रांची में भाजपा नेता प्रतुल शाहदेव को पुलिस ने लिया हिरासत में
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता प्रतुल शाहदेव को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस उन्हें अपने साथ ले गई है। वे भाजपा नेता अनिल टाइगर की हत्या के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे। एएनआई से बात करते हुए उन्होंने कहा, 'अपराधियों को पकड़ने के बजाय शांतिपूर्ण तरीके से विरोध कर रहे राजनीतिक नेताओं को पुलिस ले जा रही है।' भाजपा नेता ने पार्टी के वरिष्ठ नेता अनिल टाइगर की हत्या को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और रांची को अपराध की राजधानी करार दिया।
![]()
शाहदेव ने एएनआई से कहा, 'अनिल टाइगर की हत्या हो जाना हेमंत सोरेन की कानून व्यवस्था पर पकड़ को दिखाता है। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। वह भाजपा के वरिष्ठ नेता थे। रांची अपराध की राजधानी बनती जा रही है। पुलिस स्टेशन से महज 25 मीटर की दूरी पर दिनदहाड़े एक जनप्रतिनिधि की हत्या कर दी गई। आज पुलिस मुझे हिरासत में लेने आई है। काश पुलिस ने यह प्रयास तब दिखाया होता, जब उन पर गोलियां चलाई गई थीं'
मुठभेड़ के बाद हत्या के एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया
झारखंड भाजपा के नेता अनिल टाइगर की बुधवार को रांची में हत्या कर दी गई। एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस के साथ मुठभेड़ के बाद हत्या के एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। एसएसपी रांची ने बताया, 'भाजपा नेता अनिल टाइगर की हत्या के एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे जांघ में गोली लगी है। पहचान होने के बाद पुलिस की टीमें उसका पीछा करने लगीं। पुलिस टीम को देखते ही उसने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे गोली मार दी और गिरफ्तार कर लिया। जांच जारी है।'
Mar 28 2025, 10:45