आशा कर्मचारी यूनियन सीटू जिला ईकाई गोण्डा द्वारा आशा कर्मचारी यूनियन के प्रतिनिधियों की कार्यशाला

गोण्डा। आशा कर्मचारी यूनियन सीटू जिला ईकाई गोण्डा द्वारा आशा कर्मचारी यूनियन के प्रतिनिधियों की कार्यशाला / विभागीय गतिविधियों को बढ़ाने ( बाउचर भरने) का प्रशिक्षण का आयोजन चौधरी चरण सिंह फील्ड हास्टल में किया गया।

प्रशिक्षण में जिला उपाध्यक्ष अलका श्रीवास्तव ने बताया कि मिशन निदेशक के निर्देशानुसार कार्य उपरान्त 74 बिन्दुओं पर भुगतान होना चाहिए लेकिन जनपद में विभागीय उदासीनता के कारण मात्र 16 से 21 बिन्दुओं पर ही भुगतान होता है।
मुख्यमन्त्री व स्वास्थ्य मन्त्री तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा अखबार के माध्यम से घोषणा किया जा रहा कि तेरह हजार एक सौ पचास रुपये आशा को भुगतान किया जाता था जो गलत व मिथ्या प्रचार है। टीबी, फाईलेरिया, मलेरिया, कुष्ठ रोग, आभा आईडी, सी बैग, पोलियो आदि का पैसा वर्षों वर्षों का लम्बित है। कुछ मदों के पैसों के भुगतान में लेन देन की मांग भी किया जा रहा है। आशा कर्मचारी यूनियन के प्रदेश उपाध्यक्ष दिलीप शुक्ला ने कहा कि पूरे प्रदेश में आशा वाउचर भरने व भुगतान के नाम पर बहुत घोटाला भौतिक सत्यापन कराने पर आ सकता है। उन्होंने स्पष्ट घोषणा किया कि राज्य सरकार आशा, आशा संगिनियों के कार्यानुसार मानदेय वृद्धि न करके इन कर्मियों को हतोत्साहित किया है। बीस हजार आबादी पर कार्य करने वाली आशा संगिनियों को कोई यात्रा भत्ता तक नहीं मिलता है। नियमानुसार आशा संगिनी को 30 विजिट की जगह केवल 24 पर ही मिलता है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों के अधिकारियों को निर्देशित किया जाय कि भुगतान लम्बित न करें।
दिसम्बर माह के अन्तिम सप्ताह में अपर निदेशक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण देवीपाटन मंडल को ज्ञापन दिया जायेगा। प्रशिक्षण में स्वास्थ्य विभाग के तरफ से आये हुए बीसीपीएम रुपईडीह महेन्द्र विश्वकर्मा ने आश्वासन दिया कि सबको नियमानुसार भुगतान मिलेगा। ई-कवच पर काम करना आशा व आशा संगिनी का सबसे बड़ा प्रमाण है। जिला अध्यक्ष ममता तिवारी व उपाध्यक्ष साधना देवी ने संयुक्त रूप से कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर आशा कर्मचारी यूनियन चरण बद्ध तरीके से स्वास्थ्य गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए और आशा के भुगतान में हो रहे घोटाले को रोकने के लिए प्रशिक्षण का आयोजन शुरू किया जायेगा।
प्रशिक्षण कार्यशाला को सम्बोधित करते हुए सीटू प्रदेश उपाध्यक्ष कौशलेन्द्र पाण्डेय ने आशा, आशा संगिनियों से अपील किया कि 1 दिसम्बर से 3 दिसम्बर तक दिल्ली रामलीला मैदान में हो रहे पड़ाव में शामिल हों। और अपने शोषण के खिलाफ संघर्ष में आगे आएं। कार्यशाला में कृष्णा पाण्डेय, वन्दना श्रीवास्तव, विद्यावती मौर्य, जिला महामन्त्री पूजा पाण्डेय, जिला पूर्व जिला अध्यक्ष संतोषी देवी, विमला पाल, जिला संरक्षक धर्मेश मिश्रा आदि उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने जूनियर हाईस्कूल रामापुर तरबगंज में किया विशेष अभियान का निरीक्षण


*मतदेय स्थलों पर पहुंचकर दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण की कार्यवाही का लिया जायजा*


*मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में पारदर्शिता, शुद्धता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश*


*गोण्डा 21 नवम्बर,2026*। मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित विशेष अभियान के दौरान जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी रमेश रंजन ने जूनियर हाईस्कूल रामापुर, तरबगंज में स्थापित मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा मतदाताओं से प्राप्त किए जा रहे दावे एवं आपत्तियों से संबंधित कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने मतदेय स्थलों पर पहुंचकर मतदाता सूची पुनरीक्षण के अंतर्गत प्राप्त हो रहे आवेदन पत्रों, नए मतदाताओं के नाम सम्मिलित किए जाने, अपात्र एवं मृत मतदाताओं के नाम हटाने तथा निर्वाचक नामावली में आवश्यक संशोधन से संबंधित कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों से उनके बूथों पर प्राप्त दावे एवं आपत्तियों की स्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा निर्देशित किया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत सभी पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने का अवसर दिया जाए। विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं एवं ऐसे पात्र नागरिकों, जिनका नाम अभी तक निर्वाचक नामावली में शामिल नहीं हो पाया है, को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक किया जाए।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध एवं त्रुटिरहित होना स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया की महत्वपूर्ण आधारशिला है। इसलिए सभी बीएलओ अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता, निष्पक्षता एवं जिम्मेदारी के साथ करें। प्राप्त होने वाले दावे एवं आपत्तियों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार दर्ज करते हुए उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि पुनरीक्षण कार्य के दौरान किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटने न पाए और किसी भी प्रकार की त्रुटि अथवा लापरवाही न हो। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस दौरान उन्होंने मतदेय स्थलों पर उपस्थित बीएलओ को अभियान के प्रति सजग रहते हुए अधिक से अधिक पात्र नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित कराने तथा मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य को निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
संविधान दिवस पर विद्यालयों में होगा ‘संविधान संवाद’, क्विज प्रतियोगिता का  आयोजन

*26 नवंबर को शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज में ‘एक स्वर-एक संविधान’ कार्यक्रम*

*गोण्डा 21 नवम्बर 2026* - संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को जनपद में संवैधानिक साक्षरता अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यालयों में संचालित लीगल लिटरेसी क्लब के माध्यम से ‘संविधान संवाद’ (संविधान पर बातचीत), संवैधानिक साक्षरता अभियान एवं क्विज प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।

इस अवसर पर *‘एक स्वर-एक संविधान’* के तहत मुख्य कार्यक्रम का आयोजन प्रातः 9 बजे शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज, गोण्डा में किया जाएगा। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ जनपद न्यायालय के सम्मानित न्यायिक अधिकारीगण भी प्रतिभाग करेंगे।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के मूल्यों, मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों तथा संवैधानिक व्यवस्था के प्रति जागरूक करना और उनमें संवैधानिक साक्षरता को बढ़ावा देना है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को संविधान की महत्ता समझने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक होने का अवसर मिलेगा।
जिलाधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक ने तहसील तरबगंज में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की सुनी समस्याए*


*सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का शतप्रतिशत समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश-जिलाधिकारी*


*सम्पूर्ण समाधान दिवस तरबगंज में 95 शिकायतों में से 05 का मौके पर ही किया गया निस्तारण*


*गोण्डा 21 नवम्बर, 2026*।
शासन की मंशानुरूप जनसामान्य की शिकायतों एवं समस्याओं का एक ही स्थल पर निस्तारण कराने के उद्देश्य से जनपद के समस्त तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें तहसील तरबगंज में जिलाधिकारी रमेश रंजन तथा पुलिस अधीक्षक अभिषेक ने आये हुये फरियादियों की समस्याओं को सुना तथा शिकायतों का त्वरित एवं समयबद्ध गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने हेतु सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों को प्रेषित किया गया।

जनसुनवाई के दौरान तहसील तरबगंज में कुल 95 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुये जिसमें से 05 प्रार्थना पत्रों का मौके पर ही निस्तारित किया गया, शेष 90 प्रार्थना पत्रों को निर्धारित समय सीमा के अन्तर्गत सभी प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करते हुये आख्या समय से तहसील में उपलब्ध कराने के निर्देश दिये गये।

सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि समाधान दिवस में प्राप्त होने वाले शिकायतों के निस्तारण हेतु टीम गठित किया जाय, तथा टीम द्वारा शिकायत का मौके पर स्थलीय जांच के समय पर दोनों पक्षों को बुलाकर उनकी समस्याओं को सुनकर  पूरी गुणवत्ता के साथ निस्तारण करना सुनिश्चित किया जाय।  

सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान उन्होंने कहा कि अवैध अतिक्रमण तथा चकमार्ग के मामले में संयुक्त रूप से राजस्व एवं पुलिस फोर्स की संयुक्त टीम मौके पर भेजकर निस्तारित कराना सुनिश्चित करें। साथ ही उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि तालाब जमीन की पैमाइश, अवैध कब्जा, चकरोड, नाली, अवैध अतिक्रमण आदि को राजस्व एवं पुलिस फोर्स की संयुक्त टीम के साथ हटवाने का कार्य करें। शिकायतकर्ताओं को मौके पर बुलाएं। उसके आने पर लिखित रूप से उल्लेख करें और निस्तारण के प्रकरण का फोटोग्राफी/वीडियोग्राफी भी करना सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण मौके पर जाकर पूरी गुणवत्ता के साथ करें अन्यथा संबंधित विभाग के अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

सम्पूर्ण समाधान दिवस के अंत में जिलाधिकारी रमेश रंजन ने वहां पर उपस्थित सभी संबंधित विभाग के जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा है कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण तरीके से निस्तारण करना सुनिश्चित करें।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर संतलाल, उपजिलाधिकारी तरबगंज श्रीमती सविता शुक्ला, तहसीलदार तरबगंज रामजीत यादव, जिला विकास अधिकारी आदित्य तिवारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए सुशील कुमार पाण्डेय, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, पंचायत राज विभाग, कार्यक्रम विभाग, वन विभाग, एक्सईएएन विद्युत तरबगंज तथा अन्य विभागों के अधिकारीगण सहित अन्य सभी जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
मुलायम सिंह यादव की जयंती पर तनुज पाण्डेय ने निकाली बाइक रैली
जौनपुर। समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं पूर्व मुख्यमंत्री स्व. मुलायम सिंह यादव की जयंती के अवसर पर रविवार को बदलापुर विधानसभा क्षेत्र-364 में सपा नेता तनुज पाण्डेय के नेतृत्व में बाइक रैली निकाली गई। रैली की शुरुआत आशामधुपुर स्थित उनके आवास से हुई। बैंड-बाजे के साथ निकली बाइक रैली पूरालाल, सिंगरामऊ, बदलापुर और ऊसराबाजार होते हुए महराजगंज तिराहे पर पहुंची। यहां एक मैरिज हाल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने नेताजी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। रैली में बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता एवं समर्थक शामिल हुए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सपा नेता तनुज पाण्डेय ने कहा कि क्षेत्र का विकास उनकी प्राथमिकता है। शिक्षा, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के साथ युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रयास किया जाएगा। उन्होंने किसानों, नौजवानों और गरीब वर्ग के हितों को भी प्राथमिकता देने की बात कही। इस मौके पर सपा बदलापुर विधानसभा अध्यक्ष रामजतन यादव, नेहा मिश्रा समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।
चुनाव से पहले यूपी की महिलाओं के खाते में आ सकते हैं 20 हजार रुपये! भाजपा ने तैयार किया बड़ा प्लान


लखनऊ। उत्तर प्रदेश की सियासत में 2027 के विधानसभा चुनाव की आहट के साथ महिला मतदाताओं को लेकर राजनीतिक दलों की सक्रियता बढ़ने लगी है। इस बार भाजपा की नजर प्रदेश के उन करोड़ों परिवारों पर है, जहां घर की आर्थिक जिम्मेदारियां संभालने वाली महिलाओं के लिए सीधे आर्थिक मदद बड़ा सहारा बन सकती है। पार्टी ऐसी योजना पर काम कर रही है, जिसके तहत बीपीएल श्रेणी के प्रत्येक परिवार की एक महिला के बैंक खाते में कुल 20 हजार रुपये पहुंचाए जा सकते हैं।

प्रदेश में बीपीएल श्रेणी के करीब 3.64 करोड़ परिवार बताए जा रहे

अगर प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो महिलाओं को दो किस्तों में 10-10 हजार रुपये दिए जाएंगे। इस संभावित योजना का दायरा छोटा नहीं है। प्रदेश में बीपीएल श्रेणी के करीब 3.64 करोड़ परिवार बताए जा रहे हैं। योजना के तहत हर परिवार से एक महिला को लाभ देने की तैयारी है। यानी सरकार का यह प्रस्ताव लागू हुआ तो प्रदेश की करोड़ों महिलाएं सीधे तौर पर इससे जुड़ सकती हैं। भाजपा इसे केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं रखना चाहती, बल्कि महिलाओं को स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ने के विकल्प भी तलाश रही है।

दिसंबर में खाते तक पैसा पहुंचाने की तैयारी

योजना को लेकर सबसे अहम गतिविधि बैंक खातों के सत्यापन की है। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, बीपीएल परिवारों से जुड़ी महिलाओं के जनधन खातों की जांच तेजी से कराई जा रही है। इस काम का करीब 80 प्रतिशत हिस्सा पूरा होने की बात कही जा रही है। दिसंबर महीने में संभावित सहायता उपलब्ध कराने के मद्देनजर यह प्रक्रिया युद्धस्तर पर आगे बढ़ाई जा रही है।

योजना के स्वरूप को लेकर कई मॉडल पर विचार हुआ है। एक विकल्प महिलाओं को अपना छोटा कारोबार या स्वरोजगार शुरू करने के लिए आर्थिक मदद देने का है। दूसरा विकल्प उन्हें स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर रोजगार और आमदनी के स्थायी अवसर उपलब्ध कराने का है। हालांकि, फिलहाल जिस प्रस्ताव पर सहमति बनने की बात सामने आई है, उसमें प्रत्येक पात्र बीपीएल परिवार की एक महिला को दो किस्तों में कुल 20 हजार रुपये देने का प्रावधान है।

महाराष्ट्र से बिहार तक भाजपा ने आजमाया महिला कार्ड

भाजपा की इस तैयारी के पीछे दूसरे राज्यों के चुनावी अनुभव भी अहम माने जा रहे हैं। लोकसभा चुनाव में कमजोर प्रदर्शन के बाद पार्टी ने विधानसभा चुनावों में महिला मतदाताओं को केंद्र में रखकर आर्थिक सहायता योजनाओं पर जोर दिया। महाराष्ट्र में 'माझी लाडकी बहिण योजना' ने चुनाव से पहले खूब चर्चा बटोरी। महायुति गठबंधन की जीत में इस योजना को भी महत्वपूर्ण कारक माना गया।

हरियाणा में 'लाडो लक्ष्मी योजना', बिहार में 'मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना' और असम में 'अरुणोदय योजना' के जरिए महिलाओं को आर्थिक सहायता देने की पहल की गई। इन राज्यों में महिला मतदाताओं के बीच ऐसी योजनाओं की पहुंच और उनके राजनीतिक असर ने भाजपा को उत्तर प्रदेश में भी इसी तरह की रणनीति अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया है।

क्या 2027 की सियासत में निर्णायक बनेगी आधी आबादी?

उत्तर प्रदेश में महिला मतदाताओं की भूमिका चुनावी नतीजों को प्रभावित करने की क्षमता रखती है। ऐसे में भाजपा की कोशिश है कि आर्थिक सहायता के जरिए महिलाओं के साथ सीधा जुड़ाव बनाया जाए। पार्टी के सामने लक्ष्य केवल चुनावी लाभ हासिल करना नहीं, बल्कि इस मदद को स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ने की छवि बनाना भी है।

हालांकि, प्रस्तावित योजना को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। लाभार्थियों की अंतिम पात्रता, भुगतान की समय-सीमा और योजना के क्रियान्वयन का पूरा खाका सामने आना बाकी है। इसलिए दिसंबर में खाते में रकम पहुंचने की बात फिलहाल प्रस्तावित तैयारी और सूत्रों से मिली जानकारी के तौर पर ही देखी जानी चाहिए।

आर्थिक सहायता 2027 की सियासत का बन सकती है बड़ा मुददा

फिर भी, यदि यह योजना अपने मौजूदा प्रस्ताव के मुताबिक लागू होती है तो उत्तर प्रदेश में चुनाव से पहले महिलाओं के खाते में पहुंचने वाली आर्थिक सहायता 2027 की सियासत का बड़ा मुद्दा बन सकती है। भाजपा के लिए यह आधी आबादी को साधने का दांव होगा, जबकि विपक्ष के सामने इस योजना की मंशा, समय और आर्थिक प्रावधानों पर सवाल उठाने की चुनौती होगी।
उत्तर प्रदेश: Mirzapur में घर से ड्यूटी करने जा रहे विद्युत कर्मी पर घात लगाए हमलावरों ने धारदार हथियार से बोला हमला, मौत

*अस्पताल पहुंचाने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित, तड़के विद्युत कर्मी की हत्या से मचा हड़कंप

मिर्जापुर। जनपद में कानून व्यवस्था ध्वस्त होती जा रही है। अपराधियों को का़नून व्यवस्था से लेकर बुल्डोजर वाली सरकार का भी जरा खौफ नहीं है। जिले की कानून व्यवस्था को आंख दिखाते हुए दबंगों ने दिनदहाड़े सरेराह रविवार को सुबह
पुरानी रंजिश में खूनी खेल खेला है! जिसने पूरे जिले में सनसनी फैला दी है।
धारदार हथियार से हमला कर विद्युत कर्मी 33 वर्षीय अतुल दुबे की हत्या की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। बताते चलें कि मिर्जापुर जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र के बिरसापुर गांव निवासी अतुल दुबे पुत्र
कृपाशंकर दुबे मवैया स्थिति पावर हाउस पर ड्यूटी के लिए निकले थे, कि रास्ते में पहले से ही घात लगाए हमलावरों ने उन पर प्राणघातक हमला बोल दिया। घटना के पीछे गांव में पट्टीदारों के बीच विवाद का होना बताया गया है। हमले के बाद मरणासन्न अतुल दुबे को मंडलीय अस्पताल लाया गया जहां उनकी मौत हो गई। परिजनों के आरोप के मुताबिक, चार लोगों ने उन पर धारदार हथियार से हमला किया था। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान अतुल ने दम तोड़ दिया। सूचना पर एसपी सिटी समेत कई पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं दूसरी ओर जिले में बढ़ते अपराधों को लेकर भी लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि जिले में कानून व्यवस्था की स्थिति दिन-प्रतिदिन बिगड़ती जा रही है। दो दिन पहले कटरा कोतवाली क्षेत्र के बरौधा में दबंगों ने लाठी डंडे तथा धारदार हथियारों से हमला बोलकर अधिवक्ता को मरणासन्न कर दिया था, जिनकी हालत नाजुक होनी बताई जा रही है। इस घटना के बाद विद्युत कर्मी की हत्या ने जिले में सनसनी फैला दी है।
मुलायम सिंह की जयंती पर अखिलेश ने याद किए पिता के संस्कार, साझा की रिश्ते निभाने की सीख

अखिलेश यादव बोले- मुश्किल वक्त में किसी का साथ छोड़ना नहीं चाहिए, सच्चे मन से रिश्ते सुधारने की कोशिश करने वालों का बढ़ा हुआ हाथ थामना जरूरी

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की जयंती पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने पिता को भावुक अंदाज में याद किया। उन्होंने नेताजी के राजनीतिक विचारों के साथ उनके जीवन से जुड़े मानवीय और व्यावहारिक मूल्यों को भी याद किया। अखिलेश ने कहा कि किसी व्यक्ति के कठिन समय में उसके साथ खड़ा होना और मदद की उम्मीद लेकर आने वाले हर जरूरतमंद की सामर्थ्य के अनुसार सहायता करना ही वास्तविक मानवीय संवेदना है।

अखिलेश यादव ने नेताजी को नमन करते हुए कहा कि उनके विचारों और सिद्धांतों को केवल याद करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें अपने आचरण और जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में अपनाना भी जरूरी है। उन्होंने समाजवादी विचारधारा के साथ मुलायम सिंह से मिले मानवीय संस्कारों को और मजबूती से आत्मसात करने का संकल्प दोहराया।

बुरे वक्त में साथ देना ही इंसानियत की असली पहचान

अखिलेश यादव ने अपने पिता से मिली एक महत्वपूर्ण सीख का जिक्र करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि किसी व्यक्ति के मुश्किल दौर में उसके साथ खड़े रहना और सहायता की उम्मीद लेकर आए हर इंसान की यथासंभव मदद करना जरूरी है। उनके मुताबिक, दूसरों के दुख और परेशानी को समझकर उनके काम आना ही सच्ची मानवीय संवेदना है।उन्होंने इस सीख को जीवन में हमेशा अपनाने की जरूरत बताई। नेताजी के व्यक्तित्व से जुड़ी यह सीख समाज में सहयोग, संवेदनशीलता और आपसी भरोसे को मजबूत करने का संदेश देती है।

गलतफहमी में बिगड़े रिश्तों को सुधारने का भी दिया संदेश

सपा प्रमुख ने मुलायम सिंह यादव से मिली एक अन्य सीख साझा करते हुए कहा कि कई बार परिस्थितियों, गलतफहमियों या किसी दबाव के कारण कोई व्यक्ति आपके खिलाफ खड़ा हो सकता है। लेकिन किसी एक परिस्थिति के आधार पर उसके पूरे व्यक्तित्व को गलत नहीं मान लेना चाहिए।

उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति बाद में सच्चे मन और बिना किसी स्वार्थ के रिश्तों को बेहतर बनाने की पहल करता है, तो उसकी कोशिश का सम्मान करना चाहिए। ऐसे समय में आगे बढ़े हाथ को थामने से पीछे नहीं हटना चाहिए। रिश्तों में बातचीत, उदारता और एक-दूसरे को समझने की गुंजाइश हमेशा बनी रहनी चाहिए।

विचारों को व्यवहार में उतारना ही नेताजी को सच्ची श्रद्धांजलि

अखिलेश यादव ने अपने संदेश के जरिए यह भी स्पष्ट किया कि मुलायम सिंह यादव की विरासत केवल राजनीतिक विचारधारा और सिद्धांतों तक सीमित नहीं है। उनके जीवन से मिली संवेदनशीलता, सहयोग और रिश्तों को जोड़कर रखने की सीख भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।

उन्होंने नेताजी के मानवीय मूल्यों को जीवन में उतारने पर जोर दिया। जरूरतमंद की मदद करना, किसी के कठिन समय में उसके साथ खड़े रहना और टूटते रिश्तों को जोड़ने की पहल करना ऐसे कार्य हैं, जिनसे उनके विचारों को वास्तविक अर्थों में आगे बढ़ाया जा सकता है।मुलायम सिंह यादव की जयंती पर अखिलेश का यह संदेश उनके पिता के राजनीतिक योगदान के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व के मानवीय पक्ष और पारिवारिक संस्कारों को भी रेखांकित करता है।
अज्ञात कार ने बाइक में मारी टक्कर,दो घायल, लोहिया रेफर*

राजेपुर फर्रुखाबाद 21 नवम्बर।थाना राजेपुर क्षेत्र के हमीरपुर गांव के पास अज्ञात ब्रेजा कार ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में देवांश पुत्र विमलेश शर्मा 15  निखिल पुत्र राजेश शर्मा 19 निवासी राजेपुर, गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस को सूचना दी। दोनों युवक पांचालघाट से बाइक पर सवार होकर अपने घर राजेपुर लौट रहे थे। तभी हमीरपुर के पास अज्ञात कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को सीएचसी राजेपुर पहुंचाया। डॉक्टर हिमांशु राजपूत ने प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर दोनों घायलों को जिला अस्पताल लोहिया रेफर कर दिया गया। घायलों के अस्पताल पहुंचने पर सीएचसी परिसर में लोगों की काफी भीड़ जमा हो गई। परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
थाना तरबगंज पुलिस द्वारा सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर ₹75,000/- की धोखाधड़ी कर कूटरचित नियुक्ति पत्र देने वाले 01 अभियुक्त को किया गया गिरफ्तार
गोण्डा। दिनांक 09.10.2026 को वादी चन्दन सैनी निवासी नगर पंचायत तरबगंज, जनपद गोण्डा द्वारा थाना तरबगंज पर लिखित प्रार्थना पत्र दिया गया कि अभियुक्त सुरेन्द्र सिंह ने अपने सहयोगी लल्लन सिंह के माध्यम से सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर अलग-अलग तिथियों में कुल ₹75,000/- प्राप्त किए। काफी समय बीतने के बाद भी नौकरी न लगने पर वादी द्वारा अपनी धनराशि वापस मांगी गई। अभियुक्तगण द्वारा धनराशि वापस करने के बजाय वादी को कूटरचित नियुक्ति पत्र दे दिया गया, जिसके सत्यापन में उसके फर्जी होने की जानकारी हुई। प्राप्त प्रार्थना पत्र पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया।

*कार्यवाही-*
थाना तरबगंज पुलिस द्वारा मुकदमा उपरोक्त की विवेचना के दौरान साक्ष्य संकलन एवं पूछताछ के आधार पर अभियुक्त सुरेन्द्र सिंह पुत्र हुब्बा सिंह निवासी ग्राम मझगवां, थाना वजीरगंज, जनपद गोण्डा की संलिप्तता प्रकाश में आने पर आज दिनांक 21.11.2026 को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्यवाही की गयी।