बलिया के नगरा में जुए के बड़े अड्डे पर प्रशासन का छापा, 25 लाख नकद बरामद; कई फरार, 7-8 हिरासत में
बलिया के नगरा में जुए के बड़े अड्डे पर प्रशासन का छापा, 25 लाख नकद बरामद; कई फरार, 7-8 हिरासत में

संजीव सिंह बलिया: जनपद के नगरा थाना क्षेत्र में संचालित हो रहे कथित जुए के एक बड़े अड्डे पर जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। छापेमारी के दौरान करीब 25 लाख रुपये नकद बरामद होने की सूचना है, जिसके बाद इलाके में इस मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
सूत्रों के अनुसार, मौके पर लगभग 100 लोगों के मौजूद होने की बात कही जा रही है। प्रशासनिक टीम की आने की भनक लगते ही वहां अफरा-तफरी मच गई और कई लोग मौके से भाग निकले। वहीं, 7 से 8 लोगों को पकड़कर थाने लाए जाने की जानकारी मिली है।
बताया जा रहा है कि पुलिस और प्रशासन की टीम पिछले कई दिनों से इस कथित जुए के अड्डे पर निगरानी रखे हुई थी। लगातार सक्रियता और तैयारी के बाद कार्रवाई को अंजाम दिया गया। छापेमारी के दौरान बड़ी संख्या में नकदी बरामद होने से मामले की गंभीरता सामने आ रही है।
यदि बरामदगी की राशि और हिरासत में लिए गए लोगों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि होती है, तो यह नगरा क्षेत्र में जुए के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई मानी जाएगी। फिलहाल पकड़े गए लोगों की पहचान, बरामद नकदी की वास्तविक राशि और इस अड्डे से जुड़े अन्य संदिग्धों के बारे में पुलिस-प्रशासन की ओर से आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
नगरा में मां दुर्गा के पट खुले सात रूपों में सजी युवतियों ने बांधा समां आदर्श दल की भव्य माता की मूर्ति बनी आकर्षण का केंद्र

ओमप्रकाश वर्मा नगरा (बलिया): नगरा नगर पंचायत में शारदीय नवरात्रि की सप्तमी पर शनिवार रात दुर्गा पूजा का उत्साह देखने को मिला। पूजा-पाठ और हवन के बाद जैसे ही मां दुर्गा के पट खुले, पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। इस अवसर पर मां दुर्गा के सात रूपों में सजी युवतियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं।
सप्तमी के पावन अवसर पर मां दुर्गा के सात रूपों में सजी युवतियों ने दुर्गा मंदिर सहित नगर के विभिन्न पूजा पंडालों में पहुंचकर माता रानी के दर्शन किए। उनकी पारंपरिक वेशभूषा और भव्य रूप-सज्जा देखने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी रही। नवरात्रि में मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की आराधना के बीच युवतियों का यह रूप धार्मिक आस्था और भक्ति का विशेष आकर्षण बना रहा।
नगर पंचायत में सबसे अधिक चर्चा आदर्श दुर्गा पूजन समारोह समिति के पंडाल की रही। समिति द्वारा स्थापित माता की भव्य एवं आकर्षक मूर्ति देखकर श्रद्धालु अभिभूत रहे। लोगों का कहना था कि मूर्ति ऐसी प्रतीत हो रही थी मानो साक्षात माता का आगमन हुआ हो। आदर्श दल का पंडाल इस बार नगर में सबसे आकर्षक और चर्चित पंडाल बना रहा।
पूरे दिन पंडालों में भक्तों की आने-जाने की रफ्तार बनी रही। भजन-कीर्तन, पूजा-अर्चना और आरती के बीच नगरा में नवरात्रि की धार्मिक उत्सव-भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
नगरा में सार्वजनिक रामलीला समिति की प्रस्तुति में कैकेयी के वरदान, वनवास और गंगा पार कराने के प्रसंगों ने श्रद्धालुओं को किया भावविभोर
रामेश्वर प्रजापति नगरा (बलिया)। जनता इंटर कॉलेज के प्रांगण में सार्वजनिक रामलीला समिति नगरा-बलिया के तत्वावधान में आयोजित रामलीला में कैकेयी के दो वरदान, श्रीराम का वनगमन तथा केवट द्वारा भगवान श्रीराम के चरण पखारकर नाव से गंगा पार कराने के प्रसंगों का भावपूर्ण मंचन किया गया। कैकेयी द्वारा भरत के लिए राजगद्दी और श्रीराम के लिए 14 वर्ष का वनवास मांगने का दृश्य देखकर उपस्थित दर्शक भावुक हो उठे। वहीं केवट की निःस्वार्थ भक्ति और समर्पण के दृश्य ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। दैनिक जागरण में रामलीला को सामाजिक एकता और जीवन मूल्यों की शिक्षा देने वाले मंच के रूप में भी प्रस्तुत किया जाता है। कार्यक्रम में मुख्य सेवक के रूप में रसड़ा नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सोनी, स्वर्ण व्यवसायी विशाल जाधव, राजीव वर्मा टिंकू, नगरा के नेत्र चिकित्सक डॉ. आरएस वर्मा तथा बेल्थरारोड विधानसभा क्षेत्र के सपा नेता राजेश पासवान शामिल हुए। अतिथियों ने भगवान श्रीराम की आरती कर आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख निर्भय प्रकाश, समाजसेवी रामदरस यादव और क्रांति ने अतिथियों का माल्यार्पण कर अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में सार्वजनिक रामलीला समिति के अध्यक्ष राजेश गुप्ता, संजय सोनी, रामायण ठाकुर, राजू सोनी, हरेराम गुप्ता, रामप्रसाद गुप्ता, सुनील गुप्ता, शशि प्रकाश, मुन्ना गणपति और राजू चौहान सहित समिति के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
कबड्डी में सलोनी ने लहराया जिला, आजमगढ़ मंडल बना उपविजेता
संजीव सिंह बलिया। जनपद बलिया के जनता इंटर कॉलेज नगरा की छात्रा सलोनी यादव ने प्रदेश स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया है। गोरखपुर के जुबली इंटर कॉलेज में आयोजित माध्यमिक विद्यालयों की प्रदेश स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में आजमगढ़ मंडल की टीम ने उपविजेता का खिताब जीता, जबकि आगरा मंडल विजेता रहा। उपविजेता आजमगढ़ मंडल को रजत पदक से सम्मानित किया गया।
कक्षा नौ की छात्रा सलोनी यादव आजमगढ़ मंडल टीम का प्रतिनिधित्व कर रही थीं। उनके मेहनत, लगन और खेल कौशल का अहम योगदान टीम की सफलता में रहा। विद्यालय के खेल शिक्षक अनुज कुमार सिंह के मार्गदर्शन में सलोनी कबड्डी का प्रशिक्षण ले रही हैं।
सलोनी की सफलता की सूचना मिलते ही विद्यालय परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. उमेश चंद्र पांडेय ने उनकी उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बधाई दी और भविष्य में और बड़ी सफलता हासिल करने की कामना की। उन्होंने कहा कि सलोनी की यह उपलब्धि विद्यालय के अन्य छात्र-छात्राओं के लिए भी प्रेरणादायक है।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने सलोनी यादव को हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल खेल भविष्य की कामना की।
शिव धनुष भंग के बाद परशुराम-लक्ष्मण संवाद और चारों भाइयों के विवाह का मंचन बना आकर्षण
रामेश्वर प्रजापति नगरा (बलिया)। सार्वजनिक रामलीला समिति, नगरा के तत्वावधान में जनता इंटर कॉलेज के प्रांगण में आयोजित रामलीला में परशुराम-लक्ष्मण संवाद तथा भगवान श्रीराम और माता सीता सहित चारों भाइयों के विवाह का भव्य मंचन किया गया। कलाकारों की सजीव प्रस्तुति ने उपस्थित दर्शकों को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम में श्रीनाथ हॉस्पिटल, नगरा के डायरेक्टर डॉ. राकेश सिंह, समाजसेवी संतोष सिंह तथा योगेश्वर सिंह के छोटे भाई कामेश्वर सिंह अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने संयुक्त रूप से प्रभु श्रीराम की आरती उतारी और आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर समिति के सदस्यों ने अतिथियों का माल्यार्पण कर अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। मंचन के दौरान शिव धनुष भंग होने के बाद भगवान परशुराम और लक्ष्मण के बीच हुए ओजपूर्ण संवाद ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। इसके बाद श्रीराम-सीता विवाह के साथ भरत-मांडवी, लक्ष्मण-उर्मिला और शत्रुघ्न-श्रुतकीर्ति के विवाह का मनोहारी दृश्य प्रस्तुत किया गया। विवाह प्रसंग के दौरान रामलीला परिसर जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा। इस अवसर पर निर्भय प्रकाश, राजेश गुप्ता, रिंकू गुप्ता, केपी यादव, रामायण ठाकुर, मनु मद्धेशिया, हरेराम गुप्ता, मुन्ना गणपति और राजू चौहान सहित रामलीला समिति के सदस्य एवं अन्य श्रद्धालु उपस्थित रहे।
महानवमी पर यूपी में 19 अक्टूबर को सार्वजनिक अवकाश घोषित, शासनादेश जारी; 19-20 अक्टूबर लगातार दो दिन बंद रहेंगे कार्यालय


संजीव सिंह बलिया!लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने महानवमी के पावन पर्व पर 19 अक्टूबर 2026, सोमवार को पूरे प्रदेश में सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया है। प्रमुख सचिव (सामान्य प्रशासन) एस.वी.एस. रंगा राव की ओर से इस संबंध में शासनादेश जारी किया गया है।
शासनादेश के अनुसार, पूर्व में जारी अवकाश सूची में संशोधन करते हुए सभी मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों, उच्च न्यायालय, बैंकों एवं संबंधित विभागों को आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। यह अवकाश निगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट, 1881 के अंतर्गत लागू होगा।
पूर्व में 20 अक्टूबर को महानवमी एवं विजयदशमी का अवकाश निर्धारित था। परंतु पर्व के महत्व, पूजा-अर्चना और आम जनमानस की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए सरकार ने 19 अक्टूबर को भी अवकाश घोषित करने का निर्णय लिया है।
इस निर्णय के बाद प्रदेश में 19 और 20 अक्टूबर को लगातार दो दिन सार्वजनिक अवकाश रहेगा। सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों एवं अन्य सरकारी प्रतिष्ठानों में इन दिनों कार्य बंद रहेगा, जबकि विशेष सेवाओं से जुड़े विभागों के लिए संबंधित विभाग के निर्देश प्रभावी रहेंगे।
छह वर्ष की सेवा पूरी होने पर 69 हजार शिक्षकों ने वृद्धाश्रम में किया भोजन, बुजुर्गों को खिलाई मिठाई
संजीव सिंह बलिया। 69 हजार सहायक अध्यापक भर्ती में नियुक्त शिक्षकों की सेवा के शुक्रवार को छह वर्ष पूरे हो गए। इस उपलक्ष्य में गड़वार स्थित वृद्धा आश्रम पहुंचे शिक्षकों ने वहां रह रहे महिलाओं एवं पुरुषों को भोजन कराया। इस अवसर पर शिक्षकों ने बुजुर्गों को मिठाई खिलाकर उनका आशीर्वाद भी लिया। इस अवसर पर संयुक्त लीगल टीम के पंकज कुमार सिंह, जो युवा शिक्षक नेता भी हैं, ने कहा कि आज का दिन सभी शिक्षकों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। छह वर्ष पूर्व इसी दिन सरकार ने उन्हें कर्मक्षेत्र में शिक्षक के रूप में समाज को नई दिशा देने का दायित्व सौंपा था। उन्होंने कहा कि नौकरी के प्रारंभिक वर्षों में नवनियुक्त शिक्षकों को स्वयं को साबित करना था, जिसे उन्होंने कड़ी मेहनत और समर्पण के साथ पूरा किया। इसी क्रम में टीम के दुष्यंत सिंह ने बताया कि 69 हजार सहायक अध्यापक भर्ती के तहत जनपद में तैनात करीब 1,600 शिक्षक सरकार की योजनाओं को धरातल पर सफल बनाने में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि स्मार्ट क्लास समेत विभिन्न माध्यमों से बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देकर बेसिक शिक्षा की तस्वीर बदलने के लिए शिक्षक संकल्पित हैं। जनपद को निपुण बनाने हेतु वे हर संभव प्रयास कर रहे हैं। इस अवसर पर सतीश मेहता, ललित मोहन सिंह, आशुतोष तिवारी, योगेन्द्र सिंह, संजीव सिंह, निर्भय नारायण, दीपक भारती, अखिलेश कुमार, सुमित यादव, सतीश यादव, निलेश पांडे, प्रशांत कुमार, नवतेज सिंह, गौरव पांडे, संजीव सिंह, कौशल सिंह, प्रकाश रंजन, पवन यादव, अंकित सिंह, राहुल कुमार एवं संजीव ठाकुर आदि उपस्थित रहे।
बलिया में मतदाता सूची के लिए विशेष अभियान: 17 और 24 अक्टूबर को हर बूथ पर लगेंगे शिविर
संजीव सिंह बलिया। जिले में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और पहली बार मतदान करने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत 17 और 24 अक्टूबर 2026 को जिले के सभी सात विधानसभा क्षेत्रों के हर मतदान केंद्र पर शिविर लगाए जाएंगे। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने पात्र नागरिकों से शिविरों में पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील की है। सातों विधानसभा क्षेत्रों में लगेंगे शिविर उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर निरंतर पुनरीक्षण अभियान के तहत ये शिविर लगाए जा रहे हैं। इनमें बेल्थरा रोड (अजा), रसड़ा, सिकंदरपुर, फेफना, बलिया नगर, बांसडीह और बैरिया विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। सुबह 10 से शाम 4 बजे तक मिलेगी सुविधा निर्धारित तिथियों पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मतदान केंद्रों पर मौजूद रहेंगे। यहां मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 उपलब्ध होगा। आवेदन करने वाले नागरिकों को नवीनतम फोटो, जन्मतिथि और निवास से संबंधित दस्तावेजों की स्व-प्रमाणित फोटोकॉपी साथ ले जाने की सलाह दी गई है। परिवार के छूटे सदस्यों के नाम भी जुड़वाएं जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपने और परिवार के उन पात्र सदस्यों के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने की अपील की है, जिनका नाम अभी तक दर्ज नहीं है। खासकर पहली बार मतदान करने वाले युवाओं से शिविरों का लाभ उठाने को कहा गया है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
शिव धनुष भंग होते ही गूंजा जय श्रीराम नगरा रामलीला में सीता स्वयंवर का भव्य मंचन
रामईश्वर प्रजापति नगरा (बलिया)। जनता इंटर कॉलेज के प्रांगण में सार्वजनिक रामलीला समिति के तत्वावधान में चल रहे श्रीरामलीला महोत्सव में गुरुवार रात जनकपुर के धनुष-यज्ञ एवं सीता स्वयंवर का भव्य मंचन किया गया। प्रभु श्रीराम द्वारा शिव धनुष के भंग होते ही पूरा पंडाल “जय श्रीराम” और “जय सियाराम” के जयघोष से गूंज उठा। गुरु विश्वामित्र की आज्ञा पाकर प्रभु श्रीराम ने जैसे ही शिव धनुष पर प्रत्यंचा चढ़ाई, धनुष भीषण ध्वनि के साथ टूट गया। इसके बाद माता सीता ने प्रभु श्रीराम को वरमाला पहनाई। सीता स्वयंवर के इस मनोहारी दृश्य पर उपस्थित दर्शक भाव-विभोर हो उठे और पंडाल में तालियों व जयकारों का सिलसिला चल पड़ा। इस अवसर पर मुख्य सेवक के रूप में सेंट जॉन्स कॉन्वेंट स्कूल के प्रधानाचार्य जगन्नाथ पत्रा, मां जगदंबा ट्रेडर्स के विवेक कुमार सिंह तथा दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्र नेता ऋषिराज सिंह उपस्थित रहे। अतिथियों ने प्रभु श्रीराम की आरती उतारकर आशीर्वाद प्राप्त किया। रामलीला समिति की ओर से अतिथियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में निर्भय प्रकाश, राजेश गुप्ता, रामायण ठाकुर, केपी यादव, मुन्ना गणपति, सुनील, हरे राम, रितेश यादव, मनु मद्धेशिया सहित बड़ी संख्या में रामलीला प्रेमी मौजूद रहे।
रसड़ा: जिला कराटे चैंपियनशिप में जयपुरिया स्कूल का जलवा, जीते 25 पदक रचा इतिहास; प्रधानाचार्य ने विजेताओं को सम्मानित किया

संजीव  सिंह रसड़ा, बलिया। सेठ एम. आर. जयपुरिया स्कूल, रसड़ा के विद्यार्थियों ने तृतीय ज्ञानती देवी मेमोरियल कप जिला कराटे चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। विद्यार्थियों ने कुल 25 पदक जीते, जिनमें 11 स्वर्ण, 10 रजत और 4 कांस्य पदक शामिल हैं। इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य संजीव सिंह चौहान ने पदक विजेता विद्यार्थियों का सम्मान कर उन्हें उत्साहित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और खेल भावना ही इस सफलता का आधार है। प्रधानाचार्य ने कराटे प्रशिक्षक श्री रोहित राजभर के समर्पण, कठोर प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें भी प्रोत्साहित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से आगे भी इसी लगन और अनुशासन के साथ खेल क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने सभी पदक विजेता विद्यार्थियों एवं प्रशिक्षक को हार्दिक बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।