कबड्डी में सलोनी ने लहराया जिला, आजमगढ़ मंडल बना उपविजेता
संजीव सिंह बलिया। जनपद बलिया के जनता इंटर कॉलेज नगरा की छात्रा सलोनी यादव ने प्रदेश स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया है। गोरखपुर के जुबली इंटर कॉलेज में आयोजित माध्यमिक विद्यालयों की प्रदेश स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में आजमगढ़ मंडल की टीम ने उपविजेता का खिताब जीता, जबकि आगरा मंडल विजेता रहा। उपविजेता आजमगढ़ मंडल को रजत पदक से सम्मानित किया गया।
कक्षा नौ की छात्रा सलोनी यादव आजमगढ़ मंडल टीम का प्रतिनिधित्व कर रही थीं। उनके मेहनत, लगन और खेल कौशल का अहम योगदान टीम की सफलता में रहा। विद्यालय के खेल शिक्षक अनुज कुमार सिंह के मार्गदर्शन में सलोनी कबड्डी का प्रशिक्षण ले रही हैं।
सलोनी की सफलता की सूचना मिलते ही विद्यालय परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. उमेश चंद्र पांडेय ने उनकी उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बधाई दी और भविष्य में और बड़ी सफलता हासिल करने की कामना की। उन्होंने कहा कि सलोनी की यह उपलब्धि विद्यालय के अन्य छात्र-छात्राओं के लिए भी प्रेरणादायक है।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने सलोनी यादव को हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल खेल भविष्य की कामना की।
शिव धनुष भंग के बाद परशुराम-लक्ष्मण संवाद और चारों भाइयों के विवाह का मंचन बना आकर्षण
रामेश्वर प्रजापति नगरा (बलिया)। सार्वजनिक रामलीला समिति, नगरा के तत्वावधान में जनता इंटर कॉलेज के प्रांगण में आयोजित रामलीला में परशुराम-लक्ष्मण संवाद तथा भगवान श्रीराम और माता सीता सहित चारों भाइयों के विवाह का भव्य मंचन किया गया। कलाकारों की सजीव प्रस्तुति ने उपस्थित दर्शकों को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम में श्रीनाथ हॉस्पिटल, नगरा के डायरेक्टर डॉ. राकेश सिंह, समाजसेवी संतोष सिंह तथा योगेश्वर सिंह के छोटे भाई कामेश्वर सिंह अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने संयुक्त रूप से प्रभु श्रीराम की आरती उतारी और आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर समिति के सदस्यों ने अतिथियों का माल्यार्पण कर अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। मंचन के दौरान शिव धनुष भंग होने के बाद भगवान परशुराम और लक्ष्मण के बीच हुए ओजपूर्ण संवाद ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। इसके बाद श्रीराम-सीता विवाह के साथ भरत-मांडवी, लक्ष्मण-उर्मिला और शत्रुघ्न-श्रुतकीर्ति के विवाह का मनोहारी दृश्य प्रस्तुत किया गया। विवाह प्रसंग के दौरान रामलीला परिसर जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा। इस अवसर पर निर्भय प्रकाश, राजेश गुप्ता, रिंकू गुप्ता, केपी यादव, रामायण ठाकुर, मनु मद्धेशिया, हरेराम गुप्ता, मुन्ना गणपति और राजू चौहान सहित रामलीला समिति के सदस्य एवं अन्य श्रद्धालु उपस्थित रहे।
महानवमी पर यूपी में 19 अक्टूबर को सार्वजनिक अवकाश घोषित, शासनादेश जारी; 19-20 अक्टूबर लगातार दो दिन बंद रहेंगे कार्यालय


संजीव सिंह बलिया!लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने महानवमी के पावन पर्व पर 19 अक्टूबर 2026, सोमवार को पूरे प्रदेश में सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया है। प्रमुख सचिव (सामान्य प्रशासन) एस.वी.एस. रंगा राव की ओर से इस संबंध में शासनादेश जारी किया गया है।
शासनादेश के अनुसार, पूर्व में जारी अवकाश सूची में संशोधन करते हुए सभी मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों, उच्च न्यायालय, बैंकों एवं संबंधित विभागों को आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। यह अवकाश निगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट, 1881 के अंतर्गत लागू होगा।
पूर्व में 20 अक्टूबर को महानवमी एवं विजयदशमी का अवकाश निर्धारित था। परंतु पर्व के महत्व, पूजा-अर्चना और आम जनमानस की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए सरकार ने 19 अक्टूबर को भी अवकाश घोषित करने का निर्णय लिया है।
इस निर्णय के बाद प्रदेश में 19 और 20 अक्टूबर को लगातार दो दिन सार्वजनिक अवकाश रहेगा। सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों एवं अन्य सरकारी प्रतिष्ठानों में इन दिनों कार्य बंद रहेगा, जबकि विशेष सेवाओं से जुड़े विभागों के लिए संबंधित विभाग के निर्देश प्रभावी रहेंगे।
छह वर्ष की सेवा पूरी होने पर 69 हजार शिक्षकों ने वृद्धाश्रम में किया भोजन, बुजुर्गों को खिलाई मिठाई
संजीव सिंह बलिया। 69 हजार सहायक अध्यापक भर्ती में नियुक्त शिक्षकों की सेवा के शुक्रवार को छह वर्ष पूरे हो गए। इस उपलक्ष्य में गड़वार स्थित वृद्धा आश्रम पहुंचे शिक्षकों ने वहां रह रहे महिलाओं एवं पुरुषों को भोजन कराया। इस अवसर पर शिक्षकों ने बुजुर्गों को मिठाई खिलाकर उनका आशीर्वाद भी लिया। इस अवसर पर संयुक्त लीगल टीम के पंकज कुमार सिंह, जो युवा शिक्षक नेता भी हैं, ने कहा कि आज का दिन सभी शिक्षकों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। छह वर्ष पूर्व इसी दिन सरकार ने उन्हें कर्मक्षेत्र में शिक्षक के रूप में समाज को नई दिशा देने का दायित्व सौंपा था। उन्होंने कहा कि नौकरी के प्रारंभिक वर्षों में नवनियुक्त शिक्षकों को स्वयं को साबित करना था, जिसे उन्होंने कड़ी मेहनत और समर्पण के साथ पूरा किया। इसी क्रम में टीम के दुष्यंत सिंह ने बताया कि 69 हजार सहायक अध्यापक भर्ती के तहत जनपद में तैनात करीब 1,600 शिक्षक सरकार की योजनाओं को धरातल पर सफल बनाने में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि स्मार्ट क्लास समेत विभिन्न माध्यमों से बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देकर बेसिक शिक्षा की तस्वीर बदलने के लिए शिक्षक संकल्पित हैं। जनपद को निपुण बनाने हेतु वे हर संभव प्रयास कर रहे हैं। इस अवसर पर सतीश मेहता, ललित मोहन सिंह, आशुतोष तिवारी, योगेन्द्र सिंह, संजीव सिंह, निर्भय नारायण, दीपक भारती, अखिलेश कुमार, सुमित यादव, सतीश यादव, निलेश पांडे, प्रशांत कुमार, नवतेज सिंह, गौरव पांडे, संजीव सिंह, कौशल सिंह, प्रकाश रंजन, पवन यादव, अंकित सिंह, राहुल कुमार एवं संजीव ठाकुर आदि उपस्थित रहे।
बलिया में मतदाता सूची के लिए विशेष अभियान: 17 और 24 अक्टूबर को हर बूथ पर लगेंगे शिविर
संजीव सिंह बलिया। जिले में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और पहली बार मतदान करने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत 17 और 24 अक्टूबर 2026 को जिले के सभी सात विधानसभा क्षेत्रों के हर मतदान केंद्र पर शिविर लगाए जाएंगे। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने पात्र नागरिकों से शिविरों में पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील की है। सातों विधानसभा क्षेत्रों में लगेंगे शिविर उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर निरंतर पुनरीक्षण अभियान के तहत ये शिविर लगाए जा रहे हैं। इनमें बेल्थरा रोड (अजा), रसड़ा, सिकंदरपुर, फेफना, बलिया नगर, बांसडीह और बैरिया विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। सुबह 10 से शाम 4 बजे तक मिलेगी सुविधा निर्धारित तिथियों पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मतदान केंद्रों पर मौजूद रहेंगे। यहां मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 उपलब्ध होगा। आवेदन करने वाले नागरिकों को नवीनतम फोटो, जन्मतिथि और निवास से संबंधित दस्तावेजों की स्व-प्रमाणित फोटोकॉपी साथ ले जाने की सलाह दी गई है। परिवार के छूटे सदस्यों के नाम भी जुड़वाएं जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपने और परिवार के उन पात्र सदस्यों के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने की अपील की है, जिनका नाम अभी तक दर्ज नहीं है। खासकर पहली बार मतदान करने वाले युवाओं से शिविरों का लाभ उठाने को कहा गया है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
शिव धनुष भंग होते ही गूंजा जय श्रीराम नगरा रामलीला में सीता स्वयंवर का भव्य मंचन
रामईश्वर प्रजापति नगरा (बलिया)। जनता इंटर कॉलेज के प्रांगण में सार्वजनिक रामलीला समिति के तत्वावधान में चल रहे श्रीरामलीला महोत्सव में गुरुवार रात जनकपुर के धनुष-यज्ञ एवं सीता स्वयंवर का भव्य मंचन किया गया। प्रभु श्रीराम द्वारा शिव धनुष के भंग होते ही पूरा पंडाल “जय श्रीराम” और “जय सियाराम” के जयघोष से गूंज उठा। गुरु विश्वामित्र की आज्ञा पाकर प्रभु श्रीराम ने जैसे ही शिव धनुष पर प्रत्यंचा चढ़ाई, धनुष भीषण ध्वनि के साथ टूट गया। इसके बाद माता सीता ने प्रभु श्रीराम को वरमाला पहनाई। सीता स्वयंवर के इस मनोहारी दृश्य पर उपस्थित दर्शक भाव-विभोर हो उठे और पंडाल में तालियों व जयकारों का सिलसिला चल पड़ा। इस अवसर पर मुख्य सेवक के रूप में सेंट जॉन्स कॉन्वेंट स्कूल के प्रधानाचार्य जगन्नाथ पत्रा, मां जगदंबा ट्रेडर्स के विवेक कुमार सिंह तथा दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्र नेता ऋषिराज सिंह उपस्थित रहे। अतिथियों ने प्रभु श्रीराम की आरती उतारकर आशीर्वाद प्राप्त किया। रामलीला समिति की ओर से अतिथियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में निर्भय प्रकाश, राजेश गुप्ता, रामायण ठाकुर, केपी यादव, मुन्ना गणपति, सुनील, हरे राम, रितेश यादव, मनु मद्धेशिया सहित बड़ी संख्या में रामलीला प्रेमी मौजूद रहे।
रसड़ा: जिला कराटे चैंपियनशिप में जयपुरिया स्कूल का जलवा, जीते 25 पदक रचा इतिहास; प्रधानाचार्य ने विजेताओं को सम्मानित किया

संजीव  सिंह रसड़ा, बलिया। सेठ एम. आर. जयपुरिया स्कूल, रसड़ा के विद्यार्थियों ने तृतीय ज्ञानती देवी मेमोरियल कप जिला कराटे चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। विद्यार्थियों ने कुल 25 पदक जीते, जिनमें 11 स्वर्ण, 10 रजत और 4 कांस्य पदक शामिल हैं। इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य संजीव सिंह चौहान ने पदक विजेता विद्यार्थियों का सम्मान कर उन्हें उत्साहित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और खेल भावना ही इस सफलता का आधार है। प्रधानाचार्य ने कराटे प्रशिक्षक श्री रोहित राजभर के समर्पण, कठोर प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें भी प्रोत्साहित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से आगे भी इसी लगन और अनुशासन के साथ खेल क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने सभी पदक विजेता विद्यार्थियों एवं प्रशिक्षक को हार्दिक बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
लोहरइया व बभनौली वेस्ट लहसनी के  विद्यालय परिसर में पंकज सिंह के निर्देशन में बच्चों को स्कूल ड्रेस का उपहार — शिक्षकों की पहल से चहक उठे चेहरे
संजीव सिंह बलिया! विद्यालय परिसर में बच्चों को स्कूल ड्रेस का उपहार — शिक्षकों की पहल से चहक उठे चेहरे खण्ड शिक्षा अधिकारी के निर्देशन में लोहरइया व बभनौली वेस्ट लहसनी के विद्यार्थियों को टी-शर्ट एवं लोअर वितरित खण्ड शिक्षा अधिकारी पंकज कुमार सिंह के दिशा-निर्देश के क्रम में आज प्राथमिक विद्यालय लोहरइया पर विद्यालय के बच्चों को स्कूल ड्रेस के रूप में टी-शर्ट एवं लोअर वितरित किए गए। वितरण विशिष्ट बी.टी.सी. नगरा के अध्यक्ष एवं विद्यालय के प्रधानाध्यापक राघवेन्द्र प्रताप राही तथा सहायक अध्यापिका रिंकी, अमिषा सुजान, सुधा चौहान, पूजा, तारा चौहान एवं अर्चना श्रीवास्तव के सौजन्य से किया गया। इसी क्रम में प्राथमिक विद्यालय बभनौली वेस्ट लहसनी के बच्चों को भी प्रधानाध्यापक प्रदीप कुमार एवं सहायक अध्यापक अजय कुमार तथा रंजू चौहान के सहयोग से टी-शर्ट एवं लोअर वितरित किए गए। कार्यक्रम में अजय श्रीवास्तव, विद्यालय प्रबन्ध समिति की अध्यक्ष श्रीमती उर्मिला देवी सहित समिति के सदस्य उपस्थित रहे। शिक्षकों द्वारा किए गए इस संवेदनशील प्रयास से बच्चों में खुशी और उत्साह देखा गया। उपस्थित गणमान्य लोगों ने शिक्षकों के इस प्रयास की सराहना की।
विश्वामित्र के यज्ञ की रक्षा को निकले राम-लक्ष्मण, नगरा रामलीला में ताड़का वध का हुआ सजीव मंचन
रामईश्वर प्रजापति नगरा (बलिया)। आदर्श नगर पंचायत नगरा स्थित जनता इंटर कॉलेज के प्रांगण में सार्वजनिक रामलीला समिति के तत्वावधान में चल रहे रामलीला महोत्सव के चौथे दिन ऋषि विश्वामित्र के यज्ञ की रक्षा और ताड़का वध की लीला का सजीव मंचन किया गया। कलाकारों की शानदार प्रस्तुति ने दर्शकों को रामायण के प्रसंगों से जोड़ दिया। लीला के दौरान दिखाया गया कि वन में ऋषि विश्वामित्र यज्ञ कर रहे थे, लेकिन राक्षसों के उत्पात के कारण उनका यज्ञ बार-बार बाधित हो रहा था। राक्षसों के अत्याचार से परेशान होकर महर्षि विश्वामित्र अयोध्या पहुंचे और राजा दशरथ से यज्ञ की रक्षा के लिए उनके पुत्र श्रीराम और लक्ष्मण को साथ भेजने का आग्रह किया। पुत्रों के वियोग की आशंका से राजा दशरथ चिंतित हुए, लेकिन गुरु वशिष्ठ के समझाने पर उन्होंने श्रीराम और लक्ष्मण को महर्षि विश्वामित्र के साथ भेज दिया। इसके बाद श्रीराम और लक्ष्मण महर्षि विश्वामित्र के साथ वन की ओर प्रस्थान करते हैं। मार्ग में ताड़का के आतंक का प्रसंग सामने आता है। ऋषि विश्वामित्र की आज्ञा पाकर श्रीराम ताड़का का वध कर देते हैं। ताड़का वध के साथ ही वन में ऋषियों के लिए भयमुक्त वातावरण बनने और धर्म की रक्षा का संदेश मंचन के माध्यम से दिया गया। कलाकारों ने अपने अभिनय से पूरे प्रसंग को जीवंत बना दिया। इस अवसर पर मुख्य सेवक के रूप में नगर पंचायत नगरा के अधिशासी अधिकारी रोहित कुमार भारती, वरिष्ठ लिपिक रविश कुमार शर्मा, भाजपा मंडल अध्यक्ष सूर्य प्रकाश सिंह तथा पूर्व प्रधान एवं भाजपा नेता अशोक गुप्ता उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से भगवान श्रीराम एवं माता जानकी की आरती उतारी और तिलक लगाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। समिति की ओर से रामदरस यादव ने अतिथियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में राजेश गुप्ता, रिंकू गुप्ता, सुनील गुप्ता, मुन्ना गणपति, शशि प्रकाश, हरेराम गुप्ता, केपी यादव, संतोष पांडे सहित समिति के अन्य सदस्य एवं रामलीला प्रेमी मौजूद रहे। रामलीला के इन प्रसंगों ने दर्शकों को धर्म, साहस और अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश दिया। अगली लीला में मारीच और सुबाहु वध का मंचन किया गया।
सपा की मासिक बैठक में शिक्षक-स्नातक निर्वाचन की रणनीति पर चर्चा, प्रत्याशियों की जीत के लिए जुटे कार्यकर्ता
संजीव सिंह बलिया। समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर बुधवार को जिला अध्यक्ष सुनील कुमार मौर्य की अध्यक्षता में पार्टी की मासिक बैठक संपन्न हुई। जिला अध्यक्ष बनने के बाद उनके नेतृत्व में यह पहली मासिक बैठक थी, जिसमें पार्टी के पदाधिकारियों एवं नेताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। चुनावी रणनीति पर जोर बैठक का प्रमुख एजेंडा वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी लाल बिहारी यादव तथा वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा की जीत सुनिश्चित करने की रणनीति तैयार करना रहा। बैठक में दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में चुनावी तैयारियों को गति देने, मतदाताओं से व्यापक जनसंपर्क स्थापित करने तथा पार्टी की नीतियों एवं प्रत्याशियों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने पर विशेष चर्चा हुई। नेताओं ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक एकजुटता बनाए रखते हुए अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया। विधानसभा की दिशा तय करेगा चुनाव पूर्व विधायक श्रीमती मंजू सिंह ने कहा कि शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों का चुनाव आगामी विधानसभा चुनाव की दिशा तय करेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन चुनावों को गंभीरता से लेने और आपसी समन्वय के साथ सक्रिय रहने की अपील की। जिला अध्यक्ष सुनील कुमार मौर्य ने कहा कि दोनों अधिकृत प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए सभी साथी पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ जुटें। उन्होंने कहा कि संगठन की एकजुटता, आपसी समन्वय और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी ही चुनावी सफलता का आधार है। संगठन को मजबूत बनाने पर बल बैठक में संगठन की मजबूती, आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की तैयारी तथा जनसंपर्क अभियान को प्रभावी बनाने पर भी विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। नेताओं ने दोनों प्रत्याशियों के समर्थन में व्यापक जनसंपर्क करने और समाजवादी विचारधारा को मजबूत करने का संकल्प लिया। उपस्थित रहे गणमान्य इस अवसर पर रंजीत चौधरी, डा. विश्राम यादव, यशपाल सिंह, संजय उपाध्याय, सुशील पांडेय कान्हजी, रामजी गुप्ता, सुनील सर्राफ, शशिकांत चतुर्वेदी, संजय मिश्र, राजेश गौड़, अकमल नईम खान, राजन कन्नौजिया, हरेंद्र गोंड, मदन राय, प्रमोद यादव, भगवान वर्मा, कामेश्वर सिंह, जमाल आलम, शिव शरण तिवारी, रामेश्वर पासवान, रवींद्र नाथ यादव, जय प्रकाश यादव मुन्ना, शैलेश सिंह, रोहित चौबे, जलालुद्दीन, मनोज सिंह, विनायक मौर्य, रमाशंकर यादव, संजय यादव, उदय बहादुर सिंह, बसपारी जी, सामू ठाकुर, रवींद्र यादव, राजकुमार पांडेय, अमित दुबे, प्रभुनाथ यादव, रामनाथ पटेल, ओम प्रकाश यादव, अमलेश चौहान, महमूद अंसारी, बीरबहादुर वर्मा, दशरथ यादव, देवानंद गौतम, श्रीमती नित्या सैनी, उत्तीर्ण पांडेय, सर्वजीत यादव, सुधिष्ठ यादव, नीरज यादव एवं सुभाष यादव सहित अन्य नेता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।