India

Jul 04 2023, 19:09

*अनुच्छेद 370 पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई से पहले शाह फैसल का यू-टर्न, कहा- मेरी तरह अधिकतर कश्मीरियों के लिए ये अतीत की बात*

#ias_officer_shah_faisal_statement_on_article_370 

देश में एक बार फिर अनुच्छेद-370 पर बसह शुरू हो गई है।दरअसल, अनुच्छेद 370 के मामले पर सुप्रीम कोर्ट में 11 जुलाई को सुनवाई होगी। इसको निरस्त करने को चुनौती देने का मामला साल 2019 में संविधान पीठ को सौंपा गया था लेकिन अब तक सुनवाई नहीं हुई है। जम्मू-कश्मीर राज्य को विशेष दर्जा देने वाले धारा 370 को हटाए जाने के चार साल बाद देश के प्रधान न्यायाधीश डी.वाई. चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली पांच जजों की पीठ फैसले को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुनवाई करेगी। सुप्रीम कोर्ट ने एक प्रेस रिलीज जारी करके बताया कि मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ की अगुआई में पांच जजों की बेंच इस मामले को सुनेगी। इस बेंच में जस्टिस संजय किशन कौल, जस्टिस संजीव खन्ना, जस्टिस बीआर गवई और जस्टिस सूर्यकांत होंगे।

सुप्रीम कोर्ट की वेबसाइट के मुताबिक, पांच न्यायाधीशों की पीठ दिशानिर्देश पारित करने के लिए आईएएस अधिकारी शाह फैसल की तरफ से दायर याचिका सहित कई याचिकाओं पर सुनवाई करेगी। आईएएस अधिकारी शाह फैसल ने भी 370 को खत्म करने के राष्ट्रपति के आदेश को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी। 

हालांकि, मंगलवार को शाह फैसल ने कहा कि उन्होंने बहुत पहले ही याचिका वापस ले ली है। शाह फैसल ने इसको लेकर एक ट्वीट भी किया। फैसल ने ट्विटर पर लिखा, ‘मेरी तरह अधिकतर कश्मीरियों के लिए (अनुच्छेद) 370 अतीत की बात है। हिंद महासागर में झेलम और गंगा हमेशा के लिये विलीन हो गई हैं। इसे वापस नहीं लिया जा सकता है। अब सिर्फ आगे बढ़ा जा सकता है।

वहीं, न्यूज एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए शाह फैसल ने बताया कि उन्होंने बहुत पहले ही याचिका वापस ले ली है। यह सिर्फ याचिकाओं के समूह का शीर्षक है और एक बार आदेश जारी होने के बाद नाम बदल जाएगा। अनुच्छेद 370 एक नियति है। आज का कश्मीर 2019 के कश्मीर से बहुत कम मिलता जुलता है।

भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के वर्ष 2010 बैच के अधिकारी फैसल को अगस्त 2019 में अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को निरस्त किए जाने और जम्मू कश्मीर राज्य को केंद्रशासित प्रदेशों में विभाजित करने के एक वर्ष से अधिक समय तक हिरासत में रखा गया था। उन्होंने सेवा से इस्तीफा देकर एक राजनैतिक दल ‘जम्मू कश्मीर पीपुल्स मूवमेंट’ की शुरुआत की थी। हालांकि, सरकार ने उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया और फैसल को बाद में केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय में तैनात कर दिया गया। फैसल ने वर्ष 2019 में केंद्र सरकार के अनुच्छेद 370 को निरस्त करने के फैसले को चुनौती देने के लिए सर्वोच्च न्यायालय के समक्ष याचिका दायर की थी। सरकार ने अप्रैल 2022 में फैसल की इस्तीफा वापस लेने के निवेदन को स्वीकार कर लिया और उनकी सेवा को बहाल कर दिया। इसी महीने में फैसल ने न्यायालय के सामने अनुच्छेद 370 को निरस्त करने को चुनौती देने वाले सात याचिकाकर्ताओं की सूची में से नाम हटाने के लिए आवेदन दिया था।

India

Jul 04 2023, 18:21

झारखंड के हजारीबाग जिले के रोमी गांव में बड़ा हादसा, कुएं में सुमो कार गिरने से महिला व बच्ची सहित छह लोगों की मौत, चार घायल


झारखंड के हजारीबाग जिला के पदमा ओपी क्षेत्र स्थित रोमी गांव में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। फोरलेन सड़क किनारे सूर्यपूरा पैक्स के पास स्थित एक कुएं में टाटा सुमो के गिरने से उसमें सवार महिला और बच्ची सहित छह लोगों की मौत हो गई। वहीं, सूर्यपुरा पंचायत के मुखिया सहित चार लोग घायल हो गये। सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर कर दिया गया है। बताया गया कि बिहार के दरभंगा से सत्संग में भाग लेकर अपने गांव वापस जा रहे थे। इसी बीच रोमी गांव के पास हादसा हो गया।

कुएं में सुमो कार के गिरने से ड्राइवर सूरज सिंह दीपुगढ़ा के अलावा ओम प्रकाश साव, परमेश्वर कुशवाहा, परमेश्वर कुशवाहा की पत्नी और सात साल की बेटी और गुंजन राणा की मौत हो गयी। सभी हजारीबाग के मंडईखुर्द गांव के रहने वाले थे। वहीं, घायलों में सूर्यपूरा पंचायत के मुखिया सीताराम मेहता, मुकेश मेहता और उसकी मां सहित एक अन्य शामिल हैं।

मंगलवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे सूर्यपूरा पंचायत के मुखिया सीताराम मेहता प्रखंड कार्यालय से वापस अपनी बुलेट से घर जा रहे थे। इसी बीच रोमी स्थित सूर्यपूरा पैक्स के पास पीछे से आ रहे टाटा सूमो कार ने उसे टक्कर मार दिया। इस टक्कर से अनियंत्रित कार सड़क किनारे एक कुएं में लोहे की जाली को तोड़ते हुए जा गिरा। जिससे पूरी कार कुएं के पानी में समा गया। काफी मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों की मदद से कुएं में डूबे छह लोगों को बाहर निकाला गया।

हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। एक घंटे बाद जेसीबी की मदद से कुएं में गिरी कार को बाहर निकाला गया।

India

Jul 04 2023, 17:38

महाराष्ट्र के मुंबई-आगरा हाईवे पर पलासनेर के नजदीक भीषण सड़क दुर्घटना में 12 की मौत, 10 से अधिक लोग घायल, ब्रेक फेल होने से एक कंटेनर तेज रफ्तार


महाराष्ट्र के मुंबई-आगरा हाईवे पर पलासनेर के नजदीक एक भीषण सड़क दुर्घटना में 12 लोगों की जान चली गई है और 10 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। ब्रेक फेल होने के चलते एक कंटेनर तेज रफ्तार में होटल में घुस गया, जिससे यह हादसा हो गया। मृतकों की तादाद बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस टीम पहुंच चुकी है। हादसे वाली जगह पर पास के गांव से आए लोगों की भीड़ जमा हो गई है फायर ब्रिगेड को सूचना दे दी गई है।

स्थानीय लोगों की मदद से लोगों को बाहर निकालने का कार्य जारी है। मुंबई-आगरा हाईवे पर पलासनेर गांव महाराष्ट्र के शिरपुर तहसील के धुले जिले में पड़ता है. यह इलाका मध्य प्रदेश से लगा हुआ है। आज दोपहर 12 बजे पलासनेर के पास यह सड़क दुर्घटना हुई है। दोपहर 12 बजे के आसपास एक कंटेनर मुंबई आगरा हाईवे से होकर पलासनेर गांव के नजदीक से गुजर रहा था। इतने में गाड़ी का ब्रेक फेल हो गया और यह पास ही एक होटल में जा घुसा। इस हादसे में 12 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया और 10 लोग जख्मी हुए हैं। घायलों में से कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है।

स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को पास के अस्पताल में एडमिट करा दिया गया है. उनका उपचार जारी है. लोगों को घटनास्थल से सुरक्षित बाहर निकाले जाने का काम जारी है।

कंटेनर हाईवे पर बहुत तेज रफ्तार से जा रहा था। ब्रेक फेल होने के बाद जब यह सड़क किनारे के होटल में जा घुसा, उस समय होटल के बाहर कई और वाहन खड़े थे। यह कंटेनर उन्हें कुचलता हुआ होटल में घुस गया इससे होटल के बाहर खड़े वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं।

India

Jul 04 2023, 16:45

पीलीभीत से सांसद वरुण गांधी की बीते कई सालों से भाजपा नेतृत्व से अनबन, मीडिया रिपोर्ट में दावा, इस बार कट सकता है नाम, पढ़िए, क्या लग रहे कयास

पीलीभीत से सांसद वरुण गांधी की बीते कई सालों से भाजपा नेतृत्व से अनबन चल रही है। किसान आंदोलन से लेकर कई मुद्दों पर वह नेतृत्व से अलग राय रखते रहे हैं। ऐसे में वह 2024 में लोकसभा का चुनाव भाजपा से लड़ेंगे या नहीं, इसे लेकर कयासों का दौर तेज है। इस बीच एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि वरुण गांधी को पीलीभीत लोकसभा सीट से शायद इस बार टिकट न दिया जाए। उनकी जगह पर जिले के ही एक ओबीसी विधायक को मौका मिल सकता है, जो लगातार दो बार चुनाव जीत चुके हैं। इसके जरिए भाजपा ओबीसी वर्ग को एक संदेश देने की कोशिश करेगी। 

वरुण गांधी ने कई बार भाजपा नेतृत्व से असहमति जताई है, लेकिन पार्टी ने उन्हें लेकर आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा। हालांकि उन्हें कई राज्यों में हुए चुनाव प्रचार में अहमियत नहीं दी गई। यूपी में भी उन्हें कोई अहम भूमिका नहीं सौंपी गई है। इससे साफ है कि नेतृत्व वरुण गांधी को नजरअंदाज कर रहा है। यही नहीं उनकी मां मेनका गांधी भी 2019 में दोबारा बनी मोदी सरकार में किसी पद पर नहीं हैं। इससे पहले 2014-19 के दौरान वह महिला एवं बाल विकास मंत्री थीं, लेकिन अब वह भी बेटे की तरह ही महज सांसद हैं और भाजपा के किसी बड़े आयोजन में मंच पर भी नहीं दिखतीं।

वरुण गांधी की जगह इस नेता को मिल सकता है मौका

 वरुण गांधी के अलावा मेनका गांधी के भविष्य को लेकर भी सवाल उठते रहते हैं। अब चर्चा है कि पीलीभीत से संजय सिंह गंगवार को भी लोकसभा का टिकट मिल सकता है। वह शहर विधानसभा सीट से दो बार से विधायक हैं। उनकी यूपी भाजपा के संगठन में अच्छी पकड़ है और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भी करीब माने जाते हैं।

संतोष गंगवार की जगह नए नेता को तैयार करना है मकसद

बरेली-पीलीभीत क्षेत्र से कद्दावर नेता रहे संतोष गंगवार की जगह भाजपा अब उनको ओबीसी नेता के तौर पर प्रमोट करना चाहती है। गंगवार ने 2012 में बसपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था, लेकिन 4 हजार वोटों से हार गए थे। इसके बाद 2017 में भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था और जीत हासिल की। अब 2022 में फिर विजय पा सकते हैं।

India

Jul 04 2023, 16:33

लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी भाजपा अब संगठन में कर रही व्यापक फेरबदल, कई राज्यों में बदले प्रदेश अध्यक्ष, और बदलाव के लगाए जा रहे कयास


लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी भाजपा ने अब संगठन के पेच कसने शुरू कर दिए हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को भाजपा ने कई राज्यों में अपने प्रदेश अध्यक्ष बदल दिए। पंजाब में उसने सुनील जाखड़ को पार्टी की कमान सौंपी है, जो बीते साल ही कांग्रेस छोड़कर आए थे। इसके अलावा तेलंगाना में केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। राज्य में इसी साल विधानसभा चुनाव भी होने वाले हैं। इसके अलावा आंध्र प्रदेश में डी. पुरंदेश्वरी को अध्यक्ष बनाया गया है। 

झारखंड के पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी को सूबे का अध्यक्ष बनाया गया है। भाजपा ने जिन 4 नेताओं को प्रदेश अध्यक्ष बनाया है, उनमें से जी. किशन रेड्डी पर्यटन मंत्री हैं। ऐसे में इस बात के भी कयास अब तेज हो गए हैं कि मोदी सरकार की कैबिनेट में भी फेरबदल होगा। आमतौर पर भाजपा एक व्यक्ति एक पद की नीति पर काम करती रही है। ऐसे में जी. किशन रेड्डी को मंत्री पद से हटाया जा सकता है ताकि वह तेलंगाना में पूरा समय दे सकें। भाजपा ने जिन लोगों को अध्यक्ष बनाया है, उनमें से दो सुनील जाखड़ और डी. पुरंदेश्वरी का कांग्रेस से लंबा रिश्ता रहा है।

आंध्र प्रदेश की अध्यक्ष डी. पुरंदेश्वरी ने मार्च 2014 में कांग्रेस को छोड़कर भाजपा का दामन थामा था। इसके अलावा सुनील जाखड़ तो दशकों का रिश्ता तोड़कर बीते साल ही कांग्रेस से भाजपा में आए थे। इसके अलावा झारखंड में पार्टी ने बागी रहे बाबूलाल मरांडी को कमान दी है। फिलहाल वह झारखंड में विपक्ष के नेता हैं और मजबूती से सदन में बात रखते हैं। लेकिन वह एक बार भाजपा का साथ छोड़कर झारखंड विकास मोर्चा भी बना चुके हैं।

अलग पार्टी भी बना चुके हैं बाबूलाल मरांडी

बाबूलाल मरांडी 4 बार लोकसभा का चुनाव भी जीत चुके हैं। उन्हें राज्य के ईमानदार और कद्दावर नेताओं में से एक माना जाता है। छात्र जीवन से ही आरएसएस से जुड़े बाबूलाल मरांडी के कई मुद्दों पर भाजपा से मतभेद थे, जिसके चलते उन्होंने नई पार्टी बना ली थी। बाबूलाल मरांडी 2006 में भाजपा से अलग हुए थे, लेकिन 2019 में फिर से अपनी पार्टी का विलय करके घर वापसी कर ली थी।

India

Jul 04 2023, 16:30

मिशन 2024 की तैयारी में जुटी बीजेपी में बड़ा फेरबदल, कई राज्यों के अध्यक्ष बदले, जानिए किसे मिली कहां की जिम्मेदारी

#bjp_mission_2024_appoints_new_chief

अगले साल लोकसभा चुनाव होने हैं। उससे पहले इस साल कई राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं।इससे पहले बीजेपी ने राज्य इकाई में बड़ा बदलाव किया है। बीजेपी ने चार राज्यों में अपने अध्यक्ष बदले हैं। केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी को तेलंगाना के बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया है, पूर्व केंद्रीय मंत्री डी. पुरंदेश्वरी को आंध्र प्रदेश, पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी को झारखंड और सुनील जाखड़ को पंजाब में पार्टी की कमान दी गई है।

बीजेपी ने विधानसभा और लोकसभा चुनावों से पहले संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने के मकसद से चार राज्यों में नए अध्यक्षों की नियुक्ति की है। आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में वहां संगठनात्मक फेरबदल की अटकलें पहले से लगाई जा रही थी।ऐसे में बीजेपी ने केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी को तेलंगाना में कमान सौंपी है। वहीं आंध्र प्रदेश में मौजूदा अध्यक्ष सोमू वीरराजू की जगह अब पुरंदेश्वरी यह जिम्मा संभालेंगी। इसके अलावा राजेंद्र एटीला को तेलंगाना बीजेपी में चुनाव प्रबंधन संमिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

इससे पहले 28 जून को देर रात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और पार्टी के संगठन महासचिव बीएल संतोष के साथ बैठक की थी। इस बैठक से भी पहले अमित शाह ने नड्डा, बीएल संतोष और आरएसएस के एक शीर्ष पदाधिकारी अरुण कुमार के साथ कम से कम पांच मैराथन बैठक की थी। प्रधानमंत्री के साथ हुई बैठक में इन बदलावों पर चर्चा हुई थी और पीएम ने बदलावों पर अपनी मुहर लगाई थी।

India

Jul 04 2023, 16:29

पबजी पार्टनर के प्यार के लिए तीन देशों की सीमाएं लांघकर चार बच्चों संग पाकिस्तान से ग्रेटर नोएडा पहुंची थी, साड़ी, सिंदूर और मंगलसूत्र पहनकर रहत


पबजी पार्टनर के प्यार के लिए पत्नी धर्म की मर्यादा और तीन देशों की सीमाएं लांघकर चार बच्चों संग पाकिस्तान से ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा पहुंची पाकिस्तानी महिला सीमा हैदर आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ ही गई। यूपी एटीएस ने सोमवार को महिला को चार बच्चों और उसके कथित प्रेमी सचिन के साथ मथुरा के यमुनापार के पानी गांव से पकड़ा है। एटीएस और आईबी समेत तमाम जांच एजेंसियां पाकिस्तानी महिला और उसके भारतीय प्रेमी को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ कर रही हैं। सीमा और सचिन की ऑनलाइन पहचान साल 2020 में हुई थी। वह डेढ़ माह से रबूपुरा में अपनी असल पहचान छुपाकर हिंदू महिलाओं की तरह साड़ी, सिंदूर और मंगलसूत्र पहनकर रह रही थी।

पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां इस बात का पता लगाया जा रहा है कि क्या यह महिला प्रेम प्रसंग के चलते प्रेमी से मिलने भारत आई है या इसका मकसद जासूसी करना था। अभी इस बारे में कुछ पुख्ता जानकारी हाथ नहीं लगी है। महिला के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली जा रही है। पता लगाया जा रहा है कि भारत में रहने के दौरान महिला ने किससे संपर्क किया। उसके मोबाइल से कुछ राज खुलने की संभावना है।

साड़ी, सिंदूर और मंगलसूत्र पहनकर रहती थी सीमा

पाकिस्तानी महिला सीमा गुलाम हैदर रबूपुरा कस्बे के अंबेडकर मोहल्ले के रहने वाले सचिन के साथ किराये के मकान में रह रही थी। पड़ोसियों ने बताया कि सीमा यहां हिंदू महिलाओं की तरह रही थी, उसका पहनावा भी हिंदू महिलाओं की तरह था। वह साड़ी, सिंदूर और मंगलसूत्र पहनकर रहती थी, जिससे कि उसकी पहचान उजागर ना हो सके। हालांकि, हिंदू रीति-रिवाज में रहते हुए उसने गुपचुप तरीके से ईद का त्योहार भी मनाया था, लेकिन जब यह मामला तूल पकड़ा तो लोगों को महिला के बारे में पता चला।

पुलिस के आने से पहले घर से भागे सचिन और सीमा

 रबूपुरा कस्बे के अंबेडकर मोहल्ले में किराये पर कमरा लेकर सचिन ने पाकिस्तानी महिला सीमा को अपने साथ रखा था, जबकि सचिन का घर भी इसी मोहल्ले में है, लेकिन सीमा को उसने अपने घर पर नहीं रखा। परिजनों के डर की वजह से सचिन सीमा को अपने मोहल्ले में किराये के मकान लेकर रह रहा था। एक जुलाई को अचानक सचिन और सीमा को भनक लग गई कि उनके बारे में पुलिस को कुछ पता चल गया है। इसी बीच आनन-फानन में सचिन और सीमा घर से भाग निकले। सचिन ने मकान मालिक से झूठ बोला कि वह एक हफ्ते के लिए बाहर जा रहे हैं। जैसे ही वह घर से निकले कुछ देर बाद पुलिस मकान मालिक गिरिजेश के घर पहुंच गई और सचिन और सीमा के बारे में पूछताछ करने लगी। इसके बाद पुलिस ने काफी मशक्कत और तलाश के बाद सचिन और सीमा को हिरासत में ले लिया। वहीं, परिजनों ने सचिन से पल्ला झाड़ लिया है। परिजनों का कहना है कि वह काफी दिन से उनके पास नहीं आया।

दुबई में काम करता है सीमा का पति

पुलिस की शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि सीमा हैदर पाकिस्तान के कराची की रहने वाली है। महिला का पति गुलाम रजा दुबई में काम करता है। भारत आने से पहले महिला, पाकिस्तान से अपने बेटे फरहान, फरवा, फराह, फरीहा को लेकर दुबई पहुंची। बच्चों की उम्र चार से सात वर्ष के बीच है। इसके बाद टूरिस्ट वीजा पर 11 मई को हवाई जहाज से नेपाल आई और यहां से बस के रास्ते दिल्ली से यमुना एस्सप्रेसवे होते हुए 13 मई को रबूपुरा के पास फलैदा कट पर पहुंची थी, जहां सचिन उसका इंतजार कर रहा था।

ऑनलाइन गेम पबजी से संपर्क में आई 

 ग्रेटर नोएडा के एडीसीपी अशोक कुमार ने बताया कि पाकिस्तानी महिला सीमा गुलाम हैदर, उसके बच्चे और कथित प्रेमी से पूछताछ की जा रही है।

 एडीसीपी ने बताया कि ऑनलाइन गेम पब्जी के जरिए पाकिस्तानी महिला रबूपुरा के रहने वाले सचिन के सम्पर्क में आई थी। पुलिस की अभी तक की जांच में पता चला है कि महिला नेपाल के जरिये अपने चार बच्चों को लेकर रबूपुरा सचिन के पास रहने के लिए आई थी। वह 13 मई को नेपाल के रास्ते बस से दिल्ली पहुंची और यहां से यमुना एक्सप्रेसवे पर रबूपुरा एरिया के गांव फलैदा कट पर उतरी थी। यहां से सचिन उन्हें लेकर रबूपुर स्थित अंबेडकर नगर मोहल्ले में किराये के मकान पर पहुंचा और यहां करीब 50 दिनों तक दोनों पति-पत्नी बनकर रहे।

India

Jul 04 2023, 16:21

बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ पॉक्सो केस के मामले में दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने नाबालिग महिला पहलवान और उसके पिता को नोटिस किया जारी, एक अगस्त


बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ पॉक्सो केस के मामले में दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने नाबालिग महिला पहलवान और उसके पिता को नोटिस जारी किया है। अदालत ने दिल्ली पुलिस द्वारा पॉक्सो केस में दायर किये गये कैंसिलेशन रिपोर्ट पर संज्ञान लिया और इसके बाद शिकायतकर्ता नाबालिग महिला पहलवान और उसके पिता से इस पर जवाब मांगा है। एडिशन सेशन जज छवि कपूर ने पीड़िता/याचिकर्ता को नोटिस जारी किया है। चैंबर में अदालत की कार्रवाई के दौरान सेशन जज ने उन्हें निर्देश दिया कि 1 अगस्त तक वो इसपर जवाब दें। जिसके बाद कोर्ट आगे की सुनवाई करेगी।

भाजपा सांसद बृजभूषण सिंह के खिलाफ एक नाबालिग महिला पहलवान ने शुरू में यौन शोषण का आरोप लगाया था। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया था। बाद में दिल्ली पुलिस ने पटियाला हाउस कोर्ट में एक कैंसिलेशन रिपोर्ट दायर की थी और कहा था कि पॉक्सो एक्ट के तहत बृजभूषण पर दर्ज मामले में कोई सबूत नहीं मिले हैं। इसी के साथ दिल्ली पुलिस ने बृजभूषण के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज केस को रद्द किये जाने की गुहार अदालत से लगाई थी। 

बृजभूषण शरण सिंह पर नाबालिग महिला पहलवान के अलावा 6 अन्य महिला पहलवानों ने भी यौन शोषण के गंभीर आरोप लगाए हैं। इस मामले में दिल्ली पुलिस अपनी चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। इस मामले में भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ दिल्ली के ही राउज एवेन्यू कोर्ट में जब सुनवाई हुई थी तब अदालत ने यौन आरोप से जुड़े केस को एमपी-एमएमलए कोर्ट में भेजा था। इससे पहले 15 जून को दिल्ली पुलिस ने भाजपा सांसद के खिलाफ 1000 पन्नों से ज्यादा की चार्जशीट में भारतीय दंड संहिता की धारा धारा 354, 354A, 354D लगाई थी।

एमपी-एमएलए कोर्ट के जज हरजीत सिंह जसपाल ने सुनवाई के दौरान कहा था कि चार्जशीट काफी बड़ी है इसलिए इसे पढ़ने में थोड़ा वक्त लगेगा। अदालत ने दिल्ली पुलिस से सीडीआर रिपोर्ट मांगी है। इस मामले में 7 जुलाई को सुनवाई होगी। बता दें कि बृजभूषण शरण सिंह पर महिला पहलवानों द्वारा यौन उत्पीड़न का आरोप लगाए जाने के बाद हंगामा मच गया था। चोटी के पहलवानों में शुमार बजरंग पूनिया, विनेश फोगाट और साक्षी मलिक जैसे पहलवानों ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर कई दिनों तक प्रदर्शन भी किया था।

इन सभी पहलवानों ने बृजभूषण की गिरफ्तारी की मांग की थी। बाद में केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर और प्रदर्शन करने वाले पहलवानों के बीच बातचीत हुई थी। जिसके बाद पहलवानों ने अपना प्रदर्शन खत्म किया था और बृजभूषण पर चार्जशीट दायर होने के बाद यह भी कहा था कि केंद्र सरकार ने अपना वादा पूरा किया इसलिए वो अपना प्रदर्शन स्थगित कर रहे हैं। इसी के साथ पहलवानों ने ऐलान किया था कि अब इस लड़ाई को सड़क पर नहीं बल्कि कोर्ट में लड़ेंगे।

India

Jul 04 2023, 15:35

ग्रेटर नोएडा में रह रही पाकिस्तानी महिला गिरफ्तार, नाम बदलकर रह रही थी

#pakistani_woman_comes_india_with_4_children_to_marry_with_lover

इश्क को कहां शरहदें रोक पाईं हैं। मुहब्बत में हर बार जाति-बंधन, धर्म और मजहब के बंधन टूटे हैं। ऐसी ही एक दास्तां खुलासा हुआ है। जिसके शुरूआत गेम से हुई और फिर प्रेम हो गया। जिसके बाद शरहदों की सीमाएं लांघी गई। पाकिस्तान की एक 27 साल की महिला को पबजी खेलते-खेलते एक भारतीय से इश्क हो गया। इश्क ऐसा कि 4 बच्चों की मां ने अपने प्रेमी से मिलने के लिए घर तक बेच दिया और गैरकानूनी ढंग से भारत आ गई। लेकिन अब मामले का भंडा फूट गया है। पुलिस ने महिला, और उसके प्रेमी सचिन को गिरफ्तार कर लिया है। नोएडा पुलिस ने इस पूरे मामले में मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की और सारी जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि महिला कैसे हिंदुस्तान पहुंची और इसके परिवार में कौन कौन है। 

पबजी खेलते-खेलते प्यार

27 साल की सीमा हैदर पाकिस्तान के सिंध प्रांत के खैरपुर की रहने वाली है। पति सऊदी अरब में कमाता है। दोनों के रिश्ते शुरुआत से ही कुछ खास अच्छे नहीं थे। घरेलू हिंसा सीमा की जिंदगी का हिस्सा बन गई। छोटी-छोटी बातों पर पति पिटाई करता था। इस बीच वह सऊदी अरब कमाने चला गया। सीमा के दावों पर यकीन करें तो 4 साल से वह अपने पति से मिली भी नहीं है। इसी बीच सीमा की जिंदगी में एंट्री हुई सचिन की। 22 साल का सचिन ग्रेटर नोएडा में एक ग्रोसरी स्टोर पर काम करता है। पबजी खेलते-खेलते दोनों में प्यार हो गया। 2020 में कोरोना महामारी के दौरान दोनों की ऑनलाइन मुलाकात हुई। दोनों एक दूसरे को दिल दे बैठे। 

दुबई से नेपाल होते हुए भारत में दाखिल हुई

इश्क परवान चढ़ा तो सीमा ने प्रेमी संग दुनिया बसाने का फैसला कर लिया। इसलिए उसने सचिन से मिलने और भारत आने की प्लानिंग की। मकान बेचकर पैसे का जुगाड़ किया। इसके लिए उसने 12 लाख रुपये में अपना घर बेच दिया। फिर फ्लाइट पकड़कर दुबई से नेपाल होते हुए भारत में दाखिल हुई। काठमांडू में लैंड करने के बाद वह बस से पोखरा गई। फिर वहां से वह भारत में दाखिल हुई। उसके पास भारत का वीजा नहीं था इसलिए लगातार बस बदलती रही ताकि किसी को कोई शक न हो। महिला के साथ 4 बच्चे होने की वजह से वैसे भी किसी को कोई शक होना मुश्किल था। आखिरकार वह यमुना एक्सप्रेसवे पर उतरी जहां सचिन उसका इंतजार कर रहा था। सचिन ने पहले ही रहने का इंतजाम कर लिया था। 

सचिन से शादी करने की फिराक में थी

सीमा के साथ रहने के लिए सचिन ने एक किराये का कमरा लिया। मकान मालिक को बताया कि हैदर उसकी पत्नी है। दोनों साथ में पति-पत्नी की तरह रहने लगे। महिला सचिन के साथ रबूपुरा के अंबेडकर नगर में पिछले 1 महीने से रहती थी। वह भारतीय नागरिकता पाने के लिए सचिन से शादी करने की फिराक में थी। इसी बीच पुलिस को इस बात की भनक लग गई। जब पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो महिला अपने 4 बच्चों, तीन बेटियों और एक बेटे को लेकर अपने प्रेमी सचिन के साथ फरार हो गई।अब अवैध रूप से ग्रेटर नोएडा में रह रही पाकिस्तानी महिला पुलिस की हिरासत में है।

पुलिस और गुप्तचर एजेंसी कर रही हैं पूछताछ

ग्रेटर नोएडा में अवैध रूप से रह रही पाकिस्तानी महिला सीमा हैदर और उसके चार बच्चों को पुलिस ने सोमवार को हिरासत में ले लिया।ग्रेटर नोएडा के पुलिस उपायुक्त साद मिया खान ने कहा कि पाकिस्तानी महिला और स्थानीय व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। महिला के चार बच्चे भी पुलिस हिरासत में हैं। नोएडा पुलिस ने महिला और उसके बच्चों को हरियाणा के पलवल से पकड़ा।फिहलहाल महिला से नोएडा पुलिस और गुप्तचर एजेंसी गहनता से पूछताछ कर रही हैं।

India

Jul 04 2023, 14:25

SCO Summit:पीएम मोदी का शहबाज शरीफ की मौजूदगी में आतंकवाद पर प्रहार, सीमा पर तनाव को लेकर चीन को घेरा

#pm_modi_at_sco 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मंगलवार को शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के शिखर सम्मेलन की बैठक की मेजबानी की। ये बैठक वर्चुअली आयोजित की गई। बैठक में रूस और चीन समेत एससीओ के सदस्य देश शामिल हुए।एससीओ शिखर सम्मेलन में पीएम मोदी ने बिना नाम लिए पाकिस्तान और चीन को जमकर खरी-खोटी सुनाई। आतंकवाद के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि आतंकियों को पनाह देने वाले देशों की आलोचना होनी चाहिए। यही नहीं, चीन को घेरते हुए पीएम मोदी ने कहा कि सभी देशों को दूसरे देशों की संप्रभुता और सीमा का सम्मान करना चाहिए।

एससीओ समिट की अध्यक्षता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की. इसमें चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भी हिस्सा लिया। ये सभी लोग वर्चुअली इस बैठक का हिस्सा बनें। पीएम मोदी ने कहा कि हम एससीओ को अपने पड़ोसियों के साथ आने के रूप में नहीं देखते हैं, बल्कि इसे एक परिवार के तौर पर देखा जाता है। सुरक्षा, आर्थिक विकास, कनेक्टिविटी, एकता, संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के लिए सम्मान और पर्यावरण संरक्षण एससीओ के लिए हमारे दृष्टिकोण के स्तंभ हैं।

बिना नाम लिए चीन-पाकिस्तान को धोया

मोदी ने आतंकवाद के मुद्दे पर पाकिस्तानी पीएम शहबाज शरीफ की मौजूदगी में खरी खोटी भी सुनाई। उन्होंने कहा, आतंकवाद क्षेत्रीय एवं वैश्विक शांति के लिए प्रमुख खतरा बना हुआ है। इस चुनौती से निपटने के लिए निर्णायक कार्रवाई आवश्यक है। आतंकवाद चाहे किसी भी रूप में हो, किसी भी अभिव्यक्ति में हो, हमें इसके विरुद्ध मिलकर लड़ाई करनी होगी। कुछ देश सीमा पार आतंकवाद को अपनी नीतियों के साधन के रूप में इस्तेमाल करते हैं। आतंकवादियों को पनाह देते हैं। एससीओ को ऐसे देशों की आलोचना में कोई संकोच नहीं करना चाहिए। आतंकवाद के मुद्दे पर दोहरा मापदंड नहीं होना चाहिए।

अफगानिस्तान की जमीन अस्थिरता फैलाने में न की जाए प्रयोग 

प्रधानमंत्री मोदी ने अफगानिस्तान के हालात पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि भारत और अफगानिस्तान के लोगों के बीच सदियों पुराने मैत्रीपूर्ण संबंध रहे हैं। पिछले दो दशकों में हमने अफगानिस्तान के आर्थिक और सामाजिक विकास के लिए योगदान दिया है। 2021 के घटनाक्रम के बाद भी हम मानवीय सहायता भेजते रहे हैं। यह आवश्यक है कि अफगानिस्तान की भूमि पड़ोसी देशों में अस्थिरता फैलाने या उग्रवादी विचारधाराओं को प्रोत्साहित करने के लिए प्रयोग न की जाए। 

एससीओ में भारत के पांच नए स्तंभ का जिक्र

पीएम मोदी ने संबोधन में कहा कि भारत ने एससीओ में सहयोग के लिए पांच नए स्तंभ बनाए हैं। ये पांच स्तंभ स्टार्टअप और इनोवेशन, पारंपरिक औषधि, युवा सशक्तिकरण, डिजिटल समावेशन और साझा बौद्ध विरासत है।पीएम मोदी ने कहा कि पिछले दो दशकों में एससीओ पूरे यूरेशिया क्षेत्र में शांति, समृद्धि और विकास के लिए एक महत्वपूर्ण मंच बनकर उभरा है। इस क्षेत्र के साथ भारत के हजारों साल पुराने सांस्कृतिक और लोगों के आपसी संबंध हमारी साझा विरासत का जीवंत प्रमाण हैं।