मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने बिनोद बिहारी महतो की प्रतिमा का किया अनावरण
![]()
धनबाद, राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज धनबाद के बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय परिसर में झारखंड के अगुवा, पुरोधा और मार्गदर्शक बिनोद बिहारी महतो की नवनिर्मित प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर दोनों गणमान्य व्यक्तियों ने पुष्पांजलि अर्पित कर बिनोद बिहारी महतो को नमन किया।
![]()
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रतिमा अनावरण समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि बिनोद बिहारी महतो के नाम पर स्थापित यह विश्वविद्यालय बहुत कम समय में ही कई नए आयाम गढ़ रहा है और विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा प्रदान करने के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
शिक्षा व्यवस्था में सुधार की दिशा में सरकार प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री ने बताया कि झारखंड की भौगोलिक संरचना को ध्यान में रखते हुए सरकार यहां के लोगों को अधिक से अधिक सुविधाएं मुहैया कराने के लिए कई कदम उठा रही है। इसी क्रम में बिनोद बिहारी महतो विश्वविद्यालय की स्थापना धनबाद में की गई, ताकि यहां के विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा मिल सके। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह विश्वविद्यालय आज पूरे राज्य की शोभा बढ़ा रहा है और यहां के विद्यार्थियों का भविष्य संवारने का काम बखूबी निभा रहा है।
शहीदों और आंदोलनकारियों को सम्मान देने की परंपरा जारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड राज्य आंदोलन की उपज है और शहीदों के नाम से जाना जाता है। राज्य के निर्माण में पूर्वजों के अहम योगदान को स्वीकार करते हुए, सरकार शहीदों और आंदोलनकारियों को सम्मान देने की परंपरा का निर्वहन कर रही है। इसी कड़ी में कई संस्थानों का नामकरण यहां के शहीदों के नाम पर किया गया है, जिसका परिचायक धनबाद का बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय भी है। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य के कई शहर, गांव, टोला-मोहल्ले और गलियां शहीदों के नाम से जाने जाते हैं, और चौक-चौराहों पर लगी प्रतिमाएं उनके अहम योगदान की याद दिलाती हैं। उन्होंने कहा कि सरकार शहीदों और आंदोलनकारियों के सम्मान में उनके कार्यों को स्थापित करने की दिशा में निरंतर कदम बढ़ा रही है।
शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक परिणाम
मुख्यमंत्री ने प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में सरकार द्वारा किए गए बदलावों के सकारात्मक परिणामों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने सीमित संसाधनों के बावजूद इस वर्ष बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। उन्होंने दोहराया कि शिक्षा की गुणवत्ता में वृद्धि और कमियों को दूर करने का प्रयास निरंतर जारी है।
इस अवसर पर मंत्री श्री सुदिव्य कुमार, सांसद श्री चंद्रप्रकाश चौधरी, विधायक श्री मथुरा प्रसाद महतो, विधायक श्री अरुप चटर्जी, विधायक श्री चंद्रदेव महतो, विधायक श्री राज सिन्हा, विधायक श्री उमाकांत रजक, विधायक श्री जयमंगल सिंह, विधायक श्री शत्रुघ्न महतो, विधायक श्री जयराम महतो, झारखंड राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष श्रीमती बेबी देवी सहित कई अन्य गणमान्य लोग, बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ आर के सिंह, जिले के उपायुक्त, वरीय पुलिस अधीक्षक तथा विश्वविद्यालय एवं जिला प्रशासन के कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद थे।
6 hours ago