‘लैपटॉप घोटाला करने वाले बताएं, इस बार कौन सा घोटाला करेंगे?’ ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश पर साधा निशाना

- ‘अखिलेश यादव रोज रास्ता भटकते हैं, वो कैसे रूठे हुए लोगों को मनाएंगे’, राजभर ने सपा प्रमुख पर कसा तंज

- मुलायम सिंह के दिखाए गए रास्ते पर चलते तो अखिलेश की इतनी दुर्गति न होती: राजभर

लखनऊ, 22 नवंबर। उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा निशाना साधा है। उन्होंने अखिलेश द्वारा मुलायम सिंह यादव के दिखाए गए रास्ते पर चलने वाले बयान पर तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि सपा प्रमुख किसी के दिखाए रास्ते पर नहीं चलेंगे। यदि वो एक रास्ते पर चलते तो उनका कल्याण भी होता। 

- ‘अखिलेश की कथनी-करनी में अंतर’

राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव जब 5 साल सत्ता में थे तो लैपटॉप घोटाला कर अपनी तिजोरी भरी। अब सपा प्रमुख फिर से सत्ता में आने की बात कह रहे हैं तो उन्हें यह खुलासा करना चाहिए कि इस बार कौन सा घोटाला करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश ने लाखों पात्र लोगों को लैपटॉप नहीं बांटे। वो सिर्फ झूठ बोलना जानते हैं। सपा प्रमुख की कथनी और करनी में जमीन-आसमान का अंतर है।

- ‘अखिलेश यादव हर रोज रास्ता भटकते हैं’

राजभर ने अखिलेश यादव के रूठों को मनाने वाले दावे को सिरे से खारिज किया। उन्होंने कहा कि अखिलेश कभी किसी को नहीं मना सकते। अपने अहंकार में चूर रहते हैं। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव रोज रास्ता भटकते हैं, वो कैसे रूठे हुए लोगों को मनाएंगे। सपा प्रमुख को उन लोगों का नाम बताना चाहिए जो उनसे नाराज हैं।

आपदा से पहले तैयारी ही जन-धन की हानि रोकने का सबसे बड़ा माध्यम: सीएम योगी

- रिजर्व पुलिस लाइंस में आयोजित एयर रेड और ब्लैक आउट मॉक एक्सरसाइज-2026 में शामिल हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

- मुख्यमंत्री ने कहा- आपदा की हर चुनौती से निपटने के लिए हर जिले में नियमित हों मॉक ड्रिल

- प्रदेश के सभी 75 जनपदों में पहुंचे एयर सायरन, 60 जिलों में जिलाधिकारी बने नागरिक सुरक्षा के नियंत्रक

- ऑपरेशन सिंदूर के बाद सभी जनपदों में सिविल डिफेंस का विस्तार: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

- बाढ़, भूकंप, अग्निकांड, आतंकी घटना और युद्ध जैसी हर परिस्थिति के लिए तैयार रहें: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

- गोरखा राइफल्स ने 73 स्वयंसेवक मास्टर ट्रेनरों को किया प्रशिक्षित, प्रदेश में हुए 258 मॉक ड्रिल: धर्मवीर प्रजापति

लखनऊ, 22 नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नागरिक सुरक्षा का अर्थ किसी भी नागरिक को संकट की घड़ी में अकेला नहीं छोड़ना है। आपदा, दुर्घटना या राष्ट्रीय विपत्ति कभी तिथि देखकर या बताकर नहीं आती, इसलिए जब संकट आए तब कुआं खोदने के बजाय पहले ही हमारी पूरी तैयारी रहनी चाहिए। मुख्यमंत्री रविवार को लखनऊ स्थित रिजर्व पुलिस लाइंस में नागरिक सुरक्षा विभाग द्वारा आयोजित एयर रेड व ब्लैक आउट मॉक एक्सरसाइज 2026 को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 1962 के भारत चीन युद्ध के बाद गठित नागरिक सुरक्षा संगठन 2017 तक उत्तर प्रदेश के केवल कुछ गिने चुने जनपदों तक सीमित था। गत वर्ष ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सेना के पराक्रम के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से इसे प्रदेश के सभी 75 जनपदों में विस्तार देने का निर्णय लिया गया। आज सभी 75 जनपदों में सिविल डिफेंस का गठन हो चुका है, 60 जनपदों में जिलाधिकारी इसके नियंत्रक के रूप में कार्य कर रहे हैं और किसी भी युद्ध, प्राकृतिक आपदा या आंतरिक संकट से निपटने के लिए प्रदेश के हर जनपद में एयर सायरन पहुंच चुके हैं। आज प्रदेश में 1,01,362 स्वयंसेवक सुरक्षा की एक अतिरिक्त दीवार और समाज की सामूहिक शक्ति बनकर खड़े हैं।

- सायरन, ब्लैकआउट और अग्निकांड से बचाव का हुआ जीवंत प्रदर्शन

मॉक एक्सरसाइज के दौरान नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और यूपी पुलिस के जवानों ने हवाई हमले और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों का सजीव प्रदर्शन किया। अभ्यास में सायरन बजाकर हवाई हमले की चेतावनी देने तथा रेडियो, लाउडस्पीकर, मोबाइल व अन्य संचार माध्यमों से अलर्ट जारी करने की प्रक्रिया दिखाई गई। ब्लैकआउट की स्थिति में बिजली व रोशनी बंद कर नागरिकों को सुरक्षित स्थानों व आश्रय स्थलों तक पहुंचाने का अभ्यास हुआ। इसके अलावा आग लगने पर अग्निशमन यंत्रों व फायर ब्रिगेड की मदद से आग बुझाने तथा गैस रिसाव, शॉर्ट सर्किट और विस्फोट जैसी स्थितियों में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य का प्रदर्शन किया गया। इससे पूर्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया, जबकि प्रमुख सचिव नागरिक सुरक्षा संयुक्ता समद्दार व डीजी नागरिक सुरक्षा अशोक कुमार ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिह्न भेंट किया। प्रमुख सचिव ने राज्य मंत्री का भी अभिनंदन किया।

- निष्काम भाव से कार्य करने वाला जागरूक नागरिक ही सच्चा फर्स्ट रिस्पॉन्डर

मुख्यमंत्री ने कहा कि संकट की स्थिति में हम किंकर्तव्यविमूढ़ नहीं रह सकते। सिविल डिफेंस की कार्यपद्धति के पीछे निष्काम भाव से समर्पण की भावना होती है। जब कोई व्यक्ति समाज और राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व समझकर निष्काम भाव से कार्य करता है, तो वह प्राकृतिक या मानवीय आपदा में एक जागरूक नागरिक व फर्स्ट रिस्पॉन्डर की भूमिका निभाता है। फर्स्ट रिस्पॉन्डर वही हो सकता है जो स्वयं की परवाह किए बिना साहस, अनुशासन और उचित प्रशिक्षण से युक्त हो। उन्होंने बताया कि अब तक 1,08,627 नागरिकों, स्कूल कॉलेजों के छात्र छात्राओं, एनसीसी व एनएसएस कैडेट्स और होमगार्ड जवानों को प्रशिक्षित किया जा चुका है। भारतीय सेना की गोरखा राइफल्स के अधिकारियों ने हमारे मास्टर ट्रेनरों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण दिया है ताकि किसी भी घटना में नुकसान की संभावना को शून्य तक पहुंचाया जा सके।

- हर जनपद में बाढ़, भूकंप, आतंकी घटना और युद्ध की स्थितियों के लिए हों मॉक ड्रिल

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का मॉक ड्रिल हमारी तैयारियों की परीक्षा है, जिससे पता चलता है कि व्यवस्था कितनी तत्पर है और कहां सुधार की आवश्यकता है। आपदा के समय सही निर्णय, समय पर सूचना और प्रशिक्षित प्रतिक्रिया अनेक नागरिकों के जीवन की रक्षा कर सकती है। पिछले साढ़े नौ वर्षों में आए आमूलचूल परिवर्तन से आम नागरिक का विश्वास मजबूत हुआ है। इसे और सशक्त करने के लिए लखनऊ की तरह प्रदेश के हर जनपद में बाढ़, भूकंप, अग्निकांड, आतंकी घटना और युद्ध के संकट जैसी अलग अलग परिस्थितियों के लिए नियमित रूप से मॉक ड्रिल आयोजित किए जाने चाहिए, जिसमें सभी सुरक्षा बलों और नागरिक सुरक्षा के युवा स्वयंसेवकों का निरंतर प्रशिक्षण हो।

- गोरखा राइफल्स ने 73 स्वयंसेवक मास्टर ट्रेनरों को किया प्रशिक्षित: धर्मवीर प्रजापति

नागरिक सुरक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति ने बताया कि इस वर्ष प्रदेश में 1,08,627 नागरिक स्वयंसेवकों को नागरिक सुरक्षा की विभिन्न विधाओं और आपदा प्रबंधन में प्रशिक्षित किया गया है तथा नवसृजित जनपदों में प्रशिक्षण की कार्यवाही जारी है। गृह मंत्रालय की योजना के अंतर्गत केंद्रीय नागरिक सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान, लखनऊ में प्रदेश के 17 जनपदों के 33 तथा उत्तराखंड राज्य के दो समेत कुल 35 कर्मियों को मास्टर ट्रेनर के रूप में प्रशिक्षित किया गया है। इसके अलावा 15 जनपदों के 5,310 स्वयंसेवकों को क्षमता निर्माण के लिए सात दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया और भारतीय सेना की गोरखा राइफल्स के अधिकारियों द्वारा लखनऊ के 73 नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक मास्टर ट्रेनरों को विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया है।

- कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में नागरिक सुरक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, सांसद बृजलाल, विधायक डॉ. नीरज बोरा, विधायक अमरीश कुमार, अपर मुख्य सचिव गृह संजय प्रसाद, पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण, प्रमुख सचिव नागरिक सुरक्षा संयुक्ता समद्दार और डीजी नागरिक सुरक्षा अशोक कुमार सहित सिविल डिफेंस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ व यूपी पुलिस के जवान, स्वयंसेवक और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

आज यूपी के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान दिवस, मतदाता सूची में नाम जांचने का मौका

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची को शुद्ध, समावेशी और अद्यतन बनाने के लिए आज रविवार, 22 नवंबर को प्रदेश के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान मतदाता अपने बूथ पर पहुंचकर आलेख्य मतदाता सूची में अपना नाम और अन्य विवरण जांच सकते हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने प्रदेशवासियों से विशेष अभियान दिवस में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है। निर्वाचन विभाग के मुताबिक, यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है तो वह फॉर्म-6 भरकर मतदाता के रूप में पंजीकरण करा सकता है। वहीं, मतदाता सूची में दर्ज नाम, पता अथवा अन्य विवरण में संशोधन कराने के लिए फॉर्म-8 भरकर आवेदन किया जा सकता है।

निर्वाचन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने मतदेय स्थल पर पहुंचकर मतदाता सूची में नाम जरूर जांच लें और जरूरी होने पर संबंधित आवेदन प्रक्रिया पूरी करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में दर्ज होने से छूट न जाए। विशेष अभियान दिवस का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक, समावेशी और अद्यतन बनाना है, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

अखिलेश झूठ बोलकर बिगाड़ना चाहते हैं माहौल, जनता जानती है उनकी मंशा : कपिल देव अग्रवाल

- मंत्री कपिल देव बोले - जेन-जी मजबूती से बीजेपी के साथ, 27 में सपा होगी साफ
- कहा - सत्ता में रहते जनता की सुनी होती तो अखिलेश को ये दिन नहीं देखना पड़ता

लखनऊ, 21 नवंबर। यूपी सरकार में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने शनिवार को सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर अखिलेश यादव ने सत्ता में रहते हुए जनता की बात सुनी होती तो आज उनकी पार्टी का ये हाल नहीं होता। उन्होंने कहा कि सपा केवल तुष्टीकरण की राजनीति करती है। जबकि बीजेपी सबको साथ लेकर चलने वाली पार्टी है।
कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि अखिलेश यादव केवल भ्रम फैलाने की राजनीति कर रहे हैं। झूठ बोलकर वो केवल माहौल बिगाड़ना चाहते हैं। लेकिन उन्हें पता नहीं है कि यूपी की जनता सपा की मंशा को अच्छे से जानती है। मंत्री ने कहा कि जेन-जी मजबूती के साथ बीजेपी से जुड़ा हुआ है।
- यूपी में तीसरी बार खिलेगा कमल
कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि राधे-राधे की महिला अनंत है। सुबह उठने से लेकर रात को सोने तक राधे-राधे कहा जाता है। बड़ों को भी राधे और छोटों को भी राधे कहकर अभिवादन किया जाता है। उन्होंने कहा कि राधा रानी की कृपा से उत्तर प्रदेश में तीसरी बार कमल खिलेगा।
यूपी में पहली बार ऑनलाइन काउंसलिंग से 119 मंडी सचिवों को मिला मंडियों का आवंटन

- 125 रिक्त मंडियों में से वरीयता के आधार पर चयन का मौका, गृह जनपद की मंडी चुनने पर रही रोक

लखनऊ, 21 नवंबर। उत्तर प्रदेश राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद ने मंडी सचिवों के पदस्थापन में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए पहली बार ऑनलाइन काउंसलिंग के जरिए मंडियों का आवंटन किया। शनिवार को आयोजित काउंसलिंग प्रक्रिया में 119 नवचयनित मंडी सचिव श्रेणी-3, वर्ग-2 ने प्रतिभाग किया और अपनी मेरिट व वरीयता के अनुसार मंडियों का चयन किया।
मंडी परिषद ने इस प्रक्रिया के लिए विशेष ऑनलाइन मंडी चयन प्रणाली विकसित की थी। इसके माध्यम से प्रदेश की 125 चयनित रिक्त मंडियों में से नवचयनित सचिवों को उनकी रैंक के आधार पर पसंदीदा मंडी चुनने का अवसर दिया गया। काउंसलिंग सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक चली, जिसमें सभी 119 चयनित अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया।
- मेरिट के क्रम में मिली मंडी चुनने की सुविधा
ऑनलाइन काउंसलिंग की खासियत यह रही कि पूरी प्रक्रिया मेरिट आधारित और पारदर्शी तरीके से संचालित की गई। अभ्यर्थियों को उनकी रैंक के क्रम में एक-एक करके मंडी चयन के लिए बुलाया गया। अपनी बारी आने पर अभ्यर्थी उपलब्ध रिक्त मंडियों में से पसंद की मंडी चुन सकते थे। चयन पूरा होने के बाद अगले वरीयता क्रम के अभ्यर्थी को मंडी चुनने का अवसर दिया गया।
मंडी चयन में एक शर्त निर्धारित की गई थी कि कोई भी नवचयनित सचिव अपने गृह जनपद की मंडी का चयन नहीं कर सकेगा। इसके अलावा उपलब्ध मंडियों में से अपनी पसंद के अनुसार चयन की स्वतंत्रता दी गई।
- मानवीय हस्तक्षेप और पक्षपात की संभावना हुई कम
मंडी परषद की इस डिजिटल पहल से आवंटन प्रक्रिया में मानवीय हस्तक्षेप और पक्षपात की संभावना को न्यूनतम करने का प्रयास किया गया। मेरिट और अभ्यर्थियों की पसंद को आधार बनाकर मंडियों का आवंटन किया गया, जिससे सभी चयनित अभ्यर्थियों को समान अवसर मिला।
काउंसलिंग में शामिल नवचयनित मंडी सचिवों ने व्यवस्था की पारदर्शिता, निष्पक्षता और सुव्यवस्थित संचालन पर प्रसन्नता व्यक्त की। सभी 119 अभ्यर्थियों द्वारा सफलतापूर्वक मंडियों का चयन किए जाने को परिषद ने प्रक्रिया की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। मंडी परिषद की यह पहल कार्मिकों के पदस्थापन में डिजिटल तकनीक, पारदर्शिता और योग्यता आधारित प्रशासनिक व्यवस्था को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
यूपी स्पेशल टीईटी का रिजल्ट जारी, प्राथमिक स्तर पर 15,159 और उच्च प्राथमिक में 8,584 अभ्यर्थी सफल

- UP Special TET Result 2026: आयोग ने सफल अभ्यर्थियों के प्रमाण-पत्र भी किए जारी, वेबसाइट पर अनुक्रमांक और जन्मतिथि दर्ज कर डाउनलोड कर सकेंगे सर्टिफिकेट

लखनऊ। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC), प्रयागराज ने बेसिक शिक्षा विभाग में कार्यरत शिक्षकों के लिए आयोजित विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा (Special TET-2026) का परिणाम घोषित कर दिया है। जारी परिणाम में प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर को मिलाकर कुल 23,743 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है। आयोग ने सफल अभ्यर्थियों के प्रमाण-पत्र भी जारी कर दिए हैं, जिन्हें आयोग की आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड किया जा सकता है।

आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि विज्ञापन संख्या 03/2026 के तहत आयोजित स्पेशल टीईटी के प्राथमिक स्तर (कक्षा 1 से 5) की परीक्षा में शामिल हुए 50,666 अभ्यर्थियों में से 15,159 सफल हुए हैं। वहीं, उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 6 से 8) में परीक्षा देने वाले 43,015 अभ्यर्थियों में से 8,584 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की है। दोनों स्तरों पर कुल 93,681 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी। बेसिक शिक्षा विभाग में कार्यरत शिक्षकों के लिए आयोजित इस विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा की लिखित परीक्षा 3 नवंबर 2026 को प्रदेश के छह मंडल मुख्यालयों प्रयागराज, लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, मेरठ और आगरा में दो पालियों में आयोजित की गई थी।

- वेबसाइट से डाउनलोड करें प्रमाण-पत्र

आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह के मुताबिक, परिणाम जारी होने के साथ ही सभी सफल अभ्यर्थियों के प्रमाण-पत्र भी निर्गत कर दिए गए हैं। अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upessc.up.gov.in पर उपलब्ध लिंक पर जाकर अपना अनुक्रमांक और जन्मतिथि दर्ज कर प्रमाण-पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए प्रमाण-पत्र डाउनलोड करने की व्यवस्था डिजिलॉकर के माध्यम से भी जल्द उपलब्ध कराई जाएगी।

प्रदेश के सभी मतदेय स्थलों पर 21 और 22 नवम्बर को आयोजित होंगे विशेष अभियान दिवस

- सभी मतदेय स्थलों पर प्रातः 10 बजे से अपराह्न 4 बजे तक उपस्थित रहेंगे बीएलओ
- पंजीकरण से छूटे पात्र नागरिकों विशेषकर युवाओं एवं महिलाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर विशेष जोर

लखनऊ, 20 नवम्बर, 2026। उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि अर्हता तिथि 01 जनवरी, 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि में नागरिकों की सुविधा के लिए प्रदेश में विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। ये अभियान दिवस 21 नवम्बर (शनिवार), 22 नवम्बर (रविवार), 28 नवम्बर (शनिवार) एवं 29 नवम्बर (रविवार), 2026 को आयोजित होंगे। उन्होंने समस्त जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि विशेष अभियान दिवसों का आयोजन सुव्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित किया जाए तथा भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन कराया जाए।
उन्होंने बताया कि 21 एवं 22 नवम्बर को प्रदेश के सभी मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) प्रातः 10 बजे से अपराह्न 4 बजे तक उपस्थित रहेंगे। बीएलओ के पास 17 नवम्बर, 2026 को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची उपलब्ध रहेगी, जिससे नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम जांच कर सकेंगे। बीएलओ के पास पर्याप्त संख्या में फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 उपलब्ध रहेंगे। नागरिकों की सुविधाओं एवं उनकी जिज्ञासाओं तथा आवेदन में सहयोग हेतु प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क भी सक्रिय रखी जाएगी। नागरिकों की जिज्ञासाओं के समाधान एवं आवश्यक जानकारी तथा सहायता उपलब्ध कराने के लिए जनपद स्तर पर हेल्पलाइन नं० 1950 भी सक्रिय रहेंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि समस्त जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि विशेष अभियान दिवसों के दौरान मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों विशेषकर युवाओं एवं महिलाओं को शामिल कराने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। इस अभियान में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए), पूर्व/वर्तमान ग्राम प्रधानों/पार्षदों एवं स्थानीय स्वयंसेवकों का सहयोग लिया जाए। सामाजिक संगठनों को भी अभियान से जोड़कर पात्र नागरिकों तक जानकारी पहुंचाई जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इन विशेष अभियान दिवसों का लाभ उठा सकें।
उन्होंने निर्देश दिए कि जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी विशेष अभियान दिवसों पर मतदेय स्थलों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करें। जिला निर्वाचन अधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि विशेष अभियान के संचालन में किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरती जाए। उन्होंने बताया कि अभियान दिवसों के कुशल पर्यवेक्षण हेतु मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में कार्यरत अधिकारीगण भी विभिन्न जनपदों में स्थलीय निरीक्षण करेंगे, जिसमें उनके द्वारा मतदेय स्थलों का निरीक्षण एवं बीएलओ के कार्यों की गुणवत्ता का आंकलन भी किया जाएगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने सभी प्रदेश वासियों से अनुरोध किया है कि वे विशेष अभियान दिवसों पर अपने मतदेय स्थलों पर पहुंचकर आलेख्य मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। आलेख्य मतदाता सूची में नाम न होने पर पात्र नागरिक फॉर्म-6 भरकर नाम दर्ज कराने हेतु पंजीकरण करायें एवं मतदाता सूची में किसी प्रविष्टि के संशोधन के लिए फॉर्म-8 के माध्यम से आवेदन करें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मतदाता सूची में नाम दर्ज होना आवश्यक है। सभी नागरिक विशेष अभियान दिवसों में सक्रिय सहभागिता निभाएं और मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं समावेशी बनाने में सहयोग करें।
मुख्यमंत्री योगी की माताजी के निधन पर वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने व्यक्त किया गहरा शोक
- दिवंगत पुण्यात्मा की सद्गति एवं शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करने की ईश्वर से की प्रार्थना

लखनऊ, 20 नवंबर, 2026। उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माताजी के निधन के समाचार पर गहरा दुःख एवं शोक व्यक्त किया है। श्री खन्ना ने अपने शोक संदेश में कहा कि माता का स्नेह, आशीर्वाद एवं संस्कार जीवन की अमूल्य निधि होते हैं। मातृवियोग की पीड़ा अत्यंत गहन एवं अपूरणीय होती है।
दुःख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएँ मुख्यमंत्री जी एवं उनके समस्त शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। वित्त मंत्री ने ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करने तथा शोकसंतप्त परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
यूपी में नौकरियों की कमी नहीं, 26 जनवरी तक वितरित होंगे नियुक्ति पत्र: मुख्यमंत्री योगी
*गोरखपुर में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत 50 हजार से अधिक युवाओं को वितरित किए गए टैबलेट, मुख्यमंत्री ने 23 विद्यार्थियों को अपने हाथों से दिए टैबलेट*

*8 हजार लेखपालों, 32 हजार पुलिसकर्मियों और 42 हजार होमगार्ड की भर्ती प्रक्रिया पूरी: मुख्यमंत्री*

*अब नशे के सौदागरों के खिलाफ शुरू होगी सख्त कार्रवाई, युवाओं के करियर से खिलवाड़ करने वालों को करेंगे तबाह: योगी आदित्यनाथ*

*चौरी-चौरा के क्रांतिकारी पूजन सिंह के प्रपौत्र को सपा के जुलूस ने रौंदा, यूपी की पहचान पर काला धब्बा बनी अराजकता को पूरी तरह कुचल देंगे: मुख्यमंत्री*

*हर जिले में बनेगा सरदार वल्लभभाई पटेल स्किलिंग एंड एंप्लॉयमेंट जोन, जापानी और जर्मन भाषाओं व कौशल का प्रशिक्षण देकर युवाओं को दिलाएंगे रोजगार: मुख्यमंत्री*

*बेटियों को छेड़ने वालों के लिए केवल दो जगह हैं, जेल या जहन्नुम, अब रात दो बजे भी बेखौफ घर लौटती हैं कामकाजी बेटियां: मुख्यमंत्री*

*गोरखपुर, 20 नवंबर।* मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोरखपुर में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के दूसरे चरण के अंतर्गत आयोजित भव्य समारोह में गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर और महराजगंज के 50 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं एवं प्रशिक्षणार्थियों को टैबलेट वितरित किए। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 23 विद्यार्थियों को अपने हाथों से टैबलेट प्रदान किए और योजना पर आधारित लघु फिल्म का अवलोकन भी किया। देवोत्थान एकादशी के पावन अवसर पर युवाओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने बड़ी घोषणा की कि माफियाओं को कुचलने और संगठित अपराध को नष्ट करने के बाद अब प्रदेश सरकार नशे के सौदागरों के खिलाफ बेहद सख्त कार्रवाई प्रारंभ करने जा रही है। उन्होंने युवाओं से किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए चेतावनी दी कि युवाओं के करियर के साथ खिलवाड़ करने वालों के करियर को सरकार पूरी तरह तबाह कर देगी। समारोह के अंत में मुख्यमंत्री ने युवाओं के साथ टैबलेट ऊपर उठवाकर सेल्फी भी ली।
*सपा के जुलूस में क्रांतिकारी के प्रपौत्र की मौत पर कड़ा रुख*
मुख्यमंत्री ने दो दिन पूर्व गोरखपुर में सपा के जुलूस के दौरान दसवीं के छात्र को रौंदे जाने की घटना को यूपी की पहचान पर काला धब्बा बताया। उन्होंने कहा कि अपनी छोटी बहन को स्कूल से लेने जा रहा वह छात्र चौरी-चौरा कांड के क्रांतिकारी पूजन सिंह का प्रपौत्र था। उन्होंने दो टूक कहा कि चुनाव के समय बिलों से निकलकर मचलने वाले अराजक तत्वों को पूरी तरह कुचल दिया जाएगा।
*26 जनवरी तक बंटेंगे नियुक्ति पत्र*
विपक्ष को आंकड़ों के साथ जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि साढ़े नौ वर्ष में पौने दस लाख सरकारी नियुक्ति पत्र दिए गए हैं। हाल ही में कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायती राज, पुलिस, खेल और राजस्व विभाग में 16 हजार से अधिक नियुक्तियां हुईं। अब 8 हजार लेखपालों, 32 हजार पुलिसकर्मियों और 42 हजार से अधिक होमगार्ड की भर्ती प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और 26 जनवरी तक औसतन हर पांच से सात दिन में नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। पहले परीक्षाओं में मुन्ना भाई और सैफई सिंडिकेट हावी था, जबकि अब पेपर लीक पर आजीवन कारावास, एक करोड़ रुपये जुर्माना व संपत्ति जब्ती के सख्त कानून के बीच टैलेंट के आधार पर फटाफट भर्ती हो रही है।
*चलता-फिरता विश्वविद्यालय है टैबलेट, फीड नहीं फ्यूचर स्क्रॉल करें युवा*
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रथम चरण में 60 लाख युवाओं को टैबलेट व स्मार्टफोन मिले, जिसका लाभ आईआईएम लखनऊ के अध्ययन के अनुसार 3 करोड़ लोगों तक पहुंचा। दूसरे चरण में 25 लाख टैबलेट वितरित किए जा रहे हैं। इंफोसिस के 18 हजार से अधिक निःशुल्क कोर्स और 'युवा साथी ऐप' से युक्त यह टैबलेट चलता-फिरता विश्वविद्यालय है। मुख्यमंत्री ने युवाओं को वायरल कंटेंट का फैक्ट चेक करने, डिजिटल सुरक्षा बरतने और रील देखने में 30 सेकंड के बजाय कौशल विकास पर तीन घंटे देने की सलाह दी। साथ ही टैबलेट से जनगणना 2027 की स्वगणना और मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) के लिए फॉर्म 6, 7 व 8 भरने का आह्वान किया।
*हर जिले में सरदार पटेल स्किलिंग जोन, 36 लाख करोड़ रुपये की हुई अर्थव्यवस्था*
मुख्यमंत्री ने बताया कि हर जिले में सरदार वल्लभभाई पटेल स्किलिंग एंड एंप्लॉयमेंट जोन बनेगा, जहां युवाओं को जापानी और जर्मन भाषाओं तथा कौशल का प्रशिक्षण देकर देश-विदेश के उद्योगों से जोड़ा जाएगा। प्रदेश में स्टार्टअप 120 से बढ़कर 25 हजार हो गए हैं, जिसके लिए एक हजार करोड़ रुपये का फंड ऑफ फंड्स बनाया गया है। ओडीओपी, वन डिस्ट्रिक्ट वन क्यूज़ीन और सीएम युवा योजना के तहत दो लाख युवाओं को पांच लाख रुपये का ब्याज-मुक्त ऋण, 67 लाख छात्रों को छात्रवृत्ति और कॉलेज स्तर तक अभ्युदय कोचिंग से युवा जॉब क्रिएटर बन रहे हैं। यूपी की जीएसडीपी तीन गुना होकर 12 लाख करोड़ से 36 लाख करोड़ रुपये पहुंच गई है। 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों से 65 लाख युवाओं को रोजगार मिला और अकेले गीडा में 20 हजार करोड़ रुपये का निवेश आया। 60 प्रतिशत एक्सप्रेसवे नेटवर्क, 17 एयरपोर्ट, गोरखपुर में एम्स व पांच विश्वविद्यालयों के साथ पूर्वांचल इंसेफेलाइटिस-मुक्त हो चुका है।
*नो कर्फ्यू, नो दंगा, अब रात दो बजे भी सुरक्षित लौटती हैं बेटियां*
उन्होंने कहा कि यूपी उपद्रव से उत्सव का प्रदेश बन गया है। देवोत्थान एकादशी पर अयोध्या की पंचकोसी परिक्रमा में 50 से 55 लाख श्रद्धालु पहुंचे हैं। एचसीएल टेक के लखनऊ सेंटर में कर्मियों की संख्या 100 से बढ़कर 18 हजार हो गई है, जहां की बेटियां रात दो बजे भी बेखौफ घर लौटती हैं, क्योंकि बेटी को छेड़ने वालों के लिए केवल जेल या जहन्नुम है। उन्होंने युवाओं से 2047 के विकसित भारत का नेतृत्व करने का आह्वान किया।
*सीएम ने इन 23 विद्यार्थियों को अपने हाथों से दिए टैबलेट*
मुख्यमंत्री ने आकाश तिवारी, अनिकेत दुबे, पलक कुमारी, राशि सिंह, नाजिया परवीन, एकता कुमारी, अरीबा खान, अर्चिता द्विवेदी, सौम्या सिंह, दिव्यांजलि पाठक, गणेश पांडे, शुभम यादव, अभिनव सिंह, आशीष यादव, जया राव, अभिषेक शर्मा, अनुराधा पटेल, आकांक्षा पांडे, अहमद रजा, अनामिका सिंह, सोनिया प्रजापति, नितेश चौहान और सुंदरी कुमारी को अपने हाथों से टैबलेट प्रदान किए। *टैबलेट का उपयोग पढ़ाई व कौशल विकास में करें युवा: कमलेश पासवान*
केंद्रीय राज्य मंत्री कमलेश पासवान ने कहा कि दूसरे चरण में 25 लाख युवाओं को टैबलेट देने का लक्ष्य है। युवा इसका उपयोग मनोरंजन के बजाय पढ़ाई, कौशल विकास व मतदाता पंजीकरण में करें तथा नशे से दूर रहें।
*डिजिटल यूपी से आत्मनिर्भर बन रहा प्रदेश: सूर्य प्रताप शाही*
मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि प्रधानमंत्री के डिजिटल इंडिया और मुख्यमंत्री के डिजिटल यूपी के संकल्प से प्रदेश बीमारू से उत्तम प्रदेश बन रहा है। तकनीक के माध्यम से युवा देश को सर्वश्रेष्ठ बनाने में सक्षम हैं। *शिक्षा व नवाचार का केंद्र बन रहा पूर्वांचल: रवि किशन*
सांसद रवि किशन शुक्ला ने कहा कि पूर्वांचल पलायन की पहचान से निकलकर विकास की नई राह पर है। कैंपियरगंज में प्रदेश के पहले वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय का शिलान्यास और साढ़े नौ लाख पारदर्शी नौकरियां इसी बदलाव का प्रमाण हैं।
*कार्यक्रम में ये रहे मौजूद*
समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री कमलेश पासवान, मंत्री सूर्य प्रताप शाही, संजय निषाद, सांसद रवि किशन शुक्ला, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, जिला पंचायत अध्यक्ष साधना सिंह, एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, डॉ. रतनपाल सिंह, ध्रुव त्रिपाठी, विधायक फतेह बहादुर सिंह, विपिन सिंह, श्रीराम चौहान, महेंद्र पाल सिंह, प्रदीप शुक्ला, राजेश त्रिपाठी, श्रवण कुमार निषाद, सभा कुंवर, मनीष जायसवाल, पीएन पाठक, मोहन वर्मा, ज्ञानेंद्र सिंह, प्रेम सागर पटेल, जयमंगल कनौजिया, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी और आईआईडीसी आलोक कुमार सहित जनप्रतिनिधि व विद्यार्थी मौजूद रहे।
पीडीए यात्रा की अराजकता में गई मासूम की जान, मंत्री ओम प्रकाश राजभर का अखिलेश पर तीखा हमला

- गोरखपुर में बच्चे की मौत पर सपा पर बरसे राजभर, अखिलेश को कहा 'लफंगों का देवता'

- माफिया के यहां दरबार लगाने का वक्त है, लेकिन पीड़ित परिवार से मिलने का समय नहीं: ओपी राजभर का अखिलेश पर निशाना

लखनऊ, 20 नवंबर। उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि अखिलेश यादव की पीडीए यात्रा की अराजकता में एक मासूम की जान चली गई, लेकिन पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जताने में भी उन्हें 24 घंटे लग गए।

राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव को 'लफंगों का देवता' बनने का शौक चढ़ गया है। खुद पर फूल-माला चढ़वाने के लिए सपाई गुंडों से जेसीबी मंगवाई जिससे सड़क पर अफरातफरी मचने के कारण बच्चे की मौत हो गई। राजभर ने मृतक बच्चे आर्यवर्धन का जिक्र कर कहा कि वह चौरी-चौरा के शहीद स्वतंत्रता सेनानी शिवपूजन सिंह की पांचवीं पीढ़ी का वंशज था। राजभर ने सवाल उठाया कि जब इस घटना में एक परिवार ने अपना मासूम बेटा खो दिया, तब अखिलेश यादव ने तत्काल पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना क्यों नहीं जताई।

- आलोचना होने के बाद जताई संवेदना

राजभर ने अखिलेश पर माफियाओं के साथ नजदीकी रखने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें गोरखपुर में स्वतंत्रता सेनानियों की जाति गिनने और माफियाओं के यहां दरबार लगाने का समय मिल गया, लेकिन पीड़ित परिवार के आंसू पोंछने का समय नहीं मिला। उन्होंने कहा कि चारों तरफ से आलोचना होने के बाद अखिलेश ने 24 घंटे बाद सोशल मीडिया पर संवेदना जताई और आरोप-प्रत्यारोप शुरू कर दिए।

- पीडीए यात्रा में सपा करती है शक्ति प्रदर्शन

सपा की पीडीए यात्रा पर राजभर ने आरोप लगाया कि सड़क पर गुंडों की फौज को उतारकर शक्ति प्रदर्शन किया जाता है। उन्होंने अखिलेश पर निशाना साधते हुए कहा कि जब ऐसी घटनाओं में किसी मासूम की जान चली जाती है तो जिम्मेदारी लेने के बजाय जानकारी नहीं होने की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया जाता है।

- जब कर्म अच्छे नहीं होंगे तो साइत निकलवाने से कुछ नहीं होगा

राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव आजकल हर काम के लिए साइत निकलवा रहे हैं, लेकिन जब कर्म अच्छे नहीं होंगे तो लाख साइत निकलवाने के बावजूद परिणाम विपरीत ही आएंगे। राजभर ने चेतावनी दी कि घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई करेगी।