छठे चरण की हॉट सीटें: 3 पूर्व मुख्यमंत्री से लेकर इन दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर*
#lok_sabha_election_2024_phase_six_hot_seats
![]()
लोकसभा चुनाव के छठे दौर के लिए मतदान हो रहे हैं।छठे चरण में 889 कैंडिडेट्स चुनाव मैदान में हैं।छठे चरण में राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से लेकर यूपी-बिहार, बंगाल और ओडिशा तक, कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर है। इस चरण में पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, दो बार के सांसद मनोज तिवारी, कन्हैया कुमार, दिनेशलाल यादव निरहुआ समेत कई दिग्गज नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर है। छठे चरण के प्रमुख उम्मीदवारों में संबलपुर (ओडिशा) से केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान (भाजपा), उत्तर पूर्वी दिल्ली से मनोज तिवारी (भाजपा) व कन्हैया कुमार (कांग्रेस), सुल्तानपुर (उत्तर प्रदेश) से मेनका गांधी (भाजपा), अनंतनाग-राजौरी (जम्मू और कश्मीर) से महबूबा मुफ्ती (पीडीपी), तमलुक (पश्चिम बंगाल) से अभिजीत गंगोपाध्याय (भाजपा), करनाल से पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, कुरुक्षेत्र से नवीन जिंदल और गुरुग्राम सीट से राव इंद्रजीत सिंह शामिल हैं। इसके अलावा इस फेज में बाहुबली आनंद मोहन की पत्नी लवली आनंद, बाहुबली मुन्ना शुक्ला, बीजेपी के सीनियर लीडर राधामोहन सिंह और संजय जायसवाल जैसे कई दिग्गज नेताओं के भाग्य का फैसला होना है। *छठे चरण में इन दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर हैः-* *मेनका गांधी-* उत्तर प्रदेश की सुल्तानपुर लोकसभा सीट इस चुनाव में चर्चित सीट बनी हुई है। यहां से भाजपा की तरफ से पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी चुनाव मैदान में हैं। इस चुनाव में भाजपा नेता के सामने सपा ने पूर्व विधायक रामभुआल निषाद को अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं बसपा ने जिला पंचायत सदस्य उदयराज वर्मा को प्रत्याशी बनाया है। 2019 के लोकसभा चुनाव में इस सीट पर भाजपा से मेनका गांधी जीती थीं। उस चुनाव में यहां 56.37% मतदान दर्ज किया गया था। *मनोहर लाल-* छठे चरण में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के भाग्य का भी फैसला होना है। हरियाणा की करनाल सीट से भाजपा ने मनोहर लाल खट्टर को उतारा है। मार्च 2024 में नायब सिंह सैनी की ताजपोशी से पहले वह हरियाणा के मुख्यमंत्री थे। अब विधायकी से इस्तीफा देकर लोकसभा की जंग में उतरे हैं। उनके सामने युवा कांग्रेस प्रदेश के अध्यक्ष दिव्यांशु बुद्धिराजा हैं। *महबूबा मुफ्ती-* छठे चरण में जम्मू कश्मीर की अनंतनाग-राजोरी लोकसभा सीट पर भी वोटिंग है। पीडीपी से पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती चुनाव लड़ रही हैं। वहीं मुफ्ती के सामने जम्मू कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस से मियां अल्ताफ अहमद उतरे हैं। भाजपा ने कश्मीर की तीनों ही सीटों पर अपने उम्मीदवार नहीं उतारे हैं। 2019 में यहां जेकेएनसी से हसनैन मसूदी को जीत दर्ज की थी। बीते चुनाव में अनंतनाग-राजोरी लोकसभा सीट पर मात्र 8.98% लोगों ने मतदान किया था। *मनोज तिवारी और कन्हैया कुमार के बीच मुकाबला-* राजधानी दिल्ली की उत्तर पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से वर्तमान में भोजपुरी अभिनेता मनोज तिवारी सांसद हैं। इस बार भी भाजपा ने मनोज तिवारी को उत्तर पूर्वी दिल्ली से अपना उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस ने उनके सामने जेएनयू छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार को मैदान में उतारा है। पूर्वांचल और बिहार से आने वाले दो चर्चित चेहरों के यहां से उतरने के कारण मुकाबला दिलचस्प हो गया है। 2019 में भाजपा ने एक बार फिर दिल्ली की सभी सात सीटों पर जीत हासिल की। इनमें उत्तर पूर्वी दिल्ली सीट की जीत भी शामिल रही। इस चुनाव में मुकाबला था भोजपुरी कलाकार मनोज तिवारी और दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के बीच। नतीजे सामने आए तो उत्तर पूर्वी दिल्ली सीट पर मनोज ने कांग्रेस की शीला दीक्षित को हरा दिया। 2019 में यहां 63.86% लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था। *निरहुआ और धर्मेंद्र यादव के बीच टक्कर-* देश की हॉट सीटों में शामिल आजमगढ़ में भी छठे चरण में मतदान है। यहां मुलायम सिंह यादव के भतीजे और पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव सपा के टिकट पर मैदान में हैं। वहीं, भाजपा ने भोजपुरी कलाकार दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ पर भरोसा जताया है जो आजमगढ़ के मौजूदा सांसद भी हैं। बसपा ने मशहूद अहमद को मैदान में उतारकर मुकाबले को रोमांचक बनाने की कोशिश की है। सपा हर हाल में इस सीट पर काबिज होना चाहती है, तो भाजपा 2022 के उपचुनाव में मिली जीत को बरकरार रखने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रही है। नाक की लड़ाई बन चुकी इस सीट पर दो बड़े चेहरों की भिड़ंत है। 2019 के चुनाव में आजमगढ़ सीट पर सपा के अखिलेश यादव जीते थे लेकिन 2022 में विधानसभा चुनाव में जीत के बाद उन्होंने सांसदी से इस्तीफा दे दिया था। 2019 में आजमगढ़ में 57.56% मतदान दर्ज किया गया था। *बांसुरी स्वराज-* नई दिल्ली सीट दिल्ली की हॉट लोकसभा सीट में गिनी जा रही है। यहां से भाजपा की उम्मीदवार पूर्व विदेश मंत्री एवं दिवंगत भाजपा नेता सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी स्वराज हैं। पेशेवर वकील बांसुरी पहली बार अपनी सियासी किस्मत आजमा रही हैं। उनके सामने आम आदमी पार्टी ने भी वकील और पूर्व मंत्री सोमनाथ भारती को चेहरा बनाया है। इसके अलावा आप सरकार में मंत्री रहे और विधायक राजकुमार आनंद बसपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। 2019 में नई दिल्ली सीट पर भाजपा की मीनाक्षी लेखी को जीत मिली थी। गत चुनाव में यहां 56.91% लोगों ने मतदान किया था।






लोकसभा चुनाव के छठे चरण में दिल्ली की सभी 7 सीट सहित छह राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों की 58 सीट के लिए आज मतदान शुरू हो चुका है। दिल्ली के अलावा उत्तर प्रदेश, हरियाणा, बिहार और पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड और जम्मू-कश्मीर में मतदान शुरू हो चुका है। इसके अलावा ओडिशा की 42 विधानसभा सीट पर भी मतदान जारी है। *आज इन राज्यों में कितनी सीटों पर मतदान* • उत्तर प्रदेश- 14 • हरियाणा- 10 • बिहार- आठ • पश्चिम बंगाल- आठ • दिल्ली- सात • ओडिशा- छह • झारखंड- चार • जम्मू-कश्मीर- एक सीट *पीएम मोदी की मतदान करने की अपील* छठे चरण के लिए दिल्ली समेत 8 राज्यों की 58 सीटों पर मतदान शुरू हो गया है। प्रधानमंत्री मोदी ने सभी से वोट देने की अपील की है। उन्होंने लोकसभा चुनाव के छठे चरण के सभी मतदाताओं से मेरा निवेदन है कि वे अधिक से अधिक संख्या में मतदान के लिए आगे आएं एक-एक वोट मायने रखता है और आपका वोट भी उतना ही महत्वपूर्ण है। लोकतंत्र तभी फलता-फूलता है और जीवंत दिखता है, जब चुनाव प्रक्रिया में जनता-जनार्दन की बढ़-चढ़कर भागीदारी होती है। माताओं-बहनों और बेटियों के साथ ही युवा वोटरों से मेरा विशेष आग्रह है कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग जरूर करें।



May 25 2024, 10:19
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
7.5k