अयोध्या जिलाधिकारी नितीश कुमार ने रामोत्सव की तैयारियो का लिया जायजा
![]()
अयोध्या- जिलाधिकारी नितीश कुमार ने दिनांक 14 से 24 मार्च, 2024 तक अयोध्या में 70 दिन तक चलने वाले रामोत्सव अयोध्या 2024 के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूप रेखा की दी जानकारी। जिलाधिकारी नितीश कुमार ने बताया कि इस दौरान पांच बड़े मंचों पर लगभग 5000 से अधिक कलाकारों की प्रस्तुतियां होगी।इस अवधि में 15 से अधिक देशों की रामलीलाओं की होंगी प्रस्तुतियां। दिनांक 14 जनवरी से 22 जनवरी, 2024 तक प्रदेश सम्पूर्ण राम मंदिरों / हनुमान मंदिर / वाल्मीकि मंदिर में भजन कीर्तन एवं रामायण पाठ के कार्यक्रम होंगे। उत्तर प्रदेश के 25 तथा अन्य प्रदेशों की लगभग 10 कुल मिलाकर 35 प्रदेशों की रामलीलाओं की प्रस्तुतियां होंगी। 22 जनवरी, 2024 को 2500 लोक कलाकारों द्वारा 100 लघु मंचों के माध्यम से सांस्कृतिक शोभा यात्रा का आयोजन होगा।
जिलाधिकारी नितीश कुमार ने निर्माणाधीन धर्मपथ में पथ निर्माण एवम् इस पथ को हेरिटेज वाक के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से कराए जा रहे विभिन्न सौंदर्यीकरण के कार्यो तथा धर्म चौक के निकट धर्मपथ के निर्माणाधीन भव्य प्रवेश द्वार का स्थलीय निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने सर्वप्रथम धर्मपथ पर बनाए जा रहे प्रवेश द्वार का निरीक्षण किया तथा कार्यदाई संस्था को प्रवेश द्वार के समस्त कार्यों में उच्चगुणवत्ता एवम् अच्छी फिनिशिंग का विशेष ध्यान रखते हुए तीव्र गति से करने के निर्देश दिए। इसके उपरांत धर्मपथ के दोनों तरफ समानांतर स्थापित किये जा रहे सूर्य स्तंभों का अवलोकन कर संबंधित को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इसके पश्चात पथ निर्माण के अन्तर्गत पथ के दोनों तरफ कॉबल स्टोन लगाकर बनाये जा रहे आकषर्क फुटपाथ के पैटर्न का निरीक्षण करते हुये कहा कि सम्पूर्ण पथ के फुटपाथ के कार्य को अन्तिम रूप प्रदान किया जाय तथा उन्होंने सभी सम्बंधित कार्यदायी विभागों के उपस्थित प्रतिनिधियों से कहा कि यह पथ अयोध्या धाम आने वाले यात्रियों का मुख्य प्रवेश में है, पथ के समस्त कार्यों को बेहतर कार्यकुशलता के साथ गुणवत्ता पूर्ण ढंग से किया जाय।
इस दौरान उन्होंने धर्मपथ को आकर्षक बनाने के लिए एक निश्चित ऊँचाई व लंबाई की भित्तियों का पथ के दोनों तरफ 30-30 मीटर के अन्तराल पर बनाए जा रहे भित्तियों का भी निरिक्षण किया, इस पूरे पथ में लगभग 152 भित्तियों का निर्माण किया जा रहा है जिनके दोनों तरफ भगवान श्री राम के जीवन चरित्र पर आधारित विभिन्न प्रसंगों को टेराकोटा, मोजैक, सेरोमिक, एफ0आर0पी0, जी0आर0पी0 आदि धातुओं की मूर्तियो के माध्यम से उकेरा जा रहा है। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने पथ के शेष बचे कार्यो को शीघ्र पूरा करने के लिए कहा। इसी के साथ ही जिलाधिकारी ने संपूर्ण धर्मपथ के दोनों तरफ बनाई जा रही भित्तियों के बाहरी तरफ बनाए जाने वाले मार्ग के कार्य को तीव्र गति से करने हेतु पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को निर्देशित किया इस अवसर पर संबन्धित कार्यदायी विभाग/संस्थाओं के अभियन्ता व प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी नितीश कुमार ने राम की पैड़ी पर दीपोत्सव एवम् अन्य मेले/महोत्सवों हेतु राम की पैड़ी के बाएं तरफ अर्थात लता मंगेशकर चौक से पुराने पुल के बाएं तरफ ढलान पर लगे बोल्डर के स्थान पर निर्माणाधीन दर्शक दीर्घा के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। कार्यदाई संस्था उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कारपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) द्वारा बनाए जा रहे दर्शक दीर्घा का 35 प्रतिशत से अधिक कार्य पूर्ण कर लिया गया है। जिलाधिकारी ने कार्यदाई संस्था को दर्शक दीर्घा के निर्माण का कार्य को आगणन की विशिष्टियों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ तीव्र गति से कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि इसके निर्माण से राम की पैड़ी पर दीपोत्सव व कार्यक्रमों में 15,000 से अधिक दर्शकों के बैठने की अतिरिक्त सुविधा उपलब्ध होगी।
Jan 13 2024, 20:55