*गंगा दशहरा पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब: सीतामढ़ी घाटों पर हज़ारों श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी, पुलिस रही मुस्तैद*
![]()
नितेश श्रीवास्तव
भदोही। गंगा दशहरा के पावन पर्व पर बृहस्पतिवार को पूरे जिले में श्रद्धा और आस्था का अभूतपूर्व नज़ारा देखने को मिला। खासकर पौराणिक धार्मिक स्थल सीतामढ़ी महर्षि वाल्मीकि गंगा घाट पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह ब्रह्म मुहूर्त से ही लोग स्नान के लिए घाटों की ओर रवाना होने लगे और देखते ही देखते घाटों पर हर ओर “हर हर गंगे” के जयकारे गूंजने लगे।
गंगा दशहरा को गंगा अवतरण का दिन माना जाता है। मान्यता है कि राजा भगीरथ के तप से प्रसन्न होकर माता गंगा उनके पूर्वजों को मुक्ति दिलाने स्वर्ग से धरती पर अवतरित हुई थीं। इसी पुण्य स्मृति में हर वर्ष ज्येष्ठ शुक्ल दशमी को यह पर्व मनाया जाता है। बृहस्पतिवार को हजारों श्रद्धालु सीतामढ़ी घाट पहुंचे और गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। महिलाएं, पुरुष, वृद्ध और बच्चे – सभी पर श्रद्धा का रंग चढ़ा हुआ था। घाटों पर शंखनाद, घंटा-घड़ियाल की गूंज और मंदिरों में होने वाली विशेष पूजन-अर्चन से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए कोइरौना थाना प्रभारी छोटक यादव खुद मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने अपनी टीम के साथ पूरे घाट क्षेत्र में लगातार चक्रमण किया। पुलिस बल द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए गए थे ताकि कोई भी अनहोनी न हो। नगर पंचायत, स्वास्थ्य विभाग व ग्राम पंचायत की ओर से भी सफाई और पेयजल की बेहतर व्यवस्था की गई थी। अस्थाई शौचालय, प्राथमिक चिकित्सा शिविर और जल वितरण केंद्र श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाट के पास लगाए गए थे।
Jun 05 2025, 15:45