क्या बदल गया दिल्ली के तुगलक लेन का नाम? भाजपा सांसदों ने लिखवाया स्वामी विवेकानंद मार्ग
#bjp_mp_dinesh_sharma_krishan_pal_changed_tughlaq_lane_name
उत्तर प्रदेश से बीजेपी सांसद और राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने राजधानी दिल्ली में अपने आवास का पता बदल दिया है। शर्मा के अलावा केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने भी अपने आवास का नेमप्लेट बदल दिया है। दरअसल, इन दोनों नेताओं का सरकारी आवास तुगलक लेन पर स्थित है। लेकिन अब दोनों नेताओं ने तुगलक लेन की जगह अब नेम प्लेट पर स्वामी विवेकानंद मार्ग लिखवा दिया है।
दरअसल, दिल्ली में केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल सिंह गुर्जर और भाजपा सांसद दिनेश शर्मा को तुगलक लेन में नया सरकारी आवास आवंटित हुआ है। इसके साथ ही दोनों नेताओं के नए सरकारी आवास में सड़क का नाम बदलकर लिखा गया है। दोनों नेताओं के घर के बाहर लगी नेम प्लेट में तुगलक लेन की बजाय विवेकानंद मार्ग पते के रूप में लिखा गया है। दोनों नेताओं के घर के बाहर शुक्रवार को नई नेमप्लेट लगाई गई।
केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने नेमप्लेट पर तुगलक लेन के बजाय विवेकानंद मार्ग लिखने की वजह भी बताई है। उन्होंने कहा, 'स्वामी विवेकानंद इस देश के युवाओं के लिए एक आदर्श हैं। देश के लोगों की उनके नाम के साथ भावनाएं जुड़ी हुई हैं, हमें ऐसे महापुरुष के नाम पर आस्था है, हमें स्वामी विवेकानंद और उनके आदर्शों में आस्था है। इसीलिए हमने वो नाम लिखवाया है। ये आधिकारिक तौर पर नहीं किया गया है, लेकिन देश के लोगों की स्वामी विवेकानंद में आस्था है, हम उन्हें आदर्श मानते हैं। मुझे इसे बदलने का न अधिकार था न है। न मैंने किया है। ये देश कानून, नियम और प्रक्रियाओं का पालन करने वाला देश है। ये हमारी आस्था है इसलिए हमने यह लिखा और इसके साथ ही हमने आधिकारिक नाम भी लिखवाया है... ये राजनीति नहीं है, ये हमारी आस्था है।'
वहीं, भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ले ने कहा “यह सामान्य प्रक्रिया है कि जब कोई किसी घर में जाता है तो नाम पट्टिका लगा दी जाती है। मैं वहां नहीं गया था, मैंने नहीं देखा था, जब मुझसे उससे संबंधित लोगों ने पूछा कि किस तरह की नाम पट्टिका होनी चाहिए तो मैंने कहा कि आसपास के हिसाब से होनी चाहिए। आस-पास के घरों पर विवेकानंद मार्ग लिखा था और नीचे तुगलक लेन लिखा था, दोनों एक साथ लिखे थे। दिनेश शर्मा ने ये भी कहा, गूगल पर वह स्थान विवेकानंद रोड आता है, ऐसा इसलिए लिखा है ताकि लोगों को विवेकानंद रोड और तुगलक लेन में भ्रम न हो।
बीते दिनों दिल्ली के विधानसभा सत्र के दौरान भाजपा विधायकों ने प्रस्ताव रखा था कि नजफगढ़ का नाम बदलकर नाहरगढ़ कर दिया जाए। इसके अलावा मोहम्मदपुर गांव का नाम माधवपुरम किया जाए और मुस्तफाबाद का नाम बदलकर शिवपुरी कर दिया जाए। दिल्ली विधानसभा में उठाई गई इस मांग के इस बीच लुटियन दिल्ली में केंद्रीय मंत्री और सांसद ने खुद ही अपने नेम प्लेट में नया नाम लिख दिया। हालांकि तुगलक लेन नाम भी हटाया नहीं गया है।
Mar 07 2025, 19:43