूरज की किरणें भारी उष्मा लिए धरती पर आ रही हैं।
गुरुवार को सुपौल में हीट वेव और मोतिहारी में प्रचंड लू की स्थिति रही, जबकि पटना सहित अन्य शहर भी लू जैसी स्थिति से दो चार होते रहे। हालांकि 26-30 अप्रैल के बीच उत्तर बिहार के कुछ जिलों में आंधी-पानी व हल्की वर्षा से मौसम में बदलाव के भी आसार बने हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार शुक्रवार को 6 जिलों पूर्वी चंपारण, सुपौल, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, गोपालगंज एवं भागलपुर जिले के एक या दो स्थानों पर हीट वेव को लेकर यलो अलर्ट है। गुरुवार को गया 42.6 डिग्री, पटना का 41.4, बक्सर 42.2, शेखपुरा का 41.6, गोपालगंज का 41.4 डिग्री रहा।
वाल्मिकीनगर 41.4 डिग्री, औरंगाबाद 40.8 डिग्री, भोजपुर 40.5 डिग्री, बांका 40.4 डिग्री, भागलपुर 40.2 डिग्री, अरवल 40.1 डिग्री, सीवान के जीरादेई में 40.1 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
बक्सर के अधिकतम तापमान में 1.4 डिग्री, बांका में 1.7 डिग्री, पटना में 0.2 डिग्री, औरंगाबाद में 0.2 डिग्री, अरवल में 0.2 डिग्री, भोजपुर में 0.4 डिग्री, कटिहार में 0.4 डिग्री, मुंगेर में 0.8 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई।
बीते गुरुवार को प्रदेश के प्रमुख शहरों पटना 41.4 25.3, गया 42.6 23.0, भागलपुर 40.2 22.1, मुजफ्फरपुर 39.8 24.0,पूर्णिया 38.8 19.7 रहा।
वहीं 26 अप्रैल को उत्तरी भागों के पूर्वी चंपारण, किशनगंज, अररिया, सुपौल, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी में आंधी-पानी के साथ वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। 50-60 किमी प्रतिघंटा की गति से हवा चलेगी। पटना व आसपास इलाकों में इसका आंशिक असर दिख सकता है।
Apr 25 2025, 10:56