राम गोपाल ने मुस्लिम घर में भगवा झंडा फहराया! सपा ने शेयर किया VIDEO, बीजेपी पर लगाए गंभीर आरोप
#bahraich_violence_samajwadi_partyshares_video
![]()
बहराइच हिंसा पर सियासत तेज है। उत्तर प्रदेश के बहराइच में रविवार को दिन से लेकर रात तक बवाल होता रहा। महसी तहसील के महाराजगंज बाजार में देवी दुर्गा की मूर्ति के विसर्जन जुलूस के दौरान गोलीबारी और पथराव हो गया। इसमें 22 वर्षीय एक युवक राम गोपाल मिश्रा की मौत हो गई। कई लोग घायल भी हो गए। अब सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक युवक मुस्लिम के घर की छत पर लगा झंडा नोचकर गिरा देता है। फिर उसकी जगह भगवा झंडा लहराता नजर आ रहा है।
समाजवादी पार्टी ने ये वीडियो शेयर किया है।सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो शेयर करते हुए समाजवादी पार्टी की ओर से लिखा गया, बहराइच में जिस गोपाल को गोली लगी है, उसका वीडियो देखिए। गोपाल एक मुस्लिम घर में जबरन घुसा। वहां से हरा झंडा उतारा फेंका और जबरन भगवा झंडा लहराया। अब इस मासूम गोपाल के मन में ये करने का जहर किसने भरा? कौन इस साजिश में शामिल है ये समझना कठिन नहीं है।
सबमें भाजपा और भाजपा के सत्तालोभी नेता शामिल-सपा
इसी पोस्ट में सपा ने आगे लिखा, इस सबमें भाजपा और भाजपा के सत्तालोभी नेता शामिल हैं, जो अगले चुनाव तक यूपी के माहौल को दंगा-फसाद में झोंककर चुनाव जीतना चाहते हैं। अंततः एक मासूम से दंगाई बने गोपाल ने भाजपाई सियासत के चक्कर में अपनी जान गंवा दी। बहराइच का मामला पूरी तरह से इंटेलिजेंस फेल्योर, पुलिस फेल्योर, भाजपाई साजिश और भाजपाई सत्तालोभी कुकृत्य का परिणाम है।
बीजेपी का पलटवार
बीजेपी विधायक शलभमणि त्रिपाठी ने इस वीडियो को शेयर करने वालों पर पलटवार किया है। उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा है- 'ये तब हुआ जब विसर्जन के दौरान इसी घर से अकारण मां दुर्गा प्रतिमा पर पथराव किया गया, जब चरमपंथियों ने मां दुर्गा की प्रतिमा को अपवित्र करने का प्रयास किया, जब मां भक्तों पर कातिलाना हमला हुआ, बाद में इसी घर में रखे हथियारों से हुई फायरिंग में राम गोपाल मिश्रा को कई गोलियां मारीं गईं। एकतरफा वीडियो बनवाकर हत्यारों को बचा नहीं पाएगा कोई। ऐसी कार्रवाई होगी कि पीढ़ियां याद करेंगी।'
Oct 14 2024, 19:26