चारधाम यात्रा 2024: आज से ऑफलाइन पंजीकरण शुरू, एक दिन में 3000 को अनुमति, हरिद्वार में उमड़ी भारी भीड़
चारधाम यात्रा के लिए हरिद्वार के ट्रांजिट कैंप में काउंटर पर ऑफलाइन पंजीकरण आज एक जून से शुरू हो गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने भी बैठक कर भीड़ नियंत्रित करने की योजना बनाई। धामों में भीड़ बढ़ने से प्रशासन ने 13 मई को ट्रांजिट कैंप में ऑफलाइन पंजीकरण पर रोक लगा दी थी।
इसके बाद 15-16 मई को पंजीकरण पर रोक जारी रही। बाद में यह तिथि 19 मई फिर 31 मई तक बढ़ा दी गई। इससे तीर्थयात्रियों को ऋषिकेश स्थित ट्रांजिट कैंप में पंजीकरण के लिए 12-12 दिन इंतजार करना पड़ा। कई तीर्थयात्री अपने घरों को लौट गए थे।
23 मई से प्रशासन ने अस्थायी पंजीकरण की व्यवस्था की है। अस्थायी पंजीकरण का कोटा 1,000 से कई बार में बढ़ाकर वर्तमान में 4,500 है। शुक्रवार को भी तीर्थयात्रियों से अस्थायी पंजीकरण के फॉर्म जमा करवाए गए। उधर, चार धाम यात्रा प्रशासन के ओएसडी नरेंद्र सिंह क्वीरियाल ने बताया, शनिवार से ट्रांजिट कैंप में चारधाम की यात्रा पर जाने वाले तीर्थयात्रियों का काउंटर पर ऑफलाइन पंजीकरण किया जाएगा।
प्रदेश सरकार ने चारधाम यात्रा के लिए ऋषिकेश और हरिद्वार में ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन खोल दिए हैं। शनिवार से एक दिन में 3000 श्रद्धालुओं के ऑफलाइन पंजीकरण होंगे। सरकार ने यह निर्णय गढ़वाल आयुक्त और आईजी गढ़वाल के स्थलीय निरीक्षण के बाद लिया है।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए राज्य सरकार ने ऑनलाइन के साथ ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन की सुविधा शुरू की थी।
शुरुआत में ऋषिकेश में 1000 और हरिद्वार में 500 श्रद्धालुओं के ऑफलाइन पंजीकरण किए गए। लेकिन धामों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने से सरकार को ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन पर रोक लगानी पड़ी। रोक की अवधि को 31 मई तक बढ़ाया गया। साथ ही गढ़वाल आयुक्त और आईजी गढ़वाल को निर्देश दिए गए कि वे वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करने के बाद बताएं कि ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन खोले जाएं या नहीं। उनकी रिपोर्ट पर शनिवार से हरिद्वार और ऋषिकेश में प्रतिदिन 1500-1500 ऑफलाइन पंजीकरण शुरू हो जाएंगे।





डेस्क: लोकसभा चुनाव के आखिरी और सातवें चरण के लिए आज वोटिंग हो रही है। आज यूपी की 13 सीटों पर भी वोटिंग चल रही है। इस बीच खबर मिली है कि यूपी के बलिया में एक बुजुर्ग की वोटिंग के दौरान मौत हुई है। वह वोट डालने के लिए लाइन में खड़े थे लेकिन वह अचानक गिर गए और उनकी मौत हो गई। क्या है पूरा मामला? सलेमपुर लोकसभा क्षेत्र के पकड़ी में 58 साल के बुज़ुर्ग रामबचन चौहान वोट डालने गए थे। वह अपने गांव चकबहादिन में बूथ संख्या संख्या 257 में वोट देने के लिए लाइन में खड़े थे। उनकी अचानक गिरकर मौत हो गई। सीएचसी सिकंदरपुर के डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सातवें और अंतिम चरण की वोटिंग जारी लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर 1 जून को सातवें व अंतिम चरण का मतदान जारी है। इस दौरान सात राज्य और एक केंद्र शासित प्रदेश की 57 सीटों पर वोटिंग हो रही है। मतदान सुबह 7 बजे से शाम के 6 बजे तक किया जाएगा। इस चरण के मतदान के साथ ही 19 अप्रैल से शुरू हुए चुनाव के सभी चरणों का मतदान संपन्न हो जाएगा। आखिरी चरण में जिन सीटों पर वोटिंग हो रही है, उसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वाराणसी सीट भी शामिल है। इसके अलावा पंजाब और यूपी की 13-13 सीटें, पश्चिम बंगाल की 9 सीटें, बिहार की 8 सीटें, ओडिशा की 6 सीटें, हिमाचल प्रदेश की 4 सीटें, झारखंड की 3 सीट और एक चंडीगढ़ सीट शामिल है। बता दें कि इस चरण में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी, लालू प्रसाद की बेटी मीसा भारती, एक्ट्रेस कंगना रनौत की किस्मत दांव पर है।

बॉलीवुड स्टार सलमान खान को जान से मारने की बड़ी साजिश रची गई थी। लॉरेंस बिश्नोई गैंग के 4 शूटरों की गिरफ्तारी के बाद इस प्लान पर पानी फिर गया। दरअसल, बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान को लगातार खतरा बना हुआ है। उन पर एक बार फिर से हमला करने की साजिश रची जा रही थी। हालांकि, मुंबई पुलिस ने इस कोशिश को नाकाम कर दिया। मुंबई पुलिस के हाथ 4 शूटर्स लगे हैं, जिनका लिंक सलमान खान के घर पर हुई फायरिंग वाले मामले से जुड़ा है। नवी मुंबई पुलिस को सलमान के इस केस में बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने मुंबई के पनवेल शहर से इन 4 शूटर्स को अरेस्ट किया है। इन चारों शूटर्स के नाम धनंजय उर्फ अजय कश्यप, गौरव भाटिया उर्फ नाहवी, वासपी खान उर्फ वसीम चिकना और रिजवान खान उर्फ जावेद खान के रूप में हुई है। ये भी पता चला है कि ये चारों शूटर्स लॉरेंस बिश्नोई गैंग के ही सदस्य हैं। माना जा रहा है कि गैलेक्सी अपार्टमेंट पर हमला करने से पहले इन चारों ने सलमान खान के पनवेल वाले फॉर्म हाउस और उसके आसपास की जगहों की रेकी की थी। इन्होंने पहले पनवेल फार्म हाउस में हमले की साजिश रची थी। नवी मुंबई पुलिस ने बताया कि आरोपी पनवेल में सलमान खान की कार पर हमला करने की साजिश रच रहे थे। कार को छलनी करने के लिए पाकिस्तान से सप्लायर के जरिए हथियार मंगवाने की भी साजिश रची जा रही थी। जानकारी के मुताबिक इन चारों शूटर्स को Ak 47 सहित कई अन्य हथियार से फायरिंग करने के आदेश दिए गए थे। पुलिस को आरोपियों के मोबाइल से कई वीडियोज भी मिले हैं। मामले में पुलिस ने अब तक लॉरेंस बिश्नोई, अनमोल बिश्नोई, गोल्डी बराड़, संपत नेहरा समेत 17 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।

पुणे पोर्श कार हादसा मामले में एक को बचाने के चक्कर में पूरा परिवार कानून की गिरफ्त में आ गया है। इस मामले में नाबालिग आरोपी के पिता और दादा के बाद अब उसकी मां शिवानी अग्रवाल को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।दरअसल, नाबालिग के खून के नमूने को उसकी मां के खून के नमूने से बदल दिया गया था। जांच के लिए बेटे की जगह अपना ब्लड सैंपल देने के आरोप में मां को गिरफ्तार किया गया है। बता दें कि खून के नमूने बदलने के आरोप में दो डॉक्टरों की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी है। पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने शनिवार को बताया कि जांच में यह पता चला है कि आरोपी के रक्त नमूने उसकी मां के ब्लड सैंपल से बदले गए थे जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुणे पोर्शे दुर्घटना मामले में 17 वर्षीय आरोपी की मां शिवानी अग्रवाल को पुणे पुलिस ने आधी रात को गिरफ्तार किया है। शिवानी अग्रवाल की गिरफ्तारी ऐसे समय में हुई है जब यह पता चला कि उन्होंने शहर के एक अस्पताल में अपने खून का नमूना दिया था जिसे उनके बेटे के खून से बदल दिया गया था। बता दें कि पुणे शहर में 18-19 मई की दरम्यानी रात को करीब तीन करोड़ रुपये की पोर्श कार को तेज गति से दौड़ाने के चक्कर में 17 साल के लड़के ने एक बाइक को टक्कर मार दी थी। गाड़ी की टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक अपना संतुलन खोकर काफी दूर तक सड़क पर घिसटते चली गई, जिससे उस पर सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। मौके पर मौजूद लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद आरोपी नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया गया। घटना के 14 घंटे बाद आरोपी नाबालिग को कोर्ट से कुछ शर्तों के साथ जमानत मिल गई थी। कोर्ट ने उसे 15 दिनों तक ट्रैफिक पुलिस के साथ काम करने और सड़क दुर्घटनाओं के प्रभाव-समाधान पर 300 शब्दों का निबंध लिखने का निर्देश दिया था। बाद में विवाद बढ़ा तो कोर्ट ने उसकी जमानत रद्द कर दी थी। इसके बाद उसे 5 जून तक एक निरीक्षण गृह भेज दिया गया था। इसके अलावा इस मामले में अबतक नाबलिग के पिता और दादा को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने इस मामले में अब तक करीब 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं ससून जनरल अस्पताल के डीन को जांच पूरी होने तक अनिवार्य छुट्टी पर भेज दिया गया है। दो पुलिस अधिकारियों को भी सस्पेंड कर दिया गया है। अब नाबालिग लड़के की मां जांच के घेरे में है।

Jun 01 2024, 14:54
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
6.6k