समाधान दिवस में दो मामलों पर गरमाया माहौल, लेखपाल और जिलेदार को मिला अल्टीमेटम
*मड़िहान।* शनिवार को मड़िहान तहसील में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में दो मामलों ने माहौल गरमा दिया। जिलाधिकारी ने दोनों मामलों में लेखपाल और सिरसी कैनाल विभाग के जिलेदार को सख्त अल्टीमेटम दिया। समाधान दिवस में कुल 67 मामले आए, जिनमें से 6 का मौके पर निस्तारण हुआ।
ग्राम पंचायत कोटवा पांडेय का मामला सबसे पहले गरमाया। पीड़ित ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दूसरे क्षेत्र के लेखपाल पर आरोप लगाया कि सड़क किनारे की बेशकीमती भूमि पर बसे ग्रामीणों का आवास बुल्डोजर लगाकर धराशायी करा दिया गया।
पीड़ितों ने जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि मीरजापुर-सोनभद्र मुख्य मार्ग किनारे कोटवा पांडेय गांव में प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सरकारी महकमे में ऊंचे पद पर विराजमान व्यक्ति की लगभग 2 बीघे की भूमि है। वर्षों से उस भूमि पर दर्जनों गरीब परिवार मकान बनाकर जीवन यापन कर रहे हैं।
आशा देवी सहित दर्जनों महिलाओं ने बताया कि कुछ माह पहले एक नामी प्लाटर द्वारा उस भूमि का अपनी संस्था के नाम पर एग्रीमेंट करा लिया गया है। लगभग दो दिन पहले रिश्तेदार लेखपाल मौके पर पहुंचकर बुल्डोजर से गरीब जोखू का आशियाना जमींदोज कर दिया।शिकायत सुनते ही जिलाधिकारी ने संबंधित लेखपाल को 48 घंटे के भीतर वृद्ध का आशियाना बनवाने का अल्टीमेटम दिया। चेतावनी दी कि जांच में सत्यता पाए जाने पर दोषी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
दूसरा मामला बभनी थपनवा गांव निवासी आसाराम का था। उन्होंने सिरसी कैनाल विभाग के जिलेदार पर आरोप लगाया कि बड़े-बड़े भूमिधरों को गरीबों का हक मारकर डूब की भूमि पट्टा की गई है। जो गरीब पीड़ित पात्र हैं, उनको न देकर मोटी रकम लेकर गरीबों को बाहर रखा गया है।दोनों मामलों में जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी की निगरानी में जांच के लिए टीम गठित कर दी है।
मौके पर जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक, क्षेत्राधिकारी अपरेश मो. फईम कुरैशी, मुख्य चिकित्साधिकारी कीर्ति कुमार मिश्रा, जिला विकास अधिकारी राजीव शर्मा, जिला पंचायत राज अधिकारी राम उदय यादव, उपजिलाधिकारी संतोष कुमार ओझा, तहसीलदार आशीष शुक्ला, दोनों खंड विकास अधिकारी वीरेंद्र वर्मा, सिद्धार्थ मिश्रा आदि मौजूद रहे।
Nov 21 2026, 19:09
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1.6k