Gaya

Jan 26 2024, 15:11

गया के गांधी मैदान में सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्री ने किया झंडोत्तोलन : परेड की ली सलामी, स्कूली बच्चों ने निकाली आकर्षक झांकियां

गया: गणतंत्र दिवस के मौके पर शहर के ऐतिहासिक गांधी मैदान स्थित हरिहर सुब्रह्मण्य स्टेडियम के प्रांगण में बिहार सरकार के सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्री मो. इसराइल मंसूरी ने झंडोत्तोलन किया. इस दौरान उन्होंने परेड की सलामी भी ली.

इस मौके पर विभिन्न विभागों एवं स्कूली बच्चों द्वारा आकर्षक झांकियां भी निकाली गई, जिसे देख लोगों ने खूब तालियां बजाई. वहीं पुलिस जवानों द्वारा परेड मार्च भी किया गया. इस मौके पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्री मो. इसराइल मंसूरी ने कहा कि आज पूरा देश गणतंत्र दिवस मना रहा है. आज का दिन हम भारतवासियों के लिए गौरव का दिन है. इसके लिए हम सभी को धन्यवाद देते हैं.

यहां कई आकर्षक झांकियां निकाली गई, जो काबिले तारीफ है. बिहार सरकार भी आम अवाम के लिए लगातार बेहतर कार्य कर रही है. शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क सहित विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक कार्य हो रहा है. जनहित में सरकार द्वारा कई योजनाओं को लागू किया गया है. जिनका लाभ आम अवाम को मिल रहा है. ग्रामीण स्तर तक अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र खोले गए हैं, जहां लोगों को स्वास्थ्य के क्षेत्र में लाभ मिल रहा है.

वहीं शिक्षा के क्षेत्र में भी शिक्षकों की व्यापक बहाली की गई है ताकि शहर से लेकर गांव तक बच्चों का शिक्षा के क्षेत्र में सर्वांगीण विकास हो.

इस मौके पर मगध प्रक्षेत्र आईजी छात्रनील सिंह, मगध प्रमंडल आयुक्त मयंक वरवड़े, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम, एसएसपी आशीष भारती, सिटी एसपी हिमांशु, जदयू जिलाध्यक्ष अभय कुशवाहा सहित शहर के कई गणमानी लोग उपस्थित थे.

रिपोर्ट: मनीष कुमार।

..

Gaya

Jan 26 2024, 14:42

नीतीश कुमार की बेचैनी बता रही कुछ ना कुछ हो रहा है– उपेंद्र कुशवाहा

पटना: राष्ट्रीय लोक जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने कहा है कि जिस तरीके से हालात बने हैं लग तो रहा है कि कुछ ना कुछ हो रहा है नीतीश कुमार की बेचैनी बता रही है लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि नीतीश कुमार अभी आ जाएं लेकिन आने के बाद फिर 2024 के बाद वह महागठबंधन के साथ नहीं चले जाएं. इसकी गारंटी क्या है यह जनता गारंटी चाहती है।

Gaya

Jan 26 2024, 14:41

बिहार में सियासी भूचालः बीजेपी के साथ मिलकर सरकार बनाएंगे नीतीश!

#kumar_may_resign_will_form_government_with_bjp

बिहार में सियासी बवंडर आने का पूरे हालात बने हुए हैं। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर अटकलें तेज हैं कि वे फिर से एक बार पाला बदलने जा रहे हैं और भारतीय जनता पार्टी के साथ हाथ मिलाने की योजना बना रहे हैं। माना जा रहा है कि विपक्षी दलों के गठबंधन “इंडिया” का नेता न बनाए जाने से नाराज नीतीश कुमार गठबंधन का साथ छोड़ एनडीए खेमे में वापसी कर कर सके हैं। इस बीच एक बड़ी जानकारी सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक नीतीश कुमार इस्तीफा दे सकते हैं। वे बीजेपी के साथ सरकार बना सकते हैं। बताया जा रहा है कि नीतीश कुमार 28 जनवरी को दोबारा सीएम पद की शपथ ले सकते हैं।

अगले चौबीस घंटे बिहार की राजनीति के लिए अहम बताया जा रहा। इस दौरान नीतीश कुमार इस्तीफा दे सकते हैं। बीजेपी के साथ मिलकर नई सरकार बनाई जाएगी। वहीं, उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी बनाए जा सकते हैं। नीतीश कुमार को लेकर बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री सुशील मोदी ने बड़े संकेत दिए हैं। बीजेपी नेता सुशील मोदी का कहना है कि राजनीति में दरवाजे बंद होते हैं और दरवाजे खुल भी जाते हैं। राजनीति संभावनाओं का खेल है, कुछ भी हो सकता है।

अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, नीतीश कुमार 27 जनवरी यानी कि शनिवार को सीएम पथ से इस्तीफा दे सकते हैं। इसके बाद वह 28 जनवरी को फिर से सीएम पद की शपथ लेंगे। कहा जा रहा है कि लोकसभा के साथ-साथ विधानसभा चुनाव कराने को लेकर बीजेपी तैयार नहीं हुई है।

बिहार में जारी सियासी घमासान के बीच राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन ने लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख और जमुई सांसद चिराग पासवान को भी दिल्ली बुलाया है। पटना स्थित पार्टी कार्यालय में तिरंगा फहराने के बाद चिराग पासवान दिल्ली के लिए रवाना हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि चिराग पासवान रविवार शाम साढ़े पांच बजे एनडीए की बैठक में शामिल होंगे। साथ ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और देश के गृह मंत्री अमित शाह से अहम बातचीत करेंगे। इससे पहले चिराग पासवान ने अपने आवास पर लोजपा (रामविलास) के नेताओं के साथ बैठक की। चिराग ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा था कि अगले 24 घंटे महत्वपूर्ण हैं। 

बिहार की राजनीति में मची हलचल और नीतीश कुमार के फिर से पाला बदल कर भाजपा के साथ जाने के कयासों के बीच फिलहाल पार्टी सार्वजनिक रूप से अपने पत्ते खोलने को तैयार नहीं है। पटना में मचे राजनीतिक घमासान के बीच भाजपा आलाकमान ने बिहार भाजपा के नेताओं को बैठक के लिए दिल्ली बुलाया था। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आवास पर यह उच्चस्तरीय बैठक हुई। शाह के आवास पर हुई इस बैठक में अमित शाह और जेपी नड्डा ने बिहार भाजपा के नेताओं के साथ लगभग पौने दो घंटे तक विचार मंथन किया।

Gaya

Jan 26 2024, 13:29

कर्तव्य पथ से आसमान की ओर उठीं सबकी निगाहें, दिखा भारतीय सेना का शौर्य और नारी शक्ति की झलक

#75threpublicday2024parade

देश 75वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कर्तव्य पथ पर सलामी मंच से राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद राष्ट्रगान बजा और 21 तोपों की सलामी दी गई। 105 हेलीकॉप्टर यूनिट के 4 एमआई-17 से कर्तव्य पथ पर उपस्थित दर्शकों पर पुष्प वर्षा की गई। इसके बाद राष्ट्रपति मुर्मू के सलामी लेने के साथ परेड शुरू हुई।इस दौरान फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों और पीएम मोदी मौजूद रहे।इस बार फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों मुख्य अतिथि हैं। फ्रांस का मार्चिंग दस्ता भी परेड में शामिल हुआ।

आकाश में भारत के ताकत की गरज

परेड दस्ता में भारतीय वायुसेना दल में 144 वायुसैनिक और चार अधिकारी शामिल रहे। उनकी झांकी भारतीय वायु सेना की थीम ‘सक्षम, सशक्त, आत्मनिर्भर’ पर आधारित थी। झांकी में एलसीए तेजस और Su-30 को IOR के ऊपर उड़ान भरते हुए दिखाया गया।

कर्तव्य पथ पर नारी शक्ति का प्रदर्शन

कर्तव्य पथ पर नारी शक्ति का प्रदर्शन देखने को मिल रहा है. देश के हिंटरलैंड में तैनात महिला कर्मियों का प्रदर्शन देखने को मिला है. इंस्पेक्टर शहनाज खातून के हाथों में कमान है. शहनाज के साथ 13 और महिला कार्मिकों का दस्ता कर्तव्य पथ पर है. अभिवादन- फॉर्मेशन की कमान इंस्पेक्टर सोनिया बनवारी के हाथ में है. योग से सिद्धि- सीटी अनिता भारती और 7 कार्मिकों का फॉर्मेशन है.

चंद्रयान-3 की निकली झांकी

गणतंत्र दिवस के मौके पर परेड दस्ते में इसरो की कामयाबी की भी झलक देखने को मिली। परेड में इसरो भी शामिल हुआ। इस दौरान चंद्रयान-3 की झांकी निकाली गई। दक्षिणी ध्रुव के पास चंद्रयान-3 की सॉफ्ट लैंडिंग दिखाई गई। चंद्रयान-3 की झांकी देख दर्शकों के साथ केंद्रीय मंत्री भी उठ खड़े हुए। बता दें कि 23 अगस्त को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस घोषित किया गया है।

पहली बार दिल्ली पुलिस की परेड में केवल महिला पुलिसकर्मी

गणतंत्र दिवस के मौके पर दिल्ली पुलिस की तरफ से परेड में केवल महिला पुलिसकर्मी शामिल हुईं. मार्चिंग दस्ते में कुल 194 महिला हेड कांस्टेबल और महिला कांस्टेबल ने हिस्सा लिया. इस परेड का नेतृत्व आईपीएस ऑफिसर श्वेता के सुगथन ने की।

उत्तर प्रदेश की झांकी में रामलला के हुए दर्शन

उत्तर प्रदेश की झांकी कर्तव्य पथ से गुजर रही है। इस झांकी की थीम अयोध्या: विकसित भारत समृद्ध विरासत रही। अयोध्या के राम मंदिर और रामलला के गीत यूपी की झांकी के साथ बजाए गए। झांकी के आगे के हिस्से में रामलला की प्रतिमा दिखाई गई। उत्तर प्रदेश की झांकी के पीछे तेलंगाना की झांकी आ रही है, जिसकी थीम - जमीनी स्तर पर लोकतंत्र- तेलंगाना के स्वतंत्रता सेनानियों की विरासत रही।

झारखंड की झांकी तसर सिल्क पर केंद्रित

झारखंड की झांकी तसर सिल्क पर केंद्रित है। भारत में तसर सिल्क का 62% झारखंड में उत्पादन होता है। तसर सिल्क से लगभग 1 लाख 50 हजार लोगों की आजीविका चलती है।अमेरिका, ब्रिटेन, जर्मनी और फ्रांस जैसे देश में सिल्क का निर्यात होता है। झांकी में आदिवासी झमताओं का प्रदर्शन है।

Gaya

Jan 26 2024, 11:59

*वो चित्रकार जिसने सजाया हमारा संविधान, एक नाम जो संविधान की हर पृष्ठ पर है मौजूद, जानिए दिलचस्प बातें

#knowaboutwhodecoratedour_constitution

हमारा संविधान 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ। संविधान को बनाने में 2 साल 11 महीने और 18 दिन लगे थे। हममें से ज्यादातर लोगों को ये पता है कि भारत का संविधान किसने बनाया। लेकिन क्या हमें इस बात की जानकारी है कि हमारा संविधान किसने सजाया? 

29 अगस्त 1947 को भारतीय संविधान के निर्माण के लिए प्रारूप समिति की स्थापना की गई और इसके अध्यक्ष के रूप में डॉ. भीमराव अंबेडकर को जिम्मेदारी सौंपी गई। दुनिया भर के तमाम संविधानों को बारीकी से परखने के बाद डॉ. अंबेडकर ने भारतीय संविधान का मसौदा तैयार कर लिया। हम यह जानते हैं कि संविधान की प्रारूप समिति के अध्यक्ष डॉ. भीमराव अंबेडकर थे जिनके निर्देशन में भारत का संविधान लिखा गया। लेकिन क्या हम ये जानते हैं कि हमारे संविधान को जिन चित्रों से सजाया गया है, वो किसके निर्देशन में तैयार किया गया।

बता दें कि इसे बनाने वाले थे विख्यात चित्रकार नंदलाल बोस। दरअसल जब संविधान तैयार किया जा रहा था, उस वक्त तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू इन्हें सजाने वाला ढूंढ रहे थे। इसी दौरान प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू शांतिनिकेतन में आए हुए थे। तब उनकी मुलाकात नंदलाल बोस से हुई। यहां नंदलाल बोस कलाभवन के प्राध्यापक के तौर पर काम कर रहे थे। पंडित नेहरू ने उन्हें संविधान को भारतीय चित्रों सजाने का उनसे आग्रह किया, जिन्हें नंदू बोस ने मान लिया।

संविधान को सजाने के लिए 21 हजार रूपये मेहनताना

221 पेज के इस दस्तावेज के हर पन्ने पर तो चित्र बनाना संभव नहीं था।लिहाजा, नंदलाल जी ने संविधान के हर भाग की शुरूआत में 8-13 इंच के चित्र बनाए। संविधान के कुल 22 भाग हैं। इस तरह उन्हें भारतीय संविधान की इस मूल प्रति को अपने 22 चित्रों से सजाने का मौका मिला। इन 22 चिज्ञों को बनाने में चार साल लग गए। इस काम के लिए उन्हें 21 हजार रूपये मेहनताना के तौर पर दिया गया। 

संविधान की सजावट में संस्कृति की छाप

भारत के संविधान को नंदलाल बोस के निर्देशन में शांतिनिकेतन के कलाकारों ने अपने अद्भुत चित्रों से सजाए हैं। इनमें मोहनजोदड़ो, वैदिक काल, रामायण, महाभारत, बुद्ध के उपदेश, महावीर के जीवन, मौर्य, गुप्त और मुगल काल, इसके अलावा गांधी, सुभाष, हिमालय से लेकर सागर आदि के चित्र सुंदर बन पड़े हैं। वास्तव में यह चित्र भारतीय इतिहास की विकास यात्रा हैं। इन चित्रों की की शुरुआत होती है भारत के राष्ट्रीय प्रतीक अशोक स्तंभ के शेर से। अगले भाग में भारत की प्रस्तावना लिखी है, जिसे सुनहरे बार्डर से घेरा गया है।

एक चित्रकार को 21 हजार, एक ने ठुकराया हर उपहार

एक तरफ नंनलाल बोस ने अपनी कलाकारी के लिए मात्र 21 हजार रूपये लिए तो वहीं दूसरी तरफ एक दूसरे कलाकार प्रेम बिहारी रायजादा ने मेहनताना ठुकरा दिया था। भारत के संविधान से जुड़ी एक और रोचक जानकारी यह है कि इसकी मूल प्रति टाइपिंग या प्रिंट में उपलब्ध नहीं है। संविधान की मूल प्रति हिंदी और अंग्रेजी में हाथ से लिखी गई है। इसे प्रेम बिहारी रायजादा ने लिखा है। रायजादा ने पेन होल्डर निब से संविधान के हर पन्ने को बहुत ही खूबसूरत इटैलिक अक्षर में लिखा है।सुलेखन यानी कैलिग्राफी प्रेम बिहारी का खानदानी शौक था।

संविधान के हर पृष्ठ पर लिखा अपना नाम

संविधान को बनाने में जहां 2 साल 11 महीने और 18 दिन लगे थे, वहीं इसे हाथों से लिखने में 6 महीने का समय लगा था। जब प्रेम बिहारी से सरकार ने इस काम को पूरा करने के लिए मेहनताना के बारे में पूछा, तो उनका जवाब बड़ा गंभीर था। उन्होंने कहा, मुझे एक भी पैसा नहीं चाहिए। ना ही कोई महंगा उपहार चाहिए। लेकिन उन्होंने संविधान के हर पृष्ठ पर अपना नाम और अंतिम पृष्ठ पर अपने दादाजी का नाम लिखने की शर्त रख दी, जिसे सरकार ने मान लिया।

Gaya

Jan 26 2024, 10:56

कर्तव्य पथ पर आज रचेगा इतिहास, गणतंत्र दिवस पर पहली बार तीनों सेना की महिला टुकड़ी परेड में हो रही हैं शामिल

#republicday2024themewomencontingentfromallthree_services

देश भर में आज गणतंत्र दिवस का उत्साह है। देश की राजधानी दिल्ली के कर्त्तव्य पथ पर 75वें गणतंत्र दिवस समारोह की परेड में काफी कुछ नया देखने को मिलेगा। गणतंत्र दिवस परेड में पहली बार तीनों सेना- थल सेना, वायुसेना और जल सेना की महिला सैनिक शामिल होंगी। मेजर जनरल सुमित मेहता ने बताया कि इस बार तीनों सेना की महिला टुकड़ियां शामिल होंगी।

इस साल के गणतंत्र दिवस की थीम महिलाओं पर आधारित है जिसकी वजह से परेड में महिलाओं का अब तक का सबसे अच्छा प्रतिनिधित्व देखने को मिलेगा। इस साल पहली बार तीनों सेनाओं की एक महिला टुकड़ी भी मार्च करेगी। केंद्रीय सशस्त्र बलों की टुकड़ियों में भी महिला कर्मी शामिल होंगी। परेड में 48 महिला अग्निवीर भी हिस्सा ले रहीं है। गणतंत्र दिवस समारोह परेड कैप्टन शरण्या राव थल सेना की टुकड़ी का नेतृत्व करेंगी, जिसमें फ्रांस के राष्ट्रिय दिवस में पीएम मोदी के साथ अतिथि के तौर पर शामिल रहीं स्क्वॉड्रन लीडर सुमिता यादव भी हिस्सा ले रही हैं। गणतंत्र दिवस परेड में स्क्वाड्रन लीडर रश्मि ठाकुर भारतीय वायुसेना की मार्चिंग टुकड़ी का नेतृत्व करेंगी।

फ्रांस से एक मार्चिंग दस्ता और एक बैंड दल आया

परेड में भाग लेने के लिए फ्रांस से एक मार्चिंग दस्ता और एक बैंड दल भी भारत आया है।75वें गणतंत्र दिवस की परेड में फ्रांस की 95 सदस्यीय मार्चिंग टीम और 33 सदस्यीय बैंड दल भी शिरकत करेगा। इस फ्रांसीसी दल में छह भारतीय भी हिस्सा बनने वाले हैं। इनमें सीसीएच सुजन पाठक (हेड कॉर्पोरल), सीपीएल दीपक आर्य (कॉर्पोरल), सीपीएल परबीन टंडन (कॉर्पोरल), गुरवचन सिंह (फर्स्ट क्लास लीजियोनेयर), अनिकेत घर्तिमागर (फर्स्ट क्लास लीजियोनेयर) और विकास डीजेसेगर (फर्स्ट क्लास लीजियोनेयर) शामिल हैं। 

दरअसल, फ्रांस में विदेशी सेना की एक कोर होती है जिसका नाम 'फ्रेंच फॉरेन लीजन' है। 1831 में स्थापित की गई फ्रेंच फॉरेन लीजन को फ्रेंच सेना का एक अभिन्न अंग माना जाता है। फ्रांसीसी मार्चिंग दल के कमांडर कैप्टन नोएल लुइस ने कहा कि यह विशिष्ट सैन्य कोर विदेशियों के लिए फ्रांसीसी सेना में कुछ शर्तों के साथ सेवा करने का मौका देता है। वर्तमान में इसमें लगभग 9,500 अधिकारी और सेनापति हैं। इस कोर में दुनियाभर से लगभग 140 देशों के लोग हैं।

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों मुख्य अतिथि

बता दें कि इस बार फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों गणतंत्र दिवस के दिन मुख्य अतिथि होंगे। यह छठी बार है, जब कोई फ्रांसीसी राष्ट्रपति गणतंत्र दिवस परेड में मुख्य अतिथि बने हैं। साथ ही दूसरी बार फ्रांसीसी दल गणतंत्र दिवस की परेड में हिस्सा ले रहा है। वहीं, इस बार 13,000 विशेष अतिथियों को बुलाया गया है।

Gaya

Jan 26 2024, 08:51

शेरघाटी पुलिस ने लंबे वर्षो से फरार चल रहे एक अभियुक्त को किया गिरफ्तार

गया/शेरघाटी। जिले के शेरघाटी थाना की पुलिस लम्बे वर्षो से फरार अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।

जिसके विरुद्ध थाने में दुपहिया वाहन की चोरी की एक घटना में नामजद था।

शेरघाटी थाना के मुताबिक थाना क्षेत्र के गांव नाजीरडिह का राहुल कुमार नामक शख्स को गिरफ्तार किया है।

जिसके विरूद्ध दुपहिया वाहन की एक चोरी की घटना में नामजद था। जिसकी लम्बे समय से तलाश थी। जो आज आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ गया।

रिपोर्ट: अरविंद कुमार सिंह।

Gaya

Jan 25 2024, 22:21

गया में शादी करने से इनकार करने पर लड़की के परिजनों ने लड़का के ज्वेलर्स दुकान पर पहुंचकर जमकर किया हंगामा, हिरासत में लड़का को लिया पुलिस

गया शहर के रमना रोड़ में शादी करने से इनकार करने पर लड़की के परिजनों ने लड़का के ज्वेलर्स दुकान पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया। बात जब ज्यादा बिगड़ने लगी तो आसपास के लोगों ने डायल 112 को फोन कर दिया और मौके पर पहुंची पुलिस ने लड़का बिट्टू कुमार को हिरासत में लेकर थाना चली गई।

दरअसल लड़की के परिजन सिरदला के रहने वाले हैं जो अपने बेटी का शादी रमना रोड के रहने वाले बिट्टू कुमार से तय किए थे। लेन-देन और शादी की तिथि भी तय हो गई थी। यहां तक गया के एक निजी होटल में लड़का-लड़की की रिंग सेरेमनी भी हो गयी थी। 

लड़की के भाई रवि वर्मा ने बताया कि उसने अपने बहन की शादी बिट्टू कुमार से तय की थी। लड़का बिट्टू कुमार के पिता नहीं है। शादी के पूर्व की सारी रस्मे पूरा होने के बाद लड़का अचानक से शादी करने से इनकार कर रहा है। इस पर जब हम लोग सिरदला से गया पहुंचे तो वह बहन को नाबालिग बताने लगा और यह भी कहने लगा कि वह मुझे पसंद नहीं है।

इस पर दोनों पक्षों के बीच कहा सुनी होने लगी। लड़की के भाई रवि वर्मा ने आरोप लगाया कि लड़का बिट्टू कुमार ने उसके पिता को थप्पड़ मारा है। इस पर बात और भी बिगड़ गई। इस बीच किसी में डायल 112 को फोन कर दिया। पुलिस मौके पहुंची और उसे हिरासत में लेकर चली गई। लड़की के भाई रवि वर्मा ने यह भी आरोप लगाया है कि शादी के तय होने के बाद जमीन खरीदने के नाम पर हम लोगों से लड़का बिट्टू कुमार ने 4 लाख रुपये भी लिए थे जिसे वह अब लौटाने को राजी नहीं है। इधर, कोतवाली थानाध्यक्ष बबन बैठा का कहना है कि दोनों पक्ष को बुलाया गया है। पहले दोनों को समझाया जाएगा। बात नहीं बनी तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट: मनीष कुमार।

Gaya

Jan 25 2024, 21:16

ठंड से स्कूली छात्रा हुई बेहोश मची अफरा-तफरी

गया/गुरुआ। जिले के गुरूआ प्रखंड के प्राइमरी स्कूल बैजुबिगहा में गुरुवार को चेतना सत्र में शामिल पांचवी कक्षा की छात्रा को ठंड लग गई। ठंड लगने से छात्रा जमीन पर गिर बेहोश गई। 

छात्रा को बेहोश होते देख स्कूल के बच्चे व शिक्षिकाओं के बीच अफरा तरफी मच गई। मिली जानकारी के अनुसार बैजुबिगहा गांव का अविनाश कुंवर की दस वर्षीय पुत्री अंशु प्रिया पांचवी कक्षा की छात्रा है। 

गुरुवार को वह पढ़ने के लिए स्कूल पहुँची थी। स्कूल में आयोजित चेतना सत्र में वह शामिल हुई। इस बीच छात्रा को ठंड लग गई। ठंड लगने से उसके शरीर मे कम्पन हुई और बेहोश हो कर जमीन पर गिर पड़ी। छात्रा को बेहोश होते देख शिक्षिकाएं व बच्चे घबरा गए। छात्रा के बेहोश होने की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण पहुँच गए। ग्रामीणों ने तुरंत आग जलाकर छात्रा को सेकाई किया। तव जाकर छात्रा को होश आई। 

स्कूल के प्रभारी हेडमास्टर कुमारी पुष्पा सिन्हा ने बताया कि ठंड लगने से छात्रा की तवियत खराब हो गई। प्राथमिक उपचार के बाद छात्रा की स्थिति में सुधार हुआ। उन्होंने बताया कि छात्रा को उसके परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। ज्ञात हो कि गुरुआ प्रखंड क्षेत्र में कड़ाके की ठंड से आमजन परेशान है। छोटे छोटे बच्चे ठंड से बचने के लिए घर मे दुबके हुए है।

Gaya

Jan 25 2024, 19:01

नगर आयुक्त ने होल्डिंग एवं यूजर चार्ज के भुगतान के लिए QR कोड आधारित यूपीआई भुगतान की सुविधा को किया प्रारंभ

गया : गया नगर निगम के नगर आयुक्त अभिलाषा शर्मा ने नगर निगम के होल्डिंग एवं यूजर चार्ज के भुगतान के लिए QR कोड आधारित यूपीआई भुगतान की सुविधा को प्रारंभ किया गया।

अब गया नगर निगम के करदाता QR कोड के माध्यम से अपने होल्डिंग कर एवं यूजर चार्ज का भुगतान कर सकेंगे। 

प्रत्येक करदाता के लिए डायनेमिक QR कोड की व्यवस्था की गई है। डोर टू डोर कर संग्रह करता QR के माध्यम से संपत्ति कर एवं वेस्ट यूजर चार्ज का संग्रहण करेंगे जो त्वरित और अधिक सुरक्षित भुगतान करने का तरीका है। 

गया नगर निगम के द्वारा यह सुविधा डिजिटल इंडिया मिशन को सशक्त बनाने में मील का पत्थर साबित होगा। इसके अतिरिक्त Whatsapp Chatbot के माध्यम से कर दाता अपने टैक्स की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। Whatsapp Chatbot का नंबर 9905900588 है। Whatsapp Chatbot के माध्यम से अपने बकाया संपत्ति कर एवं यूजर चार्ज का भुगतान भी कर सकेंगे। 

इस अवसर पर उपनगर आयुक्त, नगर प्रबंधक, राजस्व पदाधिकारी रामकृष्ण पिंटू, राणा प्रताप एवं नवीन कुमार पांडे उपस्थित थे। ज्ञात हो कि पूर्व में गया नगर निगम की वसूली विभागीय होती थी उसमें वार्षिक वसूली केवल 7 करोड़ रुपया थी। वर्ष 2018 में कर संग्रहण का कार्य स्पायरों सॉफ्टेक प्राइवेट लिमिटेड को दिया गया। वर्ष 2022-23 में कुल वसूली 19 करोड़ थी। इस वर्ष महा दिसंबर तक ही 17 करोड़ से अधिक की वसूली की जा चुकी है। साथ ही साथ यूजर चार्ज 3 करोड़ 30 लाख के लगभग की वसूली की जा चुकी है। 

रिपोर्ट: मनीष कुमार