दुमका : स्पेनी दम्पति में दिखा फिर वहीं जुनून, जारी रखेंगे अपनी यात्रा, भारतीयों पर नहीं बल्कि अपराधियों पर लगाया ब्लेम..
![]()
दुमका : दुमका में सामूहिक दुष्कर्म की शिकार स्पेनिश महिला एवं उनके पति अपनी वर्ल्ड टूर की यात्रा जारी रखेंगे। चार दिन बाद स्पेनी दम्पति फिर अपनी यात्रा पर निकल गए हालांकि इस बार दुमका की सीमा तक छोड़ने के लिए दोनों को सुरक्षा की मुक़्क़मल व्यवस्था दी गयी है।
चार दिन बाद पीड़ित स्पेनिश महिला फ़िट दिखी और चेहरे पर किसी तरह का सिकन नहीं भी दिखा बल्कि दुमका से रवाना होने से पहले उन्होंने मीडिया से बातचीत भी की और कहा कि उन्हें भारतीयों से किसी तरह की नाराजगी नहीं है और यहाँ की सरकार का सहयोग भी उनलोगों को मिला। उन्हें उन अपराधियों से शिकायत है जिनलोगों ने उनके साथ ऐसा घिनौना कृत्य किया।
दुमका में सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद चार दिनों की जद्दोजहद का सामना करने के बाद पीड़ित स्पेनिश महिला अपने पति के साथ आगे की सफर में निकल गयी। पहले से निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार स्पेनी दम्पति अपने सफऱ को आगे बढ़ाते हुए दुमका से बिहार के भागलपुर से होते हुए नेपाल जायेंगे। दुमका की सीमा तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन ने स्पेनी दम्पति को सुरक्षा मुहैया करायी है।
स्पेनी दम्पति के रवाना होने से पहले दुमका परिसदन में सुरक्षा की कमान खुद एसपी पीताम्बर सिंह खेरवार संभाले हुए थे। मौके पर एसडीओ कौशल कुमार, डीएसपी मुख्यालय विजय महतो, एसडीपीओ जरमुंडी संतोष कुमार समेत अन्य आलाधिकारी भी मौजूद थे। दुमका से रवाना होने से पूर्व सर्किट हाउस के कमरे से पीड़ित स्पेनिश महिला अपने पति के साथ निकली और मीडिया से बातचीत भी की।
उन्होने मीडिया के सवालों का भी जवाब दिया और वो थकी नहीं है और ना डरी है और अपनी यात्रा का सिलसिला वे लोग जारी रखेंगी। मीडिया से बातचीत के बाद उन्होंने खुद एसपी के साथ सेल्फी ली और एसपी एवं अन्य अधिकारियों के सहयोग के लिए आभार जताया।
गौरतलब है कि करीब 6 साल पहले वर्ल्ड टूर पर निकले स्पेनी दम्पति भारत की कई जगहों की यात्रा करते करते बीते एक मार्च को दुमका पहुँचे थे। स्पेनी दम्पति को दुमका से बिहार के भागलपुर होते हुए नेपाल जाना था लेकिन एक मार्च की शाम दोनों दुमका के हँसडीहा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुरमाहाट के पास मुख्य सड़क से करीब दो किलोमीटर अंदर अपना अस्थायी कैम्प लगा दिया। दोनों की वहीं पर रात्रि विश्राम करने की योजना थी लेकिन देर शाम अस्थायी कैम्प के आसपास के गांव के कुछ असामाजिक तत्व वहाँ पहुँचे और स्पेनी दम्पति के साथ मारपीट एवं लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। बाद में करीब 7 से 8 लोगों ने स्पेनिश महिला को जबरन पास की झाड़ियों में ले गए और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। बाद में स्पेनी दम्पति किसी तरह मुख्य सड़क पर पहुँचे और वहाँ से गुजर रहे पुलिस के गश्ती दल को पूरी घटना बताया।
इस मामले में सभी आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पीड़ित स्पेनिश महिला को सोमवार को Jharkhand Victim Compensation Scheme जे तहत 10 लाख रूपये का मुआवजा भी सौंपा गया था।
(दुमका से राहुल कुमार गुप्ता की रिपोर्ट)

















Mar 05 2024, 22:17
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
79.2k