पुलिस पर हमले में 40 पर के 4 हिरासत में लिए गए,पुलिस को पथराव का वीडियो बनाते देखा भड़के आरोपित
![]()
खजनी गोरखपुर। सिकरीगंज थाना क्षेत्र के कन्हौली गांव में रविवार को पुलिसवालों पर हमला और बंधक बनाने के मामले में सिकरीगंज थाने के एसएसआई की तहरीर पर पुलिस ने 40 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जिनमें 15 नामजद और 25 अज्ञात बताए गए हैं। सिकरीगंज पुलिस ने दोनों पक्षों से महातम यादव, श्रवन यादव, राजन यादव, नीरज यादव इन चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
मामले में पुलिस ने श्रवण पक्ष से श्रवण यादव व उसके चाचा महातम यादव जबकि राजन पक्ष से राजन यादव और राजन यादव को गिरफ्तार किया है। देर रात तक गांव में फोर्स तैनात रही और आरोपितों की तलाश में लगातार दबिश दी गई।
मिली जानकारी के अनुसार श्रवण यादव और राजन यादव के बीच बीते छह साल से भूमि विवाद चल रहा था। विवाद इतना गहरा था कि उनके खेत कई साल से परती छूटे हुए थे। हालांकि दो साल पहले विवाद का निपटारा हो गया था। बताया गया कि रविवार को दोनों पक्षों के बीच बाइक आमने-सामने आने के बाद कौन पीछे हटेगा इसको लेकर विवाद शुरू हो गया था। दोनों पक्ष ने अपनी दबंगई साबित करने का प्रयास किया। श्रवण पक्ष का आरोप था कि पुलिस जब पहली बार आई तब भी राजन पक्ष को थाने नहीं ले गई। उधर शाम को विवाद के बाद पथराव की सूचना पाकर चौकी इंचार्ज दुघरा राकेश कुमार और सिपाही विनीत कुमार मौके पर जा पहुंचे, और पथराव की घटना का वीडियो बनाने लगे।
पुलिस को देखकर दोनों पक्षों को लगा कि पुलिस एक-दूसरे के विरोधियों ने बुलाया है, इस बीच पुलिस को पथराव का वीडियो बनाता देख दोनों पक्ष के लोग भड़क उठे और पुलिस टीम पर हमला कर दिया तथा दोनों पुलिसवालों की पिटाई के बाद उन्हें कमरे में बंद कर दिया। घटना की सूचना पर पहुंचे सीओ खजनी उदय प्रताप सिंह और एसपी नार्थ जितेंद्र श्रीवास्तव ने मौके पर पहुंच कर बंधक बनाए गए दोनों पुलिसकर्मियों को छुड़ा कर इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। घटना की जानकारी लेने के बाद सिकरीगंज पुलिस ने श्रवण यादव के दरवाजे पर खड़े ट्रैक्टर तथा तीन बाइक को कब्जे में लेकर सिकरीगंज थाने पर भेज दिया है। घटना के बाद कन्हौली गांव में एहतियातन फोर्स लगा दी गई है। वहीं पुलिसवालों पर हमले के आरोपितों की तलाश में पुलिस की तीन टीमों की दबिश जारी है। पुलिस ने अब तक चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।मिली जानकारी के अनुसार श्रवण यादव पहले आईटीबीपी का जवान था किन्तु पांच साल पहले नौकरी छोड़कर अब घर पर ही रहने लगा था।






















Nov 25 2024, 16:48
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
19.5k