तीसरे दिन हुई देवी चंद्रघंटा के स्वरूप की पूजा
नितेश श्रीवास्तव
भदोही। नवरात्र के तीसरे दिन देवी मंदिरों में आदि शक्ति जगत जननी मां दुर्गा की पूजा अर्चना की गई। मंदिरों में भोर से ही पूजन अर्चन का दौर चलता रहा जो देर रात तक चला। विभिन्न मंदिरों में श्री दुर्गा सप्तशती पाठ, अखंड रामायण, सुंदरकांड, भजन कीर्तन और प्रवचन का आयोजन किया गया है।नवरात्र के तीसरे दिन आदिशक्ति मां चंद्रघंटा देवी के स्वरूप की पूजा की गई।
ज्ञानपुर के पुरानी बाजार स्थित घोपैला स्थित शीतला माता मंदिर पर दिन भर पूजन अर्चन का दौर चलता रहा। इसी तरह हरिहरनाथ मंदिर स्थित मां काली, शीतला और दुर्गा मां के मंदिरों में देवी की पूजा अर्चना की गई।
गोपीगंज नगर के सदर मुहाल स्थित प्राचीन दुर्गा माता मंदिर में भोर से ही श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा था। मंदिर पर दिन भर भजन कीर्तन, दुर्गा सप्तशती पाठ के साथ ही शाम काल बाजार की महिलाओं के द्वारा भजन और गीत गाया गया।
रात्रि में श्रीराम कथा पर प्रवचन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। डेरवां के गंगा तट पर स्थित प्राचीन मां शीतला माता मंदिर पर मेले जैसा माहौल रहा। दूर-दूर से पहुंचे श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना की।
भक्तों ने नारियल, चुनरी, मिष्ठान आदि का देवी को भोग लगाया। सीतामढ़ी स्थित सीता समाहित स्थल सीतामढ़ी में नवरात्र के चलते मेले जैसा माहौल है। दिनभर दर्शन पूजन के लिए भक्तों की भारी भीड़ पहुंच रही है।
हजारों की संख्या में भक्तों ने जगत जननी मां जानकी के दरबार में हाजिरी लगाई। इसी तरह क्षेत्र के जंगीगंज, कोइरौना, ऊंज, वहिदानगर, गोपीगंज, घोसिया, खमरिया, औराई, बाबूसराय, चौरी, भदोही, सुरियावां, दुर्गागंज, अभोली आदि क्षेत्रों में स्थित देवी मंदिरों में देवी की पूजा और आराधना की गई है।
विभिन्न स्थानों पर लगाए गए पंडालों में कुछ स्थानों पर देवी की प्रतिमा स्थापित कर पूजा अर्चना शुरू कर दी गई है जबकि अधिसंख्य स्थानों पर पंचमी और सप्तमी का प्राण प्रतिष्ठा कर पूजन अर्चन किया जाएगा।
दुर्गोत्सव समिति खमरिया की ओर से आकर्षक पंडाल बनाया गया है। इसमें देवी की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई है। समिति का संरक्षक दीनानाथ बरनवाल को बनाया गया है। अध्यक्ष राम विलास मौर्य और छेदी केशरवानी ने बताया कि समिति की स्थापना 1984 में दीनानाथ बरनवाल के द्वारा की गई थी। उन्हीं की देखरेख में हर वर्ष पंडाल सजवाया जाता है।
Mar 24 2023, 14:18