‘द इंडियन लेनिन बाबू जगदेव’ को मिल रहा दर्शकों का भरपूर प्यार, सफलता पर आयोजित हुई प्रेस वार्ता
गया। अमर शहीद बाबू जगदेव प्रसाद के संघर्षमय जीवन पर आधारित फिल्म ‘द इंडियन लेनिन बाबू जगदेव’ देशभर के सिनेमाघरों में दर्शकों का भरपूर समर्थन प्राप्त कर रही है। 29 मई को इस फिल्म को देश के लगभग पांच दर्जन प्रमुख सिनेमाघरों में एक साथ प्रीमियम रिलीज किया गया था। रिलीज के बाद से फिल्म को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
फिल्म की सफलता के उपलक्ष्य में गया स्थित एम्यूज अरीना सिनेमा हॉल के सभागार में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर फिल्म के निर्देशक प्रेम कुमार विद्यार्थी, निर्माता सिद्धार्थ कुमार, सुभाष दांगी, बाल कलाकार सचिन तिवारी सहित कई कलाकार एवं फिल्म से जुड़े अन्य लोग मौजूद रहे।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए निर्देशक प्रेम कुमार विद्यार्थी ने कहा कि यह फिल्म सामाजिक न्याय, समानता और स्वाभिमान के प्रतीक बाबू जगदेव प्रसाद के संघर्ष और विचारों पर आधारित है। उन्होंने कहा कि फिल्म के माध्यम से नई पीढ़ी को उनके जीवन से प्रेरणा लेने और समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए आगे बढ़ने का संदेश दिया गया है।
कार्यक्रम के दौरान एम्यूज अरीना सिनेमा हॉल के निदेशक मुकुल मोहित ने सभी कलाकारों और निर्माताओं को फूलों का गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने फिल्म की सफलता पर पूरी टीम को बधाई दी और कहा कि ऐसी फिल्में समाज को नई दिशा देने का काम करती हैं।
प्रीमियर शो में बड़ी संख्या में दर्शकों ने फिल्म देखी और बाबू जगदेव प्रसाद के संघर्ष, त्याग एवं विचारों को याद किया। दर्शकों ने फिल्म की कहानी और प्रस्तुति की सराहना करते हुए इसे समाज में जागरूकता फैलाने वाली प्रेरणादायक फिल्म बताया। फिल्म के माध्यम से बाबू जगदेव प्रसाद के विचारों को देशभर तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है, जिसे लोगों का सकारात्मक समर्थन मिल रहा है।
Jun 01 2026, 10:39
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
10.1k