MadhyaPradesh

Sep 03 2024, 22:46

सरकार हर वर्ग को विकास की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए संकल्पित है:मंत्री उइके

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उइके ने जिले के विभिन्न ग्रामों का भ्रमण करते हुए स्वीकृत कार्यों का भूमिपूजन किया। पीएचई मंत्री संपतिया उइके ने कहा कि सरकार सभी वर्ग के हितों को ध्यान में रखते हुए विविध योजनाएं संचालित कर रही हैं। उन्होंने शासन की योजनाओं का उल्लेख करते हुए केन्द्र तथा राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।

उन्होंने कहा कि सरकार हर वर्ग को विकास की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए संकल्पित है। शासन की प्रत्येक योजना में जनकल्याण की भावना निहित है। उन्होंने लोगों से शासन की योजनाओं को पात्रतानुसार लाभ उठाने का आव्हान किया।

सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि आमजन को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के लिए विविध योजनाएं संचालित की जा रही हैं, आवश्यकता है इन योजनाओं को समझकर उनका लाभ उठाने की। उन्होंने उपस्थित लोगों से आग्रह किया कि वे योजनाओं को समझें और लाभ लें।

इन कार्यों का हुआ भूमिपूजन

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उइके ने पदमी में ओपन जिम तथा देवदरा एवं सकवाह में हाईमास लाईट, वार्ड क्रं. 10 सतबहनी मंदिर के पास सामुदायिक भवन, ग्राम कटंगाटोला हिरदेनगर में मिनी आंगनवाड़ी केन्द्र, ग्राम पंचायत कौरगांव सेमरखापा में सांस्कृतिक मंच एवं ग्राम नेवरगांव पुरवा में चबूतरा निर्माण, देवदरा राजीव कालोनी में मंगलभवन कार्य का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य संदीप सिंह, प्रफुल्ल मिश्रा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

MadhyaPradesh

Sep 03 2024, 22:42

सीएम डॉ. मोहन यादव के पिता का निधन, प्रदेश अध्यक्ष सहित कई ने जताया शोक

भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के पिता पूनमचंद यादव का निधन हो गया है, वे 100 वर्ष के थे और विगत कुछ दिनों से अस्वस्थ भी चल रहे थे। मुख्यमंत्री के पिता के निधन के समाचार से शोक की लहर दौड़ गई है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पिता स्वर्गीय पूनमचंद यादव के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पूज्य पिता पूनमचन्द यादव का निधन अत्यंत दुखद है। उन्होंने कहा कि पिता का साया सिर से उठना एक पुत्र पर उसके जीवन का सबसे बड़ा वज्रपात होता है। इस खालीपन को कभी भरा नहीं जा सकता।

उन्होंने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से इस दुःख की घडी में उनके परिजनों को वज्रपात को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। वहीं भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पूज्य पिता पूनमचंद यादव के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक हैं। बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दे एवं शोकाकुल परिजनों को दुःख की इस घड़ी में संबल प्रदान करें।

शिवराज, नाथ, तोमर और देवड़ा ने भी जताया दुख

केंद्रीय मंत्री और सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने स्वर्गीय पूनमचंद यादव के निधन पर शोक व्यक्त किया। ट्विटर पर उन्होंने लिखा कि "मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पूज्य पिता पूनम चंद यादव के निधन का समाचार अत्यंत दु:खद है। सिर से पिता का साया उठ जाना जीवन की अपूरणीय क्षति है।

दुःख की इस विकट घड़ी में मेरी संवदेनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। पूज्य पिताजी भले ही भौतिक रूप से साथ नहीं हैं, किंतु उनके आशीर्वाद की छांव सदैव आपके साथ है। बाबा महाकाल दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।" इसके साथ ही विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, जगदीश देवड़ा, नरेंद्र शिवाजी पटेल ने भी सीएम के पिता के निधन पर दुख व्यक्त किया है।

MadhyaPradesh

Sep 03 2024, 13:30

उत्सव बन गया संगठन पर्व, प्रदेश भाजपा कार्यालय में आतिशवाजी के साथ शुभारंभ


संगठन पर्व परिवार विस्तार के क्रम में अमिट छाप छोड़ेगा- सीएम डॉ. मोहन यादव

प्रदेश अध्यक्ष का आह्वान- निर्धारित लक्ष्य से अधिक सदस्य बनाने जुट जाएं पार्टी कार्यकर्ता

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के हाथों सदस्यता ग्रहण कर पार्टी के संगठन पर्व का शुभारंभ किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह एवं देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पार्टी की सदस्यता ली। संगठन पर्व के शुभारंभ कार्यक्रम का भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यलय में लाइव प्रसारण को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा, पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद एवं उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारियों ने देखा व केंद्रीय नेतृत्व के उद्बोधन को सुना। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद विष्णुदत्त शर्मा, पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सदस्यता ग्रहण करने के पश्चात् भाजपा प्रदेश कार्यालय में आतिशवाजी कर उत्सव मनाया गया।

संगठन पर्व परिवार के विस्तार का अभियान - डॉ. मोहन यादव

संगठन पर्व शुभारंभ कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के संगठन पर्व का आज शुभारंभ हो गया है। नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने सदस्य बनाया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भाजपा के पहले सदस्य बनकर संगठन पर्व का शुभारंभ किया है। इसके बाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह पार्टी के सदस्य बने। यह संगठन पर्व परिवार के विस्तार का अभियान है। मैं यह मानता हूं कि संगठन पर्व परिवार विस्तार के क्रम में अमिट छाप छोड़ेगा। संगठन पर्व के शुभारंभ पर कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मंगलवार 3 सितंबर को दोपहर 1 बजे मध्यप्रदेश में संगठन पर्व का शुभारंभ किया जाएगा और पार्टी द्वारा तय किए गए लक्ष्य से अधिक सदस्य बनाकर भाजपा परिवार को और सशक्त बनाने का कार्य भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा किया जाएगा।

लक्ष्य से अधिक सदस्य बनाने का संकल्प लेकर कार्य करेंगे - विष्णुदत्त शर्मा

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगतप्रकाश नड्डा के हाथों सदस्य बनकर संगठन पर्व का शुभारंभ किया है। संगठन पर्व देशभर में चलने वाला अभियान है। मंगलवार 3 सितंबर को दोपहर 1 बजे मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को सदस्यता दिलाकर संगठन पर्व का शुभारंभ किया जाएगा। मैं आप सभी कार्यकर्ताओं से आग्रह करता हूं कि इस अभियान में बढ़ चढ़कर हिस्सा लें एवं अधिक से अधिक लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलवाएं, ताकि मध्यप्रदेश अपने निर्धारित लक्ष्य से अधिक सदस्य बना सके। मध्यप्रदेश के भाजपा कार्यकर्ता दिए गए हर लक्ष्य को हमेशा से पूरा करते आए हैं, संगठन पर्व में भी मध्यप्रदेश को जो लक्ष्य दिया गया है उससे अधिक सदस्य बनाने के लिए पार्टी के कार्यकर्ता जुट जाएं। इस अवसर पर मध्यप्रदेश शासन के मंत्री राव उदय प्रताप सिंह, विश्वास सारंग, प्रतिमा बागरी, पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी मुकेश सिंह चतुर्वेदी, सीमा सिंह जादौन, प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी, सांसद लता वानखेड़े, शिवमंगल सिंह तोमर, वरिष्ठ नेता विनोद गोटिया, विजय दुबे, पूर्व मंत्री रामपाल सिंह, विधायक रामेश्वर शर्मा, शैलेन्द्र जैन, प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल, राहुल कोठारी, प्रदेश कार्यालय मंत्री डॉ. राघवेन्द्र शर्मा, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल, अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एजाज खान, सत्येन्द्र भूषण सिंह एवं शैलेन्द्र शर्मा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता, पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

MadhyaPradesh

Sep 03 2024, 13:22

प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना से हुनरमंद बन रहे कारीगर, अब तक 31 हजार 612 से अधिक कारीगरों की प्री-बेसिक ट्रेनिंग पूरी


योजना में अब तक 29 लाख 40 हजार से अधिक पंजीयन हुए

 

सर्वविदित है कि इस संसार को भगवान विश्वकर्मा ने यह सुन्दर स्वरूप दिया है। वे इस सृष्टि के पहले वास्तुकार एवं शिल्पज्ञ थे। केन्द्र सरकार ने 'प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना' के नाम से एक अभिनव योजना प्रारंभ की है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 17 सितम्बर 2023 को योजना का शुभारंभ किया था। योजना में अपने हाथों और औजारों से काम करने वाले पारम्परिक कारीगरों एवं शिल्पकारों को सभी प्रकार की सहायता दी जायेगी। 

योजना में 18 प्रकार के परम्परागत व्यवसायों जैसे बढ़ई, नाव-निर्माता, कवच निर्माता, लोहार, हथौड़ा और टूल-किट निर्माता, ताला बनाने वाले, सुनार, कुम्हार, मूर्तिकार (मूर्तिकार व पत्थर तराशने वाले), पत्थर तोड़ने वाले, मोची (चर्मकार)/जूते बनाने वाले, राज-मिस्त्री, टोकरी/चटाई/झाड़ू निर्माता/कॉयर बुनकर, गुड़िया और खिलौने निर्माता (पारम्परिक), नाई, माला निर्माता, धोबी, दर्जी और मछली पकड़ने के जाल बनाने वाले कारीगरों को शामिल किया गया है। इच्छुक आवेदकों को योजना में पंजीयन कराने के लिये 'पीएम विश्वकर्मा पोर्टल' भी बनाया गया है।

इस पोर्टल में मध्यप्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों में एक सितम्बर 2024 तक कुल 29 लाख 40 हजार 426 से अधिक कारीगरों ने अपना पंजीयन करा लिया है। कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग द्वारा इन पंजीयन आवेदनों में से पात्र कारीगरों एवं शिल्पकारों को प्रशिक्षण देकर दक्ष बनाया जायेगा और उनके उत्पादों को बेचने के लिये 'सेल प्लेटफार्म' भी मुहैया कराया जायेगा।

आयुक्त, हाथकरघा एवं हस्तशिल्प ने बताया कि मूलत: केन्द्र सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय की "पीएम विश्वकर्मा योजना" में कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग 'ट्रेनिंग पार्टनर' के रूप में काम करेगा। योजना के घटकों में पीएम विश्वकर्मा प्रमाण-पत्र एवं आईडी कार्ड के जरिये कारीगरों और शिल्पकारों का पात्रता पंजीयन किया जाएगा। इन पात्र कारीगरों को 5 से 7 दिनों का बुनियादी प्रशिक्षण और 15 दिन या इससे अधिक दिन का उन्नत प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान 500 रूपये प्रतिदिन की दर से शिष्यवृत्ति (Styfund) भी दी जाएगी। इसके अलावा बुनियादी कौशल प्रशिक्षण की शुरूआत में ई-वाऊचर के रूप में 15 हजार रूपये तक का टूलकिट प्रोत्साहन भी दिया जाएगा। योजना में कारीगरों एवं शिल्पकारों को व्यवसाय/दुकान/आऊटलेट स्थापित करने के लिये बैंक लिंकेज व पात्रतानुसार स्व-रोजगार के लिये लोन लिंकेज, डिजिटल लेन-देन के लिये प्रोत्साहन और विपणन सहायता भी दी जाएगी।

आयुक्त, हाथकरघा एवं हस्तशिल्प ने जानकारी दी कि कारीगरों से प्राप्त कुल पंजीयन आवेदनों में से अबतक 12 लाख 76 हजार 646 कारीगरों के आवेदन प्रशिक्षण के लिये मान्य कर लिये गये हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 37 जिलों में 15 ट्रेड्स में 39 ट्रेनिंग प्रोवाईडर्स के माध्यम से कौशल विकास की प्री-बेसिक ट्रेनिंग देकर 128 प्रशिक्षण केन्द्रों में कारीगरों को टूल-किट देने के लिये चयनित कर लिया गया है। इसी प्रकार 38 जिलों में 15 ट्रेड्स में 107 ट्रेनिंग प्रोवाईडर्स के जरिये 80 बैचेस में कारीगरों को कौशल विकास की बेसिक ट्रेनिंग दी जा रही है। उन्होंने बताया कि अब तक 31 हजार 612 कारीगरों को प्री-बेसिक ट्रेनिंग दी जा चुकी है और वर्तमान में 2 हजार 941 कारीगरों की ट्रेनिंग जारी है।

MadhyaPradesh

Sep 03 2024, 13:18

अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल का हुआ विस्तार, नवीन दायित्वों की हुई घोषणा

प्रख्यात हिंदूवादी नेता प्रवीण तोगड़िया के संगठन अंतरराष्ट्रीय हिंदु परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल का विस्तार निरंतर जारी है। संगठन विस्तार में कुछ पदाधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं तो कुछ के दायित्वों में फेरबदल किया गया है। संगठन ने अपने नए पदाधिकारियों की सूची जारी कर दी है जिसमें जिले से लेकर प्रांतीय पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।

नए कार्यभार की घोषणा अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद तथा राष्ट्रीय बजरंग दल की प्रांत स्तरीय बैठक में हुई, उक्त बैठक नर्मदापुरम जिले के इटारसी में संपन्न हुई। बैठक में संगठन के केंद्रीय मंत्री प्रदीप गौर हिंदू हेल्पलाइन के राष्ट्रीय मंत्री डॉक्टर बेटू चंदेल क्षेत्रीय अध्यक्ष अतुल राठौर काका मध्यभारत प्रांत महामंत्री मूलचंद साध राष्ट्रीय बजरंग दल प्रांत मंत्री जगबीर राजवंशी प्रांत मंत्री राकेश प्रजापति बैठक में मुख्य रूप से उपस्थित रहे। अनुषांगिक संगठन राष्ट्रीय बजरंग दल के पुराना भोपाल जिला अध्यक्ष राजा भैया को नियुक्त किया गया है।

वहीं जिला कार्यकारी अध्यक्ष मनोज अहिरवार होंगे। इसके साथ ही जिला उपाध्यक्ष सूरज यादव जिला उपाध्यक्ष अनुज सिंह जिला उपाध्यक्ष कुलवंत सिंह ठाकुर जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र यादव जिला महामंत्री विवेक पांडे जिला मंत्री गोलू गोस्वामी नियुक्त किये गए हैं। दूसरी ओर अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के पुराना भोपाल जिला अध्यक्ष कैलाश गौर को बनाया गया है, जिला कार्यकारी अध्यक्ष जितेंद्र शिवहरे को व जिला कोषाध्यक्ष पंडित राजीव द्विवेदी बनाये गए हैं। अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद में जिला उपाध्यक्ष नारायण सिंह चंदेल जिला उपाध्यक्ष ओमप्रकाश साहू जिला उपाध्यक्ष अशोक उपाध्याय जिला महामंत्री अमन श्रीवास्तव को नियुक्त किया गया है।

MadhyaPradesh

Sep 02 2024, 17:54

योजनाओं के माध्यम से हो रहे प्रयासों को परिणाम में बदलें – प्रभारी मंत्री रावत

मंडला जिले की समीक्षा बैठक में बोले मंत्री

वन, पर्यावरण एवं मंडला जिले के प्रभारी मंत्री रामनिवास रावत ने कहा कि सरकार द्वारा सभी वर्ग के कल्याण को ध्यान में रखते हुए योजनाएं संचालित की जा रही हैं। सभी अधिकारी पूरी क्षमता से कार्य करते हुए प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजनाओं से लाभान्वित करें। उन्होंने कहा कि योजनाओं के माध्यम से हो रहे प्रयासों को परिणामों में बदलने की आवश्यकता है। मंत्री रावत ने निर्देश दिये कि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम करने तथा कुपोषण को जड़ से समाप्त करने के लिए जागरूकता अभियान संचालित किये जाये। प्रभारी मंत्री ने मंडला में जिला योजना मंडल की बैठक के दौरान यह बात कही।

प्रभारी मंत्री रामनिवास रावत ने कहा कि कुपोषित बच्चों को रोस्टर बनाकर एनआरसी में दर्ज कराएं। बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं तथा जन-जागरूकता के माध्यम से जिले को कुपोषण मुक्त बनाया जाये। उन्होंने कहा कि जिले के प्रत्येक ग्राम को सड़क से जोड़ने का प्रयास करें। राजस्व महाभियान के दौरान नामांतरण, सीमांकन एवं बटवारा के निरस्त किए गए प्रत्येक प्रकरणों की पुनः जांच करें। विकास कार्यों में जन-प्रतिनिधियों का सहयोग प्राप्त करें। विभागीय समन्वय को बेहतर बनाएं। निर्माण कार्यों को बेहतर गुणवत्ता के साथ समय पर पूर्ण करें।

प्रभारी मंत्री रावत ने कहा कि जिले में होने वाली वन उपजों के लिए संग्रहण और प्रोसेसिंग के कार्य को आगे बढ़ाएं तथा इन वन उपजों के लिए बेहतर मार्केट दिलाने में सहयोगी बनें। वनधन केन्द्रों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को रोजगार उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि मंडला जिले में ईको टूरिज्म को प्रोत्साहित करते हुए पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विस्तृत कार्य योजना तैयार करें। मंत्री रावत ने प्रभारी मंत्री श्री रामनिवास रावत ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत फॉरेस्ट रेस्ट हाउस मंडला में पौध-रोपण किया। उन्होंने कहा कि पोध-रोपण अभियान के तहत रोपे गए प्रत्येक पौधों की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम करें।

प्रभारी मंत्री रावत ने कहा कि जिले में शिक्षा की व्यवस्था को बेहतर बनाएं। साक्षरता प्रतिशत को बेहतर बनाने का प्रयास करें। शाला भवनों के रखरखाव पर ध्यान दें। उन्होंने भवन विहीन शाला, एक शिक्षकीय शाला तथा शालाओं में अतिशेष शिक्षकों की जानकारी तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। प्रभारी मंत्री रावत ने मंडला एवं घुघरी के नवनिर्मित एसडीएम कार्यालय का लोकार्पण किया।

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उइके ने कहा कि सभी अधिकारी जन-प्रतिनिधि के सुझावों का सम्मान करते हुए योजनाओं के क्रियान्वयन में गति लाएं। बैठक में वन, पशु, चिकित्सा, राजस्व एवं जनजाति कार्य विभागों की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने जिले की मूलभूत जानकारी तथा विभिन्न योजनाओं की प्रगति से अवगत कराया। विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण भी किया गया।

प्रभारी मंत्री ने रपटाघाट में किया नर्मदापूजन

वन, पर्यावरण एवं जिले के प्रभारी मंत्री रामनिवास रावत, पीएचई मंत्री संपतिया उइके एवं सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने रविवार को रपटाघाट में नर्मदा-पूजन कर जिलेवासियों के सुख समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, कलेक्टर सोमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, सीईओ जिला पंचायत श्रेयांश कूमट और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

MadhyaPradesh

Sep 02 2024, 17:53

ईको जंगल कैंप कठोतिया को सिल्वर अवार्ड प्राकृति पर्यटन में म.प्र. की उपलब्धि


प्रकृति पर्यटन के क्षेत्र में मध्यप्रदेश को एक और उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल हुई है। ईको जंगल कैंप कठोतिया को आईसीआरटी इंडिया और सबकॉन्टिनेंट अवार्ड के नेचर पॉजिटिव श्रेणी में सिल्वर अवार्ड मिला है। नई दिल्ली में एक कार्यक्रम में यह पुरस्कार म.प्र. ईको पर्यटन विकास बोर्ड दिया गया।

यह अवार्ड प्रतिवर्ष आईसीआरटी इंडिया के द्वारा भारत में नेचर एवं रिस्पांसिबल टूरिज्म में उत्कृष्ट कार्य करने वाली संस्थाओं एवं व्यक्तियों को दिया जाता है। पुरस्कार वितरण कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सतपाल जी महाराज, पर्यटन मंत्री उत्तराखंड मुग्धा सिन्हा, डायरेक्टर जनरल (पर्यटन) भारत सरकार एवं आईसीआरटी फाउंडेशन के डायरेक्टर डॉ. हेरोल्ड गुडविन थे। मध्यप्रदेश ईको पर्यटन विकास बोर्ड की ओर से कार्यक्रम में सन्देश माहेश्वरी, सहायक महाप्रबंधक सिद्धार्थ सिंह, परिक्षेत्र अधिकारी वीरपुर एवं ईकोपर्यटन समिति कठोतिया के सदस्य मदनलाल, शकन्हैया लाल एवं हरि सिंह उपस्थित रहे।

कठोतिया की विशेषता

मध्यप्रदेश ईको पर्यटन विकास बोर्ड द्वारा ईको जंगल कैंप कठोतिया में स्थानीय समुदाय के माध्यम से विभिन्न ईको पर्यटन गतिविधियां जैसे कैम्पिंग, पक्षी दर्शन, गाँव का भ्रमण, घने वन क्षेत्रों में प्राचीन चट्टानों आश्रयों, झरनों, पवित्र स्थलों तक ट्रेकिंग और साहसिक गतिविधियाँ जैसे रैपलिंग, नदी पार करना, संरक्षण शिक्षण गतिविधियाँ और अनेकों प्रशिक्षण कार्यक्रम आदि संचालित किये जाते हैं। आईसीआरटी इंडिया द्वारा समुदाय आधारित ईको पर्यटन मॉडल को भील जैसे आदिवासी स्थानीय समुदायों के लिए आजीविका सुरक्षित करने, वन विभाग और वनवासियों के बीच सकारात्मक संबंध बनाने और प्रकृति को संरक्षित करने का एक अत्यधिक अनुकरणीय तरीका माना है। इस पुरस्कार से मध्यप्रदेश ईको पर्यटन विकास बोर्ड द्वारा कार्यान्वित की जा रही समुदाय आधारित ईकोपर्यटन को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान प्राप्त होगी।

MadhyaPradesh

Sep 02 2024, 17:52

अनुसूचित जाति के पुराने छात्रावासों को डिस्मेंटल करके नये भवन बनाये जाने के प्रस्ताव तैयार करें : मंत्री चौहान


अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री नागर सिंह चौहान ने मंत्रालय में अनुसूचित जाति कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान कहा कि अनुसूचित जाति के पुराने छात्रावासों को डिस्मेंटल कर नये भवन बनाये जाने के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिये, जिससे कोई छात्रावास में घटना निर्मित न हो। मंत्री चौहान ने कहा कि छात्रावासों में सुविधाएं बढ़ाई जाएं, जिससे पालकों को अपने बच्चों को छात्रावासों में भेजने में विश्वास जागृत हो। छात्रावास सुविधा सम्पन्न होंगे, उससे बच्चों को पढ़ाई में मन लगेगा। उन्होंने निर्देश दिये कि सभी संभागीय अधिकारी समय-समय पर छात्रावासों का निरीक्षण करें और उसके संबंध में मुझे जानकारी दें।

अनुसूचित जाति मंत्री चौहान ने कहा कि सभी छात्रावासों में नवाचार के रूप में टेलीफोन लगाये जायें, जिससे छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थी अपने पालकों से समय-समय पर बातचीत कर सकें। मंत्री चौहान ने अनुसूचित जाति विभाग के विकास संबंधी योजनाएं जैसे छात्रावास संचालन, छात्रवृत्ति प्रदाय, शिक्षा के लिये प्रोत्साहन, अनुदान योजनाएं, प्रशिक्षण एवं स्व-रोजगार, अधोसंरचना विकास और अस्पृश्यता निवारण और अनुसूचित जाति व जनजाति के अधिकारों का संरक्षण की समीक्षा की।

मंत्री नागर ने पोस्ट मेट्रिक महाविद्यालयीन छात्रवृत्ति, पोस्ट मेट्रिक कक्षा 11वीं व 12वीं छात्रवृत्ति की स्थिति की संभागवार जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति के संबंध में बजट प्रावधान बढ़ाया जाये। मंत्री नागर ने आवास सहायता योजना में छात्रों को गृह निवास से बाहर महाविद्यालयीन स्तर पर नियमित विद्यार्थियों को आवास सहायता राशि नियमानुसार समय-सीमा में उपलब्ध कराये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने ज्ञानोदय आवासीय विद्यालय में इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर और उज्जैन में परीक्षा परिणाम प्रतिशत कम पाये जाने पर असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इसके लिये ज्ञानोदय आवासीय विद्यालय के प्रिंसिपलों की बैठक बुलाई जाए और उनसे इस बारे में जानकारी ली जाए।

मंत्री चौहान ने अशासकीय अनुदान प्राप्त संस्थाओं में अनुदान की राशि स्वीकृत करने से पहले उसका परीक्षण किया जाए। उन्होंने कहा कि सावित्री बाई फुले स्व-सहायता समूह योजना को विशेषकर रतलाम, अलीराजपुर, झाबुआ जिले में छोटे-छोटे व्यवसाय करने वाली महिलाओं को इस योजना का लाभ दिया जाए। मंत्री चौहान ने संत रविदास स्व-रोजगार योजना, डॉ. भीमराव अंबेडकर आर्थिक कल्याण योजना में वितरित ऋण के संबंध में भी जानकारी ली।

समीक्षा बैठक में अनुसूचित जाति कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव डॉ. ई. रमेश कुमार एवं संभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

MadhyaPradesh

Sep 02 2024, 16:52

मुख्यमंत्री डॉ. यादव का महाकाल मन्दिर के महानिर्वाणी अखाड़े के संत समाज ने स्वागत कर किया अभिनन्दन


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को महाकालेश्वर मन्दिर में पूजा-अर्चना की। पूजन-अर्चन के बाद महानिर्वाणी अखाड़े के संत समाज ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव तथा उनकी धर्म-पत्नी सीमा यादव का स्वागत कर अभिनन्दन किया।

मुख्यमंत्री को महानिर्वाणी अखाड़े के महंत विनीत गिरि तथा संत समाज ने महाकाल भगवान की रजत जड़ित प्रतिकृति भेंट की। इस अवसर विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, विधायक सतीश मालवीय, विशाल राजौरिया, संजय अग्रवाल, रवि सोलंकी तथा प्रशासनिक अधिकारीगण मौजूद थे।

MadhyaPradesh

Sep 02 2024, 16:51

श्री विश्वकर्मा महापंचायत की महिला संगोष्ठी सम्पन्न

"सनातन धर्म: आस्था, परंपराएं और सामाजिक एकता का परिचय" रहा विषय

भोपाल। राजधानी में श्री विश्वकर्मा महापंचायत के महिला मोर्चा द्वारा सनातन संस्कृति में अहम भूमिका रखने वाले पर्व शिव चौदस के अवसर पर गणेश पूजन कर शिवशक्ति की आराधना की गई। इस अवसर पर महिला संगोष्ठी का भी आयोजन किया गया, आयोजन में संगठन की महिला पदाधिकारी एवं सदस्यों ने भजनों की मधुर प्रस्तुति दी। संगोष्ठी में विषय पर चर्चा के दौरान महिलाओं ने अपने अपने विचार साझा किए, आयोजन में उपस्थित महिला मोर्चा की सदस्यों ने संगठन की मजबूती पर बल दिया। इस अवसर पर संगठन के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष महिला मोर्चा उमा विश्वकर्मा सहित संगठन एवं समाज की अनेक महिलाएं एकत्रित हुईं ।

उन्होंने संगठन की एकजुटता और सामाजिक योगदान को बढ़ावा देने के लिए प्रेरणादायक संदेश दिए। इस मौके पर महिला सदस्यों ने संगठन को और भी मजबूत बनाने की दिशा में प्रतिबद्धता व्यक्त की। यह संगोष्ठी न केवल धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण थी, बल्कि इसमें महिलाओं के संगठनात्मक सशक्तिकरण और समाज की एकता पर भी जोर दिया गया। आयोजन ने इस बात को भी रेखांकित किया कि कैसे महिलाएं सनातन धर्म की परंपराओं को जीवित रखते हुए समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकती हैं।