बारात आने से दो दिन पहले लड़की को बदमाश घर से उठा ले गये
प्रेम प्रसंग : लड़की के परिजनों ने 20 के खिलाफ लूटपाट और अपहरण का केस किया
चेहराकलां
बारात आने के आने के दो दिन पहले लड़की को बदमाश उठा ले गये। बदमाश दर्जनों की संख्या में हथियार के साथ लड़की के घर में घुसे और लड़की को अगवा कर लिया। भाग रहे बदमाशों में से एक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और पिटाई कर दी। पकड़े गए बदमाश को पुलिस ने बेहोशी की हालत में चेहराकलां अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उसे पटना रेफर कर दिया गया है। पीएमसीएच में उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, कटहरा थाना क्षेत्र के एक गांव में शादी की तैयारी चल रही थी। 6 फरवरी को हल्दी की रस्म अदायगी, पूजा मटकोर एवं 7 फरवरी को शादी की तिथि निर्धारित थी। मंगलवार की रात लगभग एक बजे चारपहिया गाड़ी से 15 से 20 बदमाश हथियार के बल पर घर में घुसे और लड़की को अगवा कर लिया।बदमाशों में कुछ खाकी वर्दी तो कुछ नकाब में थे। फायरिंग करते हुए, लड़की को अगवा किया और भाग गए। पुलिस मामले की छानबीन करने में जुटी हैं।
22 जनवरी को मोबाइल फोन पर दी धमकी
लड़की के पिता ने प्राथमिकी में बताया कि 22 जनवरी को मोबाइल फोन पर धमकी मिली थी कि अपनी बेटी की शादी मत कीजिए। यदि करते हैं तो उसकी एवं उसके होने वाले पति की हत्या कर देंगे। कुछ दिन पहले गांव में उन बदमाशों को घूमते देखा गया था। इसकी जानकारी कटहरा थाना पुलिस को दी गई थी। बताया जाता है कि बदमाश घर के पीछे से छत पर चढ़े। घर के अन्दर छत से नीचे आ गए। वे हथियार, तलवार एवं खन्ती से लैस थे। घर के मुख्य द्वार के हैंडल को खन्ती से टेढ़ा किया और घर में प्रवेश कर गए। घर में प्रवेश करते ही हथियार के बल पर परिवार के लोगों को कब्जे में ले लिया। विरोध करने पर परिवार के लोगों की बंदमाशों ने पिटाई की। एक कमरे में तीन पुत्रियों सोई हुई थी। उस कमरे को जबर्दस्ती खुलवाया और बड़ी बेटी को गाड़ी में ले जाने लगे। इसी दौरान परिवार के चीखने चिल्लाने की आवाज सुनकर ग्रामीण एकत्र होने लगे। दूसरी पुत्री को भी बदमाशों ने कब्जे में ले रखा था।
20 लागों पर प्राथमिकी दर्ज
कटहरा थाना में अपह्रता के पिता ने प्राथमिकी में कहा है कि मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाना क्षेत्र के पानापुर गांव के आरोपित ने 15-20 लोगों के साथ घर में लूटपाट की और शादी के लिए रखे जेवर एवं नकदी तीन लाख 14 हजार रुपये लूट लिया। घर की महिलाओं से अभद्र व्यवहार भी किया। धमकी दी सभी को गोली मार देंगे। बदमाशों द्वारा उपयोग किया गया एक खोखा ग्रामीणों को मिला। इस मामले में कटहरा थानाध्यक्ष शशिकांत प्रसाद ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज करते हुए कहा कि पुलिस अनुसंधान में जुटी है।
3 hours ago