दुमका : जमीन कारोबारी अमरनाथ सिंह व गणेश सिंह के बीच 10 सालों से चल रही थी दुश्मनी, हत्यारों की हो गयी है पहचान!
दुमका :- जिले के जरमुंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत बासुकिनाथधाम में अपने परिवार के साथ फौजदारी बाबा के दरबार मे हाजिरी लगाने आये जमशेदपुर के गैंगस्टर अमरनाथ सिंह की बीती रात अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। श्रावणी मेला के दौरान हत्या की इस घटना के बाद बासुकिनाथधाम में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए है।
गैंगस्टर अमरनाथ सिंह की हत्या उस वक्त हुई जब वो बासुकिनाथ के नंदी चौक स्थित एक चाय दुकान में अपने भतीजे और परिवार के कुछ सदस्यों के साथ चाय पी रहे थे। जानकारी के मुताबिक बीती रात करीब 11 बजकर 45 मिनट पर नंदी चौक स्थित उक्त चाय दुकान पर कांवरियां के वेश में 4 से 5 लोग अचानक पहुँचे और फिर अमरनाथ सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी और पैदल ही मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गयी। आनन फानन में अमरनाथ सिंह को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ले जाया गया जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक अमरनाथ सिंह को 4 से 5 गोली लगी है हालांकि यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही साफ हो पायेगा। अमरनाथ सिंह की हत्या का आरोप जमशेदपुर के ही गणेश सिंह गैंग पर लगा है जो जेल में बंद कुख्यात गैंगस्टर अखिलेश सिंह का करीबी बताया जाता है हालांकि पुलिस के मुताबिक अभी यह कन्फर्म करना मुश्किल है।
संथाल परगना प्रक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक सुदर्शन प्रसाद मंडल ने कहा कि हत्यारों की पहचान हो गयी है। परिजनों ने संबंधित थाना में नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है।
उन्होंने कहा कि मौके से आर्म्स मिला है। कहा कि गैंगस्टर अमरनाथ सिंह का आपराधिक इतिहास रहा है और उसपर पूर्व से हत्या, रंगदारी, आर्म्स एक्ट से जुड़े करीब 20 अलग अलग मामला दर्ज है।
अमरनाथ सिंह और गैंगस्टर गणेश सिंह के बीच करीब 8 से 10 सालों से आपसी दुश्मनी चल रही थी। दोनों जमीन के कारोबार से जुड़े रहे है। कहा कि अमरनाथ सिंह के भाई पर भी जमशेदपुर में पूर्व में हमला हुआ था। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
(दुमका से राहुल कुमार गुप्ता की रिपोर्ट)
















Jul 30 2023, 20:03
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
45.4k