सेवा सेतु अभियान के तहत मालवीय नगर पुस्तकालय में विशेष जनकल्याणकारी कैम्प आयोजित*

*सेवा सेतु अभियान के तहत मालवीय नगर पुस्तकालय में लगा विशेष जनकल्याणकारी कैम्प*

*एक ही छत के नीचे मिली योजनाओं की जानकारी*

*सेवा संकल्प अभियान: मालवीय नगर में जनकल्याणकारी कैम्प, आमजन को मिला योजनाओं का सीधा लाभ*



*गोण्डा, 07 अक्टूबर 2026*  -  सेवा संकल्प अभियान/सेवा सेतु अभियान के तीसरे दिन मालवीय नगर स्थित पुस्तकालय में विशेष जनकल्याणकारी कैम्प का आयोजन किया गया। कैम्प के माध्यम से विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाया गया।
कैम्प में समाज कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना सहित विभिन्न योजनाओं के आवेदन प्राप्त कर आवश्यक कार्यवाही एवं त्वरित निस्तारण किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा कैम्प में पहुंचे लोगों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई तथा आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाओं का वितरण भी किया गया। कैम्प में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने पहुंचकर विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया।

कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका परिषद गोण्डा के अधिशासी अधिकारी, समाज कल्याण एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारीगण, निकाय लिपिक, कंप्यूटर ऑपरेटर सहित संबंधित विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों द्वारा आमजन को पात्रता के अनुसार सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक जानकारी भी उपलब्ध कराई गई।
मऊ में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ में उमड़ा जनसैलाब, सेवा के 25 वर्षों का हुआ स्मरण
गुजरात से शुरू हुए जनसेवा के सफर के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आज मऊ में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जनसेवा के 25 वर्षों के कार्यकाल का स्मरण किया गया।

इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नबीन जी के प्रेरणादायी उद्बोधन को भी सुना गया।

कार्यक्रम में पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं के साथ क्षेत्र से बड़ी संख्या में माताएं-बहनें और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में 10 हजार से अधिक लोगों ने सहभागिता की।
ज्ञानपुर में भाजपा ने विकसित भारत संकल्प सभा और यात्रा निकाली: पीएम मोदी और नितिन नवीन का संबोधन सुना, कार्यकर्ताओं में दिखा जोश

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। ज्ञानपुर के श्यामा प्रसाद मुखर्जी पार्क में बुधवार को भाजपा ने विकसित भारत संकल्प सभा व सेवा ज्योति यात्रा की। इसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव संबोधन कई कार्यकर्ताओं ने देखा।

यात्रा पार्क से शुरू होकर विभूति नारायण राष्ट्रीय इंटरमीडिएट कॉलेज पर खत्म हुई। कार्यकर्ताओं में उत्साह दिखा।

प्रदेश प्रवक्ता डॉ. समीर सिंह मुख्य अतिथि थे। कार्यक्रम भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा के नेतृत्व में हुआ, जिन्होंने उद्देश्य बताए।

भदोही सांसद डॉ. विनोद बिंद, जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी, औराई विधायक दीनानाथ भास्कर, ज्ञानपुर विधायक विपुल दुबे, पूर्व मंत्री रंगनाथ मिश्रा, पूर्व सांसद गोरखनाथ पांडेय और पूर्व विधायक रविंद्र नाथ त्रिपाठी मौजूद थे।

नागेंद्र नाथ मिश्रा नवीन जिला संयोजक, अखिलेंद्र सिंह बघेल संचालक। तीनों विधानसभाओं से कई कार्यकर्ता शामिल हुए, जिन्होंने विकसित भारत का संकल्प और एकजुटता दिखाई।


इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष संतोष पांडेय, हौसला प्रसाद पाठक, कन्हैया लाल मिश्र, वरिष्ठ नेता नागेंद्र सिंह, सुनील मिश्रा, डॉ. राकेश दुबे, जिला महामंत्री मनीष पांडेय, राजेश पटेल, सहसंयोजक फूलचंद पंकज, दीपक पाठक, योगेंद्र सिंह, जिला सोशल मीडिया संयोजक अखिलेश तिवारी, पूर्व जिला उपाध्यक्ष प्रदीप सिंह  बाल दत्त पांडे  जिला उपाध्यक्ष मनीषा अम्बष्ट, गोवर्धन राय, सतीश चंद्र पांडेय, विमल मिश्रा, जिला कोषाध्यक्ष लालता सोनकर दुबे, जिला मंत्री वेद मौर्य, सरिता बिंद, रमेश सोनकर, पवन दुबे, राज यादव हरिशंकर दुबे आशुतोष पांडे सौरभ मालवीय, संजू सरोज सहित सभी मंडल अध्यक्ष, मोर्चों के अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी के वर्चुअल संबोधन के साथ सेवा ज्योति यात्रा का शुभारंभ
       
                                      
बलरामपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा से राष्ट्रसेवा के गौरवशाली 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत बुधवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के वर्चुअल संबोधन के साथ हुआ। कार्यक्रम के दौरान पार्टी पदाधिकारियों,जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री का वर्चुअल संदेश सुना। इसके बाद सेवा ज्योति यात्रा जिले की सभी विधानसभाओं में संचालित हेतु रवाना  की गयी।
यात्रा को लेकर आयोजित कार्यक्रम में सेवा ज्योति यात्रा प्रभारी एवं प्रदेश मंत्री सतीश शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन राष्ट्रसेवा,सुशासन और गरीब कल्याण के लिए समर्पित रहा है। सेवा ज्योति यात्रा इसी सेवा भावना को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से यात्रा को सफल बनाने के लिए पूरी सक्रियता और समर्पण के साथ जुटने का आह्वान किया।
प्रदेश भाजपा मंत्री रजनी पांडेय ने कहा कि भाजपा का मूल मंत्र सेवा और संगठन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल की हैं। सेवा ज्योति यात्रा के माध्यम से केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवा कार्यों का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाया जाएगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्र ने कहा कि बलरामपुर में सेवा ज्योति यात्रा को ऐतिहासिक और व्यापक बनाने के लिए संगठन के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता पूरी ताकत से जुटें है। जिले के प्रत्येक मंडल और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित की गयी।
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ.आरती तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में महिलाओं,किसानों,युवाओं,गरीबों और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। सेवा ज्योति यात्रा इन जनकल्याणकारी कार्यों का संदेश समाज तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनेगी।
सदर विधायक पल्टूराम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन देश के प्रति समर्पण और सेवा की प्रेरणा देता है। यात्रा में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों,कार्यकर्ताओं और आमजन की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है।
विधायक कैलाश नाथ शुक्ल ने कहा कि सेवा ज्योति यात्रा राष्ट्र के प्रति समर्पण और समाज के प्रति जिम्मेदारी का संदेश लेकर निकलेगी। विधायक राम प्रताप वर्मा ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता सेवा को अपना दायित्व मानकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का कार्य कर रहे हैं।
पूर्व विधायक शैलेष कुमार सिंह ‘शैलू’ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। नगर पालिका अध्यक्ष डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने कहा कि सेवा ही भाजपा की पहचान है और सेवा ज्योति यात्रा इस विचार को और मजबूत करने का कार्य करेगी।
कार्यक्रम संयोजक डॉ.अजय सिंह ‘पिंकू’ ने कहा कि यात्रा की सफलता के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में जनभागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर चेयरमैन सविता गुप्ता,जिला उपाध्यक्ष बृजेन्द्र तिवारी,आद्या सिंह ‘पिंकी’,देवानन्द गुप्ता,संजय शुक्ला,डीपी सिंह बैस,अनुप चन्द्र गुप्ता,जिला महामंत्री बिन्दु विश्वकर्मा, राधेश्याम वर्मा,झूमा सिंह,मंजू तिवारी,ललिता तिवारी,सविता शुक्ला,साधना पान्डेय सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी,जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भाजपा नेताओं ने संयुक्त रूप से कहा कि ‘सेवा ज्योति यात्रा’ केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं,बल्कि सेवा,सुशासन,राष्ट्रनिर्माण और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान है। यात्रा के माध्यम से जिले की सभी विधानसभाओं में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में सेवा और जनकल्याण के कार्यों का संदेश लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
मऊ के गाजीपुर तिराहा रोड पर कार्यक्रम, सड़क पर लगा पंडाल; राहगीरों को हुई परेशानी

मऊ। गाजीपुर तिराहा रोड पर प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत अभियान’ के तहत आयोजित कार्यक्रम के लिए सड़क पर ही पंडाल लगाए जाने से यातायात प्रभावित होने की स्थिति सामने आई।

कार्यक्रम में ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा के समर्थक बताए जा रहे अशोक सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे। सड़क पर पंडाल और कार्यक्रम में जुटी भीड़ के चलते वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। इस दौरान कुछ राहगीरों को पैदल रास्ता तय करते हुए देखा गया।

कुछ महिलाओं ने भी आरोप लगाया कि सड़क पर कार्यक्रम आयोजित होने के कारण वाहनों के आवागमन में परेशानी हुई और उन्हें पैदल जाना पड़ा।

राहगीरों ने सवाल उठाया कि सार्वजनिक सड़क पर कार्यक्रम आयोजित करने से पहले यातायात व्यवस्था के लिए क्या वैकल्पिक इंतजाम किए गए थे? लोगों का कहना है कि राजनीतिक या सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान आम नागरिकों की सुविधा और यातायात व्यवस्था का भी ध्यान रखा जाना चाहिए।

कार्यक्रम की अनुमति, यातायात प्रबंधन और प्रशासन की ओर से किए गए इंतजामों को लेकर स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।
मऊ कोतवाली में 8 नामजद समेत करीब 400 अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज
मऊ। शहर में हुए समाजवादी पार्टी द्वारा प्रदर्शन/हंगामे के मामले में मऊ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 8 नामजद लोगों समेत करीब 400 अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है।

पुलिस के मुताबिक, मामले में शामिल लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच की जा रही है। CCTV फुटेज, वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात आरोपियों की पहचान किए जाने की बात सामने आई है।

पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मामले में आगे की जांच जारी है।
दुर्गा पूजा की शोभायात्रा के रास्ते  लाल चौराहे पर नाला निर्माण दशहरे के बाद कराने की मांग पर,आश्वासन

तुलसीपुर। केंद्रीय श्री दुर्गा पूजा महासमिति द्वारा लगभग तीन दिन पूर्व जिलाधिकारी को  सम्बोधित  उपजिलाधिकारी  को पत्र देकर लाल चौराहे पर प्रारंभ किए गए नाला निर्माण कार्य को दशहरे के बाद तक स्थगित रखने का अनुरोध किया गया था।

महासमिति ने पत्र में अवगत कराया था कि इसी मार्ग से दुर्गा पूजा की शोभायात्रा दो बार होकर गुजरती है तथा नजदीक ही दुर्गा प्रतिमा का पंडाल भी स्थापित किया जाता है। निर्माण कार्य जारी रहने की स्थिति में गंदे पानी का बहना और मार्ग अवरुद्ध होने के साथ श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच दुर्घटना की आशंका बनी रह सकती है।

इसी क्रम में आज उप जिलाधिकारी  से केंद्रीय दुर्गा पूजा महासमिति के पदाधिकारियों द्वारा वार्ता की गई, जिसमें उप जिलाधिकारी  ने मामले को गंभीरता से लेते हुए लाल चौराहे पर चल रहे नाला निर्माण कार्य को तत्काल रुकवाने तथा दशहरे के बाद पुनः कार्य प्रारंभ कराने का आश्वासन दिया।

महासमिति ने प्रशासन के इस सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दुर्गा पूजा एवं जैसे महत्वपूर्ण पर्वों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और शोभायात्रा की व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
सुलतानपुर : अनियंत्रित कार ट्रक में घुसी, तीन की मौत
सुलतानपुर,। उत्तर प्रदेश में जिला सुलतानपुर के बल्दीराय थाना क्षेत्र स्थित सुखबडेरी के पास पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बुधवार की सुबह करीब पांच बजे सड़क हादसा हुआ। माइलस्टोन 97.5 के पास एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में देवरिया जिले के तीन लोगों की मौत हो गई,जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

राहगीरों और यूपीडा सुरक्षाकर्मियों ने कार का गेट तोड़कर घायलों को बाहर निकाला। सभी घायलों को एंबुलेंस से अयोध्या मेडिकल कॉलेज भेजा गया,जहां डॉक्टरों ने तीन को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान नित्या प्रजापति (22), इरफान अंसारी (20) और अनिकेत (24) के रूप में हुई है। घायलों में आनंद यादव (23), राजू (22) और पश्चिम बंगाल के जयंतो शर्मा (30) शामिल है।

बल्दीराय क्षेत्राधिकारी आशुतोष कुमार ने बुधवार को बताया कि सभी कार सवार लखनऊ से देवरिया जा रहे थे। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल मे भर्ती कराया गया है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गयी। पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। ।पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर हादसे की जांच शुरू कर दी है।

मुख्यमंत्री ने जताया दुख

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद सुल्तानपुर में हुए सड़क हादसे का संज्ञान लिया हैं। मुख्यमंत्री ने मृतकों के शोक संतप्त परिजन के प्रति संवेदना व्यक्त की हैं। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल मौके पहुंच कर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार करवाने और मृतकों के परिजनों से संवाद कर हर संभव सहायता उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं।
अनियंत्रित डीसीएम मड़हे में घुसी, बालक समेत महिला गंभीर
मीरजापुर। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में चील्ह थाना क्षेत्र के मिश्रधाप गांव में मंगलवार रात अनियंत्रित डीसीएम टिनशेड के मड़हे में घुस गई। हादसे में मड़हे में सो रहे 14 वर्षीय अंश कुमार और 35 वर्षीय रीना देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों को ट्रामा सेंटर मीरजापुर ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर वाराणसी रेफर कर दिया गया।

डीसीएम गोपीगंज से मीरजापुर की ओर जा रही थी। रात करीब 12:30 बजे चील्ह-गोपीगंज मार्ग से करीब 50 मीटर दूर मड़हे में जा घुसी।

सूचना पर पहुंचे चेतगंज चौकी प्रभारी संजय सिंह ने ट्रैक्टर से डीसीएम को पीछे खिंचवाकर घायलों को बाहर निकलवाया। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
श्रीकृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास अध्यक्ष का दावा: पांच करोड़ देकर संत प्रेमानंद के दरबार में बुलाए गये थे क्रिकेटर विराट कोहली
लखनऊ /मथुरा। श्रीकृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष दिनेश फलाहारी ने मंगलवार आरोप लगाया है कि भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली को संत प्रेमानंद महाराज के दरबार में लाने के लिए कथित तौर पर 05 करोड़ रुपये दिए गए थे, जिसके बाद संत प्रेमानंद की प्रसिद्धि देशभर में तेजी से बढ़ी।

दिनेश फलाहारी महाराज ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर संत प्रेमानंद महाराज की सुरक्षा बढ़ाने (जेड प्लस सुरक्षा) और आश्रम से जुड़ी गतिविधियों की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने दावा किया कि आश्रम परिसर के आसपास साधु के वेश में कुछ भूमाफिया और संदिग्ध लोग सक्रिय हैं, जो यमुना डूब क्षेत्र की जमीनों की खरीद-फरोख्त कर रहे हैं। इसके साथ ही पत्र में गायब बच्चों और संदिग्ध गतिविधियों को लेकर सीबीआई जांच की मांग भी की गई है।

फलाहारी महाराज ने संत प्रेमानंद से विवादों से दूर रहकर गोवर्धन में निवास करने की अपील की है। इन आरोपों और बयानबाजी के बाद ब्रज के कई प्रमुख संत और कथावाचक प्रेमानंद महाराज के समर्थन में उतर आए हैं। भागवताचार्य चित्रलेखा ने कहा कि बिना पूरी जानकारी के किसी महापुरुष पर टिप्पणी करना गलत है। अधूरा ज्ञान खतरनाक होता है और ऐसे में लोगों को मौन रहना चाहिए। वहीं महंत राजेंद्र दास महाराज (मलूक पीठ) का कहना है कि समाज संतों का योगदान देखे बिना उन पर कीचड़ उछालने में देर नहीं लगाता तथा भागवताचार्य अनिरुद्धाचार्य ने मीडिया और आलोचकों पर निशाना साधते हुए कहा कि बिना सच्चाई जाने संत प्रेमानंद महाराज को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल, इन गंभीर दावों के बाद ब्रज क्षेत्र में धार्मिक और प्रशासनिक हलकों के बीच चर्चाएं गर्म हैं।