किसान मेला एवं कृषि प्रदर्शनी का सांसद ने किया शुभारंभ
नितेश श्रीवास्तव
भदोही। कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा आयोजित एक दिवसीय किसान मेला एवं कृषि प्रदर्शनी, प्राकृतिक खेती गुणवत्ता युक्त उत्पादन एवं पोषाहार किसान का शुभारंभ सांसद भदोही डा रमेश चंद बिंद के द्वारा किया गया।
इस अवसर पर सांसद ने कहा कि प्राकृतिक खेती आज के समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार द्वारा किसानों के हित के लिए अनेक योजनाएं चल रही हैं जिनके जरिए किसान अपनी आमदनी को दुगना कर सकता है ।आज विभिन्न विभागों के अधिकारी किसानों के पास जाकर अपनी तकनीक व योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कर रहे हैं।
इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुनील मिश्रा ने सरकार द्वारा किसानों के हित में किए गए कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान के निदेशक डॉ तुषार कांति बेहरा ने सब्जियों के विकसित प्रजातियों को अपनाकर अधिक लाभ लेने की सलाह दी साथ ही साथ खरीफ प्याज तथा सब्जियों के प्रसंस्करण पर जोर दिया।
संस्थान के प्रधान वैज्ञानिक कृषि प्रसार डॉक्टर नीरज सिंह ने कृषि विज्ञान केंद्र के गतिविधियों की प्रशंसा करते हुए किसानों को प्राकृतिक खेती को अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर उप कृषि निदेशक डॉक्टर ए के सिंह, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर राजेश उपाध्याय, जिला कृषि अधिकारी अशोक कुमार प्रजापति ,अग्रणी बैंक प्रबंधक डॉ पी के झा, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ शशांक शेखर ने अपने विभागीय योजनाओं की जानकारी किसानों के बीच प्रस्तुत की।
कार्यक्रम के प्रारंभ में केंद्र के अध्यक्ष डॉ विश्वेंदु द्विवेदी ने मुख्य अतिथि एवं मंचासीन अधिकारियों का स्वागत करते हुए किसानों को वर्तमान परिदृश्य को देखते हुए प्राकृतिक खेती का महत्व बताया। इस अवसर पर प्राकृतिक खेती में उल्लेखनीय कार्य हेतु ओमकारनाथ उपाध्याय, शिवचंद यादव को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्राकृतिक खेती के बारे में किसानों ने अपना व्यवहारिक अनुभव साझा किया।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के स्टालों के माध्यम से जानकारी किसानों को प्रदान की गई। कार्यक्रम के अंत में डॉ ए के चतुर्वेदी ने उपस्थित अतिथियों को धन्यवाद ज्ञापन तथा कार्यक्रम का संचालन सर्वेश बरनवाल ने किया। इस अवसर पर केंद्र के विशेषज्ञ डॉ रेखा सिंह, डॉ आरपी चौधरी, डॉ मनोज कुमार पांडेय, डॉ गोविंद कुमार चौधरी, प्रभाष चंद्र सिंह, अमित कुमार सिंह ने भी प्राकृतिक खेती के लिए अपना विषयागत जानकारी प्रदान की।
डॉ मधु शास्त्री सीएम फेलो भी उपस्थित थी। इस कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र सहित लीड बैंक, आरसेटी,वैदिक एग्री प्रोड्यूसर, अंकुर सीड्स, पशु पालन विभाग इत्यादि के स्टाल लगाए गए। कार्यक्रम के अंत में सब्जी अनुसंधान संस्थान के निदेशक डॉ टी. के. बेहरा ने सभी स्टाल लगाने वालो को प्रमाण पत्र वितरित किया। इस किसान मेले व कृषि प्रदर्शनी में कुल 550 कृषकों एवं कृषक महिलाओं ने प्रतिभाग किया।
Feb 24 2023, 20:05