*सेना में 30 साल के योगदान के बाद घर पहुंचे फौजी भगवत प्रसाद मिश्र का भव्य स्वागत*
अमेठी- भारतीय सेना में करीब 30 वर्षों तक सेवा देने के बाद सूबेदार पद से सेवानिवृत्त हुए भगवत प्रसाद मिश्र का उनके गृह जनपद पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। क्षेत्रवासियों ने देश सेवा में उनके योगदान की सराहना करते हुए उनका अभिनंदन किया। अब सेवानिवृत्त फौजी समाज सेवा के माध्यम से देश की सेवा जारी रखेंगे।
पूरे बिसेन धनापुर गांव के निवासी भगवत प्रसाद मिश्र वर्ष 1995 में भारतीय थल सेना में सैनिक पद पर भर्ती हुए थे। अपनी मेहनत, लगन और कर्तव्यनिष्ठा के चलते वे सिपाही से लेकर लांस नायक, नायक, हवलदार, नायब सूबेदार और अंततः सूबेदार के पद तक पहुंचे। अपनी 30 वर्षों की सैन्य सेवा के दौरान उन्होंने अनेक उपलब्धियां हासिल कीं और उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें सेना में कई बार मेडल और शील्ड से सम्मानित किया गया।
शनिवार को सेवानिवृत्त होकर गृह जनपद लौटने पर अमेठी के आवास विकास कॉलोनी में भी उनका भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद उन्होंने देवी पाटन मंदिर और हनुमान गढ़ी मंदिर में दर्शन-पूजन कर अपने जीवन को समाज और राष्ट्र के लिए समर्पित करने का संकल्प लिया।
अपने पैतृक गांव धनापुर पहुंचने पर भी ग्रामीणों ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान श्री मिश्र ने कहा कि देश में रहने वाले प्रत्येक व्यक्ति के हाथों में राष्ट्र सेवा की बड़ी जिम्मेदारी है। हमें अपने कार्यक्षेत्र और पद से ही देश व समाज की खुशहाली और समृद्धि के लिए निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए, जिससे भारत वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान को और सुदृढ़ कर सके।
घर पहुंचने पर उनकी पत्नी उपमा मिश्र, बेटे सौरभ मिश्र (शानू) और बेटी शालिनी की आंखें खुशी से नम हो गईं। इस अवसर पर परिवारीजनों के साथ-साथ बड़े भाई कालिका प्रसाद मिश्र, हृदय शंकर तिवारी, जितेंद्र मिश्र, कमलेश, अरुण, राजेश, रमापति तिवारी, ग्राम प्रधान धनापुर कुंवर बहादुर सिंह, रमेश शुक्ल, सर्वेश त्रिपाठी सहित क्षेत्र के अनेक लोगों ने उन्हें सम्मानित किया और उनकी सेवाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
Mar 01 2025, 19:48