विकास कार्यों का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाया जाये - मण्डलायुक्त
गोण्डा ।गुरूवार को मंडलायुक्त सभागार में विकास कार्यों की मंडलीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। समीक्षा बैठक में गोण्डा, बहराइच, श्रावस्ती और बलरामपुर जिले में चल रहे विकास कार्यक्रमों की समीक्षा की गई।
मण्डलायुक्त ने सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित प्रगति के आधार पर समीक्षा करते हुए विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यों के सम्पादन में यदि कहीं कोई समस्या आती है तो तत्काल उच्च अधिकारियों को अवगत कराते हुए उसका समयबद्ध निराकरण कराएं। किसी भी दशा में कार्य बाधित नहीं होना चाहिए। उन्होंने चारो जनपद के जिलाधिकारियों से इस ओर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।
इसी प्रकार कुछ विभागों द्वारा पोर्टल पर की गयी त्रुटिपूर्ण फीडिंग के मंडल एवं जनपद की रैंकिंग प्रभावित होने के दृष्टिगत अधिकारियों को निर्देशित किया कि फीडिंग में पूरी सावधानी बरती जाय। पहले गहनता से उसकी छानबीन कर ली जाय ताकि डैशबोर्ड पर वास्तविक प्रगति परिलक्षित हो सके। इसके बाद उन्होंने अन्य परियोजनाओं की समीक्षा की और उसमें प्रगति लाने का निर्देश दिया।
उन्होंने सभी मण्डलीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री डैश बोर्ड को स्वयं देखें, अधीनस्थों पर न छोड़ें। इसकी अनदेखी से जनपद एवं मण्डल की छवि पर विपरीत प्रभाव पड़ेगा। सभी अधिकारी आंकड़ों के फेर में न पड़ते हुए सीएम डैश बोर्ड पर वास्तविक फीडिंग करना सुनिश्चित करें। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने दवाओं की उपलब्धता समेत अन्य सेवाओं का लाभ जनमानस को प्राथमिकता से सुनिश्चित कराए जाने के निर्देश दिये गये।
उन्होंने सभी मुख्य चिकित्साधिकारियों को निर्देशित किया गया कि चिकित्सालयों में दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराते हुए अस्पताल आए मरीज का समुचित इलाज सुनिश्चित किया जाए। संचारी रोगों पर नियंत्रण के लिए लोगों को जागरूक करने के साथ ही नियंत्रण पर विशेष ध्यान दिया जाए।
सीएम डैशबोर्ड के अंतर्गत विभिन्न विभागों अतिरिक्त ऊर्जा विभाग, उद्यान विभाग, ऊर्जा विभाग, कृषि विभाग, खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग, ग्राम्य विकास विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, दुग्ध विकास विभाग, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, आपूर्ति विभाग, पंचायती राज विभाग, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, प्राथमिक शिक्षा विभाग, पशुधन विभाग, मत्स्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, लोक निर्माण विभाग, व्यवसायिक शिक्षा कौशल विकास एवं उद्यमिता विभाग, श्रम एवं सेवायोजन विभाग, तथा समाज कल्याण विभाग की समीक्षा की गई।
इस मौके पर अपर आयुक्त (प्रशासन) डीएम गोण्डा नेहा शर्मा, डीएम बहराइच मोनिका रानी, डीएम श्रावस्ती कृतिका शर्मा, डीएम बलरामपुर अरविन्द सिंह सभी जिलों के सीडीओ व मण्डलीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Nov 24 2023, 14:36