जहानाबाद किसानों का दर्द छलका — “मार तो दिया, अब पिंडदान कर दे”
![]()
जहानाबाद: फल्गु नदी की बाढ़ से मत्स्य पालन और किसानों को करोड़ों का नुकसान
जहानाबाद। झारखंड में हुई भारी बारिश से बिहार की फल्गु नदी उफान पर है। इसका असर गया, जहानाबाद और नालंदा जिलों पर सबसे ज्यादा पड़ा है। नदी का पानी गांवों में घुसते ही कई घर ढह गए, धान की फसलें बर्बाद हो गईं और मत्स्यपालकों की मेहनत पर पानी फिर गया। जीरा मछली से लेकर तैयार मछलियां तक बाढ़ का पानी बहाकर ले गया।
जहानाबाद जिले के घोसी प्रखंड स्थित भारथु गांव में बड़े पैमाने पर मत्स्य पालन होता है। इस बार आई बाढ़ ने यहां एक से दो करोड़ रुपये तक का नुकसान कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि बाढ़ ने उनकी रोजी-रोटी छीन ली है। मजदूरी करने वाले बेरोजगार हो गए हैं, जबकि किसान और मत्स्यपालक कर्ज के बोझ तले दब गए हैं।
मत्स्यपालकों का दर्द
मत्स्यपालक किसान दुर्गेश कुमार ने कहा—
“हमने करीब 50 लाख रुपये मत्स्य पालन में लगाए थे। बाढ़ से अब तक 25 लाख का नुकसान हो चुका है। 15 दिन पहले भी यही स्थिति हुई थी। प्रशासन ने वादा किया था कि तटबंध को दुरुस्त करेंगे, लेकिन 5 मिनट भी पानी का दबाव नहीं झेल सका और पूरा इलाका जलमग्न हो गया। अब तो हालात ऐसे हैं कि जीने की उम्मीद खत्म हो गई है। पिंडदान ही कर दीजिए।”ग्रामीणों का आक्रोश
भारथु गांव की सीता कुमारी ने कहा—
“बाढ़ ने हमारी जिंदगी नरक बना दी है। बच्चे तक बाढ़ का पानी पीकर जिंदा रहे। प्रशासन और नेता सिर्फ फोटो-वीडियो खिंचवाने आते हैं, मदद कोई नहीं करता। अगर यही हाल रहा तो इस बार हम चुनाव का बहिष्कार करेंगे।”मदद की आखिरी उम्मीद
ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन और नेताओं ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। दो बार बाढ़ आ चुकी है, लेकिन तटबंध की मजबूती पर ध्यान नहीं दिया गया। परिणामस्वरूप करोड़ों की मछली बर्बाद हो गई और किसानों की फसलें डूब गईं। अब ग्रामीण सिर्फ सरकार और प्रशासन से राहत और मुआवजा मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
Aug 26 2025, 10:24