दिल्ली में यमुना का कहर, आईटीओ-राजघाट की सड़कें पानी-पानी, केजरीवाल ने मांगी सेना की मदद
#delhi_floods
दिल्ली में यमुना नदी उफान पर है। यमुना के जलस्तर में रिकॉर्डतोड़ बढ़ोतरी ने दिल्लीवालों की मुश्किलों को बढ़ा दिया है। यमुना का जलस्तर बढ़ने से कई इलाकों में हालात बिगड़ गए हैं। आईटीओ पर ड्रेन रेगुलेटर के टूटने के कारण, राजघाट पर नाले से पानी के बैकफ्लो के कारण और कई अन्य स्थानों पर ओवरफ्लो के कारण यमुना नदी का पानी शहर में घुस रहा है।इस बीच मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में तुरंत सेना और एनडीआरएफ की टीम को उतारने की मांग की है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और राजस्व मंत्री आतिशी ने मुख्य सचिव को रेगुलेटर के क्षतिग्रस्त होने के कारण दिल्ली में बाढ़ को रोकने के लिए एनडीआरएफ और सेना से मदद लेने का निर्देश दिया है. केजरीवाल स्थिति का जायजा लेने के लिए घटनास्थल का दौरा करेंगे. उन्होंने ट्वीट किया, ‘इस दरार के कारण आईटीओ और आसपास बाढ़ आ रही है. इंजीनियर पूरी रात काम करते रहे. मैंने मुख्य सचिव को सेना/एनडीआरएफ की मदद लेने का निर्देश दिया है, ताकि इसे तत्काल ठीक किया जाए।
दिल्ली में आज बारिश नहीं हुई है, लेकिन राजधानी के कई इलाके पानी से तर हैं। यमुना के जलस्तर में भले ही गिरावट हुई हो, लेकिन अभी भी यमुना का पानी दिल्ली के कई इलाकों में घुस रहा है और बाढ़ के हालात पैदा कर रहा है। दिल्ली के यमुना बाजार इलाके की हालत ज्यादा खराब है। यहां कमर से ऊपर तक पानी इकट्ठा हो गया है। गाड़ियां डूब गई हैं और मकानों में पानी भर गया है। मोनेस्ट्री मार्केट सिविल लाइंस से बढ़ता हुआ पानी अब कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन तक आ गया है। कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन के सामने वाली यह रोड आउटर रिंग रोड से रोहिणी, आजादपुर मंडी, पीरागढ़ी को जाती है।
आईटीओ और राजघाट इलाकों में बाढ़ के कारण अधिकारियों को यातायात की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाना पड़ा है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एक ट्वीट में कहा, ‘डब्ल्यूएचओ बिल्डिंग के पास पानी के तेज प्रवाह के कारण महात्मा गांधी मार्ग पर सराय काले खां से आईपी फ्लाईओवर की ओर किसी भी वाहन को यातायात की अनुमति नहीं दी जाएगी। यात्रियों को इस मार्ग से बचने की सलाह दी जाती है।’
Jul 14 2023, 13:41