15 फरवरी को BIT मेसरा में प्लेटिनम जुबली कार्यक्रम में मुख्य अतिथि होंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, इसकी तैयारी का जायजा लिया रांची डीसी ने
![]()
रिपोर्टर जयंत कुमार
रांची: बीआईटी मेसरा का प्लेटिनम जुबली समारोह 15 फरवरी से 15 जुलाई तक आयोजित किया जाएगा। इसको लेकर तैयारी जोरों पर चल रही है। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 15 फरवरी को उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी। समारोह में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और बिरला ग्रुप के चेयरमैन भी उपस्थित रहेंगे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 15 फरवरी को रांची के बीआईटी मेसरा में आएंगी, उनके आगमन को लेकर रांची के दण्डाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और तमाम व्यवस्थाओं का जायजा लिया।उपायुक्त द्वारा माननीया राष्ट्रपति के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर सम्बंधित सभी अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल पर बैठक करते हुए सुरक्षा के सभी मानक पहलुओं एवं पूरी व्यवस्था पर चर्चा करते हुए आवश्यक निर्देश दिया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के रांची आगमन को लेकर जिला प्रशासन सारी आवश्यक तैयारी में लगा हुआ है। सारी सुरक्षा के मानक पर कार्य करते हुए सारे आवश्यक तैयारी कर रहा है, जिसमें रुट प्लान, ट्रैफिक प्लान, मार्ग में पड़ने वालें क्षेत्रों की बैरिकेडिंग एवं तमाम सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे है।
बताते चलें कि बीआईटी मेसरा की स्थापना 1955 में हुई थी, और यह वर्ष 2025 में अपने 70 साल पूरे कर रहा है। इसे लेकर प्लेटिनम जुबली समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इसमें गणमान्य दिग्गज, अकादमिक दिग्गज और संस्थान के एल्युमनाई भी शामिल होंगे, जो आज दुनिया भर में विभिन्न क्षेत्रों में उच्च पदों पर सेवा दे रहे हैं।
Feb 07 2025, 18:44