फसल मुआवजे को लेकर ग्रामीणों का धरना
बाढ़-बारिश से नुकसान पर महिलाओं ने भी जताया आक्रोश, विधायक ने दिया मदद का आश्वासन


कमलेश मेहरोत्रा लहरपुर (सीतापुर)। क्षेत्र में बाढ़ व बारिश के पानी से प्रभावित ग्रामीणों ने फसल नुकसान के मुआवजे की मांग को लेकर किया धरना प्रदर्शन, महिलाओं में भी दिखा भारी आक्रोश, धरना प्रदर्शन की सूचना पर मौके पर पहुंचे विधायक अनिल वर्मा ने ग्रामीणों को हर संभव मदद का दिया आश्वासन।  तहसील क्षेत्र के ग्राम कल्ली, खजुरा, लखनियापुर समेत कई गांवों में बाढ़ और बारिश से हुए फसल नुकसान के मुआवजे की मांग को लेकर बुधवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों और महिलाओं ने ग्राम कल्ली में धरना-प्रदर्शन शुरू किया, ग्रामीणों का आरोप है कि, गांवों की सड़कों पर अब भी बाढ़ और बारिश का पानी भरा हुआ है, जिससे आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। वहीं खेतों में पानी भर जाने से धान समेत अन्य फसलों को भी भारी नुकसान होने की आशंका बढ़ गई है।

ग्रामीणों के मुताबिक, सोमवार को तहसील में ज्ञापन देकर फसलों के नुकसान का सर्वे और मुआवजा दिलाने की मांग की गई थी, लेकिन आरोप है कि इसके बाद कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा और न ही फसल नुकसान का सत्यापन कराया गया इससे नाराज ग्रामीणों ने बुधवार को धरना शुरू कर दिया। धरने के दौरान कल्ली गांव की महिलाओं में भी काफी आक्रोश दिखाई दिया, महिलाओं का कहना है कि, बाढ़ के कारण ग्रामीण परेशान हैं, लेकिन अभी तक कोई अधिकारी और जनप्रतिनिधि गांव की स्थिति देखने नहीं पहुंचा, महिलाओं ने कहा कि यदि उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो उनका विरोध जारी रहेगा।ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल मौके पर पहुंचकर बाढ़ प्रभावित गांवों का सर्वे कराने, फसल नुकसान का आकलन कराकर मुआवजा दिलाने और जलभराव की समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।

इस सम्बंध में तहसीलदार मनीष त्रिपाठी ने बताया कि, प्रभावित किसानों का सर्वे कराया जा रहा है जल्द ही मुआवजा दिलाया जाएगा। धरना प्रदर्शन की  सूचना मिलते ही न्यायिक तहसीलदार स्वाति सिंह ने मौके पर पहुँच कर धरना प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों से वार्ता की और समस्याओं के जल्द समाधान का आश्वासन देकर धरना प्रदर्शन समाप्त कराया।
गरबा व डांडिया आयोजनों में धार्मिक मर्यादा और सुरक्षा सुनिश्चित करे प्रशासन: विहिप/ बजरंग दल

उपेन्द्र कुमार पांडेय

आजमगढ़। विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल गोरक्ष प्रांत ने आगामी नवरात्रि महोत्सव के दौरान गरबा व डांडिया आयोजनों की धार्मिक मर्यादा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी को श्रीरामचरितमानस की प्रति भी भेंट की। संगठन ने आयोजनों में अश्लीलता, हुड़दंग, अभद्र गानों और महिलाओं से दुर्व्यवहार पर रोक लगाने और उल्लंघनकर्ताओं पर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही, पारंपरिक पवित्रता बनाए रखने के लिए आयोजन स्थलों पर गैर-हिंदुओं के प्रवेश पर प्रतिबंध और पहचान पत्र चेकिंग की व्यवस्था लागू करने का आग्रह किया। कार्यकर्ताओं ने शांति-व्यवस्था में पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिया। ज्ञापन सौंपने के दौरान राहुल राय, शिवम सिंह, सूर्यांश सोनकर, प्रद्युम्न मौर्य, हरिकेश मौर्य, सुधांशु मौर्य, हिमांशु बरनवाल समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
लापरवाह थाना प्रभारी, दरोगा निलंबितः न्यायालय कर्मचारी की मौत के बाद पुलिस अधीक्षक ने की कारवाई

फर्रुखाबाद । पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने न्यायालय कर्मचारी अमित मिश्रा की मौत के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। एसपी ने थाना राजेपुर के प्रभारी निरीक्षक राजीव पांडे की अमृतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक पद पर तैनाती की है मनमाने ढंग से काम करने वाले दरोगा आशुतोष कुमार यादव को निलंबित कर दिया गया। अमृतपुर थाना अध्यक्ष दर्शन सिंह सोलंकी की राजेपुर थानाध्यक्ष पद पर तैनाती की गई है। बीते दिन थाना राजेपुर के ग्राम सलेमपुर निवासी राजेश कुमार मिश्रा ने पुलिस अधीक्षक को रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तहरीर दी थी। तहरीर में अमित मिश्रा न्यायालय में कर्मचारी था उसने कर जान बचाई और 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। थाना राजेपुर पुलिस ने गंभीर घायल अमित का डाक्टरी परीक्षण कराया। दूसरे दिन मामले की जांच करने वाले हलका इंचार्ज उप निरीक्षक आशुतोष कुमार यादव को हमलावरों के नाम बताकर उनके फोन नंबर भी दिए गए। कोई कार्रवाई न होने पर राजेश कुमार बेटे के साथ दरोगा आशुतोष कुमार से मिले।

दरोगा ने पिता पुत्र को बताया कि तुम लोगों ने जो नाम दिए थे जांच में वही लोग हमलावर पाए गए। हमलावर मिलने वालों के लड़के हैं जिसके कारण मैं उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर सकता। राजेश कुमार ने आरोप लगाया कि दरोगा आशुतोष यादव ने गाली गलौज कर मुझे वह मेरे बेटे को भगा दिया। जिसके कारण बेटा अमित भयग्रस्त हो गया आज सुबह बेटे अमित ने कहा कि कार्रवाई न होने के कारण हमलावरों के हौसले बुलंद हैं वह मुझे मार डालेंगे। यह कहते ही अमित के सीने में दर्द हुआ और वह बेहोश हो गया लोहिया अस्पताल ले जाने पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दरोगा ने पिता पुत्र से कहा कि जो नाम दिए थे जांच में वही लोग हमलावर हैं। हमलावर मिलने वालों के लड़के हैं इस कारण उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं कर सकता। राजेश कुमार ने आरोप लगाया कि दरोगा आशुतोष यादव ने गाली गलौज कर मुझे वह मेरे बेटे को भगा दिया। जिस  कारण बेटा भयग्रस्त हो गया था ,बेटे अमित ने कहा कि कार्रवाई न होने पर हमलावर मुझे मार डालेंगे। यह कहते ही अमित के सीने में दर्द हुआ और वह बेहोश हो गया ,लोहिया अस्पताल ले जाने पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पीड़ित पिता राजेश कुमार ने राजेपुर थानाध्यक्ष उप निरीक्षक आशुतोष यादव से हमलावरों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने की मांग की थी अमित की मौत से गुस्साए परिजनों की पुलिस से काफी कहासुनी हुई, पीड़ित परिजन पुलिस लाइन में हंगामा मचाने के बाद कलेक्ट्रेट में धरने पर बैठ गये। पुलिस ने अमित का पोस्टमार्टम कराया, पोस्टमार्टम में अमित की मौत हार्ट अटैक से होनी पाई गई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली।
रुपहले परदे पर शीघ्र देखने को मिलेगी देवरहा बाबा पर आधारित फिल्म

गोंडा।सनोज मिश्रा फिल्म्स के बैनर तले जल्द ही रूपहले पर्दे पर देखने को मिलेगी देवरहवा बाबा पर आधारित फिल्म 'देव देवरहवा बाबा' जिसे निर्देशित कर रहे हैं सिनेमा जगत के सबसे चर्चित डायरेक्टर सनोज मिश्रा। इस फिल्म के एसोसिएट बैनर ए एम पी एम इंटरटेनमेंट, गोनार्द फिल्म्स व देव ब्रदर्स प्रोडक्शन है। देवरहवा बाबा के जीवन पर आधारित इस फिल्म की शूटिंग गोंडा, देवरिया, वृंदावन और उड़ीसा में की जाएगी। फिल्म का अधिकतर फिल्मांकन गोंडा जनपद में किया जाएगा जिसका लोकेशन रेकी करने के बाद डायरेक्टर सनोज मिश्रा ने स्थानीय कलाकारों के साथ बैठक कर विषय पर चर्चा की जिसमें महेश सिंह, प्रदीप शर्मा, अजय कुमार त्रिपाठी, करमचंद ओझा, मानस सिंह, विदित शर्मा, विकास गोस्वामी, राजन सिंह, सुमित सिंह, मास्टर योहान सिंह आदि कलाकार शामिल थे जो इस फिल्म में महत्त्वपूर्ण भूमिका अदा कर हैं। 'देव देवरहवा बाबा' की मुख्य भूमिका निभा रहे हैं देवव्रत सिंह साथ ही इस फिल्म में सिनेमा के कई बड़े चेहरे भी शामिल हैं। जनपद के मीडिया कर्मियों की उपस्थिति में निर्देशक सनोज मिश्रा द्वारा फिल्म 'देव देवरहवा बाबा' की औपचारिक घोषणा की गई।
स्काउट एंड गाइड कैंप में विद्यार्थियों ने सीखे अनुशासन और सेवा के गुर
रामराज। डी मॉनफोर एकेडमी में आयोजित तीन दिवसीय स्काउट एंड गाइड कैंप का बुधवार को उत्साह और गरिमामय वातावरण में समापन हुआ। विद्यार्थियों ने कैंप के दौरान टेंट लगाना, मार्चपास्ट, कदमताल और प्राथमिक उपचार समेत विभिन्न गतिविधियों में प्रतिभाग कर अनुशासन व टीम भावना का परिचय दिया।

समापन समारोह में विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. समीर वर्मा का हिंदुस्तान स्काउट्स एंड गाइड्स उत्तर प्रदेश के सचिव डॉ. मनोज सिंधी और स्टेट ट्रेनर चांद ने स्वागत किया। प्रधानाचार्य को ‘गेस्ट ऑफ ऑनर’ की ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

कैंप के दौरान विद्यार्थियों को नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता, सेवा भावना, समय प्रबंधन और जिम्मेदारी जैसे जीवनोपयोगी गुणों का प्रशिक्षण दिया गया। विद्यार्थियों ने स्वयं टेंट लगाकर कैंपिंग कौशल का प्रदर्शन किया। वहीं, मार्चपास्ट में अनुशासन और एकाग्रता का परिचय दिया। प्रशिक्षकों ने विद्यार्थियों को आपात स्थिति में घायल या जरूरतमंद व्यक्ति की तत्काल सहायता के लिए प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण भी दिया।

समापन अवसर पर सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। प्रमाण-पत्र पाकर विद्यार्थियों में उत्साह और गर्व का भाव नजर आया।

प्रधानाचार्य डॉ. समीर वर्मा ने कहा कि स्काउट एंड गाइड प्रशिक्षण विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व और सेवा भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। निर्देशिका डॉ. गरिमा वर्मा, निर्देशक डॉ. केके शर्मा और उप-प्रधानाचार्या रितु चिकारा ने भी विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना की। कैंप के सफल आयोजन में डॉ. मनोज सिंधी, स्टेट ट्रेनर चांद और विद्यालय के शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कन्नौज में जवाहर नवोदय विद्यालय के कक्षा 7 के छात्र की बेरहमी से पिटाई, पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप*

पंकज श्रीवास्तव/विवेक कुमार

कन्नौज जिले के जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा 7 के छात्र के साथ कथित तौर पर मारपीट का मामला सामने आया है। ग्राम पचोर सतौरा निवासी संजीव कुमार ने अपने पुत्र शौर्य कुमार सिंह के साथ मारपीट का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है।

पीड़ित छात्र के पिता संजीव कुमार का आरोप है कि उनके पुत्र पर मोबाइल चोरी करने का झूठा आरोप लगाकर उसके ही सहपाठियों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। बताया गया कि शौर्य ने मेज पर रखा मोबाइल देखा और उसे उठाकर देखने लगा था। इसी दौरान अन्य छात्रों ने समझ लिया कि उसने मोबाइल चोरी किया है।

आरोप है कि इसके बाद छात्रों ने शौर्य को बंधक बना लिया और उसके साथ मारपीट की। घटना के बाद छात्र के पिता ने मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर थाना गुरसहायगंज में प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने मामले में कोई कार्रवाई नहीं की।
पुलिस से कार्रवाई न होने का आरोप लगाते हुए पीड़ित छात्र के पिता बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे।

उन्होंने पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार से मुलाकात कर पूरे मामले की शिकायत की और दोषी छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
अब देखना होगा कि पुलिस अधीक्षक की शिकायत के बाद मामले में क्या कार्रवाई की जाती है। वहीं, छात्र के साथ हुई मारपीट को लेकर विद्यालय प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं।
पशु चिकित्सालय परिसर में अधेड़ का शव मिलने से हड़कंप


गोंडा। करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र के बालपुर में बुधवार सुबह पशु चिकित्सालय परिसर में करीब 50 वर्षीय अज्ञात अधेड़ का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव बालपुर चौकी क्षेत्र स्थित पशु चिकित्सालय परिसर के अंदर पड़ा मिला था।जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब 11 बजे स्थानीय लोगों ने परिसर में शव पड़ा देखा। जिसके बाद भीड़ जुट गई और बालपुर चौकी पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।स्थानीय लोगों के मुताबिक मृतक मानसिक रूप से परेशान था। वह पिछले कई दिनों से इलाके में घूमता हुआ देखा जा रहा था। दिनभर इधर-उधर भटकने के बाद रात में वह पशु चिकित्सालय परिसर में ही सो जाता था और सुबह अस्पताल खुलने से पहले वहां से चला जाता था।मृतक की अब तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। करनैलगंज पुलिस ने शव की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर और जिले के सभी थानों व चौकियों पर भेजकर पहचान कराने की कोशिश शुरू कर दी है, ताकि परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके।सूचना पर करनैलगंज कोतवाल अभय सिंह फोरेंसिक टीम व डॉग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की बारीकी से जांच की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी रही है। कोतवाल अभय सिंह ने बताया कि मृतक की उम्र लगभग 50 वर्ष है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध नहीं लग रहा है। मौत का असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
राजेपुर के ग्राम विकास अधिकारी को निलंबन का आदेश जारी
13 ग्राम पंचायत सचिव,तीन तकनीकी सहायकों को चेतावनी

विशेष रोजगार सृजन दिवस की तैयारियों की समीक्षा में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश


फर्रुखाबाद ।
मुख्य विकास अधिकारी द्वारा 12 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाले विशेष रोजगार सृजन दिवस की तैयारियों एवं प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान जनपद के समस्त विकास खण्डों में संचालित विकास कार्यों एवं विकसित भारत-जी राम जी (VB-GRAM G) की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान विकास खण्डों में कार्यरत अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी, तकनीकी सहायक एवं ग्राम पंचायत सचिवों की उपस्थिति एवं कार्यप्रगति का परीक्षण किया गया। समीक्षा में पाया गया कि शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कुछ स्थानों पर कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं हो रही है तथा संबंधित कार्मिकों द्वारा अपने दायित्वों के निर्वहन में शिथिलता बरती जा रही है।
मुख्य विकास अधिकारी द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए कि निर्धारित 29,000 मानव दिवस के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर अधिक से अधिक श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराया जाए तथा लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाए।
समीक्षा के दौरान कार्यों की धीमी प्रगति एवं दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही पाए जाने पर 13 ग्राम पंचायत सचिवों एवं 03 तकनीकी सहायकों को चेतावनी/आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए। साथ ही संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करते हुए कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए।
विकास खण्ड राजेपुर के ग्राम विकास अधिकारी अतुल अग्निहोत्री के विरुद्ध शासकीय कार्यों में अपेक्षित प्रगति न होने तथा VBGRAMG मे रूचि ना लेने तथा बैठक मे अनुपस्थित रहने उच्चाधिकारियों के निर्देशों के अनुपालन में लापरवाही पाए जाने पर निलम्बन/अनुशासनात्मक कार्यवाही हेतु आवश्यक निर्देश जारी किए गए।
साथ ही जिन ग्राम रोजगार सेवकों द्वारा कार्यों में शिथिलता बरती जा रही है तथा निर्धारित लक्ष्य की पूर्ति नहीं की जा रही है, ऐसे ग्राम रोजगार सेवकों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध नियमानुसार सेवा समाप्ति की कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकता के अनुरूप ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों को रोजगार उपलब्ध कराना तथा VB-GRAM G के कार्यों को पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि ग्राम पंचायतों में अधिक से अधिक श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने के साथ-साथ कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्धता एवं अभिलेखों के उचित रख-रखाव को सुनिश्चित किया जाए। भविष्य में कार्यों में लापरवाही, लक्ष्य की पूर्ति में शिथिलता अथवा शासन के निर्देशों की अवहेलना पाए जाने पर संबंधित अधिकारी/कर्मचारी के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
व्यापारियों ने यूपीआई टैक्स के विरोध में उठाई आवाज, तहसील पहुंचकर उपजिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

*संवाददाता कायमगंज*कायमगंज। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने बुधवार को जिला  अध्यक्ष संजय गुप्ता के नेतृत्व में तहसील  पहुंचकर प्रधानमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपा।
व्यापारियों ने ज्ञापन के माध्यम से केंद्र सरकार द्वारा 15 अक्टूबर से₹2000 से अधिक यूपी आई ट्रांजैक्शन पर 4% शुल्क वसूले जाने के निर्णय के विरोध में व्यापारियों ने जोरदार आवाज उठाई। और व्यापारियों ने मांग की है 15 अक्टूबर से लागू होने वाले इस शुल्क को तत्काल वापस लिया जाए।
व्यापारियों का कहना है कि इस टैक्स से डिजिटल भुगतान हतोत्साहित होगा और व्यापार की गति प्रभावित होगी। बाजार में पहले से ही मंदी का माहौल है ऐसे में यूपीआई पर अतिरिक्त शुल्क लगाने से मंदी और गहराई इससे न केवल आम व्यापारी और ग्राहक प्रभावित होंगे,बल्कि व्यापार घटने से सरकार के राजस्व को भी भारी नुकसान पहुंचेगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान नगर अध्यक्ष अमित सेठ नगर महामंत्री संजीव अग्रवाल, विधानसभा अध्यक्ष जितेंद्र रस्तोगी, उपाध्यक्ष कन्हैया लाल, कोषाध्यक्ष कमलेश भारद्वाज, संगम शाक्य जिला उपाध्यक्ष लखपति सक्सेना, अवनीश कौशल, अमित रस्तोगी,, दीपक शर्मा, भारद्वाज, मुकेश गुप्ता, विशाल श्रीवास्तव, सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
फर्रुखाबाद के स्वास्थ्य विभाग में भ्रष्टाचार का आरोप, कांग्रेस नेता ने राज्यपाल को भेजा ज्ञापन

सरकारी अस्पतालों में दवाओं की कमी और मरीजों को पर्ची देकर बाहर से दवाई लेने  का लगाया आरोपफर्रुखाबाद। जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर कांग्रेस कमेटी के सदस्य एवं अमृतपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी शुभम तिवारी एडवोकेट ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग में कथित भ्रष्टाचार और गरीब जरूरतमंद मरीजों के अधिकारों के हनन का आरोप लगाते हुए राज्यपाल और जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजकर व्यवस्था में सुधार की मांग की है।
ज्ञापन में शुभम तिवारी ने आरोप लगाया कि जिले में क्षय रोग (टीबी) को लेकर सरकारी स्तर पर प्रचार-प्रसार तो किया जा रहा है, लेकिन जमीनी स्तर पर मरीजों को पर्याप्त उपचार और दवाएं उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं। उनका दावा है कि फर्रुखाबाद के जिला क्षय नियोजन केंद्र फतेहगढ़ में बड़ी संख्या में मरीज पहुंचते हैं, लेकिन वहां पर्याप्त चिकित्सकीय सुविधा नहीं है।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि सरकारी दवाओं की उपलब्धता नहीं होने पर मरीजों को बाहर से दवा लेने के लिए पर्ची दी जाती है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब दवाएं सरकारी व्यवस्था के तहत मरीजों को मुफ्त उपलब्ध कराई जानी चाहिए तो उन्हें बाहर से खरीदने के लिए क्यों मजबूर किया जा रहा है।
ज्ञापन में लोहिया अस्पताल की व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठाए गए हैं। आरोप लगाया गया कि पिछले कई महीनों से अस्पताल में उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाओं की मांग की जा रही है, लेकिन इस दिशा में पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया। कांग्रेस नेता ने कहा कि लोहिया अस्पताल केवल रेफर सेंटर बनकर रह गया है और अस्पताल परिसर के आसपास खुले निजी अस्पतालों में गरीब मरीजों से इलाज के नाम पर अधिक खर्च कराया जा रहा है।
उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था में कथित अनियमितताओं की जांच कराने तथा गरीब मरीजों को सरकारी अस्पतालों में पर्याप्त दवाएं और बेहतर उपचार उपलब्ध कराने की मांग की है।
ज्ञापन के अंत में शुभम तिवारी ने जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था में शीघ्र सुधार कर उच्च स्तरीय चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।