अमित शाह ने चुनावी जनसभा में कही बड़ी बात, नीरज सांसद बनेंगे, मोदी पीएम बनेंगे और स्व. चन्द्रशेखर को श्रद्धांजलि मिलेगी
संजीव सिंह ,बलिया।शहर से सटे माल्देपुर मोड़ के पास बुधवार को आयोजित जनसभा में गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भारत को दुनिया में पांचवें नंबर की अर्थव्यवस्था बना दिया है। इस बार मोदी प्रधानमंत्री बनेंगे तो देश दुनिया में नंबर वन और यूपी देश में नंबर वन बनेगा। बलिया के लोगों ने वीरेन्द्र सिंह मस्त को वोट दिया तो कश्मीर से धारा 370 समाप्त हुआ। पीओके को लेकर कांग्रेस वाले डराते हैं। राहुल बाबा हम भाजपा वाले एटम बम से नहीं डरते। पीओके हमारा है, हम लेकर रहेंगे।
वोट की ताकत को समझाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश से आतंकवाद समाप्त किया। कांग्रेस, सपा व बसपा राज में बम धमाके होते थे। कोई कुछ नहीं करता था। देश ने देखा कि उरी व पुलवामा में हमला हुआ तो मोदी ने पाकिस्तान में घुसकर आतंकवाद का खात्मा किया। मोदी ने देश से नक्सलवाद समाप्त किया। याद दिलाया कि यूपी में सपा-बसपा के दौर में माफिया परेशान करते थे। भाजपा सरकार आयी तो मुख्यमंत्री योगी ने माफियाओं को उल्टा लटकाकर सीधा किया। भाजपा ने पूर्वांचल को मच्छर और माफिया को खत्म किया। पूर्वांचल में अब कट्टे की जगह ब्रम्होस बनते हैं। बूचड़खाने की जगह गौशाला बन रहा है।
गृह मंत्री ने कहा कि सपा शासन में बिजली चार घण्टे आती थी। हां, रमजान में पूरी बिजली आती थी। लेकिन वोट की ताकत है कि भाजपा सरकार में 18 घंटे बिजली आती है। कांग्रेस पिछड़ा विरोधी पार्टी है। कर्नाटक और हैदराबाद में धर्म के आधार पर मुसलमानों को आरक्षण दिया। जब तक भाजपा का एक भी सांसद है, पिछड़े वर्गों के आरक्षण को हाथ नहीं लगाने देंगे।
मोदी ने उत्तर प्रदेश में 14 एक्सप्रेस वे बनाया गया है। 209 एयरपोर्ट हैं। 12 शहरों में मेट्रो चलाने का काम किया। 22 मेडिकल कालेज बन रहे हैं। दो एम्स बने हैं। 24 लाख हेक्टेयर सिंचाई का काम हुआ। ट्रिपल आईटी, मेगा फूडपार्क बन रहा है। उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने का काम मोदी ने किया है। कहा कि बलिया में मेडिकल कॉलेज एक साल में बनेगा। जिले में हुए विकास कार्यों की फेहरिस्त गिनाते हुए कहा कि बलिया में 75 हजार आवास बने हैं। दो लाख 20 हजार गैस सिलेंडर दिये हैं।
चार लाख 23 हजार किसानों को सम्मान निधि दिया है। इस अवसर पर भाजपा प्रत्याशी नीरज शेखर, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, राज्यमंत्री रजनी तिवारी, मंत्री दानिश आजाद अंसारी, सांसद वीरेन्द्र सिंह मस्त, विधायक मनोज पाण्डेय, विजय बहादुर दूबे, उपेंद्र तिवारी, आनंद स्वरूप शुक्ल आदि थे। संचालन राजीव मोहन चौधरी ने किया
Jun 03 2024, 09:20