रांची में मनाया गया क्यूबा एकजुटता दिवस, अमेरिकी आर्थिक प्रतिबंधों की कड़ी निंदा
रांची, 13 अगस्त 2026: भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) [CPI(M)] द्वारा गुरुवार को रांची में क्यूबा एकजुटता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर क्यूबा की जनता के प्रति एकजुटता व्यक्त करते हुए समाजवादी देश क्यूबा पर संयुक्त राज्य अमेरिका द्वारा दशकों से लगाए जा रहे आर्थिक प्रतिबंधों की कड़ी निंदा की गई।
![]()
सभा को संबोधित करते हुए CPI(M) के राज्य सचिव प्रकाश विप्लव ने कहा कि अमेरिकी साम्राज्यवादी शक्तियां क्यूबा की समाजवादी व्यवस्था से लगातार भयभीत रही हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 1959 की क्यूबा क्रांति, फिदेल कास्त्रो और चे ग्वेरा के नेतृत्व में, अमेरिका के पड़ोस में समाजवादी सरकार की स्थापना का ऐतिहासिक उदाहरण बनी और उसने साम्राज्यवाद को मजबूत चुनौती दी। इस क्रांति ने पूरे लैटिन अमेरिका में क्रांतिकारी आंदोलनों को भी प्रेरित किया।
![]()
CITU के जिला सचिव प्रतीक मिश्रा ने कहा कि अमेरिका द्वारा क्यूबा की समाजवादी व्यवस्था को कमजोर करने के लगातार प्रयासों के बावजूद क्यूबा ने अपनी समाजवादी व्यवस्था को कायम रखा है।
![]()
CITU के राज्य महासचिव विश्वजीत देव ने कहा कि अमेरिकी प्रतिबंधों का क्यूबा की अर्थव्यवस्था और आम जनता के जीवन पर गंभीर असर पड़ा है। खाद्यान्न और ईंधन जैसी आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि क्यूबा वर्तमान में गंभीर बिजली संकट का भी सामना कर रहा है, जिससे वहां की जनता को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
![]()
CPI(M) राज्य सचिवमंडल सदस्य समीर दास ने आरोप लगाया कि अमेरिका क्यूबा में प्रति-क्रांति के जरिए अपनी पसंद की सरकार स्थापित करना चाहता है। उन्होंने कहा कि तमाम आर्थिक कठिनाइयों और बाहरी दबावों के बावजूद क्यूबा की कम्युनिस्ट पार्टी और वहां की जनता समाजवाद की रक्षा के लिए दृढ़ता से खड़ी है।
कार्यक्रम को अमन कुमार, फ़राज़ अब्बास और सोनाली ने भी संबोधित किया। प्रफुल्ल लिंडा ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
वक्ताओं ने कहा कि देशभर में क्यूबा एकजुटता दिवस का आयोजन क्यूबा की जनता के प्रति समर्थन और एकजुटता व्यक्त करने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने अमेरिकी आर्थिक प्रतिबंधों को समाप्त करने और क्यूबा की संप्रभुता एवं समाजवादी व्यवस्था के खिलाफ हस्तक्षेप बंद करने की मांग की।
उल्लेखनीय है कि 13 अगस्त 2026 से महान क्यूबाई क्रांतिकारी नेता फिदेल कास्त्रो के जन्मशती वर्ष की शुरुआत भी हो रही है। इस अवसर पर वक्ताओं ने क्यूबा की क्रांति, उसके समाजवादी संघर्ष और साम्राज्यवाद-विरोधी भूमिका को याद करते हुए क्यूबा की जनता के साथ एकजुटता व्यक्त की।








Aug 13 2026, 19:37
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
2.2k