बिहार में सियासी हलचल: पूर्व मंत्री रामाधार सिंह ने छोड़ी भाजपा, बनाया 'मगध विकास मोर्चा'
औरंगाबाद: बिहार की राजनीति में एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। भाजपा के दिग्गज नेता और पूर्व सहकारिता मंत्री रामाधार सिंह ने पार्टी से बगावत कर अपना नया राजनीतिक संगठन 'मगध विकास मोर्चा' बनाने का ऐलान किया है।
![]()
उन्होंने रविवार को स्पष्ट कर दिया कि वह अब भाजपा में नहीं रहेंगे और आगामी विधानसभा चुनाव में मगध प्रमंडल की कई सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेंगे।
भाजपा को छोड़ने का ऐलान
रामाधार सिंह ने बताया कि उन्होंने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल को फोन पर ही पार्टी छोड़ने की सूचना दे दी है। उन्होंने घोषणा की कि सोमवार को वह औपचारिक रूप से अपने नए संगठन की शुरुआत करेंगे। रामाधार सिंह खुद औरंगाबाद से चुनाव लड़ेंगे और उन्होंने पांच अन्य सीटों के लिए भी उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं।
चुनावी वादे और मैनिफेस्टो
पूर्व मंत्री ने कहा कि उनके नए मोर्चे का घोषणा पत्र 'भूमि सर्वेक्षण को तत्काल बंद करने' और 'भाजपा में आए दलबदलू नेताओं को बाहर करने' जैसे मुद्दों पर केंद्रित होगा। किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया गया है। उन्होंने वादा किया कि यदि उनके उम्मीदवार जीतते हैं, तो उत्तर कोयल नहर का पानी गुरुआ-टेकारी तक, तिलैया डैम का पानी वजीरगंज तक, सोनदाहा डैम का पानी आमस तक और पुनपुन नदी का पानी जहानाबाद तक पहुंचाया जाएगा।
खेत बेचकर करेंगे चुनावी फंडिंग
रामाधार सिंह ने तंज कसते हुए कहा, "भाजपा को बनाने के लिए हमने 30 बीघा जमीन बेची थी, अब इसे बिगाड़ने के लिए 50 बीघा जमीन बेचेंगे।" उन्होंने साफ कर दिया कि वह न केवल खुद चुनाव लड़ेंगे, बल्कि अपने उम्मीदवारों को भी पूरी मदद करेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष पर हमला
उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल पर सीधा हमला बोलते हुए उन्हें 'धर प्रतिनिधि' बताया और आरोप लगाया कि वे भ्रष्ट हैं। सिंह ने दावा किया कि उन्होंने ही दिलीप जायसवाल को एक बोर्ड का चेयरमैन बनवाया था।
पिछले दो विधानसभा चुनावों में हार के बाद रामाधार सिंह पार्टी से नाराज चल रहे थे। औरंगाबाद सीट से टिकट न मिलने की संभावना को देखते हुए उन्होंने यह बड़ा कदम उठाया है। मगध प्रमंडल में उनका अच्छा प्रभाव माना जाता है, और उनके इस कदम से भाजपा और एनडीए के चुनावी समीकरणों पर बुरा असर पड़ सकता है।
Aug 27 2025, 18:46