अतरौलिया समेत आजमगढ़ की तीन सीटों पर निषाद पार्टी उतारेगी प्रत्याशी : डॉ. संजय निषाद ‘मैं नेता नहीं, आपका बेटा हूं’, संवैधानिक अधिकार महासम्मेलन
तरौलिया। क्षेत्र के भोराजपुर स्थित कांटा वाली बाग में रविवार को निषाद पार्टी की ओर से आयोजित संवैधानिक अधिकार महासम्मेलन में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद ने राजनीतिक हुंकार भरी। उन्होंने कहा कि वह नेता नहीं, बल्कि समाज के बेटे हैं। उन्होंने अतरौलिया विधानसभा सीट समेत आजमगढ़ जिले की तीन विधानसभा सीटों पर निषाद पार्टी के प्रत्याशी उतारने का दावा किया। महासम्मेलन को संबोधित करते हुए डॉ. संजय निषाद ने कहा कि गरीबी एक बीमारी है और इसका इलाज समझदारी तथा शिक्षा है। समाज को आगे बढ़ाने के लिए बच्चों की पढ़ाई को प्राथमिकता देनी होगी। उन्होंने कहा कि जब तक समाज शिक्षित और संगठित नहीं होगा, तब तक उसे अपने अधिकारों और राजनीतिक हिस्सेदारी का पूरा लाभ नहीं मिल पाएगा। कुछ लोग समाज को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं, ऐसे में सभी को एकजुट होकर जागरूक रहने की जरूरत है। उन्होंने दावा किया कि निषाद समाज की आबादी करीब 18 प्रतिशत होने के बावजूद राजनीतिक क्षेत्र में उसे अपेक्षित पहचान और हिस्सेदारी नहीं मिल पाई है। यादव समाज और अनुसूचित जाति के लोगों की राजनीतिक एकजुटता का उदाहरण देते हुए उन्होंने निषाद समाज से भी संगठित होने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज के लोग छोटी-छोटी लालच में अपना वोट न बेचें। पहले पव्वा देकर झुंड के झुंड वोट खरीद लिए जाते थे, लेकिन अब समय बदल चुका है। समाज को अपने मत की ताकत पहचाननी होगी। डॉ. संजय निषाद ने केंद्र और प्रदेश सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार समाज के बच्चों की शिक्षा के लिए सालाना 25 करोड़ रुपये का बजट दे रही है, ताकि बच्चे शिक्षित होकर अपनी पहचान बना सकें। उन्होंने कहा कि झोपड़ी और खोपड़ी का उदाहरण देते हुए समाज को मेहनत के साथ शिक्षा और जागरूकता अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने निषाद पार्टी के बैनर तले एकजुट होकर अपने हक और अधिकारों की लड़ाई लड़ने का आह्वान किया। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रशांत कुमार सिंह ने कहा कि अतरौलिया में आयोजित महासम्मेलन में उमड़ी भीड़ ने क्षेत्र की राजनीतिक गतिविधियों में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। उन्होंने आगामी चुनाव में बूथ कैप्चरिंग जैसी गतिविधियों का जनता द्वारा जवाब दिए जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि अब सपा का गढ़ जैसी स्थिति नहीं रह गई है और राजनीतिक शंखनाद हो चुका है। वहीं, पूर्व सांसद प्रवीण निषाद ने कहा कि अब निषाद समाज किसी प्रलोभन में आकर अपना वोट देने वाला नहीं है। अतरौलिया वीरों की धरती है और यहां के लोग अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो रहे हैं। इस अवसर पर मालती देवी निषाद, डॉ. अमित निषाद, रविंद्र मणि निषाद, व्यास मुनि, बाबूराम निषाद, मिठाई लाल निषाद, अनिल निषाद, शिवकुमारी निषाद सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
5 hours ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
32.2k