मोदी का मुरीद हुआ ड्रैगन, चीन के ग्लोबल टाइम्स ने की भारत की नीतियों और प्रधानमंत्री के नेतृत्व की तारीफ
#china_acknowledged_indias_strength_global_times_praised_pm_modi
हाल के कुछ सालों में भारत ने आर्थिक और कूटनीति रूप से अपनी अलग पहचान बनाई है। भारत की आर्थिक नीति, कूटनीति का लोहा पूरी दुनिया मान रही है। यही वजह है कि फिर चाहे रूस-यूक्रेन युद्ध या इजराइल-गाजा के बीच का तनाव दुनिया के कई देशों और राष्ट्रप्रमुखों ने भारत से हस्तक्षेप करने की वकालत की है। इस बीच चीन सरकार के मुखपत्र कहे जाने वाले ग्लोबल टाइम्स ने अपने लेख में बदलते और विकसित होते भारत की जमकर तारीफ की है। ग्लोबल टाइम्स ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को काफी सराहा है। अपने लेख में कहा कि भारत वर्तमान समय में आर्थिक, सामाजिक, और विदेश नीति के नए पर्याय बना रहा है और असाधारण प्रगति कर रहा है। ग्लोबल टाइम्स ने यह भी कहा कि भारत अब विकसित भारत बनने में रणनीतिक रूप से पहले की तुलना में और ज्यादा सक्रिय हो गया है।
![]()
ग्लोबल टाइम्स चीन का सरकारी अखबार है और इसमें प्रकाशित लेखों को चीन की सरकार के विचार माना जाता है। ताजा लेख चीन की शंघाई स्थित फुदान यूनिवर्सिटी के दक्षिण एशिया मामलों के जानकार झांग जियादोंग ने लिखा है। लेख में भारत की पिछले चार वर्षों की उपलब्धि पर उल्लेखनीय प्रकाश डाला गया है। इसमें बताया गया है कि भारत की मजबूत आर्थिक वृद्धि, शहरी शासन में सुधार और अंतरराष्ट्रीय संबंधों, विशेष रूप से चीन के साथ दृष्टिकोण में लगातार बदलाव हो रहा है। झांग लिखते हैं कि 'उदाहरण के लिए, जब चीन और भारत के बीच व्यापार असंतुलन के मुद्दे पर चर्चा होती थी तो भारतीय प्रतिनिधियों का फोकस पहले असंतुलन दूर करने के लिए चीन द्वारा उठाए गए कदमों पर ही होता था, लेकिन अब भारतीय प्रतिनिधि भारत की निर्यात क्षमता को बढ़ाने पर फोकस करते हैं। तेज आर्थिक विकास और सामाजिक विकास के चलते भारत अब पहले से ज्यादा रणनीतिक रूप से विश्वास से भरा हुआ है।
इसके अलावा, लेख में मोदी के नेतृत्व में भारत की विदेश नीति की रणनीति की सराहना की गई, इसमें देश के बहु-संरेखण दृष्टिकोण और अमेरिका, जापान और रूस जैसी प्रमुख वैश्विक शक्तियों के साथ संबंधों को मजबूत करने पर प्रकाश डाला गया, जबकि रूस-यूक्रेन संघर्ष में एक सूक्ष्म रुख प्रदर्शित किया गया। लेख में कहा गया है कि विदेश नीति में भारत की रणनीतिक सोच में एक और बदलाव आया है और वह स्पष्ट रूप से एक महान शक्ति रणनीति की ओर बढ़ रहा है।
लेख के अंत में लिखा गया है कि ऐसा लगता है कि पूरी तरह से बदला हुआ, मजबूत भारत आज एक नया भूराजनैतिक फैक्टर बन गया है और कई देश इसके साथ अपने संबंध मजबूत करना चाहते हैं।









Jan 05 2024, 10:14
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
3.7k