धान खरीद, खाद वितरण एवं किसानों की अन्य समस्याओं पर हुई विस्तृत चर्चा, अनियमितता मिलने पर संबंधित के विरुद्ध होगी कार्रवाई*
किसानों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण हेतु जिलाधिकारी महोदय की अध्यक्षता में किसान दिवस हुआ आयोजित। जिलाधिकारी द्वारा किसानों से पराली न जलाने कि ,की गई अपील।

सुलतानपुर, 18 नवम्बर/जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह की अध्यक्षता व अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) की उपस्थिति में किसानों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण तथा शासन की कृषि संबंधी योजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाने के उद्देश्य से विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया। बैठक के दौरान किसानों ने मुख्य रूप से धान खरीद, खाद की उपलब्धता एवं वितरण, धान खरीद केंद्रों पर नमी के मानक, राजस्व एवं विद्युत विभाग से संबंधित समस्याओं को जिलाधिकारी के समक्ष रखा। जिलाधिकारी ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में डीएपी, यूरिया, एनपीके सहित सभी प्रकार की उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है। खाद वितरण में आ रही समस्याओं के संबंध में किसानों द्वारा बताए गए केंद्रों की जांच के लिए तत्काल पांच सदस्यीय टीम गठित की गई है। उक्त टीम संबंधित केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर खाद वितरण व्यवस्था की जांच करेगी तथा अनियमितता पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेगी। धान खरीद के संबंध में जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी भी प्रकार की अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। धान खरीद में नमी के मानकों को लेकर प्राप्त शिकायतों की जांच कराई जा रही है। साथ ही, धान खरीद केंद्रों की संख्या में वृद्धि के लिए तीन अतिरिक्त केंद्रों का प्रस्ताव भी संबंधित स्तर पर संस्तुति सहित भेजा गया है, ताकि किसानों को धान विक्रय में सुविधा मिल सके। क्रय केन्द्रों पर लोड की समस्या को लेकर जिलाधिकारी महोदय ने विद्युत विभाग को निर्देशित किया कि प्राथमिकता के आधार पर कार्यवाही करते हुये उसे कल तक ठीक करायें। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि धान खरीद में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता अथवा किसानों को अनावश्यक रूप से परेशान करने की शिकायत सत्य पाए जाने पर संबंधित क्रय केंद्र प्रभारी अथवा समिति के विरुद्ध तत्काल आपराधिक कार्रवाई की जाएगी। इसके अतिरिक्त किसानों द्वारा उठाए गए राजस्व विभाग से संबंधित धारा-24 के प्रकरणों को भी संज्ञान में लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी महोदय ने निर्देशित किया कि धारा-24 के प्रकरणों की माह में एक बार मॉनिटरिंग अवश्य की जाये। चेयर मैन चीनी मिल द्वारा चीनी मील पर तौल आदि की समस्या के संबंध में मुद्दा उठाया तो जिलाधिकारी महोदय ने निर्देशित किया कि चीनी मिल के अधिकारी व जिला गन्ना अधिकारी की संयुक्त टीम द्वारा निरीक्षण का समस्या का समाधान किया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों की समस्याओं का निस्तारण प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होनें निर्देशित किया कि सभी संबंधित अधिकारी किसानों की शिकायतों को संवेदनशीलता से लेते हुए उनका गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने जनपद के समस्त कृषक बन्धुओं से अपील की कि वे अपने खेतों पराली न जलाए। उन्होंने कहा कि वे स्वयं अपनी स्व-गणना अवश्य करें। उन्होंने कहा कि जनगणना देश एवं समाज के विकास की योजनाओं, नीतियों तथा संसाधनों के उचित नियोजन का महत्वपूर्ण आधार है। जनगणना के माध्यम से प्राप्त आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में कृषक बंधु उपस्थित रहे।
किसान दिवस में किसानों का फूटा गुस्सा,डीएम ने कहा -धान खरीद में गड़बड़ी पर होगी क्रिमिनल कार्रवाई*
खाद की कमी नहीं, वितरण में गड़बड़ी की जांच के लिए 5 सदस्यीय टीम गठित, तीन नए क्रय केंद्रों का प्रस्ताव मंडल को भेजा* सुल्तानपुर,विकास भवन प्रेरणा सभागार में बुधवार को आयोजित किसान दिवस में किसानों ने धान खरीद और खाद वितरण को लेकर जमकर अपनी बात रखी। अध्यक्षता कर रहे जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने किसानों की एक-एक शिकायत को गंभीरता से सुना और मौके पर ही अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। धान खरीद में नमी के नाम पर टालमटोल।

बैठक में किसानों ने आरोप लगाया कि क्रय केंद्रों पर नमी (मॉइस्चर) के नाम पर धान लेने से मना किया जा रहा है। किसानों को बिचौलियों के जरिए प्राइवेट राइस मिलों पर भेजा जा रहा है,जहां उन्हें सरकारी रेट से काफी कम दाम मिल रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने साफ कहा कि सुल्तानपुर में इस तरह की मनमानी बिल्कुल नहीं चलने दी जाएगी। इंद्रजीत सिंह, जिलाधिकारी सुल्तानपुर ने कहा कि "देखिए, कोई भी ऐसी चीज यहां सुल्तानपुर में नहीं होने देंगे। अगर कोई समिति ऐसा करेगी तो उसके खिलाफ क्रिमिनल प्रोसीडिंग शुरू कर देंगे। अभी भी मैंने निर्देश दिया है कि अगर ऐसी कोई शिकायत सत्य पाई जाती है तो तुरंत प्रोसीडिंग करेंगे।"

खाद पर्याप्त,वितरण की होगी जांच। खाद को लेकर जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में डीएपी, यूरिया, एनपीके सहित सभी खाद पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। वितरण में जहां-जहां गड़बड़ी बताई गई है, वहां जांच के लिए 5 लोगों की टीम बनाई गई है जो कल तक मौके पर जाकर चेकिंग करेगी। जिलाधिकारी ने कहा कि "हमारे पास पर्याप्त खाद उपलब्ध है। डीएपी भी है, यूरिया भी है, एनपीके भी है। वितरण को लेकर जो इश्यू आए हैं, हमने तुरंत 5 लोगों की टीम बनाई है जो कल तक चेकिंग में जाएगी।"

तीन नए क्रय केंद्रों का प्रस्ताव। जिलाधिकारी ने बताया कि तीन अतिरिक्त धान क्रय केंद्र बनाने का प्रस्ताव कल ही अयोध्या कमिश्नर स्तर पर रिकमेंड कर दिया गया है। 31 अक्टूबर तक जिले के स्तर पर बनने वाले केंद्र बन चुके थे।

अन्य मुद्दे - बैठक में धारा 24, बिजली विभाग,तहसील स्तर के लंबित मामलों को भी उठाया गया। डीएम ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि किसानों की समस्याओं को टॉप प्रायोरिटी पर हल किया जाए।
19 नवम्बर को मोतिगरपुर में सजेगी कवियों व शायरों की महफिल, गूंजेगा एकता का संदेश*
सुल्तानपुर। मोतिगरपुर चौराहा स्थित 19 नवंबर की रात साहित्य, कविता और शायरी का भव्य संगम देखने को मिलेगा। यहां अखिल भारतीय कवि सम्मेलन एवं मुशायरे का आयोजन किया गया है। रात आठ बजे से शुरू होने वाले इस साहित्यिक आयोजन में देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे नामचीन कवि और शायर अपनी रचनाओं के माध्यम से श्रोताओं को हास्य, व्यंग्य, वीर रस, प्रेम, इंसानियत और सामाजिक सरोकारों से रूबरू कराएंगे। कार्यक्रम के संयोजक एवं जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा की देखरेख में आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। आयोजन को भव्य और यादगार बनाने के लिए जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष जयप्रकाश पाठक व अन्य पदाधिकारी गण जुटे हुए हैं। मुख्य अतिथि के रूप में कांग्रेस पार्टी के नेता विधान मंडल दल व फरेंदा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक वीरेंद्र चौधरी शामिल होंगे। इस कवि सम्मेलन एवं मुशायरे की खास बात यह होगी कि यहां कविता और शायरी के जरिए हिंदू-मुस्लिम एकता, आपसी भाईचारे और गंगा-जमुनी तहजीब की खूबसूरत तस्वीर पेश की जाएगी। अलग-अलग धर्मों, भाषाओं और सांस्कृतिक पृष्ठभूमि से आने वाले रचनाकार एक मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। उनकी रचनाओं में मोहब्बत, इंसानियत, सामाजिक समरसता और देश की साझा विरासत की झलक देखने को मिलेगी। यह आयोजन इस संदेश को भी मजबूत करेगा कि साहित्य और संस्कृति लोगों को जोड़ने का काम करते हैं, न कि बांटने का।आयोजन में अयोध्या के पंडित जमुना उपाध्याय, कोटा राजस्थान के कुंवर जावेद, बाराबंकी के रामकिशोर तिवारी, मध्यप्रदेश रीवा के अमित शुक्ला, लखनऊ के प्रमोद द्विवेदी, हैदराबाद के शिव किशोर तिवारी 'खंजन', जिले के निवासी और बॉलीवुड गीतकार रितेश रजवाड़ा, प्रयागराज के बिहारी लाल अंबर, प्रतापगढ़ की मीरा तिवारी, अयोध्या की अर्चना द्विवेदी तथा सुल्तानपुर के अशोक पांडेय 'अनहद' सहित कई चर्चित कवि एवं शायर अपनी रचनाओं से महफिल को रोशन करेंगे। आयोजक द्वारा बताया गया कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि साहित्यिक चेतना को बढ़ावा देना और समाज में प्रेम, सद्भाव, एकता एवं भाईचारे की भावना को मजबूत करना भी है। कवि सम्मेलन और मुशायरे की साझा परंपरा भारतीय संस्कृति की उस खूबसूरत विरासत का प्रतीक है, जहां हिंदी और उर्दू की मिठास एक ही मंच पर सुनाई देती है। कार्यक्रम को लेकर मोतिगरपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में उत्साह का माहौल है। आयोजकों को उम्मीद है कि बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमी, बुद्धिजीवी, जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी इस यादगार साहित्यिक महफिल के साक्षी बनेंगे।
रिटायर्ड सूबेदार की गाढ़ी कमाई पर कब्ज़ा? प्रिंसिपल ने कर दिया खेल,अब न्याय की आस में सूबेदार की नातिन दर-दर भटक रही*
*फर्जी नियुक्ति एवं जमीन हड़पने का लगाया गंभीर आरोप* सुल्तानपुर,सेना की वर्दी पहनकर देश की सेवा की,फिर रिटायरमेंट के बाद अपनी जिंदगी भर की कमाई लगाकर शिक्षा का मंदिर खड़ा किया। मकसद सिर्फ इतना था कि इलाके के बच्चों को अच्छी शिक्षा मिल सके। लेकिन आज उसी कॉलेज की जमीन और प्रबंधन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। पिता-पुत्र के निधन के बाद कॉलेज में कथित बंदरबांट,फर्जी दस्तावेजों के सहारे नौकरी और बेशकीमती जमीनों को अपने नाम कराने के आरोप लगे हैं।सुल्तानपुर देखिए हमारी खास रिपोर्ट..... सुल्तानपुर के बल्दीराय क्षेत्र के बल्लीपुर में शिक्षा की अलख जगाने के उद्देश्य से सेना से सेवानिवृत्त परमेश्वरी प्रसाद तिवारी ने करीब 6 दशक पहले अपनी जीवनभर की जमा पूंजी लगाकर जनता इंटर कॉलेज की नींव रखी थी। उनका मकसद था कि क्षेत्र के गरीब और सामान्य परिवारों के बच्चों को गांव के आसपास ही बेहतर शिक्षा मिल सके। पिता के निधन के बाद उनके बेटे और सेना से सेवानिवृत्त जगदीश प्रसाद तिवारी ने भी अपनी पूरी कमाई विद्यालय के विकास में लगा दी। बाद में कॉलेज का नाम बदल कर परमेश्वरी प्रसाद इंटर कॉलेज कर दिया गया और जगदीश प्रसाद तिवारी ने प्रबंधक के रूप में इसकी जिम्मेदारी संभाली। परमेश्वरी प्रसाद तिवारी और उनके पुत्र जगदीश प्रसाद तिवारी के निधन के बाद जिस शिक्षण संस्थान को पिता-पुत्र ने अपनी पूरी जिंदगी की कमाई से खड़ा किया था कालेज,उसी संस्थान में अब कथित भ्रष्टाचार,वित्तीय अनियमितताओं और संपत्तियों की बंदरबांट के गंभीर आरोप लग रहे हैं। आरोप है कि जगदीश प्रसाद तिवारी के बाद कॉलेज के प्रबंधक बने अमरनाथ तिवारी ने कथित तौर पर फर्जी और कूटरचित दस्तावेजों का सहारा लेकर अपने सगे पौत्र अविनाश तिवारी को कॉलेज में लिपिक के पद पर नौकरी दिला दी। इसके लिए कॉलेज के उप प्रबंधक रामयज्ञ तिवारी को प्रबंधक दर्शाया गया। इस मामले की जानकारी जब जगदीश प्रसाद तिवारी की पुत्री पुष्पा शुक्ला को हुई तो उन्होंने अधिकारियों से शिकायत कर अविनाश तिवारी की नियुक्ति पर सवाल खड़े किए। पुष्पा शुक्ला की पुत्री डॉ. बबीता शुक्ला का दावा है कि जिन रामयज्ञ तिवारी को दस्तावेजों में प्रबंधक दिखाकर नियुक्ति कराई गई, वे कभी कॉलेज के प्रबंधक रहे ही नहीं। इस संबंध में रामयज्ञ तिवारी की ओर से चिट फंड कार्यालय में शपथ पत्र भी दिए जाने की बात कही जा रही है। मामला सिर्फ नियुक्ति तक ही सीमित नहीं है। आरोप है कि अमरनाथ तिवारी ने कॉलेज की संस्था की बेशकीमती जमीनों को भी कथित फर्जी दस्तावेजों के सहारे अपने परिवार के नाम करा लिया और फिर धीरे-धीरे उनकी बिक्री शुरू कर दी। बल्दीराय तहसील के बल्लीपुर कस्बे में कॉलेज की जमीन पर बैंक ऑफ बड़ौदा, सीओ कार्यालय सहित कई व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और कॉम्प्लेक्स के निर्माण का मामला भी सामने आया है। कुछ स्थानों पर निर्माण कार्य जारी होने की बात कही जा रही है। इन संपत्तियों को लेकर डॉ. बबीता शुक्ला ने अधिकारियों से शिकायत की है, लेकिन काफी समय से शिकायत होने के बाद भी कार्यवाही न होने से वे योगी सरकार की नीतियों पर भी सवाल खड़ा कर रही है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिस शिक्षण संस्थान की स्थापना बच्चों के भविष्य को संवारने के लिए हुई थी, उसकी संपत्तियों और प्रबंधन को लेकर आखिर इस तरह के विवाद कैसे खड़े हो गए? क्या कॉलेज में हुई नियुक्ति और जमीनों के हस्तांतरण की निष्पक्ष जांच होगी? क्या दस्तावेजों की जांच के बाद कथित फर्जीवाड़े की सच्चाई सामने आएगी? या फिर यह सच्चाई फर्जीवाड़े के सामने अपना क्या दम तोड़ देगी? फिलहाल बबीता शुक्ला की शिकायत के बाद जिला विद्यालय निरीक्षक सुल्तानपुर एस.पी.सिंह ने कहा कि परमेश्वरी प्रसाद इंटर कॉलेज में लिपिक की फर्जी नियुक्ति की शिकायत हमारे यहाँ प्राप्त हुई है। शिकायत ये है कि उनकी नियुक्ति फर्जी है। वास्तविकता ये है कि उनकी नियुक्ति 2008 में प्रबंध समिति द्वारा की गई थी। वेतन भुगतान की अनुमति जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से दी गई थी। बाद में मामला माननीय उच्च न्यायालय में गया था, वहां से उनको स्टे प्राप्त हुआ था,जिसके कारण उनको वेतन भुगतान प्राप्त हो रहा है। अभी फिलहाल हमने जो जांच कराई है, वह केवल इस बात की जांच हो रही है कि वहां पर नियुक्ति की प्रक्रिया सही थी या नहीं, उसकी जांच की जा रही है। और जैसे ही जांच होगी पूर्ण,उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
विद्यार्थियों में आत्मविश्वास भरती है अभिनय कला - प्रशांत 18, 19 और 20 दिसंबर को आयोजित होगा तीन दिवसीय सुलतानपुर महोत्सव*
सुलतानपुर,अभिनय कला विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के साथ उनमें आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति की क्षमता विकसित करती है। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ नाट्यकला के विभिन्न आयामों से भी जुड़ना चाहिए। यह बातें प्रख्यात नाट्यकर्मी प्रशांत ने कहीं। वह राणा प्रताप स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सुलतानपुर के बी एड विभाग द्वारा आयोजित संगोष्ठी को मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित कर रहे थे।संगोष्ठी की विशिष्ट वक्ता जबलपुर की कवयित्री आकांक्षा सिंह ने बताया कि सुलतानपुर में पहली बार सुलतानपुर महोत्सव के आयोजन की योजना बनाई गई है। तीन दिवसीय यह महोत्सव 18, 19 एवं 20 दिसंबर को क्षत्रिय सभागार परिसर में आयोजित होगा। महोत्सव में सुलतानपुर के विद्यार्थियों द्वारा नाटक का मंचन किया जाएगा। नाट्यकला में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों को प्रख्यात नाट्यकर्मी प्रशांत द्वारा निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. इंद्रमणि कुमार ने भारतीय रंगमंच की शुरुआत एवं विकास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हिंदी में आधुनिक और रोचक नाटकों की शुरुआत का श्रेय भारतेंदु हरिश्चंद्र को जाता है।

कार्यक्रम का संचालन असिस्टेंट प्रोफेसर ज्ञानेंद्र विक्रम सिंह रवि ने किया तथा आभार ज्ञापन डॉ. सीमा सिंह ने व्यक्त किया। इस अवसर पर डॉ. संतोष अंश, सुनील सिंह सहित बी एड संकाय के विद्यार्थी उपस्थित रहे।
प्रजापति समाज के गौरव एवं भाजपा नेता वीरेंद्र भार्गव बने भाजपा ओबीसी मोर्चा काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय मंत्री*
सुल्तानपुर,प्रजापति समाज के प्रदेश महामंत्री, सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता एवं भारतीय जनता पार्टी के समर्पित नेता वीरेंद्र भार्गव को भाजपा ओबीसी मोर्चा काशी क्षेत्र का क्षेत्रीय मंत्री नियुक्त किए जाने पर समर्थकों, शुभचिंतकों एवं प्रजापति समाज में हर्ष और उत्साह का माहौल है। वीरेंद्र भार्गव लंबे समय से सामाजिक गतिविधियों एवं संगठनात्मक कार्यों में विभिन्न दायित्वों में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। समाज के लोगों को एकजुट करने, सामाजिक उत्थान तथा संगठन को मजबूत बनाने के लिए उनका निरंतर प्रयास रहा है। उनकी इस महत्वपूर्ण नियुक्ति को संगठन के प्रति उनकी निष्ठा, सक्रियता एवं कार्यक्षमता का सम्मान माना जा रहा है। इस अवसर पर प्रजापति समाज के लोगों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि उनके नेतृत्व और अनुभव से काशी क्षेत्र में ओबीसी मोर्चा को और अधिक मजबूती मिलेगी। वीरेंद्र भार्गव ने इस जिम्मेदारी के लिए पार्टी के शीर्ष नेतृत्व एवं संगठन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने तथा समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने का प्रयास करेंगे।
साढ़े तीन साल बाद डीपीआरओ अभिषेक शुक्ला का बाराबंकी स्थानांतरण, मनोज कुमार यादव को सुल्तानपुर का अतिरिक्त प्रभार*
चुनाव आयोग की स्थानांतरण नीति के तहत हुई कार्रवाई, अभिषेक शुक्ला के कार्यकाल को लेकर विभागीय स्तर पर हुई कार्यों की चर्चा।

सुल्तानपुर,जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) अभिषेक शुक्ला का करीब साढ़े तीन वर्ष के लंबे कार्यकाल के बाद जनपद बाराबंकी स्थानांतरण कर दिया गया है। चुनाव आयोग की स्थानांतरण नीति के अंतर्गत हुए इस तबादले के बाद सुल्तानपुर में पंचायती राज विभाग की जिम्मेदारी अपर जिला पंचायत राज अधिकारी मनोज कुमार यादव को अतिरिक्त प्रभार के रूप में सौंपी गई है।

अभिषेक शुक्ला ने सुल्तानपुर में अपने कार्यकाल के दौरान पंचायती राज विभाग से जुड़े विभिन्न कार्यों और योजनाओं के क्रियान्वयन में भूमिका निभाई। उनके स्थानांतरण की खबर के बाद विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच उनके कार्यकाल की चर्चा हो रही है।

साढ़े तीन वर्षों तक सुल्तानपुर में सेवाएं देने वाले अभिषेक शुक्ला का स्थानांतरण भले ही प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा हो, लेकिन उनके कार्यकाल से जुड़ी यादें और सराहनीय कार्य जनपद में लंबे समय तक याद किए जाएंगे।

वहीं,मनोज कुमार यादव के अतिरिक्त प्रभार संभालने के बाद विभागीय कार्यों को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होगी।
*जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह ने की स्व-गणना, कलेक्ट्रेट के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी किया प्रतिभाग।*
*16 से 30 नवम्बर तक स्व-गणना तथा 01 दिसम्बर से 04 जनवरी 2027 तक घर-घर जाकर होगी जनसंख्या गणना।*

सुलतानपुर,जनगणना-2027 के सफल क्रियान्वयन एवं जनसामान्य की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री इन्द्रजीत सिंह ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत स्वयं स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की। इस अवसर पर एडीएम (वि0/रा0) श्री राकेश सिंह, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट श्रीमती प्रीती जैन, एसडीएम (सदर) श्रीमती गरिमा सोनाकिया सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी स्व-गणना की प्रक्रिया में प्रतिभाग किया।      
जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत उत्तर प्रदेश में स्व-गणना की प्रक्रिया 16 नवम्बर से 30 नवम्बर 2026 तक संचालित की जाएगी। इसके पश्चात 01 दिसम्बर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर जनसंख्या गणना का कार्य किया जाएगा। वहीं 05 जनवरी से 09 जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण चरण संचालित किया जाएगा।
      जिलाधिकारी ने जनपद के समस्त नागरिकों से अपील की कि वे निर्धारित अवधि में स्वयं अपनी स्व-गणना अवश्य करें तथा इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनगणना देश एवं समाज के विकास की योजनाओं, नीतियों तथा संसाधनों के उचित नियोजन का महत्वपूर्ण आधार है। जनगणना के माध्यम से प्राप्त आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए प्रत्येक नागरिक का सहयोग एवं सहभागिता आवश्यक है।
       उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि स्व-गणना की प्रक्रिया पूर्ण करने के पश्चात प्राप्त होने वाले विशिष्ट स्व-गणना कोड को सुरक्षित रखें तथा प्रगणक के घर आने पर उन्हें उपलब्ध कराएं, जिससे सत्यापन के उपरांत जनगणना की प्रक्रिया पूर्ण हो सके। स्व-गणना के लिए आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in का उपयोग किया जा सकता है।
      जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि राष्ट्र के विकास की आधारशिला है। सभी नागरिकों की सक्रिय सहभागिता, सही एवं सटीक जानकारी तथा प्रशासन के समन्वित प्रयासों से जनगणना-2027 को सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सकेगा।
*सुल्तानपुर के पकड़ी गांव में आयोजित घुमंतू गौरव समागम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए मंत्री असीम अरुण*
उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण शुक्रवार को सुल्तानपुर पहुंचे। देहात कोतवाली क्षेत्र के पकड़ी गांव में आयोजित घुमंतू गौरव समागम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए मंत्री असीम अरुण ने घुमंतू समाज के विकास को लेकर सरकार की प्राथमिकताएं गिनाईं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्पष्ट निर्देश है कि सामाजिक और आर्थिक दृष्टि से कोई भी परिवार या व्यक्ति पीछे नहीं छूटना चाहिए। इस दौरान मंत्री ने ओवैसी और चंद्रशेखर की राजनीतिक गतिविधियों, समाजवादी पार्टी के पोस्टर वार और एसआईआर को लेकर भी खुलकर अपनी बात रखी। मंत्री असीम अरुण ने कहा कि घुमंतू समाज के उत्थान के लिए काफी काम हुए हैं, लेकिन अभी बहुत कुछ किया जाना बाकी है। सरकार ने घुमंतू विकास बोर्ड का गठन किया है, जिसका उद्देश्य एक-एक परिवार को चिह्नित कर उन्हें आधार कार्ड, राशन कार्ड सहित सभी सरकारी सुविधाओं से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार को शिक्षा, स्वास्थ्य, मूलभूत सुविधाएं और नियमित आमदनी उपलब्ध कराना सरकार का लक्ष्य है। जब ये सभी सुविधाएं परिवारों तक पहुंच जाएंगी, तभी वास्तविक रूप से उनके उत्थान का उद्देश्य पूरा होगा। वहीं, ओवैसी और चंद्रशेखर द्वारा सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बनाए जाने के सवाल पर मंत्री ने धर्म और जाति आधारित राजनीति पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि धर्म और जाति के नाम पर समाज को बांटना गलत है। बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने संविधान में ऐसी व्यवस्था नहीं दी। असीम अरुण ने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल विकास के बजाय धर्म और जाति के नाम पर लोगों को बांटने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सबका साथ, सबका विकास की नीति पर काम करती है। साथ ही योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में तीसरी बार सरकार बनने का दावा भी किया। समाजवादी पार्टी की ओर से कानून व्यवस्था को लेकर किए जा रहे पोस्टर वार पर भी मंत्री असीम अरुण ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि 10 से 12 साल पहले सपा सरकार के समय राह चलते लूट की घटनाएं होती थीं। सर्दियों में पुलिसकर्मियों को गांव-गांव जाकर रात में पहरा देना पड़ता था। आज हालात बदले हैं। गुंडागर्दी और माफियागिरी में कमी आई है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था में सुधार का सबसे बड़ा प्रमाण जनता के सामने है और आंकड़े भी इसकी पुष्टि करते हैं एसआईआर प्रक्रिया के दौरान सवा करोड़ हिंदुओं के नाम मतदाता सूची से कटने के सवाल पर मंत्री ने चुनाव आयोग की प्रक्रिया का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के शुद्धिकरण के लिए एसआईआर जरूरी है। इस प्रक्रिया में कई स्तर बनाए गए हैं। किसी का नाम गलत तरीके से कटता है तो उसे दोबारा जुड़वाने का अवसर मिलेगा। नाम काटने से पहले नोटिस देने की व्यवस्था है और छूटे हुए मतदाताओं को भी नाम जुड़वाने का मौका मिलेगा। वहीं बारा समाज को राजनीतिक भागीदारी दिए जाने के सवाल पर असीम अरुण ने कहा कि किसी भी समाज को आगे बढ़ने के लिए अपना नेतृत्व जरूरी होता है। उन्होंने कहा कि आरएसएस के नेतृत्व में भाजपा और एनडीए के सामूहिक प्रयासों से सभी समाजों को जोड़ने का काम किया जा रहा है। इससे समाज के बीच से नया नेतृत्व उभरकर सामने आया है, जो समाज की पीड़ा को आवाज दे रहा है और आगे भी देता रहेगा। समाज कल्याण राज्य मंत्री फिलहाल पकड़ी गांव में आयोजित घुमंतू गौरव समागम के जरिए सरकार ने घुमंतू समाज के सामाजिक और आर्थिक उत्थान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम में मंत्री असीम अरुण ने विकास, सामाजिक समरसता और कानून व्यवस्था समेत कई मुद्दों पर अपनी बात रखी।
सुल्तानपुर ,सरस्वती विद्या मंदिर पत्रकार वार्ता/क्षेत्रीय विज्ञान गणित मेला 2026*
आज सुल्तानपुर के सरस्वती विद्या मंदिर में पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। मुख्य वक्ता ने मंच से बोलते हुए कहा -  पत्रकार बंधुओं का हार्दिक स्वागत और अभिनंदन किया गया। उन्होंने कहा कि हम सब जानते हैं कि शिक्षा के क्षेत्र में विद्या भारती 1952 से काम कर रही है और जब 1952 में पहला शिशु मंदिर गोरखपुर में प्रारंभ हुआ तो उसका उद्देश्य था कि जो युवा पीढ़ी है वो संस्कार युक्त होनी चाहिए। संस्कार माने भारतीय संस्कृति के संस्कार। वही उन्होंने कहा कि दूसरा उद्देश्य था कि हमारे विद्यालय से पढ़ के निकलने वाले भैया-बहनों का सर्वांगीण विकास हो - शारीरिक,प्राणिक,मानसिक,बौद्धिक विकास। स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन निवास करता है। मुख्य वक्ता: श्रीमान हेम जी - क्षेत्र संगठन मंत्री, विद्या भारती पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र पत्रकार वार्ता के बाद मंच से पत्रकारों को सम्मानित किया गया।
आयोजकों ने सभी पत्रकारों को अंगवस्त्र पहनाकर सम्मान किया। कार्यक्रम में क्षेत्र के कई विद्यालयों के आचार्य और प्रबंध समिति के लोग मौजूद रहे।