*पूजी गईं सौभाग्य की अधिष्ठात्री देवी महागौरी*
नितेश श्रीवास्तव
भदोही।वासंतिक नवरात्र के आठवें दिन बुधवार को आदि शक्ति मां दुर्गा के आठवें स्वरूप मां महागौरी विधि-विधान से पूजी गईं। देवी मंदिरों से लेकर लोगों के घरों तक देवी मंत्रों से गांव और नगर गुंजायमान रहे।
घंट-घड़ियाल की आवाज से पूरा वातावरण देवीमय हो गया। कड़ी धूप के बाद भी आस्था में डूबे भक्त मां की एक झलक पाने को बेताब रहे। उधर भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव को अलौकिक एवं अद्वितीय बनाने के लिए प्रत्येक भक्त पूरे मनोयोग से जुटे रहे। नगर क्षेत्रों की गली-गली केसरिया रंग से नहा गईं तो आदिशक्ति की तंत्रोक्ति एवं अर्गला स्तोत्र की गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।साधकों ने मां जगत जननी जगदंबा के महागौरी के स्वरूप में पूजन -अर्चना की।
सौभाग्य, धन-संपदा, सौंदर्य और स्त्री जनित गुणों की अधिष्ठात्री देवी महागौरी के पूजन से धन-धान्य, गृहस्थी, सुख और शांति प्राप्त होती है। देवी मंदिरों में दर्शन पूजन में भक्तों की सुबह से ही लंबी कतार लगी रही। अष्टमी पर ज्यादातर देवी भक्तों ने व्रत रखा और वे माता रानी के पूजन- अर्चन में लगे रहे।
नगर के घोपइला माता मंदिर पर भोर से ही आदि शक्ति के दर्शन को भक्तों की कतार लगी रही। गोपीगंज स्थित प्राचीन दुर्गामंदिर, काली देवी मंदिर, कबूतरनाथ मंदिर आदि स्थानों पर देवी भक्तों का तांता लगा रहा। महिला-पुरुष दर्शन पूजन कर देवी की स्तुति कर रहे थे। खमरिया, औराई, महराजगंज, बाबूसराय, जंगीगंज, ऊंज क्षेत्र सहित अन्य स्थानों पर स्थित देवी मंदिरों में आस्थावानों की भीड़ लगी रही।
Mar 29 2023, 12:09