lucknow

May 11 2024, 09:26

कार को डीसीएम ने मारी टक्कर, दूल्हा समेत चार की जिंदा जलकर मौत

लखनऊ । यूपी के कानपुर हाईवे पर शुक्रवार की देर रात दिल को दहला देने वाले हादसा हो गया। यहां के  थाना बड़ागांव के पारीछा ओवर ब्रिज पर हुए भीषण सड़क में बरात लेकर जा रही दूल्हे की कार को तेज रफ्तार डीसीएम ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में कार में आग लग गई। कार सवार दूल्हा, उसका सात साल का मासूम भतीजा समेत चार बारातियों की मौके पर जलकर दर्दनाक मौत हो गई। कर में सवार दो लोगों को किसी तरह बचा लिया गया। दोनों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद परिवार में मातम मचा हुआ है।


एरच थाना के बिलाटी गांव निवासी आकाश (23) बारात लेकर बड़ा गांव थाना के छापर गांव जा रहा था। उसकी कार में आकाश समेत उसका भाई भतीजा ईशु (7) एवं आशीष (20) समेत अन्य परिजन सवार थे। शुक्रवार रात करीब 12 बजे उनकी कार जैसे ही परीछा ओवर ब्रिज के पास पहुंची पीछे से आ रहे एक डीसीएम ने कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद कार में आग लग गई। सभी बाराती कर के अंदर फंस गए। कोई भी बाहर नहीं निकल पाया। 

दूल्हे की कार से कुछ दूर पर उनके अन्य परिजन भी थे। जब तक वह पहुंचे कार आग की लपटों में घिर गई थी। पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। पुलिस ने किसी तरह आग बुझा कर अंदर से लोगों को निकाला। तब तक आकाश उसके भाई ईशू, आशीष समेत कर ड्राइवर की मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। उनको पुलिस ने मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है।

lucknow

May 10 2024, 19:50

ड्राईंग प्रतियोगिता आयोजित कर यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक,प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पाने वाले छात्र-छात्राओं को डीसीप

लखनऊ। यातायात पुलिस  द्वारा जन चेतना दिवस 2024 के अवसर पर मरीन ड्राईव, गोमतीनगर के निकट यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरूआत पुलिस उपायुक्त, यातायात कमलेश दीक्षित तथा अपर पुलिस उपायुक्त अजय कुमार द्वारा दीप प्रज्जवलित कर की गयी। 

इस दौरान समस्त छात्र-छात्राओं के मध्य सड़क सुरक्षा जागरूकता बढ़ानें के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा पुलिस उपायुक्त यातायात के निर्देशन में ड्राईंग प्रतियोगिता आयोजित की गयी।  जिसमें समस्त छात्र-छात्राओं द्वारा प्रतिभाग किया गया। उक्त प्रतियोगिता में प्रथम स्थान आनन्दी रावत, (डीपीएस, शहीदपथ) तथा द्वितीय स्थान अर्पणा तिवारी, (महाराजा अग्रसेन पब्लिक स्कूल) तथा तृतीय स्थान कनक सिंह, (डीपीएस, शहीदपथ) द्वारा प्राप्त किया गया।


जिन्हें पुलिस उपायुक्त, यातायात महोदय द्वारा पुरूस्कृत किया गया तथा प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले समस्त छात्र-छात्राओं को सांत्वना पुस्कार प्रदान किया गया। पुलिस उपायुक्त यातायात  द्वारा सड़क सुरक्षा कार्यक्रम में भाग लेने वाले समस्त छात्र छात्राओं तथा शिक्षकों को यातायात नियमों के पालन तथा सड़क सुरक्षा के नियमों, हेल्मेट के प्रयोग, सड़क चिन्ह, यातायात सिग्नल, ड्राईविंग लाइसेंस संबंधी जानकारी देते हुए यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया तथा अपने अभिभावकों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया ।

समस्त विद्यायलयों के छात्र-छात्राओं के मध्य सड़क सुरक्षा क्विज प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया । जिसमें समस्त विद्यालयों की टीम द्वारा प्रतिभाग किया गया। जिसमें महारानी अहिल्याबाई होल्कर विद्यालय विशाल खण्ड 4 गोमती नगर लखनऊ की टीम द्वारा सभी प्रश्नों का सही उत्तर देकर प्रथम स्थान प्राप्त किया गया।


अपर पुलिस उपायुक्त द्वारा विजेता टीम के सभी सदस्यों को पुरूस्कूार प्रदान कर पुस्कृत किया गया। ट्रैफिक पार्क से पंकज शर्मा द्वारा गोल्डन आॅवर तथा गुड समेरिटन कानून के प्रति जागरूक करते हुए सड़क सुरक्षा के नियमों के पालन के सम्बन्ध में जानकारी दी गयी।

इस दौरान सहायक पुलिस आयुक्त, यातायात इन्द्रपाल सिंह, जेएन अस्थाना, सुबोध जयसवाल, शिवाजी सिंह की उपस्थिति रही।  ट्रैफिक पार्क से सुमित मिश्रा तथा पंकज शर्मा मारूति ड्राईव स्कूल ऐतेश्याम अंसारी, एक्स सिविल डिफेंस से नफीस अहमद उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में  महाराजा अग्रसेन पब्लिक स्कूल, गोमतीनगर, डीपीएस, शहीदपथ स्कूल, महारानी अहिल्याबाई होल्कर विद्यालय, सेण्ट्रेल अकादमी, आशियाना से कुल 200 छात्र-छात्राएं तथा शिक्षक सम्मलित रहे। कार्यक्रम का संचालन आरजे सुनील शुक्ल द्वारा किया गया।

lucknow

May 10 2024, 17:05

भाजपा और कांग्रेस पूंजीपतियों से पैसा लेकर चुनाव लड़ती है: मायावती
कानपुर। भाजपा और कांग्रेस पर हमला बोलते हुए बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने शुक्रवार को कानपुर के रमईपुर स्थित मगरासा गांव में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि दोनों पार्टिंया पूंजीपतियों से पैसा लेकर चलने वाली है जबकि बसपा ऐसा नहीं करती है।

उन्होंने कहा कि बहुजन समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं के सहयोग और जन्मदिन के मौके पर जो थोड़ा—थोड़ा पैसा एकत्र होता है। वही पैसा पार्टी में खर्च होता है। जबकि भाजपा और कांग्रेस पूंजीपतियों से पैसा लेकर चुनाव लड़ती है। यदि इस बार ईवीएम में गड़बड़ी नहीं हुई तो निश्चित रूप से परिणाम बढ़िया आने वाला है।

मायावती कानपुर से प्रत्याशी कुलदीप भदौरिया व अकबरपुर के प्रत्याशी राजेश द्विवेदी के समर्थन में सभा को संबोधित करते हुए कहा कि पहले कांग्रेस सत्ता में रहती थी तो वह भी ईडी समेत सरकारी तंत्रों का दुरुपयोग करती थी। उन्होंने आगे कहा कि अब यही हाल भाजपा का है। भाजपा ईडी का गलत प्रयोग करके दबाव बना रही है। मायावती ने कहा कि टिकट बंटवारे में भी सर्वसमाज की उचित भागीदारी बसपा ने सुनिश्चित की है।

lucknow

May 10 2024, 17:04

यूपी में अपराधियों के 536 लाइसेंसी शस्त्र जब्त : मुख्य निर्वाचन अधिकारी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव कराये जाने को लेकर स्ट्रैटिक टीम, आबकारी, पुलिस समेत कई जांच टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी के तहत 09 मई तक अपराधिक व्यक्तियों के 536 लाइसेंसी शस्त्र जब्त किये हैं। 4705 लाइसेंसी शस्त्रों के लाइसेंस निरस्त कर जमा कराये गये।प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने शुक्रवार को बताया कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन किया जा रहा है।

इसी के तहत सघन जांच के लिए 464 अंतरराज्यीय चेक पोस्ट और 1728 चेक पोस्ट राज्य के भीतर संचालित हैं। 16 मार्च से 09 मई तक पुलिस ने अपराधिक व्यक्तियों के 536 लाइसेंसी शस्त्र जब्त किये। 4705 लाइसेंसी शस्त्रों के लाइसेंस निरस्त कर जमा कराया गया।

प्रदेश में शांति भंग की आशंका में सीआरपीसी के तहत निरोधात्मक कार्यवाही करते हुए 27,20,387 लोगों को पाबन्द किये जाने के लिए नोटिस दी है। इनमें से 24,48,726 लोगों को पाबन्द किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त पुलिस ने 9059 बिना लाइसेंसी शस्त्र, 9149 कारतूस, 3019.32 किलोग्राम विस्फोटक व 522 बम बरामद कर सीज किया है। पुलिस ने अवैध शस्त्र बनाने वाले 4016 केन्द्रों पर रेड डालते हुए 173 केन्द्रों को सीज किया गया।

lucknow

May 10 2024, 12:10

ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ प्रथम स्वाधीनता संग्राम-1857 करने वाले राष्ट्र आराधकों को नमन : योगी


लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के लिए बलिदान होने वाले लोगों को याद किया। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम की लड़ाई में अपने प्राणों को न्यौछावर करने वाले राष्ट्र आराधकों को विनम्र श्रद्धांजलि दी है।मुख्यमंत्री ने ब्रिटिश हुकूमत की निरंकुशता के विरुद्ध भारत की स्वाधीनता का बिगुल, प्रथम स्वाधीनता संग्राम-1857 को याद किया। उन्होंने एक्स पर लिखा कि स्वदेश व स्वराज हेतु इस राष्ट्र यज्ञ में सहभागी रहे सभी राष्ट्र आराधकों को विनम्र श्रद्धांजलि। जय माँ भारती।

उप्र विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महान ने लिखा कि "क्रांति दिवस" 10 मई 1857 को मेरठ की क्रांतिकारी भूमि से प्रथम भारतीय स्वतंत्रता संग्राम की लौ जगी थी। इस दिन को “क्रान्ति दिवस” के रूप में मनाया जाता है| मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व बलिदान करने वाले सभी अमर क्रांतिकारियों को कोटि-कोटि नमन।भाजपा उप्र के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के क्रांतिकारियों को याद कर नमन किया है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा कि प्रथम स्वतंत्रता संग्राम 1857 की वर्षगांठ पर माँ भारती की स्वाधीनता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले सभी उत्कृष्ट क्रांतिकारियों को कोटि-कोटि नमन।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि आज ही के दिन अंग्रेजों के विरुद्ध लड़ा गया प्रथम भारतीय स्वतंत्रता संग्राम-1857 में अपने प्राणों की आहुति देने वाले मां भारती के वीर सपूतों के बलिदान को शत-शत नमन।उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने एक्स पर लिखा कि आज ही के दिन अंग्रेजों के विरुद्ध लड़ा गया प्रथम भारतीय स्वतंत्रता संग्राम 1857 में अपने प्राणों की आहुति देने वाले माँ भारती के वीर सपूतों के बलिदान को शत—शत नमन।

lucknow

May 10 2024, 12:10

मुख्यमंत्री योगी ने भगवान परशुराम जयंती पर प्रदेश वासियों को दी शुभकामनाएं

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगवान परशुराम जयंती पर प्रदेश वासियों को बधाई दी है।मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा कि भगवान विष्णु के 'आवेशावतार', भक्ति, शक्ति एवं विद्वता के शाश्वत प्रतीक, भगवान श्री परशुराम की जयंती पर प्रदेश वासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। अपने ज्ञान, शौर्य व तपोबल से न्याय की स्थापना करने वाले भगवान परशुराम को नमन।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा कि आप सभी प्रदेशवासियों को भगवान विष्णु जी के छठें अवतार, शस्त्रविद्या के महान गुरु, भगवान परशुराम जी के जन्मोत्सव की हार्दिक बधाई एवं मंगलकामनाएं। भगवान परशुराम जी की कृपा दृष्टि समस्त प्रदेशवासियों पर सदैव बनी रहे।उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा कि ॐ जामदग्न्याय विद्महे महावीराय धीमहि तन्नो परशुराम: प्रचोदयात्।।

प्रभु श्री हरि विष्णु जी के छठवें अवतार भगवान श्री परशुराम जी की जयंती पर समस्त देश व प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।इसी तरह उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने एक्स पर लिख कर परशुराम जयंती की सभी को बधाई दी। उन्होंने अपने लिखा कि प्रभु श्री हरि विष्णु जी के छठवें अवतार भगवान श्री परशुराम जी की जयंती पर समस्त देश व प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।

lucknow

May 10 2024, 09:59

पीलीभीत में डीसीएम अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई , तीन मजदूर की मौत, 33 से अधिक घायल

लखनऊ । यूपी के पीलीभीत जिले ने भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां पर डीसीएम से मुरादाबाद से लखीमपुर खीरी जा रहे मजदूर शुक्रवार तड़के सड़क हादसे का शिकार हो गए। असम हाईवे पर गांव बिजनौर के पास डीसीएम चालक को झपकी आ गई। इससे डीसीएम अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई। 33 से अधिक घायल हुए हैं।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को डीसीएम से बाहर निकाला और जिला अस्पताल भिजवाया। डीसीएम में बुरी तरह से फंसे चालक को पौन घंटे बाद बमुश्किल बाहर निकाला जा सका। गंभीर हालत में उसे भी जिला अस्पताल भेजा गया। हादसे के बाद हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लाइन लग गई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाया। जब यातायात सुचारू हो सका। डीएम और एसपी भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने घायलों को हाल जाना। बताया जा रहा है कि डीसीएम में करीब 50 लोग सवार थे। ये सभी मुरादाबाद से लखीमपुर खीरी जा रहे थे। ईंट भट्ठे पर मजदूरी करते थे। घायलों में कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस मृतकों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

lucknow

May 09 2024, 16:57

सैम पित्रोदा के बयान के लिए जनता से माफी मांगे कांग्रेस :योगी आदित्यनाथ

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि सैम पित्रोदा कांग्रेस के बुद्धिदाता हैं। वे कांग्रेस की बांटो और राज करो की नीति को बयां कर रहे हैं। कांग्रेस में सत्ता प्राप्ति की अतिलिप्सा है। कांग्रेस 1947 में भारत के विभाजन की त्रासदी की जिम्मेदार है। कांग्रेस ने आजादी के बाद भी जाति, क्षेत्र, भाषा के नाम पर देश को बांटने का पाप किया है। सैम पित्रोदा का बयान निंदनीय है। कांग्रेस सैम पित्रोदा के मुंह से जो बोलवा रही है, उसके लिए उसे देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। कांग्रेस को अपने बुद्धिदाता के कृत्यों के लिए माफी मांगनी चाहिए।

चुनावी जनसभा के लिए गुरुवार को रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास पर मीडिया से बातचीत की। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे लोग उत्तर भारत, दक्षिण भारत, पूर्वी भारत, पश्चिमी भारत को रंग व चमड़ी के आधार पर बांटने का प्रयास कर रहे हैं। यह देश के प्रति साजिश का पर्दाफाश होने के साथ ही कांग्रेस की बहुत खतरनाक मंशा है। यह शर्मनाक और निंदनीय बयान भारत जैसे सनातन देश में 140 करोड़ भारतवासियों को अपमानित करने वाला है।

राम मंदिर से जुड़े सैम पित्रोदा के बयान पर योगी ने खरी-खरी सुनाई। उन्होंने कहा कि सैम पित्रोदा अपनी बुद्धि अपने पास ही रखें। उनके जैसे बुद्धिमान लोग कांग्रेस को मुबारक हों। राम और राष्ट्र को राष्ट्रवादी एक-दूसरे के पूरक मानते हैं। मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम भारत राष्ट्र के सांस्कृतिक एकता के आधार हैं। भारत का मूल चरित्र राम की चेतना से नई संजीवनी प्राप्त करता है। भारत के हर परिवार में श्रीराम मर्यादा के आदर्श माने गए हैं। राम भारत की सांस्कृतिक और राजनीति एकता के प्रतीक हैं। इसमें गरीब कल्याण, सबका साथ-सबका विकास, सर्वे सन्तु निरामया का भाव निहित है। इसकी मूल चेतना प्रभु श्रीराम से प्राप्त होती है, इसलिए राम मंदिर का निर्माण भारत के लिए गौरव का विषय है। जिनका भारत और भारतीयता पर विश्वास नहीं है और जिन्हें अच्छे कार्य में शर्मिंदगी महसूस होती है, ईश्वर करे कि उन्हें यह शर्मिंदगी हमेशा मिलती रहे।

आदित्यनाथ ने कहा कि भारत के 140 करोड़ लोगों के साथ ही दुनिया में जहां भी सनातन धर्मावलंबी निवास करते हैं, दुनिया में जहां कहीं भी मानवता के कल्याण के पक्षधर हैं, वह हर व्यक्ति राम मंदिर निर्माण से आनंदित व प्रफुल्लित है। यही कारण है कि न केवल सनातन धर्मावलंबी बल्कि दुनिया के दर्जनों राजदूत अयोध्या की यात्रा कर वहां के विकास कार्यों को देख चुके हैं। यह निरंतरता आगे चलती रहेगी।

lucknow

May 09 2024, 16:56

बहन जी का आदेश सिर माथे, भीम मिशन और समाज के लिए लड़ता रहूंगा : आकाश आनंद


लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी  नेता आकाश आनंद ने पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती के आदेश का पालन करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि बहन जी का आदेश सिर माथे पर लेकिन पार्टी और समाज के लिए अंतिम सांस तक लड़ता रहूंगा।

आकाश आनंद ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा कि बहन मायावती आप पूरे बहुजन समाज के लिए एक आदर्श हैं, करोड़ों देशवासी आपको पूजते हैं। आपके संघर्षों की वजह से ही आज हमारे समाज को एक ऐसी राजनैतिक ताक़त मिली है जिसके बूते बहुजन समाज आज सम्मान से जीना सीख पाया है। आप हमारी सर्वमान्य नेता हैं। आपका आदेश सिर माथे पे। भीम मिशन और अपने समाज के लिए मैं अपनी अंतिम सांस तक लड़ता रहूँगा।

उल्लेखनीय है कि दो दिन पूर्व बसपा प्रमुख मायावती ने आकाश आनंद को राष्ट्रीय कोआर्डिनेटर और अपने उत्तराधिकारी की भूमिका से मुक्त कर दिया था। इसके पीछे उन्होंने उनकी अपरिपक्वता का हवाला दिया था। मायावती के इस कदम के बाद गुरुवार को आकाश आनंद ने अपनी पहली प्रतिक्रिया दी है।

lucknow

May 09 2024, 15:18

काशीवासियों का सौभाग्य है कि प्रधानमंत्री ने तीसरी बार भी काशी को ही चुना, दक्षिणी एवं कैंट विधानसभा में कार्यकर्ता सम्मेलन

लखनऊ। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल ने कहा कि काशीवासियों का ये सौभाग्य है कि पिछले दस सालों से काशी का प्रतिनिधित्व करने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीसरी बार भी काशी को ही चुना है। इसलिए काशी की जनता सड़कों पर उतर कर अपने सांसद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जोरदार स्वागत के लिए तैयार है।

राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल बुधवार की देर शाम कैंट विधानसभा के पार्टी कार्यकर्ताओं को महमूरगंज स्थित तुलसी उद्यान कार्यालय तथा शहर दक्षिणी विधानसभा के कार्यकर्ताओं को पिपलानी कटरा स्थित सरोजा पैलेस में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 13 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र काशी आ रहे हैं। उनके अभूतपूर्व स्वागत के लिए काशी की जनता बेकरार है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि आप लोगों के घर जाकर प्रधानमंत्री के आगमन की जानकारी दें और लोगों को रोड शो में आने के लिए निमंत्रित करें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी काशी के विकास के लिए अनेकों कार्य किए हैं। आज काशी पूरी तरह से बदल चुकी है।

उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री के नामांकन के पश्चात हमें 15 दिनों का समय मिल रहा है। इन 15 दिनों में हमें घर घर जाकर संपर्क करना है और साथ ही बीजेपी समर्थकों को एकजुट करना है। उन्होंने कहा कि 80 फीसदी से ज्यादा मतदान कराना हमारी जिम्मेदारी है। 80 प्रतिशत से ज्यादा मतदान होगा तभी ऐतिहासिक विजय दिलाने में हमें सफलता मिलेगी। नए वोटरों से मिलकर उन्हें भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील करना हमारी जिम्मेदारी है। 2047 तक विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए हमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लोकसभा चुनाव में अभूतपूर्व और ऐतिहासिक सफलता दिलानी होगी। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के कारण ही हम वैश्विक मंच पर पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनकर उभरे हैं और निकट भविष्य में हम तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन सके इसके लिए हमें प्रधानमंत्री मोदी जैसा दूरदर्शी नेता चाहिए।