संदेशखाली का “गुनाहगार” शाहजहां शेख गिरफ्तार, जानें 55 दिन की फरारी के बाद कैसे और कहां दबोचा गया
#sandeshkhali_trinamool_congress_leader_shahjahan_sheikh_arrested
![]()
पश्चिम बंगाल के संदेशखाली में महिलाओं से कथिक यौन उत्पीड़न और जमीन हड़पने के आरोपी तृणमूल कांग्रेस नेता शेख शाहजहां को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। करीब 55 दिनों से फरार चल रहे शाहजहां शेख को गुरुवार को गिरफ्तार किया गया।पुलिस ने बताया कि शाहजहां शेख को उत्तर 24 परगना जिले के मिनाखां में गिरफ्तार किया गया, जहां वह छिपा हुआ था।शाहजहां शेख पर न केवल महिलाओं के यौन उत्पीड़न और गरीबों की जमीन कब्जाने का आरोप है, बल्कि उस पर ईडी टीम पर हमला करने का भी आरोप है।ईडी के अधिकारियों की टीम पर हमले के बाद से फरार था।पुलिस ने कलकत्ता उच्च न्यायालय के आदेश पर उसे गिरफ्तार किया।
शाहजहां शेख उत्तर 24 परगना जिले के मिनाखा में एक घर में छिपा हुआ था, जहां से उसे गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तारी के बाद उसे बशीरहाट की अदालत में पेश किया जाएगा। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि वह इस समय हवालात में हैं और उसे दोपहर दो बजे अदालत में पेश किया जाएगा।
टीएमसी नेता पिछले पांच जनवरी से ही फरार चल रहा था।शेख शाहजहां के खिलाफ दर्ज मामलों की लंबी फेहरिस्त है. शेख शाहजहां के खिलाफ 49 अलग-अलग मामलों में एफआईआर दर्ज की गई हैं। शेख पर संदेशखाली में महिलाओं के साथ यौन उत्पीड़न, जमीन हड़पने, राशन घोटाला, हत्या और ईडी के ऊपर हमला कराने जैसे कई आरोप हैं।बता दें कि 5 जनवरी को ईडी की टीम ने राशन घोटाला मामले में शेख शाहजहां घर पर रेड की थी। इस दौरान उसके सैंकड़ों समर्थकों ने ईडी टीम पर हमला कर दिया था। अधिकारियों को संदेशखाली से जान बचाकर भागना पड़ा था। ईडी टीम पर हमले के बाद से ही शाहजहां फरार था।
बता दें कि संदेशखाली में महिलाओं के खिलाफ यौन उत्पीड़न और हिंसा के आरोपों को लेकर पिछले एक महीने से उबाल है। महिलाएं सड़कों पर इंसाफ के लिए प्रदर्शन कर रही हैं। संदेशखाली में महिलाओं ने शेख शाहजहां और उसके दो सहयोगियों शिबू हाजरा और उत्तम सरदार पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। संदेशखाली की महिलाओं ने बताया कि संदेशखाली में शाहजहां का खौफ है। उसके लोग महिलाओं के साथ जुल्म करते हैं। सरकारी योजनाओं का लाभ देने के बहाने बुलाकर रेप करते हैं। महिलाओं ने बताया कि काफी लंबे समय से उनके लोग ये गलत काम कर रहे थे।
Feb 29 2024, 10:24