Bihar

May 02 2024, 14:01

देश के जाने-माने सर्जन पद्मश्री डॉ. नरेन्द्र प्रसाद का निधन, चिकित्सा जगत में शोक की लहर

डेस्क : राजधानी पटना से एक बड़ी खबर सामने आई है। बिहार ही नहीं देश के बड़े सर्जन में शामिल पदमश्री डॉ. नरेंद्र प्रसाद का निधन हो गया है। बीते बुधवार को उन्होंने अपने आवास पर अपनी अन्तिम सांस ली। इस बात की जानकारी उनके भतीजे प्रसिद्ध फिजिशियन डॉ दिवाकर तेजस्वी ने दी है। 

डॉ. नरेन्द्र प्रसाद 91 वर्ष के थे। वहीं उनके पुत्र डॉ आलोक अभिजीत प्रसिद्ध लेप्रोस्कोपिक सर्जन हैं। नरेन्द्र प्रसाद के निधन की खबर के बाद चिकित्सा जगत में शोक का लहर व्याप्त है।

इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सहजानंद प्रसाद सिंह ने डॉ.नरेंद्र प्रसाद के निधन पर अपनी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि डॉ. नरेंद्र प्रसाद जैसे विद्वान सर्जन बहुत कम हुए। उनके निधन से चिकित्सा जगत के लिए एक बड़ी क्षति है। 

वे मेडिकल कॉउसिल के मेंबर थे और बिहार मेडिकल कॉउसिंल के अध्यक्ष भी थे. डॉ. नरेंद्र प्रसाद बिहार आईएमए के प्रेसिडेंट भी थे।

Bihar

Apr 30 2024, 17:49

सीवान लोकसभा सीट से राजद प्रत्याशी अवध बिहारी चौधरी ने भरा नामांकन पर्चा, इससे पहले हुई जनसभा में तेजस्वी ने पीएम मोदी पर जमकर साधा निशाना

डेस्क : सीवान लोकसभा सीट से आज इंडिया गठबंधन के राजद प्रत्याशी अवध बिहारी चौधरी ने अपना नामांकन पर्चा भरा। इस मौके पर तेजस्वी यादव मौजूद रहे। 

वहीं नामांकन से पहले शहर के गांधी मैदान में एक जनसभा आयोजित की गई। जिसमें नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, वीआईपी सुप्रीमो मुकेश सहनी और राजद के राष्ट्रीय महासचिव अब्दुल बारी सिद्दीकी ने शिरकत किया।

इस जनसभा में हजारों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान तेजस्वी यादव ने मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी जी ने 10 साल में इतना झूठ बोला है की गोबर को भी हलुआ बना दिया है। मोदी जी झूठ बोलने की फैक्ट्री है, मैन्युफैक्चरर है, होलसेलर है और डिस्ट्रीब्यूटर भी है। उन्होंने जिंदगी भर झूठ ही बोला है। अब सरकार बदलेगा,बिहार से ही परिवर्तन का लहर देश में चलेगा। 

वहीं तेजस्वी ने गाना गाकर भी पीएम पर तंज कसा। गाना गाते हुए तेजस्वी ने कहा कि तुम तो धोकेबाज हो। वादा करके भूल जाते हो। रोज रोज मोदी जी जो झूठ बोलोगे, जनता जब रूठ जायेगी तो हाथ मलोगे। 

तेजस्वी ने कहा कि कर्नाटक के बेंगलुरु में मोदी जी के एमपी ने ढाई हजार महिलाओं के साथ शोषण किया और मोदी जी नारा लगाते है की बेटी बचाओ और बेटी पढ़ाओ। ये नहीं कहते की बलात्कारी बचाओ और बलात्कारी भगाओ। भाजपा में चले जाएगा तो राजा हरिश्चंद्र हो जाएगा।

उन्होंने कहा कि बिहार मे भाजपा के दो उपमुख्यमंत्री है। लेकिन किसी काम के नहीं है,सिर्फ पगड़ी बांधना और समाज में नफरत फैलाना,एक लाउड माउथ और एक फाउंड माउथ है। हम थे तो रात को भी काम करते थे। अस्पतालों में जाकर छापा मारते थे।

Bihar

Apr 30 2024, 10:48

बिहार में भीषण सड़क दुर्घटना : हाइवा और स्कॉर्पियो की टक्कर में 6 बाराती की मौत, 3 गंभीर रुप से घायल

डेस्क : बिहार में एकबार फिर भीषण सड़क दुर्घटना में 6 लोगों की मौत हो गई। वही तीन लोग गंभीर रुप से घायल है। जिन्हे इलाज के लिए अस्पताल मे भर्ती कराया गया है। घटना भभागलपुर-कहलगांव एनएच-80 पर घोघा के आमापुर के पास बीते सोमवार की रात करीब 11.30 बजे हुई है। 

मिली जानकारी के अनुसार एक बारात गाड़ी पर गिट्टी लदा हाइवा पलट गया, जिसमें दबकर स्कॉर्पियो में सवार छह बाराती की मौके पर मौत हो गई। तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मलबा हटाने के बाद सभी घायलों को मायागंज अस्पताल, भागलपुर भेजा गया है, जबकि समाचार लिखे जाने तक पांच शवों को निकाल लिया था। 

घटना की सूचना पर घोघा पुलिस पर पहुंची और एनएच-80 का निर्माण कर रही एजेंसी की जेसीबी और अन्य संसाधनों से मलबा हटाने का काम शुरू कराया। लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद मलबे के अंदर स्कॉर्पियो में फंसे लोगों को निकाला जा सका। इनमें से तीन गंभीर रूप से घायल थे, शेष छह लोगों की मौत हो चुकी थी।

घायलों के अनुसार बारात मुंगेर के हवेली खड़गपुर से पीरपैंती के खिदमतपुर जा रही थी। तीन स्कॉर्पियो से बाराती भागलपुर से कहलगांव की ओर जा रहे थे। कहलगांव की ओर गिट्टी लदा हाइवा आ रहा था, जो अनियंत्रित होकर बीच में चल रही स्कॉर्पियो पर पलट गया। गिट्टी से दबकर छह बारातियों की मौत हो गई। मृतकों में दो बच्चे भी शामिल हैं। 

भागलपुर के एसपी सिटी राज ने बताया कि हादसे की सूचना मिली है। पुलिस की टीम पहुंची है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। दुर्घटना के कारण की जांच कराई जाएगी।

Bihar

Apr 30 2024, 09:36

राज्य के विकास के साथ-साथ समाज में भाईचारे का बनाया माहौल, 2005 के पहले की स्थिति याद करने पर सबकुछ आएगा साफ नजर : नीतीश कुमार

डेस्क : लोकसभा चुनाव का दौर चल रहा है। चुनाव के दो चरण समाप्त हो चुके है। वहीं नेताओं का अपने-अपने प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए प्रचार-प्रसार का तूफानी दौर चल रहा है। सभी दलों के वरिष्ठ नेताओं द्वारा बाकी के बचे चरणों के चुनाव को लेकर चुनावी दौरा करने और जनसभा को संबोधित करने का सिलसिला जारी है। सभी दलों द्वारा अपनी सरकार की उपलब्धियों और विपक्ष की खामियों को जनता के सामने रखने का सिलसिला जारी है।  

इसी कड़ी में बीते सोमवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मधेपुरा के आलमनगर, खगड़िया के बेलदौर और अररिया लोकसभा के रानीगंज में एनडीए प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभाओं को संबोधित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अपने शासनकाल में किए गए कार्यों को गिनाए। साथ ही राजद शासनकाल की याद भी दिलाई। 

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि जब से उन्हें बिहार में काम करने का मौका मिला तभी से सड़क, शिक्षा, स्वाथ्य समेत सभी क्षेत्रों में काफी काम किया है। भाजपा के साथ मिलकर काम करते रहे हैं और आगे भी काम करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास के साथ-साथ समाज में भाईचारे का माहौल भी बनाया।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में वर्ष 2005 से पहले की स्थिति की भी याद लोगों को दिलायी। उन्होंने कहा कि आप याद करिए हमलोग 2005 से काम कर रहे हैं। पूरे बिहार की सेवा कर रहे हैं। वर्ष 2005 के पहले कोई भी आदमी शाम के समय डर से घर से बाहर नहीं निकलता था। सवालिया लहजे में कहा कि उस समय कितना हिंदू-मुस्लिम का झगड़ा होता था? अब सभी लोग देर शाम तक बाहर रहते हैं और कोई हिंदू-मुस्लिम का झगड़ा नहीं होता है।

उन्होंने कहा कि 2005 के पहले बहुत कम बच्चे पढ़ाई करते थे। अब भारी संख्या में बच्चे पढ़ रहे हैं। पहले गरीबी के कारण लड़कियां पढ़ नहीं पाती थीं। हमलोगों ने पढ़ने का इंतजाम कराया। लड़की और लड़कों के लिए पोशाक और साइकिल योजना चलायी। अब काफी संख्या में बच्चे पढ़ रहे हैं। पुरानी स्थिति को याद कीजिए। लोग तो पुरानी बातों को भूल जाते हैं।

Bihar

Apr 30 2024, 09:34

भीषण गर्मी की चपेट में पूरा बिहार, 6 जिलो में रेड अलर्ट जारी

डेस्क : पूरा बिहार इनदिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। इससे जनजीवन अस्त-व्यस्त है। आने वाले दिनों में और ज्यादा तापमान बढ़ने की आशंका है। बिहार में पहली बार भीषण गर्मी का रेड अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेशवासियों को 2 मई तक भीषण गर्मी झेलनी पड़ेगी।इससे निपटने के लिए राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने सभी अस्पतालों को अलर्ट कर दिया है।

मौसम विभाग ने आज मंगलवार को छह जिलों में भीषण गर्मी का रेड अलर्ट जारी किया है। साथ ही 15 जिलों में लू का ऑरेंज, जबकि चार जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के बाकी जिलों में गर्म दिन रहने के आसार हैं। राज्य में दो मई तक अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का पूर्वानुमान है। 

मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को भागलपुर व पूर्णिया भीषण गर्मी की चपेट में रहे। पटना, वाल्मीकि नगर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सुपौल, मोतिहारी, शेखपुरा, गोपालगंज, खगड़िया, बांका, कटिहार व नवादा में लू चली।

इन 6 जिलों में आज भीषण गर्मी का रेड अलर्ट 

मौसम विभाग ने पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, नवादा, शेखपुरा, खगड़िया और भागलपुर जिले के लिए भीषण गर्मी को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। 

इन जिलों मे गर्मी का ऑरेज और येलो अलर्ट

वहीं सीवान, दरभंगा, सुपौल, पूर्णिया, अररिया, कटिहार, रोहतास, भोजपुर, कैमूर, औरंगाबाद, बेगूसराय, लखीसराय, मुंगेर, जमुई और बांका में लू का ऑरेंज अलर्ट है। इसके साथ ही बक्सर, शिवहर, मधेपुरा और सहरसा के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

Bihar

Apr 29 2024, 20:08

बिहार टेक्निकल सर्विस कमीशन द्वारा नियुक्ति प्रक्रिया में किए गए बदलाव को हाईकोर्ट ने किया रद्द, 10 हजार से अधिक पदों पर एएनएम बहाली का रास्ता हुआ साफ


डेस्क : बिहार में 10 हजार से अधिक पदों पर एएनएम बहाली का रास्ता अब साफ हो गया है। पटना हाईकोर्ट ने बिहार टेक्निकल सर्विस कमीशन द्वारा नियुक्ति प्रक्रिया में किए गए बदलाव को रद्द कर दिया है। पटना हाईकोर्ट ने राज्य में एएनएम बहाली को लेकर एक अहम फैसला सुनाया है। कोर्ट के फैसले के बाद राज्य सरकार की अपील पर विगत 18 अप्रैल को सुनवाई पूरी करते हुए कोर्ट ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था। जिसे आज सोमवार को सुनाया गया। कोर्ट ने स्पष्ट कर दिया है कि राज्य में एएनएम की बहाली पूर्व की भांति उनके द्वारा प्राप्त अंकों के आधार पर ही की जाए। 

दरअसल, बिहार में 10,709 पदों पर एएनएम की बहाली के लिए स्वास्थ्य विभाग की तरफ से 28 जुलाई, 2022 को विज्ञापन निकाला गया था। इस विज्ञापन के मुताबिक बिहार टेक्निकल सर्विस कमीशन ने अन्य अहर्ताओं के अलावा उम्मीदवारों द्वारा अर्जित प्राप्तांक के आधार पर इनकी नियुक्ति की जानी थी। लेकिन बिहार टेक्निकल सर्विस कमीशन ने 19 सितंबर, 2023 को विज्ञापन में बदलाव कर दिया।

कमीशन द्वारा किए गए बदलाव के बाद सभी उम्मीदवारों को कमीशन द्वारा आयोजित परीक्षा में शामिल होना अनिवार्य कर दिया गया। बिहार टेक्निकल सर्विस कमीशन के इस फैसले को पटना हाईकोर्ट में चुनौती दी गई थी। 

हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस के विनोद चंद्रन की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने 18 अप्रैल, 2024 को सभी पक्षों को सुनने के बाद मामले पर सुनवाई पूरी करने के बाद अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था। 

कोर्ट ने आज अपना आज सोमवार को अपना फैसला सुनाते हुए बिहार टेक्निकल सर्विस कमीशन द्वारा नियुक्ति प्रक्रिया के लिए किए गए बदलाव को रद्द करते हुए निर्देश दिया है कि प्राप्तांकों के आधार पर एएनएम की बहाली की जाए। कोर्ट ने स्पष्ट कर दिया है कि राज्य में एएनएम की बहाली पूर्व की भांति उनके द्वारा प्राप्त अंकों के आधार पर ही की जाए।

Bihar

Apr 29 2024, 17:51

सारण लोकसभा सीट से राजद प्रत्याशी रोहिणी आचार्य ने किया नामाकंन, बेटी के लिए चुनाव जनसभा को संबोधित करते हुए पुराने लौ में दिखे लालू प्रसाद

डेस्क : बिहार के सारण लोकसभा सीट से राजद प्रत्याशी के तौर पर राजद सुप्रीमो लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने आज नामाकंन दाखिल किया। वहीं इस दौरान लालू यादव भी मौजूद रहे। नामाकंन के बाद एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जहां राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद एकबार फिर अपने पुराने अंदाज में दिखे। 

लालू प्रसाद अपने 5 मिनट में बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा बाबा साहेब के संविधान को खत्म करना चाहती है। लेकिन, हम किसी भी कीमत पर संविधान नहीं बदलने देंगे। बाबा भीमराव अंबेडकर का जो संविधान लिखा है। इसके लिए आपको इकट्ठे रहने की जरुरत है। लालू प्रसाद यादव ने अपनी बेटी रोहिणी आचार्य के पक्ष में लोगों से वोट करने की अपील करते हुए कहा कि रोहिणी हमारी बेटी है। ये अब आप लोगों के बीच लगातार काम कर रही है। इसको वोट दें और विजयी बनाने का काम करें। 

लालू यादव अपने 5 मिनट के भाषण में केवल दो बातों पर फोकस करते दिखे। एक बीजेपी संविधान बदल देना चाहती है। दूसरा बीजेपी पिछड़ों के आरक्षण को खत्म करना चाहती है। वहीं उन्होंने अपने भाषण का अपने चिर-परिचत तकिया कलाम ‘लागल लागल झुलनिया में धक्का बलम कलकत्ता चलल’ यह कहकर खत्म कर दिया।

Bihar

Apr 29 2024, 09:35

मौसम अलर्ट : राजधानी पटना समेत प्रदेश आज सोमवार को रुलाएगी गरमी , मौसम विभाग ने जारी किया लू का ऑरेंज अलर्ट


डेस्क : बिहार में न्यूनतम तापमान चढ़ने से रात भी गर्म हो रहा गर्मी धीरे-धीरे चरम पर पहुंचने लगी है। हर दिन तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। पहले अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हो रही थी। अब न्यूनतम तापमान भी बढ़ने लगा है। रविवार को प्रदेश का न्यूनतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। इससे रात में भी लोगों को सुकून नहीं मिल पा रहा।

सुबह से लेकर रात तक भीषण गर्मी ने लोगों का हाल-बेहाल कर रखा है। सुबह के चार बजे के आस-पास ही गर्मी से थोड़ी बहुत राहत रहती है। रविवार को सुबह से ही तेज धूप निकली। सूरज के तेवर इतने तल्ख थे कि सुबह आठ बजे से ही गर्म हवा चलने लगी।

इस बीच मौसम विभाग ने राजधानी पटना समेत प्रदेश के 18 जिलों में आज सोमवार को लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं पटना, मुजफ्फरपुर और शेखपुरा में न्यूनतम तापमान चढ़ने के कारण गर्म रात होने की संभावना जताई गई है।

इन जिलों में लू का ऑरेंज अलर्ट

पटना, औरंगाबाद, दरभंगा, शेखपुरा, खगड़िया, सुपौल, नवादा, बांका, पूर्णिया, मुजफ्फरपुर, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, जमुई, भोजपुर, नालंदा, सिवान, अरवल और भागलपुर जिले के कुछ स्थानों पर लू चलने की संभावना है।

राजधानी सहित प्रदेश में पिछले कई दिनों से उत्तर-पछुआ हवा का प्रवाह लगातार जारी है। 25 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के कारण लोगों को घरों में भी लू का एहसास हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को उत्तर बिहार के जिलों के अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि होने का पूर्वानुमान है। वहीं दक्षिण बिहार के तापमान में कोई विशेष बदलाव के आसार नहीं है। भीषण गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। दोपहर से सड़कों पर सन्नाटा पसर जा रहा है।

Bihar

Apr 29 2024, 09:33

आज बिहार के इन तीन जिलों का दौरा करेंगे सीएम नीतीश कुमार, चुनावी जनसभा को करेंगे संबोधित

पटना : लोकसभा चुनाव का दौर चल रहा है। चुनाव के दो चरण समाप्त हो चुके है। वहीं नेताओं का अपने-अपने प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए प्रचार-प्रसार का तूफानी दौर चल रहा है। सभी दलों के वरिष्ठ नेताओं द्वारा बाकी के बचे चरणों के चुनाव को लेकर चुनावी दौरा करने और जनसभा को संबोधित करने का सिलसिला जारी है। 

इसी कड़ी मे बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज सोमवार को तीन चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। वे खगड़िया, मधेपुरा व अररिया लोस क्षेत्र में चुनावी सभा में शामिल होंगे।

सीएम नीतीश कुमार आज सोमवार को सबसे पहले खगड़िया के बेलदौर प्रखंड के गांधी उच्च विद्यालय के खेल के मैदान में लोगों को संबोधित करेंगे। इसके बाद वे मधेपुरा के आलमनगर प्रखंड के पानी टंकी मैदान में आयोजित सभा को और फिर अररिया लोकसभा क्षेत्र के रानीगंज प्रखंड के लालजी उच्च विद्यालय के मैदान में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। 

यह जानकारी जदयू के प्रदेश महासचिव चंदन कुमार सिंह ने दी।

Bihar

Apr 28 2024, 19:54

वीआईपी सुप्रीमो मुकेश सहनी का बड़ा बयान : बीजेपी ने हमारे विधायकों को खरीदा, जबतक तोड़ेंगे नहीं तबतक छोड़ेंगे नहीं

डेस्क : विकासशील इंसान पार्टी के संस्थापक मुकेश सहनी ने आज रविवार को मधुबनी, मधेपुरा, सुपौल, खगड़िया और बेगूसराय में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने यहां तक कहा कि बीजेपी ने हमारे विधायकों को खरीदा था। जबतक हम तोड़ेगे नही तबतक छोड़ेगें नही।  

उन्होंने भाजपा पर निशाना साधाते हुए लोगों से एकजुट होकर मतदान करने की भी अपील की। उन्होंने इस चुनाव को अहम चुनाव करार देते हुए कहा कि देश के संविधान की सुरक्षा के लिए यह चुनाव अहम है। कहा कि यह चुनाव मात्र एक चुनाव नहीं यह लड़ाई सम्मान व स्वाभिमान की है। 

मुकेश सहनी ने साफ लहजे में कहा कि केंद्र की सरकार को जनता की फिक्र नहीं है तभी तो लोकतंत्र की हत्या कर जनता द्वारा चुनी गई सरकार को गिरा दिया जाता है। विधायको को , सांसदों को खरीद लिया जाता है।

सहनी ने कहा कि हमारे विधायकों को खरीद लिया गया, हमें उसी सरकार से बाहर कर दिया गया जो सरकार हमने बनाई थी। सहनी ने जोर देकर कहा कि जिस प्रकार दशरथ मांझी ने पहाड़ काटते हुए कहा था कि जब तक तोड़ेंगे नहीं तब तक छोड़ेंगे नहीं। आज एक -एक निषाद हाथ मे गंगा जल लेकर अपने अधिकार के लिए संघर्ष करने का संकल्प ले चुका है। अब यह निर्णय लेने का समय है।

आज एक एक निषाद कह रहा है जब तक तोड़ेंगे नही तब तक छोडेंगे नहीं। सहनी वीआईपी पार्टी के तमाम पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि आप सभी इंडिया-महागठबंधन के पक्ष में डोर टू डोर जनसंपर्क करें और अधिक से अधिक मतदान करके महागठबंधन के उम्मीदवारों को विजयी बनाएं।