क्या आतंक के मास्टरमाइंड हाफिज सईद का भी हो गया काम तमाम? जानें क्यों उठ रहे सवाल
#pakistanishafizsaeedkilled_claim
लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के शीर्ष कमांडर अबू कताल को पाकिस्तान में मार दिया गया है। लश्कर-ए-तैयबा के संस्थापक और 26/11 मुंबई हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद पर भी हमले की खबर है। कहा जा रहा था कि हमले में हाफिज सईद मारा जा चुका है। कई सोशल मीडिया यूजर्स ने दावा किया है कि अज्ञात बंदूकधारियों ने सईद को निशाना बनाया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स और पाकिस्तानी हैंडल पर हाफिज सईद पर हमले का दावा किया जा रहा है। एक्स पर तो हाफिज सईद ट्रेंड कर रहा है। कई अकाउंट से दावा किया गया कि पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में झेलम इलाके में जमात-उद-दावा मुखिया और मुंबई हमले का मास्टरमाइंड हाफिज सईद मारा गया है। हालांकि, इसकी कोई पुष्टि नहीं हो पाई है।
कहा जा रहा है कि पाकिस्तान के खुफिया एजेंसी आईएसआई से गहरे मतभेद की वजह से कताल मारा गया। पाकिस्तान में कताल के मौत की पुष्टि हो चुकी है। वहीं हाफिज सईद को लेकर अब भी सस्पेंस बरकरार है। कहा जा रहा है कि अबू कताल को झेलम में अज्ञात बंदूकधारियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। झेलम में अज्ञात बंदूकधारियों ने लश्कर ए तैयबा के 2 फिदायीन को मार गिराया। वरिष्ठ पत्रकार अरशद यूसुफजई के मुताबिक 2 की मौत कन्फर्म है, लेकिन पुलिस चुप्पी साध रखी है। युसुफजई ने अपने पोस्ट पर हाफिज सईद का नाम भी लिया है।
सवाल उठ रहा है कि जब 2 मौत कन्फर्म है, तो फिर दूसरा कौन है? क्योंकि हाफिज सईद अक्सर अपने भतीजे अबू कताल के साथ ही रहता है। जेल में भी सईद कताल के साथ ही रहता था। ऐसे में कहा जा रहा है कि कताल के साथ बंदूकधारियों ने हाफिज को भी उड़ा दिया।
पाकिस्तान में उसके ठिकानों के आसपास सुरक्षा बढ़ाए जाने और सरकार की चुप्पी ने सईद की मौत की चर्चा को हवा दी है। पाकिस्तान में हालिया समय में टारगेट किलिंग देखने को मिली हैं। ऐसे लोगों को मारा जा रहा है, जो भारत की हिट लिस्ट में हैं। कताल के करीबी और आईएसआई से जुड़े लोग इसके पीछे भारत की एजेंसी रॉ को मान रहे हैं। ये माना जा रहा है कि सईद भी खतरे में है। ऐसे में उसकी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। उसके घर को अब सबजेल में तब्दील किया जा रहा है, जहां उसे रखा गया है।
कौन है हाफिज सईद?
हाफिज सईद ने 1980 के दशक में अफगानिस्तान में सोवियत संघ के खिलाफ जिहाद के दौरान अपनी आतंकी गतिविधियों की शुरुआत की थी। इसके बाद उसने 1987 में लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) की स्थापना की थी। जिसका मकसद भारत में इस्लामिक शासन स्थापित करना और कश्मीर को "आजाद" करना था। संगठन ने जल्द ही अपनी हिंसक गतिविधियों से दुनिया का ध्यान खींच लिया था। हाफिज की अगुवाई में लश्कर ने भारत में कई बड़े हमले किए, जिनमें 2001 का भारतीय संसद पर हमला, 2006 के मुंबई ट्रेन धमाके और सबसे चर्चित 26/11 मुंबई हमला शामिल हैं। हाफिज सईद के खिलाफ आतंकी फंडिंग, मनी लॉन्ड्रिंग और अवैध कब्जे जैसे 29 से ज्यादा मामले दर्ज थे। उसके सिर पर 10 मिलियन डॉलर (लगभग 70 करोड़ रुपये) का इनाम रखा गया था। हाफिज की क्राइम कुंडली में सैकड़ों बेगुनाहों की मौत का जिक्र है, जिसके लिए उसे आतंक का दूसरा नाम भी कहा जाता था।
Mar 17 2025, 16:52