Rohtas

Aug 12 2023, 17:21

टॉप 20 में शामिल दो शातिर अपराधी को पुलिस ने किया गिरफ्तार, एसपी ने प्रेस वार्ता कर दी जानकारी

रोहतास: पुलिस ने अलग-अलग मामलों में फरार चल रहे टॉप 20 में शामिल दो अपराधियों को गिरफ्तार कर एक बड़ी सफलता हासिल की है।

जिसमें एक लूट कांड का आरोपी बताया जाता है जबकि दूसरा अंतरराज्यीय शराब कारोबारी है।

 इस संदर्भ में शनिवार को एसपी विनीत कुमार ने डेहरी स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि सासाराम नगर थाना अंतर्गत गौरक्षणी ओवर ब्रिज पर विगत 21 अगस्त 2020 में कुछ अज्ञात अपराधकर्मियों द्वारा अवैध हथियार का भय दिखाकर मोटरसाइकिल, मोबाइल एवं नकद पैसा लूट-पाट करने की घटना को अंजाम दिया गया था। जिसको लेकर पीड़ित राजू रंजन ने सासाराम नगर थाना में लूटपाट की एफआईआर दर्ज कराई थी। जिसे रोहतास पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए एक विशेष टीम का गठन किया तथा अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी। 

इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुआ कि उक्त घटना में संलिप्त एक अपराधकर्मी सासाराम मुफस्सिल थानांतर्गत नहौना गुमटी के पास देखा गया है। सूचना का सत्यापन कर पुलिस हरकत में आई और छापेमारी के दौरान एक अपराधकर्मी पवन कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। जो शिवसागर थाना क्षेत्र के सिलारी गांव का निवासी है।

वहीं दूसरी ओर अंतर्राज्यीय एक शराब कारोबारी को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। 

गिरफ्तार आरोपी हरियाणा के प्रताप सिंह का पुत्र हैप्पी सिंह बताया गया है। उक्त शराब कारोबारी सासाराम मुफस्सिल थाना में दर्ज कांड का आरोपी बताया जाता है। 

एसपी ने कहा कि गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ की जा रही है। जिससे अन्य अपराधियों तक भी पहुंचा जा सके तथा छापेमारी दल में शामिल सभी पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया जाएगा।

Rohtas

Aug 12 2023, 16:07

*9 सूत्री मांगों के समर्थन में आशा कार्यकर्ताओं का विरोध मार्च

रोहतास: आशा संयुक्त संघर्ष मंच के बैनर तले शनिवार को अपने 9 सूत्री मांगों के समर्थन में आशा कार्यकर्ताओं ने सड़क मार्च करते हुए जिला समाहरणालय के समक्ष विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान आशा कार्यकर्ताओं में काफी आक्रोश देखा गया तथा प्रदर्शन में शामिल आशा कार्यकर्ताओं ने सरकार के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की।

 प्रदर्शनकारी आशा कार्यकर्ताओं ने कहा कि अगर सरकार उनकी 9 सूत्री मांगे पूरा नहीं करती है तो सरकार के खिलाफ हमारा प्रदर्शन लगातार जारी रहेगा।

 बीते 12 जुलाई से हीं विभिन्न मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी है लेकिन सरकार हमारी मांगों पर विचार भी नहीं कर रही है। आशा कार्यकर्ताओं ने समाहरणालय के समक्ष विरोध प्रदर्शन से पूर्व सासाराम जीटी रोड पर सड़क मार्च भी किया तथा अपनी मांगों के समर्थन में खूब नारे लगाए। 

आशा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के माध्यम से आशा को सरकारी सेवक घोषित करने, 10 हज़ार मासिक मानदेय भुगतान करने, न्यूनतम वेतन 26 हजार करने, पूर्व में हड़ताल के दौरान आशा पर हुए मुकदमे वापस लेने, बीसीएम के पद पर पदोन्नति करने, केंद्र व राज्य द्वारा घोषित राशि के साथ बकाया राशि का शीघ्र भुगतान करने, भुगतान के एवज में पदाधिकारियों द्वारा कमीशन खोरी को बंद करने एवं न्यूनतम मजदूरी एक्ट को पुनः बहाल करने की मांग की है। 

प्रदर्शन के दौरान विद्यावति पांडे, लालती कुंवर, शंभू पांडे, रितु देवी, इंदु देवी, देवंती कुंवर, निर्मला देवी, सुशीला देवी, रीना देवी, प्रभावती देवी, कांति देवी, सविता देवी, प्रेमा देवी, उषा कुमारी, प्रमिला देवी, गिरिजा देवी, गीता देवी, तेतरी देवी, जीरमनी देवी, रेखा देवी सहित सैकड़ों आशा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Rohtas

Aug 11 2023, 19:13

सभी विक्रेता आवश्यक रूप से केरोसिन का उठाव व वितरण सुनिश्चित करें : एसडीएम

रोहतास : खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग एवं जिलाधिकारी धर्मेंद्र कुमार के निर्देशों के आलोक में शुक्रवार को अनुमंडल पदाधिकारी मनोज कुमार ने शिवसागर प्रखंड में पंचायत सचिव एवं विकास मित्रों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। जहां उन्होंने पंचायत सचिव और विकास मित्रों को राशन कार्ड हेतु आवेदनों की शीघ्र जाँच कर प्रखंड आपूर्ति कार्यालय को रिपोर्ट करने का सख्त निर्देश दिया। 

एसडीएम ने कहा कि आवेदन पर स्वीकृति केवल पात्र आवेदकों व लाभुकों का ही होना चाहिए। अन्यथा गड़बड़ी करने वाले लोगों के विरुद्ध आवश्यक रूप से कार्रवाई की जाएगी। इसी क्रम में एसडीएम ने शिवसागर प्रखंड के सभी जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं के साथ भी बैठक कर कई दिशा निर्देश जारी किए। 

उन्होंने कहा कि जन-जागरूकता हेतु सभी दुकानों पर फोर्टीफाइड राइस खाने के फायदे फ्लैक्स बोर्ड अवश्य लगाएंगे। खाद्यान सही एवं सुरक्षित रखें तथा सभी लाभुकों को सही मात्रा में खाद्यान्न देते हुए साथ में पर्ची जरूर दें। वहीं उन्होंने सभी विक्रेताओं को किरासन तेल का उठाव व वितरण करने का सख्त निर्देश जारी किया। 

बैठक के दौरान सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्रीराम मिश्रा, शिवसागर के प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी मुकेश गुप्ता सहित बीपीआरओ एवं सीओ मौजूद रहे।

रोहतास से दिवाकर तिवारी

,

Rohtas

Aug 11 2023, 16:54

दो बच्चों के जन्म के बीच अंतर मां और बच्चों को रखता है स्वस्थ- एसीएमओ

परिवार नियोजन के अस्थाई साधनों पर बल देने के लिए उन्मुखीकरण कार्यशाला का हुआ आयोजन

रोहतास। मातृ शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के साथ परिवार नियोजन के संसाधनों को बेहतर तरीके से इस्तेमाल करने और दो बच्चों के जन्म के बीच अंतर रखने को लेकर शुक्रवार को सदर अस्पताल स्थित ओपीडी के सभा कक्ष में पीएसआई इंडिया के द्वारा एकदिवसीय उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में सासाराम प्रखंड की एएनएम, परिवार नियोजन सलाहकार एवं ममता को उन्मुखीकरण किया गया। कार्यशाला का शुभारंभ अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अशोक कुमार ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बहुत सारी ऐसी महिलाएं हैं

जो जल्दी परिवार नियोजन के स्थाई संसाधनों को नहीं अपनाना चाहती। ऐसे में उन महिलाओं को अस्थाई संसाधनों के तरफ ले जाने की अहम भूमिका परिवार नियोजन सलाहकार एवं ममता का होता है। उन्होंने कहा कि सबसे जरूरी है कि पहले बच्चे के बाद दूसरे बच्चे के जन्म के बीच अंतर रखना। यदि दो बच्चों के जन्म के बीच में 3 साल का अंतर होता है तो उस दौरान मां भी स्वस्थ रहती है और पहले बच्चे की देखभाल भी बेहतर तरीके से होती है। साथ ही दूसरा बच्चा भी स्वस्थ जन्म लेता है, क्योंकि इन दो से तीन सालों के बीच मां खुद के साथ-साथ नवजात शिशु को भी देखभाल कर सके और दूसरे बच्चे के लिए तैयार हो सके। 

उन्मुखीकरण कार्यशाला में पीएसआई इंडिया के सीनियर मैनेजर प्रोग्राम इंप्लीमेंटेशन विवेक मालवीय ने कहा कि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए दो बच्चों के जन्म के बीच 2 से 3 साल का अंतर होना काफी जरूरी है,

क्योंकि पहले बच्चे के जन्म के बाद धात्री महिला काफी कमजोर हो जाती है और दूसरे बच्चे को जन्म देने के लिए 2 से 3 साल का समय जरूरी होता है। ऐसे में अस्थाई परिवार नियोजन के संसाधनों को इस्तेमाल करके इस अंतर को बरकरार रखा जा सकता है। ऐसे में जरूरी है कि पहले प्रसव के बाद या अबॉर्शन करवाने आई महिलाओं को अस्थाई परिवार नियोजन के साधनों के बारे में जानकारी देते हुए इसका इस्तेमाल करवाने पर बल दिया जाए।

वहीं पीएसआई इंडिया के मैनेजर प्रोग्राम इंप्लीमेंटेशन शैलेश कुमार तिवारी ने कहा कि अस्थाई परिवार नियोजन के लिए कई साधन उपलब्ध है।

आप सभी का दायित्व बनता है कि आप उस महिला को किसी एक साधन को अपनाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि किसी भी महिला पर जबरदस्ती अपने अनुसार संसाधन इस्तेमाल करने की सलाह न दें, बल्कि महिला को सभी साधनों के बारे में जानकारी दें और उन्हें बताएं। इसके अलावा उस साधन के प्रति महिला में कोई नकारात्मक विचार ना आए इसके लिए साधन का इस्तेमाल करने के बाद होने वाली सामान्य समस्याओं को भी उसको अवगत कराएं ताकि वह पहले से ही इसके लिए तैयार रहें।

उन्होंने कहा कि जब कोई महिला अबॉर्शन के लिए आती है तो उन्हे पीपीएफपी (पोस्ट पार्टेम फैमिली प्लानिंग एवं पीएएफपी (पोस्ट अबॉर्शन फैमिली प्लानिंग) की जानकारी अवश्य दें। उन्होंने बताया कि बार-बार एबॉर्शन करवाना स्वास्थ्य के लिए कितना हानिकारक है। मौके पर पीसीआई के प्रोग्राम कॉर्डिनेटर प्रियेश कुमार तिवारी भी मौजूद रहें।

Rohtas

Aug 11 2023, 14:36

बस के धक्के से एक महिला किसान की मौत, परिवार में मातम

रोहतास : सासाराम मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत समरडीहा गांव के समीप शुक्रवार को एक बस की टक्कर से महिला किसान की दर्दनाक मौत हो गई है। 

बताया जाता है कि महिला किसान खेत में सोहनी का कार्य करके वापस अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान सासाराम चौसा पथ पर एक बस की चपेट में आ गई। जिससे घटनास्थल पर हीं उसकी मौत हो गई। 

वहीं घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची मुफ्फसिल थाने की पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जिसके बाद शव को परिजनों को सौंप दिया जाएगा। 

मिली जानकारी के मुताबिक मृतक महिला सासाराम मुफस्सिल थाना क्षेत्र के समरडीहा गांव निवासी उमाशंकर सिंह की पत्नी फुल्हारो देवी बताई जाती है। 

जबकि घटना को लेकर परिजनों का कहना है कि फुलहारो देवी अपने खेत से सोहनी कार्य कर के घर लौट रही थी। तभी वह एक तेज रफ्तार बस की चपेट में आ गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

रोहतास से दिवाकर तिवारी

Rohtas

Aug 10 2023, 19:19

डीआईजी व एसपी से मिलकर डाक अधीक्षक ने भेंट किया तिरंगा

रोहतास : जिला मुख्यालय सासाराम के डाक अधीक्षक संतोष तिवारी ने गुरुवार को हर घर तिरंगा अभियान के तहत शाहाबाद रेंज के डीआईजी नवीन चंद्र झा एवं पुलिस अधीक्षक रोहतास विनीत कुमार को डेहरी स्थित कार्यालय कक्ष में मिलकर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा भेंट किया है। 

इस संदर्भ में डाक अधीक्षक संतोष तिवारी ने बताया कि जिले के सभी 306 डाक घरों में 25 रु. में तिरंगा झंडा मिलेगा। जबकि ऑनलाइन बुकिंग माध्यम से तिरंगा झंडा को अपने दरवाजे तक मंगाया जा सकता है। जिसकी सुविधा उपलब्ध है। 

वहीं ई-पोस्ट के माध्यम से भी तिरंगे झंडे की ऑनलाइन खरीदारी की जा सकती है। ऑनलाइन खरीदारी करने के 24 घंटे के अंदर पोस्ट ऑफिस के द्वारा घर तक तिरंगा झंडा उपलब्ध करा दिया जाएगा। 

डाक अधीक्षक ने आगे बताया कि राष्ट्र के प्रति प्रेम को बढ़ाने के लिए यह अभियान जोर-शोर से चलाया जा रहा है।

नवादा से राकेश कुमार चंदन

Rohtas

Aug 10 2023, 18:48

सिचाई विभाग के एसडीओ को बर्खास्त करने की मांग को लेकर किसानो ने किया सड़क जाम

रोहतास : काराकाट नगर पंचायत के गोड़ारी में नहर फाल तोड़े जाने पर क्षेत्र के किसानों ने सड़क जाम कर एसडीओ के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। 

किसानों ने मुख्य पार्षद प्रतिनिधि मुन्ना भारती के नेतृत्व में एनएच 120 को जाम कर दिया। जिसे घंटों आवागमन बाधित रहा। इस दौरान आक्रोशित किसान सिचाई विभाग के एसडीओ के खिलाफ जमकर नारे लगाये तथा एसडीओ को बर्खास्त करने की मांग बिहार के मुख्यमंत्री से लेकर जिलाधिकारी रोहतास से किया। 

किसानों का कहना था कि किसानों के खिलाफ कार्य करने वाले अधिकारी की कोई जरूरत नहीं है तत्काल बिहार सरकार बर्खास्त करें।

गौरतलब हो कि नहर विभाग के एसडीओ ने जेसीबी से सकला रजवाहा में बने ब्रिटिश समय के फाल को बुधवार को तोड़ दिया था। फाल तोड़े जाने के बाद किसानों में भारी आक्रोश व्याप्त था। जिसके बाद गुरुवार को वे सड़क पर उतर गए। 

हालांकि काराकाट बीडीओ राहुल कुमार सिंह ने स्थल पर पहुंच कर किसानों को समझया बुझाया। लेकिन किसान एसडीओ के बुलाए जाने की जिद पर अड़े रहे। 

बीडीओ ने सकला रजवाहा में पूर्व से बने चिल्हा फाल को देखा और नहर में लगे गासी को देख तो वे भी अचंभित हो गये। उन्होंने कहा कि वर्षों से बना फाल को तोड़कर गलती की गयी है। इस दौरान चार घंटे नासरीगंज बिक्रमगंज एन एच 120 जाम लगा रहा। किसानों की मांग थी कि खेत का अब पटवन कैसे होगा। इसका उपाय किया जाय। 

वहीं बीडीओ ने किसानों को आश्वासन दिया कि फिलहाल पानी को रोकने के लिए तत्काल व्यवस्था किया जा रहा है। एक सप्ताह में विभाग द्वारा पूर्व की भांति फाल का पक्का निर्माण कराया जाएगा तथा पत्र के आलोक के खिलाफ कार्य करने को लेकर जिलाधिकारी रोहतास को रिपोर्ट भेजा जाएगा। 

किसानों ने बताया कि मौजा गोड़ारी , बुढ़वल, देनरी, पड़सर, गोपीगंज, जगदीशपुर, कंचनपुर, कायस्थ बहुआरा, बाद, चिल्हा सहित दर्जनों गांवों का पटवन इसी फाल के पानी को रोककर किया जाता है। फाल तोड़े जाने से करीब पांच हजार बीघा जमीन का पटवन बाधित हो चुका है। 

मौके पर नगर पंचायत काराकाट मुख्य पार्षद मुन्ना भारती, उपमुख्य पार्षद रवीश रंजन सहित काफी संख्या में किसान मौजूद रहे।

रोहतास से दिवाकर तिवारी

Rohtas

Aug 10 2023, 18:47

अपराध की योजना बनाते कट्टा व जिंदा कारतूस के साथ दो अपराधी गिरफ्तार

रोहतास : सासाराम नगर थाना की पुलिस ने अपराध की योजना बना रहे दो लोगों को कट्टा व जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। 

गिरफ्तार लोगों में अमित कुमार तथा रोहित कुमार बताए जाते हैं। जिन्हें शहर के फजलगंज स्थित गीता घाट कालोनी से गिरफ्तार किया गया है। 

वहीं घटना के संदर्भ में नगर थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने जानकारी देते हुए बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर दोनों शख्स को गिरफ्तार किया गया है। जिसके पास से दो देसी कट्टा तथा दो जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। 

उन्होंने कहा कि दोनों गिरफ्तार युवकों का सदर अस्पताल सासाराम में स्वास्थ्य जांच कर जेल भेज दिया गया है तथा पुलिस की अगली कार्रवाई जारी है।

रोहतास से दिवाकर तिवारी

Rohtas

Aug 10 2023, 17:17

बिहार में बढ़ते अपराध, भ्रष्टाचार व पुलिस बर्बरता के खिलाफ भाजयुमो ने निकाला धिक्कार मार्च

रोहतास : भारतीय जनता युवा मोर्चा की रोहतास जिला इकाई ने गुरुवार को शहर में धिक्कार मार्च निकाला। जिसकी अध्यक्षता भाजयुमो जिलाध्यक्ष अभिषेक तिवारी ने की। 

भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने नेहरू पार्क स्थित शहीद भगत सिंह की प्रतिमा से धिक्कार मार्च निकाला। जो शहर के पोस्ट ऑफिस चौराहा, कचहरी मोड़ होते हुए जिला समाहरणालय के समक्ष पहुंचकर सभा में तब्दील हो गया तथा कार्यकर्ताओं ने नीतीश कुमार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए उन्हे बिहार की जनता से किए गए वादों की याद दिलाई। 

वहीं सभा को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक सत्यनारायण यादव ने कहा की आज बिहार में अपराध अपने चरम पर है तथा भ्रष्टाचार व अराजकता से आम जनता परेशान हो चुकी है। रोजगार की मांग करने वाले छात्र व युवाओं को लाठी डंडों से खुलेआम पीटा जा रहा है। 

उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार जनता व विपक्ष की आवाज़ को दबाने के लिए पुलिस का दुरुपयोग कर रहे हैं। जिसका जवाब बिहार की जनता देगी। नीतीश कुमार जेपी के शिष्य थे परंतु उन्होंने पहले भ्रष्टाचार और उसके बाद आवाज उठाने वालों के ऊपर लाठी चलवाकर जयप्रकाश नारायण के पुण्य आत्मा को ठेस पहुंचाई है इसलिए बिहार की जनता इनको माफ नही करेगी। 

इस दौरान बिहार में बढ़ते अपराध, भ्रष्टाचार, अराजकता, छात्र व आम जनता पर हो रहे दमन, लाठीचार्ज तथा 10 लाख सरकारी नौकरी के झूठे वादे को लेकर भाजयुमो ने जिलाधिकारी धर्मेंद्र कुमार को ज्ञापन भी सौंपा। 

मौके पर भाजपा महामंत्री विजय सिंह, प्यारेलाल ओझा, उपाध्यक्ष पंकज सिंह, जिला मंत्री रेशमा पटेल, सतेन्द्र सिंह, नगर अध्यक्ष संदीप सोनी, शिवनाथ चौधरी, अजय ओझा, रितेश राज, सुधीर सिंह, धीरज गुप्ता, रवि पांड़े, इन्दृजीत सिंह, पंकज तिवारी, विकास गुप्ता, रजनीश वर्मा, दिव्य प्रकाश तिवारी, विकास तिवारी, अजित, संजय गुप्ता, राजेश, रजनीश तिवारी, विवेक बहादुर, दीपक कश्यप, संदीप श्रीवास्त, युवराज सिंह, लाला, राजु, बिट्टू सिंह, चिटु, अभिमन्यु कुमार, डब्लू पासवान सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

रोहतास से दिवाकर तिवारी

Rohtas

Aug 08 2023, 18:47

मोटा अनाज प्रसंस्करण तकनीक सह मिलेट फूड फेस्ट कार्यक्रम का हुआ आयोजन

रोहतास : अंतरराष्ट्रीय मिलेट वर्ष 2023 के उपलक्ष्य में कृषि विज्ञान केंद्र बिक्रमगंज द्वारा मंगलवार को तीन दिवसीय मोटा अनाज प्रसंस्करण तकनीक सह मिलेट फूड फेस्ट का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता कृषि विज्ञान केंद्र की वरीय वैज्ञानिक सह प्रधान डॉ शोभारानी ने किया। 

इस दौरान कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए डॉक्टर शोभा रानी ने बताया कि यह कार्यक्रम मोटा अनाज के प्रति जागरूकता एवं जिले में खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है। उन्होंने मिलेट के स्वास्थ्य एवं जलवायु पर होने वाले अनुकूल प्रभावों पर भी विस्तार से चर्चा की। 

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण तरह-तरह के श्री अनाजों द्वारा तैयार पौष्टिक उत्पाद एवं अन्य प्रसंस्करण तकनीक रहा। जिसमें मड़वा का बिस्किट, हलवा, लड्डू एवं डोसा बनाने की तकनीक शामिल रही। 

उसी प्रकार सांवा का खीर एवं कोदो का बिरयानी एवं दलिया बनाने की तकनीक भी महिलाओं ने सीखा। कार्यक्रम में मोटे अनाजों के विभिन्न उत्पाद जैसे मड़ुवा, चीना बाजरा इत्यादि के उपज के लिए मिट्टी जलवायु आदि जैसे वैज्ञानिक दृष्टिकोण पर भी प्रकाश डाला गया। 

डॉ शोभा रानी ने बताया कि ग्रामीण महिलाएं मोटे अनाज से कई तरह के प्रसंस्कृत उत्पाद तैयार कर घर में उपयोग कर स्वास्थ्य स्तर को ऊंचा कर सकती हैं एवं उन्हें बाजार में बेचकर आय अर्जन का सहारा भी बना सकती हैं। 

मौके पर उपस्थित तृप्तम नेचुरल फूड, बेगूसराय से आए हुए मनीष कुमार सिंह एवं नवनीत कुमार ने मोटे अनाज की उपलब्धता विपणन एवं मूल्यवर्धन पर विशेष रूप से जानकारी दी। 

वहीं प्रशिक्षण कार्यक्रम में 40 महिला कृषकों एवं जीविका दीदियों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान उपस्थित वैज्ञानिक आर के जलज ने मोटे अनाज की आर्थिकी पर चर्चा करते हुए कहा कि प्रति बीघा ऐसे अनाजों के उत्पादन पर धान एवं गेहूं फसल की तुलना में अधिक आमदनी प्राप्त होती है। 

मृदा वैज्ञानिक डॉ रामाकांत सिंह ने जिले में होने वाले मोटे अनाज की खेती के बारे में उपस्थित महिला कृषकों को बताया। जबकि डॉ रतन कुमार उद्यान वैज्ञानिक ने अनाज वाली फसलों जैसे चावल, गेहूं, मक्का इत्यादि के स्थान पर मडुवा, बाजरा इत्यादि अनाज का सेवन करने की सलाह दी। मौके पर अभिषेक कौशल, राकेश कुमार, हरेंद्र कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

रोहतास से दिवाकर तिवारी