*जिले की पांच सीटों का आरक्षण बदला*
नितेश श्रीवास्तव
भदोही। ओबीसी सर्वे के बाद बृहस्पतिवार शाम को जिले की दो नगर पालिका और पांच नगर पंचायत अध्यक्ष पद के आरक्षण सूची जारी कर दी। दिसंबर 2022 में जारी सूची में फेरबदल करते हुए पांच सीटों का आरक्षण बदला गया है।
भदोही नगर पालिका अनारक्षित से ओबीसी हो गई, जबकि नई बाजार ओबीसी से एससी महिला हो गई। जिले में दो नगर पालिका भदोही और गोपीगंज जबकि पांच नगर पंचायत ज्ञानपुर, सुरियावां, घोसिया, खमरिया, नई बाजार है। दिसंबर 2022 में जारी आरक्षण सूची का मामला कोर्ट में जाने से शासन ने ओबीसी आयोग का गठन कर सर्वे कराया।
बृहस्पतिवार को दुबारा आरक्षण सूची जारी की गई। नगर पालिका गोपीगंज और नगर पंचायत ज्ञानपुर पूर्व की तरह अनारक्षित रखा गया। भदोही नगर अनारक्षित से ओबीसी, घोसिया अनारक्षित से ओबीसी महिला, नई बाजार ओबीसी से एससी महिला, सुरियावां को ओबीसी से अनारक्षित और खमरिया को अनारक्षित से ओबीसी किया गया।
2017 में सुरियावां और नई बाजार की सीटें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित थी। अध्यक्ष पदों का आरक्षण जारी होते ही चुनावी पारा चढ़ने लगा है। 2017 के चुनाव में गोपीगंज सामान्य सीट थी।
भदोही की सीट पिछड़ा वर्ग, घोसिया नगर पंचायत ओबीसी महिला, ज्ञानपुर नगर पंचायत अन्य पिछड़ा वर्ग, नई बाजार नगर पंचायत अनुसूचित जाति, सुरियावां नगर पंचायत अनुसूचित जाति और खमरिया नगर पंचायत सीट अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित की गई थी।
आरक्षण सूची जारी होते ही चुनावी सरगर्मी बढ़ने लगी। नगर पंचायत के अध्यक्ष पदों की प्रस्तावित आरक्षण सूची जारी होते ही कई भावी उम्मीदवारों के चेहरे खिल गए। अध्यक्ष पद के लिए तैयारी कर रहे उम्मीदवार कई दिनों से आरक्षण की बाट जोह रहे थे। सोमवार को जैसे ही आरक्षण की सूची जारी की गई। कई चेहरे मायूस हो गए, क्योंकि आरक्षण उनके पक्ष में नहीं आया। निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी होते ही सियासी सरगर्मी भी बढ़ने लगी है।
दो पालिका और पांच नगर पंचायतों में करीब दो लाख 25 हजार मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। नवंबर 2022 में मतदाताओं की संख्या दो लाख 18 हजार हुई थी, लेकिन मतदाता सूची का संक्षिप्त पुनरीक्षण होने से छह से सात हजार वोटरों के बढ़ने का अनुमान है। 44 हजार 350 मतदाता पहली बार निकाय चुनाव में हिस्सा लेंगे।
Mar 31 2023, 14:56