Bhadohi

Jan 31 2024, 14:57

*विपक्ष के पास न तो प्रत्याशी और न ही विजन: दयालु*

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के सामने कोई चुनौती नहीं है। विपक्ष के पास न तो प्रत्याशी हैं,न संगठन और न विजन। यह बातें आयुष राज्यमंत्री दयाशंकर दलायु ने पत्रकारों से वार्ता के दौरान कहीं। इसके पूर्व उन्होंने जखांव ,धानीपुर में लोकसभा का कार्यकाल का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठनात्मक रुप से सबसे मजबूत पार्टी है। उसका मुकाबला करने वाला कोई नहीं है।

जिन चुनावों को जीतने का विपक्ष दावा करता रहा है। उनमें भी संगठनात्मक शक्ति बदौलत भाजपा को जीत मिली। लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा शीर्ष नेतृत्व की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई है। संगठन की ओर से मिली जिम्मेदारी को हर कार्यकर्ता निभाएगा और लोकसभा में 400 सीटें जीतने का लक्ष्य हासिल करेगा।कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने देश की जनता से जो भी वादे पूरे किए थे सभी को पूरा करने का काम किया है।

कश्मीर में धारा 370 धारा हटाना,सूबे के अयोध्या में प्रभु श्रीराम मंदिर का भव्य निर्माण कराया गया। वहीं दूसरी तरफ विकास की न‌ई इबारत लिखी जा रही है। यह इसलिए संभव हुआ है क्योंकि भाजपा ने अपने सारे वादे पूरे करने के साथ ही जनता हित में कड़े फैसले भी किए। अब न‌ए संकल्पों के साथ लोकसभा चुनाव में भाजपा उतरेगी और उसे पूरा करने के लिए जी जान लगा देगी।

Bhadohi

Jan 31 2024, 14:56

*महड़ा फूंकने वाले पांच लोग गए जेल*

नितेश श्रीवास्तव

भदोही।ककराहीं निवासी किन्नर बसंती देवी का महड़ा फूंकने वाले पांच आरोपियों को जेल भेजा। अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भारती ने बताया कि किन्नर का रात को महड़ा फूका गया था।

पीड़ित ने रंजिशवश पांच लोगों पर महड़ा फूंकने का आरोप मढ़ा था।आरोपितों हलचल, उमेश, शनि, मुकेश कुमार उर्फ मुलायम, रामबाबू व पत्ती को जेल भेजा गया।

Bhadohi

Jan 31 2024, 14:54

*गैंगस्टर का आरोपी धराया,गया जेल*

नितेश श्रीवास्तव

भदोही।गैंगस्टर के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि गौ तस्करी करने का शातिर सदस्य अपना गिरोह चलाता है। दो मैजिक वाहन में वध को ले जाए जा रहे सात मवेशियों के साथ दबोचा गया था।

यूपी गैंगस्टर एक्ट के आरोपित रावेंद्र रविन्द्र प्रसाद यादव निवासी टेला मना का पुरा थाना हणिडया जनपद प्रयागराज को मुखबिर की सूचना पर ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया।

Bhadohi

Jan 30 2024, 14:22

*प्रेमी युवक की पिटाई के मामले में बेटों के बाद पिता भी गिरफ्तार*

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। थाना क्षेत्र के बहुतरा खुर्द में प्रेमी की पिटाई के मामले में पुलिस ने आरोपी पिता को भी गिरफ्तार कर लिया। चौथा आरोपी अब भी गायब है। हमले में इस्तेमाल शस्त्र भी बरामद किए गए हैं।

युवक के पिता ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसके बेटे को घर बुलाकर मारापीटा गया। उसके प्राइवेट पार्ट पर धारदार हथियार से हमला किया गया। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। रविवार शाम को ही पुलिस ने सोनू प्रजापति और सरजू प्रजापति को गिरफ्तार कर लिया।

सोमवार को दोनों के पिता कन्हैयालाल प्रजापति को ममहर बाजार के गरुणपुर तिराहे से पकड़ लिया। अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भारती ने बताया कि घटना में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। चौथे की तलाश की जा रही है।

Bhadohi

Jan 30 2024, 14:18

*कुपोषण से लड़ने वाली पोटली देंगे प्रधान*

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। कुपोषित बच्चों और रक्ताल्पता की शिकार किशोरियों को स्वस्थ बनाने के लिए ग्राम प्रधान पोटली देंगे। गर्भवती महिलाओं को भी ग्राम पंचायत की ओर से हर महीने पोषण पोटली दी जाएगी।

हर पोटली पर ग्राम प्रधानों को अपनी निधि से डेढ़-डेढ़ हजार रुपये खर्च करने होंगे।डीएम गौरांग राठी ने बताया कि कुपोषित, रक्ताल्पता की शिकार किशोरियों और गर्भवती महिलाओं को पोषण पोटली का वितरण ग्राम पंचायतों से किया जाएगा। इसके आदेश जारी कर दिए गए हैं। अति कुपोषित बच्चों की सूची ब्लॉकों पर भेजी जा रही है। जिले के छह ब्लॉक और सात नगर निकायों में 1496 आंगनबाड़ी केंद्र हैं।

इन केंद्रों पर जीरो से पांच वर्ष तक के एक लाख 45 हजार बच्चे पंजीकृत हैं। इन बच्चों को हर महीने पोषाहार दिया जाता है। साथ ही हर महीने वजन करके बच्चों को पोषण स्थिति की जांच की जाती है। वजन और लंबाई के हिसाब से उनको पोषित, मैम, सैम और अति कुपोषित श्रेणियों में रखा जाता है।

लाख जतन के बाद भी कुपोषित बच्चों की संख्या में कमी नहीं आ रही है।

दिसंबर 2023 में सैम 1882, मैम 5187 और अति कुपोषित 5539 बच्चे मिले। जिसकी कुल संख्या 12 हजार 206 है। इसको देखते हुए प्रशासन ने पोषाहार देने के तरीके में बदलाव किया है। अति कुपोषि बच्चों और खून की कमी से जूझ रही किशोरी, गर्भवती महिलाओं को अलग से पोषण पोटली देने का निर्णय लिया है।

महीने भर पूर्व की बैठक में डीएम गौरांग राठी ने इसके लिए सभी ग्राम पंचायतों को निर्देश दिया कि ग्राम प्रधान की निधि से डेढ़ हजार रुपये हर की पोषण पोटली तैयार कराई जाए और हर महीने जरूरतमंदों को उपलब्ध कराया जाए। पोषण पोटली में तेल, दाल, चना, प्रोटीन युक्त चावल, गेहूं की दलिया एवं फल आदि शामिल करना है।

पोषण पोटली के लिए हर महीने डेढ़ हजार ग्राम प्रधानों को खर्च करना होगा।

इसके लिए जिलाधिकारी महोदय की तरफ से निर्देश दिया गया है। इससे आने वाले समय में कुपोषित बच्चों की संख्या में कमी आएगी।- मंजू वर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी

Bhadohi

Jan 30 2024, 14:16

*21 सेक्टर मजिस्ट्रेट की निगरानी में होगी प्रायोगिक परीक्षा,107 केंद्रों पर किया जाएगा आयोजन,18 हजार परीक्षार्थी होंगे शामिल*

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। जिले में यूपी बोर्ड की प्रयोगात्मक परीक्षाएं अबकी बार सेक्टर मजिस्ट्रेट की निगरानी में होंगी। डीएम गौरांग राठी की संस्तुति पर 21 जिला स्तरीय अधिकारियों को सेक्टर मजिस्ट्रेट बनाया गया है।

दो फरवरी से 107 केंद्रो पर होने वाली परीक्षा में करीब 18 हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे। प्रायोगिक परीक्षा के लिए जीआईसी में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है।उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षाएं दूसरे चरण में दो से नौ फरवरी तक होनी है। इसके लिए परिषद की ओर से 107 केंद्र बनाए गए हैं।

राजकीय, वित्तपोषित और वित्तविहीन विद्यालयों में होने वाली प्रायोगिक परीक्षा को पारदर्शी एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन की तरफ से हर स्तर का इंतजाम किया जा रहा है। 107 परीक्षा केंद्रों पर इंटरमीडिएट के 18044 परीक्षार्थी प्रयोगात्मक परीक्षा देंगे। इस बार सेक्टर मजिस्ट्रेट भी लगाए गए हैं।

एक-एक मजिस्ट्रेट पांच-पांच केंद्रो की निगरानी करेंगे। जिन अधिकारियों को मजिस्ट्रेट बनाया गया है उसमें सहायक श्रमायुक्त कमलेश कुमार, डीपीआरओ राकेश कुमार यादव, डीसी एनआरएलएम श्यामजी, डीडी कृषि अश्वनी सिंह, डीडीओ ज्ञान प्रकाश, एआर सहकारिता समेत अन्य अफसर शामिल हैं।

डीआईओएस विकायल भारती ने बताया कि परीक्षाएं सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होंगी। साथ ही कंट्रोल रूम से प्रयोगात्मक परीक्षाओं की पर नजर रखी जाएगी। पहली बार प्रयोगात्मक परीक्षा के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए हैं।

21 सेक्टर मजिस्ट्रेट प्रयोगात्मक परीक्षा के दौरान केंद्रों का निरीक्षण करेंगे। बताते चलें कि हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में कुल 56 हजार परीक्षार्थी पंजीकृत हैं, जिसमें इंटर के करीब 26 हजार छात्र-छात्राएं शामिल है। इसमें प्रायोगिक विषय के करीब 18 हजार परीक्षार्थी ही रहेंगे।

Bhadohi

Jan 30 2024, 13:58

*एक वर्ष में कालाजार का नहीं मिला कोई केस,प्रभावित बस्ती में 14 दिन होता है दवा का छिड़काव, तीन वर्ष पूर्व जनपद में मिले थे दो मरीज*

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। गलीचों के शहर कालीन नगरी में वित्तीय वर्ष में कालाजार का कोई केस नहीं मिला। वर्ष 2022 में कौलापुर का मरीज मिले थे। तब से लेकर अब कोई कालाजार का केस संज्ञान में नहीं आया है हालांकि चार वर्ष पूर्व भी दो केस मिला था। जिसमें दोनों का उचित इलाज हुआ था। जिला मलेरिया अधिकारी राम आसरे पाल ने बताया कि ठंड से कालाजार के मरीज मिलते हैं। ऐसे में मौसम परिवर्तित होते ही विभागीय स्तर से सक्रियता बढ़ा दी गई है। एक वर्ष पूर्व कौलापुर गांव के एक कालाजार का केस मिला था। जबकि चार वर्ष पूर्व दो कालाजार बीमारी से पीड़ित मिले थे जिनका उचित इलाज हुआ था। जिन गांव व बस्ती में कालाजार का केस मिलता है। वहीं तीन वर्ष तक साल में दो बार दवा का छिड़काव किया जाता है। चार वर्ष के अंतराल में कौलापुर, पियरोपुर, व न‌ई बाजार में कालाजार का केस मिला था। बीमारी का लक्षण दिखते ही लोग स्वास्थ्य विभाग में संपर्क करें।

ऐसे फैलता है लोगों में संक्रमण

जिला मलेरिया अधिकारी राम आसरे पाल ने बताया कि कालाजार संक्रामक बीमारी है जो परजीवी लिस्मैनिया डोनोवानी के कारण होता है। इस बीमारी का असर शरीर पर धीरे-धीरे पड़ता है। कालाजार बीमारी परजीवी बालू मक्खी के जरिए फैलती है जो कम रोशनी वाली और नम जगहों जैसे कि मिट्टी में रहती है।‌बालू मक्खी यही संक्रमण एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में फैलाती है। इस रोग से ग्रस्त खासकर गोरे व्यक्तियों के हाथ, पैर, और चेहरे का रंग भूरा हो जाता है। 

घातक है बीमारी के ये हैं लक्षण

जिला मलेरिया अधिकारी ने बताया कि रुक - रुककर बुखार आना,भूख कम लगना,शरीर में पीलापन और वजन घटना, त्वचा - सूखी पलती और होना कालाजार बीमारी के लक्षण है। बाल झड़ना भी कालाजार रोग का मुख्य लक्षण हो सकता है। बीमारी का प्रकोप बढ़ते ही मरीज के शरीर खून तीव्र वेग से कम होता है। ऐसा लक्षण दिखते ही मरीज तत्काल चिकित्सकीय परामर्श ले

Bhadohi

Jan 29 2024, 17:11

*गेंहू की पीली हुई फसलों को धूप से मिली संजीवनी*

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। ठंड ने क‌ई वर्षों का रिकाॅर्ड तोड़ा है। दिसंबर से शुरू कोहरे, धुंध व बदली का क्रम जारी है। रबी फसलों को नुकसान हुआ है। आलू, चना, मटर के साथ ही सब्जियां कोहरे व पाले के कारण बर्बाद हो गई। गेहूं में भी रोगों का खतरा बढ़ा है।

कृषि विशेषज्ञ विकास पूरी ने बताया कि लंबे समय तक धूप न मिलने के कारण गेहूं की फसल में पीलापन होता है साथ ही इसके लिए पोषक तत्व भी जिम्मेदार होते हैं। किसानों से आह्वान किया कि डीएपी, यूरिया के अलावा घर पर बनी खाद का अधिक प्रयोग करना चाहिए।

घरों से निकलने वाले कूड़ा करकट को एकत्रित कर दें। सड़ने पर उसे खेतों में डालने पर उत्पादन बढ़ेगा। उर्वरा बनी रहेगी। आह्वान किया कि जिन्होंने अभी तक गेहूं की बोआई नहीं की है। वे हलना व उन्नत हलवा देर से बोई जाने वाली प्रजाति का प्रयोग कर सकते हैं।

Bhadohi

Jan 29 2024, 13:41

*12 हजार बच्चों पर कुपोषण की मार,हर महीने बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग करता है बच्चों का वजन सुधर नहीं रहे हालात*

नितेश श्रीवास्तव

भदोही ‌। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की तमाम योजनाओं के बाद भी कुपोषण पर नियंत्रण नहीं हो पा रहा है। आइसीडीएस विभाग पड़ताल में सामने आया है कि डेढ़ लाख बच्चे हैं, जिसमें 12 हजार 206 बच्चे कुपोषण के शिकार हैं।बच्चों को कुपोषण से बचाने के लिए सरकार की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से उनको पौष्टिक आहार कराने में लगा है। इसके बावजूद कुपोषण पर लगाम नहीं लग पा रही है। वर्ष 2014 में प्रदेश सरकार ने सुपोषण मिशन की शुरुआत की थी।

कुपोषण स्थिति का पता लगाने के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों पर वजन दिवस आयोजित किया जाने लगा।

आंगनबाड़ी केंद्रों से गर्भवती महिलाओं व किशोरियों के पौष्टिक आहार और टीकाकरण आदि पर जोर दिया जा रहा है।

Bhadohi

Jan 29 2024, 13:40

*आज पूजे जाएंगे भगवान श्रीगणेश,पूजा का शुभ मुहूर्त रात 8.48 बजे से होगा शुरू*

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। गणेश चतुर्थी का व्रत आज मनाया जाएगा। महिलाएं यह व्रत अखंड सौभाग्य व पुत्र की दीर्घायु की कामना के लिए रखती है। इस दिन महिलाएं पूरे विधि-विधान से प्रथम पूज्य भगवान श्रीगणेश जी की पूजन अर्चन करती है। इसके साथ ही महिलाए चंद्रदेव को अर्घ देकर श्रीगणेश भगवान की स्तुति करेंगी।

गणेश पूजन के लिए महिलाएं तैयारी कर चुकी है।भावसिंहपुर डूहिया निवासी आचार्य पंडित दीनानाथ शुक्ल ने बताया कि काशी से प्रकाशित श्री महावीर पांचाग के अनुसार संकष्टी श्री गणेश चतुर्थी व्रत आज है। आज रात 8 बजे 48 बजे के पश्चात चन्द्र दर्शन हो होने पर महिलाएं विधिवत पूजन कर चंद्रमा को अर्घ्य देगी।

बताया कि आज के दिन श्री गणेश जी की उत्पत्ति हुई थी। इसे तिल कुटी एवं व्रकतुण्ड चतुर्थी भी कहते हैं। अखंड सौभाग्य तथा पुत्र की दिर्घायु की कामना से माताए इसे श्रद्धा एव विश्वास के साथ करती है। शास्त्रो में उल्लेख है कि कलौ चंडी विनायको अर्थात् कलयुग में मां दुर्गा व भगवान गणेश शीघ्र प्रसन्न होकर श्रद्धालुओं की हर एक मनो कामना पूर्ण करती है। कलयुग में मां दुर्गा, श्रीगणेश का स्तुति करने मात्र से सारे संकट दूर हो जाते हैं। भगवान गणेश को बुद्धि का देवता भी कहा जाता है।