सिरसागंज पुलिस को मिली बड़ी सफलता: 50 हजार का इनामिया हिस्ट्रीशीटर मुठभेड़ में दबोचा, 13 साल से चल रहा था फरार
सिरसागंज/फ़िरोज़ाबाद। फिरोजाबाद के सिरसागंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के हुई मुठभेड़ में 50 हजार के इनामिया बदमाश कुलदीप उर्फ कश्मीरा पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। यह बदमाश 13 साल से फरार था और 2011 से थाना सिरसागंज में वांछित चल रहा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया है।  घटना के बारे में जानकारी देते हुए एसपी ग्रामीण अखिलेश भदोरिया ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुलदीप सूरजपुर नहर के पास मौजूद है। पुलिस ने तत्परता से उसे घेरने की कोशिश की, लेकिन जैसे ही उसे रुकने का इशारा किया गया, वह भागने लगा।

पुलिस टीम के पीछा करने पर उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई और वह गिर पड़ा।गिरने के बाद बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। पुलिस की गोली से बदमाश घायल हो गया। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा, कारतूस और चोरी की बाइक बरामद की। एसपी ग्रामीण अखिलेश भदौरिया ने बताया कि आरोपी को पकडने के लिए पुलिस लंबे समय से प्रयासरत थी, लेकिन वह हमेशा पुलिस को चकमा देने में कामयाब हो जाता था। आज मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी की गई और उसे पकड़ा गया। घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस अब आरोपी से अन्य मामलों में पूछताछ कर रही है।
सिरसागंज में सड़क हादसा,ऑटो से टकराई डीसीएम, तीन लोगों की मौत और कई घायल

फिरोजाबाद। जिले में सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गयी. हादसे के शिकार यह लोग एक ऑटो में बैठकर कहीं जा रहे थे. रास्ते मे अचानक एक अनियंत्रित डीसीएम ने ऑटो को टक्कर मार दी. हादसे ने कई लोग घायल हो गये. एक मृतक की अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है. हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया।

हादसा फ़िरोज़ाबाद जिले के सिरसागंज थाना क्षेत्र इलाके में गांव सेंदलपुर के निकट नेशनल हाइवे पर हुआ. कई लोग ऑटो में बैठकर शिकोहाबाद की तरफ आ रहे थे. रास्ते में एक अनियंत्रित डीसीएम ने इस ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे के बाद ऑटो पलट गया. इसमें बैठे सभी लोग ऑटो के नीचे दब गए. घटना की जानकारी राहगीरों ने पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने ऑटो को उठवाकर नीचे दबे लोगों को बाहर निकलवाने बाद अस्पताल भिजवाया. वहां डॉक्टर ने 17 वर्षीय प्रियांशु उर्फ कन्हैया पुत्र संजय निवासी दुर्गापुर जसबंत नगर इटावा, 40 वर्षीय बंटू पुत्र घनश्याम निवासी लाखनमऊ मैनपुरी और एक अन्य व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया. हादसे में अनारकली, परी, सुनील और एक अन्य यात्री घायल हो गया. जानकारी मिलने के बाद मृतकों के परिजन भी जिला अस्पताल पहुंचे।

इस संबंध में सिरसागंज थानाध्यक्ष वैभव कुमार सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर ऑटो सवार तीन लोगों की मौत हो गयी. मामले में केस दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।