उद्योग विद्यालय इंटर कॉलेज कोयलसा में मनाया गया पृथ्वी दिवस, जागरूकता संगोष्ठी एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का हुआ आयोजन
आयोजन आजमगढ़ विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर उद्योग विद्यालय इंटर कॉलेज कोयलसा में "जागरूकता संगोष्ठी एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम" का आयोजन किया गया। इस वर्ष पृथ्वी दिवस की थीम ‘हमारी शक्ति, हमारा ग्रह’ को ध्यान में रखते हुए विद्यालय परिसर में पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में कई प्रेरणादायक गतिविधियाँ संपन्न हुईं।कार्यक्रम के संयोजक एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. रणधीर सिंह ने पृथ्वी दिवस की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए पर्यावरणीय संकट, संसाधनों के संरक्षण, तथा सतत विकास के उपायों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने पृथ्वी को बचाने की सामूहिक जिम्मेदारी पर बल देते हुए छात्रों व समुदाय को दैनिक जीवन में प्रकृति के प्रति उत्तरदायी आचरण अपनाने का आह्वान किया। प्रवक्ता श्री बलवंत कुमार श्रीवास्तव ने पृथ्वी दिवस के इतिहास को रेखांकित करते हुए प्रदूषण की बढ़ती चुनौती पर चिंता जताई और कहा कि स्वस्थ एवं स्वच्छ पर्यावरण ही मानव जीवन की बुनियाद है। वहीं भूगोल प्रवक्ता श्री यशवंत प्रताप सिंह ने विकास की अंधी दौड़ में प्राकृतिक संसाधनों के हो रहे दोहन को मानव जीवन के लिए गंभीर खतरा बताया।एनसीसी इंचार्ज कौशलेंद्र रघुवंशी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए हमें अपनी समृद्ध पारंपरिक सोच व जीवनशैली को अपनाना होगा जो प्रकृति को पूज्य मानती थी। ईको क्लब्स फॉर मिशन लाइफ के नोडल अमित कुमार सिंह व सह नोडल कुंवर बलवीर सिंह ने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे पर्यावरण को केवल संसाधन नहीं, बल्कि जीवन का मूल आधार मानकर उसकी रक्षा करें।छात्र नैतिक त्रिपाठी, गगन यादव, अंशुमन गुप्ता, चंद्र कीर्ति पांडेय, शुभम सिंह, अर्नव सिंह व उत्कर्ष ने भी अपने विचार रखते हुए पर्यावरण संकट, जलवायु परिवर्तन और भारत में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में हो रहे प्रयासों पर चर्चा की।कार्यक्रम के अंतर्गत इको क्लब के छात्रों ने प्रधानाचार्य के नेतृत्व में वृक्षारोपण किया तथा विद्यालय परिसर में पौधों की विभिन्न प्रजातियों का QR कोड के माध्यम से सर्वेक्षण कर पर्यावरण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षकगण व कर्मचारीगण – धर्मेंद्र मिश्र, डॉ. बबिता सिंह, उमामाधवी, सुनील कुमार जायसवाल, विनोद यादव, रविंद्र यादव, राधेश्याम, रोहित मौर्य सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. संजय कुमार सिंह द्वारा किया गया।
Apr 23 2025, 10:46