Bihar

Jun 25 2023, 15:01

विपक्षी गठबंधन का नाम यूपीए नहीं पीडीए होगा, शिमला की बैठक में लगेगी मुहर

डेस्क: लोकसभा चुनाव 2024 के लिए विपक्षी गठबंधन की कोशिशें जोरों से चल रही हैं। शुक्रवार को विपक्ष के 15 दल एक साथ आये और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास पर बैठक की। इस बैठक में तमाम विषयों पर चर्चा की गई। अनुमान लगाया जा रहा था कि इस बार भी इस गठबंधन का नाम UPA यानि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन या संप्रग होगा, लेकिन ऐसी संभावना कम है। सीपीआई की तरफ से जारी के प्रेस रिलीज में कहा गया है कि गठबंधन का नाम PDA यानि पेट्रियोटिक डेमोक्रेटिक एलाइंस होगा। 

सीपीआई की प्रेस रिलीज में किया गया है नाम का जिक्र 

CPI की तरफ से जारी प्रेस रिलीज में बताया गया है कि गठबंधन के नाम पर शिमला में होने वाली बैठक में मुहर लगेगी। इस प्रेस रिलीज में CPI नेता डी राजा के हवाले से नए गठबंधन का नाम PDA बताया गया है। बता दें कि इससे पहले समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने भी PDA नाम के जरिये पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक का गठजोड़ बताया था। इसके बाद सीपीआई की प्रेस रिलीज में भी इस नाम का जिक्र बता रहा है कि इस बार विपक्षी दलों के गठबंधन का नाम UPA से बदलकर PDA किया जाएगा।

नीतीश कुमार ने शुरू की थी कवायद 

बता दें की लोकसभा चुनाव 2024 के लिए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने तमाम विपक्षी दलों के नेताओं को पटना की इस बैठक में आने का न्योता दिया था, जिसके बाद शुक्रवार को यह बैठक हुई। अब अगली बैठक कुछ दिनों बाद हिमाचल प्रदेश के शिमला में होगी। शुक्रवार को हुई इस बैठक में 15 दलों के नेताओं ने हिस्सा लिया था। इस बैठक के बाद विपक्ष के तमाम नेताओं ने सयुंक्त रूप से मीडिया से भी बात की थी लेकिन गौर करने वाली बात यह रही कि इस प्रेस कांफ्रेंस से आम आदमी पार्टी के नेता गायब रहे थे।

Bihar

Jun 25 2023, 13:55

मेची नदी पर निर्माणाधीन पुल का एक पाया धंसने के मामले पर बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने कहा, बिहार का नहीं केंद्र सरकार का है प्रोजेक्ट

डेस्क : किशनगंज जिले में मेची नदी पर निर्माणाधीन पुल का एक पाया धंसने के मामले पर बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने कहा है कि इस पुल से बिहार सरकार का कोई लेना-देना नहीं है। यह केंद्र सरकार की भारत माला परियोजना अंतर्गत एनएचएआई का निर्माणाधीन पुल है। परियोजना के निर्माण से संबंधित एजेंसी और अधिकारियों को श्रेय और दंड देने का सर्वाधिकार एनएचएआई का है। इस पुल का बिहार सरकार के पथ निर्माण विभाग से कोई संबंध नहीं है।

नेशनल हाईवे 327 ई पर पुल का निर्माण जीआर इंफ्रा एजेंसी कर रही है। और NHAI की देखरेख में पुल बन रहा है। जिसकी लागत करीब 1500 करोड़ है। नेशनल हाईवे 327 E के चौड़ीकरण का काम हो रहा है जिसके लिए इसका निर्माण कराया जा रहा है। यह पुल बिहार के अररिया जिले को बंगाल के सिलीगुड़ी से जोड़ता है।

जानकारी के मुताबिक पुल चालू नहीं हुआ है। इस पर आवागमन नहीं हो रहा है। पुल का निर्माण कार्य हो चुका है लेकिन एप्रोच पथ नहीं बन पाने के कारण इसे खोला नहीं गया है। 

जानकारी के मुताबिक अररिया से गलगलिया के बीच 94 किलोमीटर एनएच 327 फोरलेन सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। शुरू होने से पहले पुल के क्षतिग्रस्त हो जाने से उसकी गुणवत्ता पर सवाल उठाए जा रहे हैं। प्रस्तावित सड़क पर अभी और कई पुल बनाए जाने हैं।

वहीं एनएचआई के परियोजना निदेशक अरविंद कुमार ने बताया है कि इस घटना की जांच कराई जा रही है। उन्होंने दावा किया है कि निर्माण की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। और अभी तक पुल पर यातायात शुरू नहीं हुआ था। लेकिन मानसून आने से पहले ही पुल के एक पाया के धंसने से ये मामला चर्चा का विषय बन गया है।

Bihar

Jun 25 2023, 10:52

बीजेपी के बयान पर जदयू राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने किया पलटवार, विपक्ष के बैठक से बौखला गई है भाजपा

डेस्क : बीते 23 जून को राजधानी पटना में विपक्ष की बैठक हुई थी। जिसे लेकर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने बड़ा बयान दिया था। उन्होंने इमरजेंसी की याद दिलाते हुए कहा था कि मुझे बड़ा आश्चर्य हुआ कि विपक्षी बिहार में गलबहियां कर रहे है। ये भूल गए कि जिस राहुल गांधी के साथ वे बैठक कर रहे है उनकी दादी ने इमरजेंसी के दौरान इन्ही नेताओं को जेल में डाला था। 

वहीं केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा था कि आज पटना में फोटो सत्र चल रहा है। वे प्रधानमंत्री मोदी को चुनौती देना चाहते हैं। मैं विपक्षी नेताओं से कहना चाहता हूं कि कितना भी साथ हो लो आपकी एकता संभव नहीं है। अगर एकता संभव हो भी गई तब भी कोई फायदा नहीं है। साल 2024 में मोदी 300 से अधिक सीटों के साथ फिर से प्रधानमंत्री बनेंगे।

इधर बीजेपी के इन वरिष्ठ नेताओं के बयान पर जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिहं की ओर से पलटवार किया गयाहै। उन्होंने कहा कि विपक्षी पार्टियों की बैठक से बौखलाए जेपी नड्डा अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। आपातकाल के दौरान लड़ाई हमारी इंदिरा गांधी जी से नहीं थी, हम तात्कालिक शासन-व्यवस्था से लड़ रहे थे। आज भी हमारी लड़ाई मौजूदा सरकार की तानाशाही नीति और संविधान विरोधी मानसिकता के खिलाफ है।

ललन सिंह ने कहा कि देश में आज की स्थिति घोषित आपातकाल से भी बदतर है। विडंबना है कि लोकतंत्र की हत्या करने वाली भाजपा आज आपातकाल की बात कर रही है। अगर अमित शाह ऐसा दावा करते हैं कि 300 सीट जीतकर मोदी पुन प्रधानमंत्री बनेंगे तो इसका अर्थ साफ है कि 2024 में भाजपा का बुरी तरह से सफाया होने वाला है। अमित शाह जब जब भाजपा की जीत की भविष्यवाणी करते हैं तब तब भाजपा बुरी तरह से हारती है।

कहा कि 2015 बिहार विधानसभा चुनाव में भी शाह ने सरकार बनाने का दावा किया था मगर चुनाव परिणाम के दिन भाजपा 53 सीट तक सिमटकर रह गई है। पश्चिम बंगाल, कर्नाटक और हिमाचल चुनाव के दौरान भी गृहमंत्री ने भारी बहुमत से सरकार बनाने का दावा किया था लेकिन हकीकत आज देश की जनता के सामने है। लिहाजा अगर आज अमित शाह 2024 में पुन सरकार बनाने का दावा करते हैं, यानी अब मोदी की विदाई तय है।

Bihar

Jun 25 2023, 09:59

बिहार में पैदा हो सकता है पानी का संकट, सभी जिलों में तेजी से नीचे जा रहा भूजल स्तर

डेस्क : बिहार के लिए एक बड़ी खबर है। प्रदेश में पानी का संकट पैदा हो सकता है। राज्य के सभी जिलों में भूजल का स्तर तेजी से नीचे जा रहा है। हाल यह है कि पिछले डेढ़ माह में ही जलस्तर चार मीटर तक नीचे चला गया है और यह सिलसिला जारी है। इसका परिणाम यह हो रहा है कि जलस्रोत तेजी से सूख रहे हैं। 

प्रदेश की की 37 नदियां, 16 जलाशय और 550 बड़े तालाबों के बाद कुंओं, आहर-पईन, ताल-तलैये भी तेजी से सूखने लगे हैं। नलकूपों की स्थिति लगातार बिगड़ रही है। चापाकल सूख रहे हैं। शहरों की कौन कहे, ग्रामीण क्षेत्रों में भी जलस्रोत संकट में हैं।

लघु जल संसाधन विभाग ने सभी जिलों से भूजल के आंकड़े संग्रहित किये हैं। इनमें मई-जून के अबतक के जो आंकड़े हैं, वे बेहद चौंकाने वाले हैं। सभी जिलों में भूजल का स्तर तेजी से नीचे गया है। इसमें सभी 534 प्रखंडों का भूजल स्तर तेजी नीचे जा रहा है। इस साल स्थिति बीते साल से अधिक खराब है। पिछले साल भूजल का स्तर 12 माह में औसतन 6 मीटर नीचे गया था, लेकिन इस साल केवल डेढ़ माह में ही यह 4 मीटर तक नीचे चला गया है। आने वाले दिनों में यह और नीचे जाएगा। 

विशेषज्ञों का मानना है कि भूजल स्तर नीचे जाने का यही क्रम रहा तो एक माह में 10 मीटर तक पानी नीचे जा सकता है। इसके कारण पेयजल से लेकर सिंचाई तक में परेशानी हो रही है। किसानों को फसलों की सिंचाई में समस्या पैदा हो रही है। वहीं, भूजल स्तर नीचे जाने से नलकूपों की स्थिति लगातार बिगड़ रही है। कई जिलों में तालाब-आहर-पइनों से भी पानी इसी वजह से गायब हो रहे हैं। भूजल का स्तर ठीक-ठाक रहता तो इन सबमें पानी की मात्रा भी ठीक-ठाक रहती। लेकिन जब भूजल ही नीचे जा रहा है तो जलस्रोतों का सूखना स्वाभाविक है। ऐसे तो सभी 38 जिलों में भूजल का स्तर नीचे जा रहा है। 

इस साल सबसे खराब हालात दक्षिण बिहार के हैं। इन्हीं इलाकों में सबसे तेजी से पानी नीचे जा रहा है। यही नहीं भरपूर पानी के लिए प्रसिद्ध सीमांचल-कोसी का क्षेत्र भी इस साल जल संकट की चपेट में है।

Bihar

Jun 25 2023, 09:45

अभिभावको और छात्र-छात्राओं के लिए खबर : 28 जून तक पटना के सभी स्कूल रहेंगे बंद, जिलाधिकारी ने जारी किया आदेश


डेस्क : प्रदेश में भीषण गर्मी का कहर जारी है। मानसून का कही अता-पता नहीं है। बारिश नहीं होने की वजह से राज्य के कई जिलों में आसमान से आग बरस रहा है। प्रचंड गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है। 

इधर गर्मी और दोपहर में उमस को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने पटना जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों को 24 की जगह 28 जून तक बंद करने का आदेश दिया है।

इससे पहले जिलाधिकारी ने 24 जून तक स्कूल बंद करने का आदेश दिया था, लेकिन मौसम में अपेक्षित सुधार नहीं होने के कारण अब 28 जून तक स्कूल बंद रहेंगे। इस आदेश के दायरे में कक्षा एक से12वीं तक के सभी सरकारी और निजी स्कूल आएंगे।

जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि दोपहर में गर्मी और उमस अधिक रह रही है, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य पर असर पड़ सकता है। इसलिए सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र को बंद करने को कहा गया है।

Bihar

Jun 24 2023, 15:14

पटना में विपक्षी दलों की बैठक के बाद आरजेडी के वरिष्ठ नेता शिवानंद तिवारी ने कहा, अरविंद केजरीवाल अपनी शर्तों पर गठबंधन करना चाहते हैं, उनमें और नरेंद्र मोदी में कोई फर्क नहीं


बिहार की राजधानी पटना में देश भर के विपक्षी दलों की बैठक में दिल्ली के मुख्यमंत्री एवं AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल की नाराजगी चर्चा में है। इस बीच लालू प्रसाद यादव की पार्टी आरजेडी ने केजरीवाल पर बड़ा बयान दिया है। आरजेडी के वरिष्ठ नेता शिवानंद तिवारी ने शनिवार को कहा कि अरविंद केजरीवाल अपनी शर्तों पर गठबंधन करना चाहते हैं। ऐसे में उनमें और नरेंद्र मोदी में कोई फर्क नहीं है। विपक्ष की बैठक में नेताओं ने केजरीवाल की बातों को नोटिस में नहीं लिया। सभी नेताओं ने उन्हें इग्नोर कर दिया।

आरजेडी नेता शिवानंद तिवारी ने एक मीडिया समूह से शनिवार को विपक्षी एकता बैठक पर कई बातें कहीं। उन्होंने कहा कि यह बैठक सफल रही है। साथ ही उन्होंने माना कि अरविंद केजरीवाल नाराज होकर बैठक से उठकर चले गए थे। शिवानंद ने कहा कि विपक्षी बैठक में केजरीवाल की अलग आवाज आई। हालांकि, किसी ने नोटिस नहीं लिया, किसी ने ध्यान नहीं दिया। उनकी कोई बखत नहीं है। 

शिवानंद तिवारी ने कहा कि अपनी शर्तों पर विपक्षी गठबंधन चाहते हैं। चाहते हैं कि लोकतंत्र को बचाया जाए, आप भी दूसरे ढंग से वही सवाल उठा रहे हैं। समझना चाहिए कि बैठक का एजेंडा वही है। केजरीवाल ने विपक्षी बैठक की शुरुआत में ही उसपर चर्चा की मांग कर दी। फिर उनमें और मोदी में क्या फर्क है। वे भी उसी तरह से तानाशाही चला रहे हैं। इसलिए सभी लोगों ने उन्हें इग्नोर कर दिया।

दरअसल, दिल्ली में ट्रांसफर-पोस्टिंग को लेकर केंद्र सरकार द्वारा लाए गए अध्यादेश के खिलाफ केजरीवाल की आम आदमी पार्टी राज्यसभा में सभी विपक्षी दलों से समर्थन चाहती है। कांग्रेस को छोड़कर लगभग सभी दलों ने उनका समर्थन किया है। वहीं, कांग्रेस का कहना है कि संसद के मॉनसून सत्र शुरू होने से पहले इस मुद्दे पर बातचीत की जाएगी। अब AAP ने चेतावनी दी है कि अगर कांग्रेस अध्यादेश पर केजरीवाल को सपोर्ट नहीं करती है, तो वे आगे उसके साथ किसी भी बैठक में शामिल नहीं होंगे।

Bihar

Jun 23 2023, 17:37

बीजेपी चाहती है की इतिहास बदला जाए, हम चाहते हैं की बिहार से इतिहास बचाया जाए : ममता बनर्जी

डेस्क : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि बीजेपी का अत्याचार हर ओर है। राज्यों में राजभवन को वैकल्पिक सरकार बनाया जा रहा है। कोई भी असहमत है तो उसके खिलाफ मोदी सरकार के ईडी, सीबीआई का सामन करना पड़ता है।

आज पटना में विपक्षी दलों की बैठक के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोलते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि हमें विपक्षी मत कहो। हम भी देशभक्त हैं, अगर मणिपुर जलता है तो हमें दर्द होता है। बीजेपी का अत्याचार हर ओर है। राज्यों में राजभवन को वैकल्पिक सरकार बनाया जा रहा है। कोई भी असहमत है तो उसके खिलाफ मोदी सरकार के ईडी, सीबीआई का सामन करना पड़ता है।

बनर्जी ने आगे कहा कि विपक्ष एकजुट है और एकजुट होकर लड़ेगा। उन्होंने कहा, पटना मे बैठक करने के लिए नीतीश कुमार को उन्होंने ही सुझाव दिया था। पटना से होने वाले आंदोलन हमेशा सफल हुए हैं। इसलिए मोदी सरकार को हटाने का जनांदोलन भी पटना से शुरू हुआ है। यह इतना महत्वपूर्ण है कि यहां से इतिहास की शुरुआत का प्रतीक है।" उन्होंने कहा कि विपक्षी नेता 2024 का चुनाव एक साथ लड़ेंगे, इसके अलावा उक्त बैठक का दूसरा दौर अगले महीने शिमला में होगा।

उन्होंने कहा कि हम एकजुट हैं, एकजुट होकर लड़ेंगे। इतिहास यहीं से शुरू हुआ, बीजेपी चाहती है कि इतिहास बदला जाए। और हम चाहते हैं कि बिहार से इतिहास बचाया जाए। हमारा मकसद इस फासीवादी सरकार के खिलाफ बोलना है।

Bihar

Jun 23 2023, 17:22

पटना में विपक्ष की महाबैठक संपन्न, नीतीश, ममता, राहुल, पवार ने साथ चुनाव लड़ने का किया एलान

डेस्क : केन्द्र की बीजेपी सरकार को सत्ता से बेदखल करने के लिए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी-जान से जुटे है। इसके लिए वे पूरे देश के विपक्षी पार्टी को एक करने की मुहिम चला रहे है। जिसमें आज उन्होंने पहली सफलता प्राप्त कर ली। 

आज 23 जून को बिहार की राजधानी पटना विपक्षी दलों की महाबैठक हुई। इस बैठक में 30 से ज्यादा विपक्षी नेता शामिल हुए। इस मीटिंग में आगामी 2024 के लोकसभा चुनाव बीजेपी के खिलाफ एकजुट होकर मैदान में उतरने की साझा रणनीति पर मंथन किया गया। विपक्षी दलों का ये महामंथन करीब 4 घंटे तक चला। वहीं बैठक की समाप्ति के बाद सभी नेताओं के लिए सीएम हाऊस में ही भोजन की व्यवस्था की गई थी। 

इस बैठक के बाद बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विपक्ष के नेताओं के साथ एक संयुक्त प्रेस-वार्ता किया। जिसमें नीतीश कुमार ने कहा कि आज की विपक्ष की बैठक में देश की सभी प्रमुख विपक्षी पार्टियों के नेताओं ने भाग लिया। यह एक अच्छी बैठक थी जिसमें मिलकर चुनाव लड़ने का निर्णय लिया गया। मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता में अगली बैठक होगी। एकसाथ चलने पर बात हुई है। अगली मीटिंग, अंतिम मीटिंग होगी। हम सब साथ रहेंगे, हम बीजेपी को 100 सीटों पर रोकेंगे। हम सब साथ रहे तो बीजेपी जरूर पराजित होगी।

राहुल गांधी ने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार का सारा डिश खिला दिया है। लिट्टी-चोखा से लेकर गुलाब जामुन तक। उन्होंने कहा कि आज सारे संवैधानिक संस्थानों पर भाजपा-आरएसएस आक्रमण कर रही है। आज विचारधारा की लड़ाई है तो हम सब एक साथ खड़े हैं। थोड़ा अलगाव है लेकिन हमने निर्णय लिया है कि हमलोग एक साथ काम करेंगे। कुछ ही समय में अगली मीटिंग होगी। आज जो हमने बातचीत की उसे और गहराई में ले जायेंगे। यह पूरी गहरी तरीके से आगे बढ़ने जा रही है।

कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने कहा कि एक होकर चुनाव लड़ने की सहमति बनी है, कॉमन एजेंडा बना है। विपक्ष की अगली बैठक 12 जुलाई को शिमला में हो सकती है। जल्द ही इस बारे में सभी पार्टियों को सूचित कर दिया जायेगा। हमने तय किया है कि बैठ कर एजेंडा बनाएं कि किन-किन चीजों पर हम निर्णय ले सकते हैं। हर राज्यों में हमलोगों को अलग तरह से काम करना पड़ेगा। हर राज्य के लिए अलग स्ट्रेटजी होनी चाहिए। एक होकर, एकजुट होकर 2024 की लड़ाई हमको लड़ना है और भाजपा को सत्ता से बाहर करने का निर्णय लिया गया है। इसमें हमलोग जरूर कामयाब होंगे। हम नीतीश कुमार का धन्यवाद करूंगा। 

वहीं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार पर जमकर प्रहार किया। प्रेस कांफ्रेंस में बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने कहा कि आज पटना में 17 पार्टी की मीटिंग हुई है। हमने कहा था कि पटना में मीटिंग करिए। पहले भी बहुत सारे जन आंदोलन पटना से शुरू हुआ था। दिल्ली में कई मीटिंग हुई लेकिन लाभप्रद नहीं रहा। इसलिए हमने कहा कि पटना से शुरू करो। इसका लाभ मिल रहा है। हम लोग एक हैं,साथ मिलकर लड़ेंगे और हमको विपक्ष मत बोलो। मणिपुर जलने से हमारा भी हाथ जलता है। भाजपा तानाशाही सरकार चला रही है। हमलोगों का इलेक्टेड सरकार है लेकिन राजभवन हस्तक्षेप करती है। जो भी खिलाफ बोलता है, ईडी-सीबीआई लगा देता है। मीडिया को कंट्रोल कर लिया है।  

जम्मू-कश्मीर के पूर्व सीएम उमर अब्दुल्ला ने कहा कि आज हमलोग लोकतंत्र बचाने के लिए यहां बैठे हैं। आज हमारे कश्मीर में लोकतंत्र को कुचला जा रहा है। पांच साल से जम्मू-कश्मीर में राष्ट्रपति शासन है। महबूबा मुफ्ती भी इस मुद्दे पर आज हमारे साथ हैं। चार राज्यों में चुनाव होने जा रहे हैं, वो सेमी फाईल है। इसके लिए तैयारी करनी है। अगली बैठक में और भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए जायेंगे।

Bihar

Jun 23 2023, 16:16

विपक्षी एकता पर भाजपा ने बोला हमला, एक कार्टून में नेताओं के हाथ पर फूल तो दूसरी में नेताओं की पीठ पीछे छिपाए गए हाथ में चाकू, आरी और खंजर दिखाए


 बिहार की राजधानी पटना मे विपक्षी दलों की महाबैठक में 15 दलों के दिग्गज नेता शामिल हैं। सीएम नीतीश कुमार के आवास पर बैठक हुई। जिसमें सभी दलों के एकजुट होने और गठबंधन के स्वरूप पर चर्चा हो रही है। दूसरी तरफ बिहार बीजेपी ने विपक्ष के महाजुटान पर ट्वीट कर तंज कसा है। कार्टून के जरिए विपक्षी एकता पर हमला बोला गया है।

बिहार बीजेपी ने एक ट्वीट किया, जिसमें एक कार्टून के जरिए सभी विपक्षी दलों के नेताओं के हाथ पर फूल दिखाए गए हैं। फिर दूसकी फोटो में उन्ही नेताओं की पीठ पीछे छिपाए गए हाथ में लिए चाकू, आरी और खंजर दिखाए गए हैं। लिखा है कि जैसे ही मिलेगा मौका, एक-दूसरे को देंगे धोखा। फोटो की होर्डिंग में लिखा है महाठगबंधन की एकता 23 जून 2024।

इससे पहले भी विपक्षी एकता की बैठक को लेकर बीजेपी लगातार हमलावर रही है। पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद बैठक को 2024 की बारात बताकर दूल्हा पूछ रहे हैं। तो वहीं बिहार बीजेपी अध्यक्ष सम्राट चौधरी विपक्षी एकता को ठग्स ऑफ गठबंधन करा दे रहे है। वहीं बीजेपी के अन्य नेता बैठक को लिट्टी-चोखा और टी पार्टी बता चुके हैं।

 विपक्षी एकता की महाबैठक में 15 दलों के दिग्गज नेता शामिल हुए हैं। जिसमें दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खगरे, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प.बंगाल की सीएम ममता बनर्जी, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, शिवसेना (उद्धव) के चीफ उद्धव ठाकरे, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन, पीडीपी की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती, नेशनल कॉन्फ्रेंस के संरक्षक फारुख अब्दुल्ला समेत सीपीआई और सीपीएम के भी कई नेता शामिल हुए है।

Bihar

Jun 23 2023, 16:08

पटना में पोस्टर वॉर, भाजपा कार्यालय के बाहर लगे पोस्टर में राहुल गांधी को बताया देवदास, लिखा - अब वो दिन दूर नहीं जब लोग कहेंगे राजनीति छोड़ दो


पटना में सभी प्रमुख विपक्षी दलों के नेताओं की बैठक चल रही है।

विपक्षी एकता की बैठक से पहले पटना में पोस्टर वॉर शुरू हो गई है। बीजेपी दफ्तर के बाहर राहुल गांधी के पोस्टर लगे हैं। जिसमें उन्हें रीयल लाइफ देवदास बताया गया है। राहुल गांधी की तुलना फिल्म देवदास के शाहरुख खान से की गई है। इस पोस्टर में राहुल पर तंज करते हुए लिखा है कि अब वो दिन दूर नहीं जब लोग सब मिलकर कहेंगे अब राजनीति छोड़ दो।

पोस्टर में राहुल गांधी की फोटो लिखी है। कैप्शन दिया है रीयल लाइफ देवदास। पोस्टर में पहले देवदास का किरदास निभाने वाले शाहरुख खान का डायलॉग लिखा है। नीचे लिखा है कि ममता दीदी ने कहा बंगाल छोड़ दो...केजरीवाल ने कहा दिल्ली-पंजाब छोड़ दो...लालू-नीतीश ने कहा बिहार छोड़ दो...अखिलेश ने कहा उत्तर प्रदेश छोड़ दो...स्टालिन ने कहा तमिलनाडु छोड़ दो...वो दिन दूर नहीं जब सब मिलकर कहेंगें कि राहुल राजनीति छोड़ दो। यह पोस्ट कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था जिस पर कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णन ने भी चुटकी ली थी कि ये बीजेपी हटाओ विपक्षी एकता है या कांग्रेस मुक्त भारत बनाने की तैयारी।

 आप के पोस्टर जिसमें अरविंद केजरीवाल को भावी प्रधानमंत्री बताया गया था इस पर भी सवाल उठाए गए। नीतीश कुमार को पीएम मोदी का खामसखास। जिसके बाद AAP ने सफाई देते हुए इसे बीजेपी की साजिश करार दिया था। वैसे विपक्षी एकता की बैठक से पहले ही पूरा पटना पोस्टर्स से पटा पड़ा है। सबसे ज्यादा पोस्टर कांग्रेस पार्टी के दिख रहे हैं। जिसमें राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे की फोटो लगी हुई है। अब पोस्टर के जरिए विपक्षी दलों पर बीजेपी निशाना साध रही है।