बिहार मे फिर बदल सकता है मौसम का मिजाज, मौसम विभाग ने जारी किया यह अलर्ट
डेस्क : बिहार में लोगों को फिलहाल ठंड से राहत मिल रही है, लेकिन अगले 48 घंटे में मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय प्रभाव के चलते 6 फरवरी की शाम या 7 फरवरी से बिहार में ठंडी पछुआ हवाएँ चलने की संभावना है। जिससे न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। इस दौरान तेज गति से पछुआ हवाएँ चलेंगी।
![]()
मंगलवार को बिहार का अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले 2-3 दिनों तक बादलों की उपस्थिति बनी रहेगी और हल्की बूंदाबांदी की भी संभावना है।
गुनगुनी सर्द हवाओं के चलते ठंड और कनकनी बढ़ गई है। इसके साथ ही वातावरण में नमी भी बढ़ी है। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, पूरे सप्ताह इसी तरह की सर्दी बनी रह सकती है।
मंगलवार को न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री और अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की आर्द्रता 75% और शाम की आर्द्रता 55% रही। पहली बसंती बयार के साथ ठंडक महसूस की जा रही है। जिससे शाम के समय लोग अलाव जलाकर ताप लेते नजर आए। दिन में धूप खिलने के कारण बाजारों में सामान्य चहल-पहल रही, लेकिन शाम होते ही ठंड के कारण भीड़ कम हो गई।
कोहरे का येलो अलर्ट जारी
IMD पटना के पूर्वानुमान के अनुसार 8 फरवरी को एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। जिससे मौसम में फिर बदलाव देखने को मिलेगा। इसके चलते ठंड में मामूली वृद्धि हो सकती है और घना कोहरा भी छा सकता है। मौसम विभाग ने गोपालगंज, पूर्वी-पश्चिमी चंपारण, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, सुपौल, पूर्णिया और किशनगंज में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। जो 5 फरवरी तक प्रभावी रह सकता है।
Feb 05 2025, 09:34